ट्विशा केस की आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला के घर चोरी:जेवर और दस्तावेजों की फाइल उठाई, पुलिस का सायरन सुनकर भागे; दो संदिग्ध हिरासत में

एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर में चोर घुस गए। उन्होंने सोने के जेवरात समेत गिरिबाला और उनके बेटे समर्थ सिंह से जुड़े कुछ दस्तावेजों की एक फाइल चुराने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस आने के चलते चोरों को सामान छोड़कर भागना पड़ा। चोरी और माल की जब्ती की पुष्टि एसीपी रजनीश कश्यप ने की है। वारदात के समय गिरिबाला के भाई घर में मौजूद थे। उन्होंने बताया कि शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोर पिछले हिस्से से घर में दाखिल हुए, इसलिए उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रही पुलिस घर के पास पहुंची। उनकी गाड़ी का सायरन सुनते ही बदमाश घबरा गए और सामान छोड़कर फरार हो गए। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा भी किया लेकिन वे चकमा देने में कामयाब रहे। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इनमें दिखी संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रविवार को दो लोगों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। गिरिबाला और समर्थ 30 जून तक न्यायिक हिरासत में ट्विशा मौत मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह और सास सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह 30 जून तक न्यायिक हिरासत में हैं। इससे पहले 16 जून को दोनों आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट के सामने पेश किया गया था। इस दौरान गिरिबाला सिंह ने कोर्ट से कहा था कि जेल में उन्हें जो हिंदी और अंग्रेजी अखबार दिए जा रहे हैं, उनमें उनके केस से जुड़ी खबरें काटकर अलग कर दी जाती हैं। उन्हें पूरा अखबार पढ़ने को दिया जाए। साथ ही वकीलों से मुलाकात के लिए निर्धारित 20 मिनट की समय-सीमा समाप्त की जाए। मामले की प्रकृति को देखते हुए कानूनी सलाह के लिए अधिक समय की आवश्यकता है। गिरिबाला ने यह भी मांग रखी थी कि उन्हें बेटे समर्थ सिंह के साथ एक ही समय पर अपने वकीलों से मिलने की अनुमति दी जाए। इससे कानूनी रणनीति पर बेहतर समन्वय बन सकेगा। सुनवाई के दौरान गिरिबाला और समर्थ की ओर से ट्विशा के बैंक खाते, 7 लाख रुपए के खर्च, मोबाइल टावर लोकेशन और कार की चाबी से जुड़ी जांच की मांग की गई थी। ट्विशा की दवाइयों की जब्ती का मेमो भी मांगा था गिरिबाला सिंह ने अदालत के सामने आपत्ति जताते हुए कहा था कि ट्विशा के परिजन और रिश्तेदार मीडिया में लगातार बयान दे रहे हैं। इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर उन्हें सार्वजनिक बयान देने से बचने को कहा जाए। जांच के दौरान ट्विशा की दवाइयां जब्त की गई थीं, लेकिन जब्ती पंचनामा (मेमो) की कॉपी गिरिबाला या समर्थ के वकीलों को नहीं दी गई। ये दिलवाई जाए। सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह ने सीबीआई द्वारा पेश किए गए न्यायिक हिरासत बढ़ाने संबंधी आवेदन की कॉपी भी मांगी थी। कोर्ट के आदेश पर ये उनके वकीलों को दे दिए गए थे। गिरिबाला के कार्यकाल में नियुक्त वकीलों पर उठे थे सवाल इससे पहले 12 जून को ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (एमपीएसएलएसए) को शिकायत भेजकर कानूनी सहायता व्यवस्था (लीगल एड) से जुड़े वकीलों की भूमिका पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता देने के लिए नियुक्त लीगल एड से जुड़े कुछ वकील गिरिबाला और समर्थ के पक्ष में सक्रिय हैं। इनकी नियुक्ति उस समय हुई थी, जब गिरिबाला सिंह भोपाल में जिला एवं सत्र न्यायाधीश थीं। नवनिधि शर्मा ने शिकायत के साथ एक फोटो भी भेजा, जिसमें लीगल एड डिफेंस काउंसिल योजना से जुड़े सहायक अधिवक्ता श्रेयस सक्सेना, समर्थ सिंह की शादी में डांस करते दिखाई दे रहे हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि 15 मई को अग्रिम जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान भी वे आरोपी पक्ष के निजी वकील के साथ अदालत में मौजूद थे। चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल की जांच कराने की मांग शिकायत में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल रीना वर्मा का भी जिक्र किया गया है। आरोप है कि 2 जून को सीबीआई द्वारा आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के दौरान उन्होंने वकालतनामा पेश किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब आरोपी पक्ष के पास पहले से निजी अधिवक्ता मौजूद थे, तब लीगल एड से जुड़े वकीलों की सक्रिय भूमिका की जांच होना चाहिए। नवनिधि शर्मा का आरोप है कि गिरिबाला सिंह के कार्यकाल में नियुक्त दो लीगल एड वकील बाद में उन्हीं से जुड़े मामले में आरोपी पक्ष के साथ दिखाई दिए। शिकायत में कहा गया है कि यदि लीगल एड पैनल से जुड़े सदस्य निजी पक्ष की पैरवी कर रहे थे तो इसकी स्वतंत्र जांच कराई जानी चाहिए। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… ट्विशा शर्मा मौत मामला: सीबीआई को मिली दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच कर रही सीबीआई को दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। जांच एजेंसी अब इस रिपोर्ट का बारीकी से अध्ययन कर रही है। दूसरी पीएम रिपोर्ट बंद लिफाफे में सीबीआई को सौंपी गई है। पढ़ें पूरी खबर…

बदमाशों ने मोबाइल लूटा, युवक चलती ट्रेन से कूदा:1KM पीछा करके आरोपी महिला-पुरुष को पकड़ा, भीड़ ने जमकर धुनाई की

अजमेर में चलती ट्रेन में युवक का मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। युवक अजमेर-सरायरोहिल्ला ट्रेन के कोच में गेट पर खड़ा होकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान बाहर से बदमाशों ने पानी की बोतल फेंकी। युवक के हाथ से मोबाइल नीचे गिर गया। बदमाश मोबाइल लेकर भागने लगे। युवक ने चेन पुलिंग करके चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। घायल होने के बाद भी पीछा करके एक महिला और पुरुष को स्थानीय लोगों की मदद से राजा सर्कल स्थित जीसीए-1 ब्रिज के पास पकड़ लिया । घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे अलवर गेट इलाके की है। आरोपियों के बैग में पीड़ित के मोबाइल समेत तीन अन्य मोबाइल और एक कीमती घड़ी बरामद हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों की पिटाई कर दी। पहले देखिए वारदात के PHOTOS… चलती ट्रेन से कूदा युवक दौसा निवासी पीड़ित दीपक ने बताया- मैं अजमेर-सरायरोहिल्ला ट्रेन से अजमेर से जयपुर जा रहा था। कोच में गेट के पास खड़ा होकर मोबाइल पर लाइव लोकेशन देख रहा था। इसी दौरान ट्रैक के पास नीचे खड़े बदमाशों ने मेरे ऊपर पानी की बोतल फेंक दी। बोतल हाथ पर लगने से मोबाइल नीचे गिर गया, जिसे उठाकर बदमाश भाग निकले। मैंने ने चेन पुलिंग करवाई और ट्रेन से कूद गया। बदमशों के पीछे दौड़ पड़ा। बदमाश झाड़ियों में छिप गए। मोबाइल एक महिला और पुरुष को दे दिया। मैंने उनका पीछा किया और लोगों की मदद से राजा सर्कल स्थित जीसीए-1 ब्रिज के पास से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहले अलवर गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मामला रेलवे क्षेत्र का होने के कारण जीआरपी को सौंप दिया गया। — ये खबर पढ़ें… हॉस्पिटल से बस स्टैंड तक फैला था चोरों का नेटवर्क:रात में रेकी के बाद सोते लोगों को बनाते निशाना, दो बदमाशों को किया गिरफ्तार एसएमएस हॉस्पिटल थाना पुलिस ने संगठित मोबाइल चोर गिरोह का खुलासा कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.5 लाख रुपये से अधिक कीमत के 8 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। (पूरी खबर पढ़ें)

कानपुर में विमान के पंखे की चपेट में आई पायलट:एयरपोर्ट पर नाइट फ्लाइंग ट्रेनिंग के दौरान हादसा; ट्रेनर हटाया गया

कानपुर एयरपोर्ट पर नाइट फ्लाइंग ट्रेनिंग के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। 26 जून (शुक्रवार) की रात ट्विन इंजन विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। लेकिन, इंजन बंद होने से पहले ही ट्रेनी पायलट विमान से नीचे उतर गई। इस वजह से वह घूम रहे प्रोपेलर (पंखे) की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी पीठ पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज चल रहा है। घटना के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को ट्रेनिंग ड्यूटी से हटा दिया है। जानिए पूरा मामला गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (FTO) के Tecnam P2006T (VT-NBV) विमान नाइट इंस्ट्रक्शनल फ्लाइंग पर था। इसमें एक फ्लाइट इंस्ट्रक्टर और एक ट्रेनी पायलट सवार थी। विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया था। लेकिन, इंजन चालू था और दोनों प्रोपेलर घूम रहे थे। इसी दौरान ट्रेनी पायलट विमान से नीचे उतर गई। इस वजह से वह सीधे चलते प्रोपेलर की चपेट में आ गई। DGCA ने फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को हटाया घटना को गंभीरता से लेते हुए DGCA ने संबंधित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को जांच पूरी होने तक ट्रेनिंग ड्यूटी से हटा दिया है। इसके अलावा हादसे में शामिल Tecnam P2006T (VT-NBV) विमान उड़ाने पर भी जांच पूरी होने तक रोक लगा दी गई है। वहीं, चकेरी एयरपोर्ट के डायरेक्टर प्रदीप यादव ने इस घटना पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। जांच रिपोर्ट के बाद DGCA तय करेगी जिम्मेदारी विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी विमान से यात्रियों या प्रशिक्षुओं को तभी उतरने की इजाजत दी जाती है, जब इंजन पूरी तरह बंद हो जाए और प्रोपेलर पूरी तरह रुक जाएं। ऐसे में शुरुआती तौर पर यह हादसा मानवीय चूक, प्रशिक्षण प्रक्रिया में लापरवाही या सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन की ओर इशारा करता है। DGCA ने कहा है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों तथा प्रशिक्षण संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ————————– ये खबर भी पढ़ेंः- 23 साल के बदमाश का एनकाउंटर, सीने में गोलियां लगीं, पीलीभीत में ससुर ने दामाद को डराने भेजा था, बीच-बचाव करने पर दूसरे की हत्या कर दी थी यूपी के पीलीभीत में 23 साल के बदमाश शिवम उर्फ सर्वजीत को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। शनिवार रात 10 बजे पुलिस ने सर्वजीत को घेर लिया। उसे सरेंडर करने के लिए कहा। लेकिन, शिवम ने ऑटोमैटिक हथियार से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पूरी खबर पढ़ें…

सोनम वांगचुक ने जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल शुरू की:NEET पेपर लीक पर धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग; कॉकरोच पार्टी के आंदोलन का 9वां दिन

लद्दाख के सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने रविवार को जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की। NEET पेपर लीक और CBSE की गड़बड़ियों के विरोध में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का आज 9वां दिन है। CJP पिछले 20 जून से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। भूख हड़ताल शुरू होते ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी और स्टूडेंट जुटने लगे। प्रदर्शन में कई किसान नेता भी शामिल हुए। भूख हड़ताल शुरू करने से पहले सोनम वांगचुक और पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा था कि शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे तक हमारा आन्दोलन जारी रहेगा। भूख हड़ताल से जुड़ी तस्वीरें… सोनम वांगचुक 170 दिन जोधपुर जेल में रहे लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए आंदोलन कर रहे सोनम वांगचुक 170 दिन से वे जोधपुर जेल में थे। सोनम के अनशन के दौरान 24 सितंबर 2025 को लेह हिंसा हुई थी। इन प्रदर्शनों में 4 लोगों की मौत हुई थी। 90 लोग घायल हुए थे। सरकार का आरोप है कि वांगचुक ने इस हिंसा को भड़काया। दो दिन बाद 26 सितंबर को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत वांगचुक को हिरासत में लिया था। इसके बाद उन्हें फौरन जोधपुर शिफ्ट कर दिया था। शिक्षा मंत्री ने देश को बांटने वाला कहा, दीपके के जवाब- हम टैक्स पेयर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 23 जून को NDTV को दिए इंटरव्यू में कहा कि जिन्हें डेमोक्रेसी में रिजेक्ट कर दिया गया था, वे भेष बदलकर आए हैं और अब सिस्टम के पीछे पड़े हैं। वे उन लोगों के लिए नारे लगाते हैं, जो देश को बांटना चाहते हैं। उनकी पहचान हो गई है। प्रधान ने ये भी कहा कि कुछ लोग जानबूझकर शिक्षा को डिरेल करने की कोशिश कर रहे हैं। फिर चाहे वो कोचिंग सेंटर वाले हों या फिर शिक्षा माफिया हों, इन पर नजर रखी जा रही है। हम इन्हें घुटने पर लाएंगे, नहीं तो हम देश के बच्चों के भविष्य को सुरक्षित नहीं कर सकते। दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसके जवाब में कहा- हम करदाता हैं, हमारे माता-पिता करदाता हैं। हमें आतंकवादी कहा जा रहा है। क्या यह शर्मनाक नहीं है? उन्होंने किसानों और डॉक्टरों को भी अतीत में आतंकवादी कहे जाने के आरोपों का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा और पूछा कि आखिर अब कौन बचा है जिसे ऐसा नहीं कहा गया।
अभिजीत ने कहा- जब हर चीज को गोपनीय बताया जा रहा है तो फिर NEET पेपर गोपनीय क्यों नहीं रखा जा सका। उन्होंने कहा कि यदि पेपर लीक नहीं होता तो कई छात्रों की जान नहीं जाती। इससे पहले X पर एक और पोस्ट में दीपके ने लिखा था- ‘धर्मेंद्र प्रधान हमें आतंकवादी कहते हैं। विडंबना यह है कि उनके हाथ 17 से ज्यादा छात्रों के खून से रंगे हैं।’ CJP का 8 शहरों में प्रदर्शन CJI की टिप्पणी के बाद बनी CJP, युवाओं को कॉकरोच कहा था कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई। 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करते हैं। इस टिप्पणी के अगले दिन, 16 मई को अमेरिका में रह रहे अभिजीत दीपके ने CJP की शुरुआत की और सोशल मीडिया पर पार्टी के अकाउंट बनाए। 22 मई को उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एक ऑनलाइन याचिका शुरू की, जिसे 8 लाख से अधिक लोगों का समर्थन मिलने का दावा किया गया। 10 जून तक CJP ते इंस्टाग्राम पर 2.27 करोड़ फॉलोअर्स थे। अब इसमें दो लाख की गिरावट आई है। फिर भी यह संख्या भाजपा के 94 लाख और कांग्रेस के 1.37 करोड़ फॉलोअर्स से ज्यादा है। एक्स पर CJP के 2.79 लाख फॉलोअर्स हैं। महाराष्ट्र के रहने वाले अभिजीत AAP से जुड़े थे 30 साल के अभिजीत महाराष्ट्र के संभाजी नगर के रहने वाले डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट हैं। अभिजीत ने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। फिलहाल, अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशंस से मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं। ——————— ये खबर भी पढ़ें… कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन रात को भी जारी: शाम तक की परमिशन थी; फाउंडर दीपके बोले- शिक्षा मंत्री प्रधान के इस्तीफे तक नहीं हटेंगे NEET पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) प्रदर्शन कर रही है। CJP को शनिवार शाम 5 बजे तक ही प्रदर्शन की अनुमति थी लेकिन फाउंडर अभिजीत दीपके समेत प्रदर्शनकारी रातभर वहां मौजूद रहे। पूरी खबर पढ़ें…

मोहाली के गुरुद्वारे में निहंग पर हमला:समर्थकों ने हमलावर को पकड़कर पीटा, कपड़े फाड़े; उत्तराखंड से लौटने पर स्वागत हो रहा था

उत्तराखंड के कर्णप्रयाग मामले में रिहा होकर पंजाब लौटे निहंगों के स्वागत समारोह के दौरान रविवार को मोहाली के गुरुद्वारे में हंगामा हो गया। समारोह के बीच एक व्यक्ति ने निहंग बाबा जसदीप सिंह पर हमला करने की कोशिश की। इससे गुरुद्वारा परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद निहंगों ने तुरंत आरोपी को काबू कर लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर दी। उसके कपड़े फाड़ दिए। बाबा जसदीप सिंह रिहा हुए चारों साथियों के साथ गुरुद्वारे में पहुंचे थे। 16 जून को कर्णप्रयाग में विवाद शुरू हुआ था। यहां निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद चारों निहंगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के विरोध में कुछ निहंगों ने गुरुद्वारे पर कब्जा कर लिया। वहीं, पंजाब से बड़ी संख्या में निहंगों ने उत्तराखंड कूच का ऐलान किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में बॉर्डर पर ही रोक दिया था। शुक्रवार रात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हस्तक्षेप के बाद गतिरोध खत्म हुआ था। उनके निर्देश पर पॉलिटिकल एडवाइजर तरुण भंडारी ने उत्तराखंड सरकार से बातचीत की, जिसके बाद शनिवार को मारपीट मामले में गिरफ्तार चारों निहंगों को जमानत मिल गई। स्वागत समारोह के दौरान अचानक बिगड़ा माहौल
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के कर्णप्रयाग मामले में गिरफ्तार किए गए निहंग सिंह शनिवार को अदालत से जमानत मिलने के बाद पंजाब लौटे थे। इनके साथ बाबा जसदीप सिंह भी मौजूद थे। उनकी रिहाई पर मोहाली के गुरुद्वारा सिंह शहीदां, सोहाना में स्वागत समारोह आयोजित किया गया था। समारोह के दौरान निहंग सिंहों को सिरोपा भेंट किए जा रहे थे और संगत की ओर से जयकारे लगाए जा रहे थे। इसी बीच भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति अचानक आगे आया और बाबा जसदीप के साथ हाथापाई करने का प्रयास किया। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद निहंग सिंहों और समर्थकों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया क्या हुआ…
मौके पर मौजूद निहंगों ने बताया कि उनके दो साथी जशनप्रीत सिंह और अजय सिंह उत्तराखंड से गुरुद्वारे में आ रहे थे। रास्ते में एक व्यक्ति ने उन्हें गाली दे दी और उनकी कृपाण छीनने की कोशिश की। उसने मौके पर अपने साथियों को भी बुला लिया। उसने कहा कि आप लोग हर रोज यहां पर आ जाते हो और हंगामा मचाते हो। इसके बाद दोनों निहंग सिंह गुरुद्वारा साहिब आ गए और आरोपी भी वहां पर पहुंच गए। इसके बाद यह हंगामा बढ़ गया। निंहग बोले- हमें छू भी नहीं सकता
वहीं निहंग बाबा जसदीप सिंह ने कहा कि बदमाश हर जगह हैं। हमें नहीं पता कि वे कौन थे। कोई हमें निशाना नहीं बना सकता। अकाल पुरख हमारे साथ है। कोई हमें छू भी नहीं सकता। पूरे पंथ का शुक्रिया कि यह मोर्चा जीता है। DSP बोले- शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
मोहाली सिटी-2 के डीएसपी हरसिमरत सिंह ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस स्टेशन सोहाना से टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालात वहां पर अभी शांतिपूर्ण हैं। गुरुद्वारे के प्रबंधकों के साथ पुलिस टीम लगातार संपर्क में है। किसी भी पार्टी की तरफ से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत मिलती है तो कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। बाइक-कार की टक्कर से शुरू हुआ था विवाद
विवाद 16 जून को चमोली जिले के कर्णप्रयाग बाजार में शुरू हुआ। हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंगों के एक जत्थे की बाइक बाजार में खड़ी एक कार से टकरा गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि कुछ निहंगों ने तलवार और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें कई स्थानीय लोग घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार निहंगों (मोहाली निवासी जशनप्रीत, अजय सिंह व मनप्रीत सिंह और एसएएस नगर निवासी सतविंदर सिंह) को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। स्थानीय लोगों पर भी FIR
घटना के बाद सिख समुदाय ने आरोप लगाया कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है और निहंगों ने आत्मरक्षा में कदम उठाया था। इसके बाद घायल सिख श्रद्धालु के पिता की शिकायत पर स्थानीय अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कर्णप्रयाग कोतवाली में काउंटर एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद यह विवाद नगरासू गुरुद्वारे तक पहुंचा। फिर पंजाब से निहंगों का जत्था उत्तराखंड कूच के लिए निकला। कुल्हाल बॉर्डर पर पुलिस और निहंगों के बीच टकराव हुआ। ॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… हरियाणा CM ने सुलझाया उत्तराखंड-पंजाब निहंग विवाद, पॉलिटिकल एडवाइजर को बातचीत के लिए भेजा पंजाब के निहंगों और उत्तराखंड प्रशासन के बीच चल रहा विवाद आखिरकार खत्म हो गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पहल से गतिरोध समाप्त हुआ। निहंगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीएम सैनी से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की थी। पढ़ें पूरी खबर…

ट्रेलर की टक्कर से पिकअप ड्राइवर का हाथ कटा:साथी ने लोगों की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया, आरोपी फरार

बांसवाड़ा-दाहोद हाईवे पर शनिवार रात हुए सड़क हादसे में पिकअप ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। लियो सर्कल और कुपड़ा ब्रिज के बीच तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप ड्राइवर का एक हाथ कट गया। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रेलर लेकर फरार हो गया। टक्कर के बाद आरोपी ट्रेलर ड्राइवर फरार जानकारी के अनुसार, पलसाना (सीकर) निवासी हरिसिंह पुत्र जगदीश प्रसाद के साथ पिकअप में एक अन्य साथी था। इस दौरान बांसवाड़ा-दाहोद हाईवे पर ट्रेलर ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर ड्राइवर मौके पर नहीं रुका और वाहन लेकर फरार हो गया, जिससे घायल ड्राइवर को तत्काल मदद मिलने में भी परेशानी हुई। रात 12 बजे मिली सूचना, क्षतिग्रस्त मिली पिकअप सदर थाना ASI दशरथ सिंह ने बताया – पुलिस को रात करीब 12 बजे हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिला। हादसे में पिकअप ड्राइवर का एक हाथ बाजू से कटकर अलग हो गया था। फरार ट्रेलर ड्राइवर की तलाश, अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं पुलिस के अनुसार, टक्कर मारने वाले ट्रेलर और उसके ड्राइवर का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। वहीं, घटना को लेकर अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।

जयपुर में हुए फोटोशूट में दिखा मॉडल्स का आत्मविश्वास:मिस राजस्थान की टॉप 28 गर्ल्स ने दिए पोज, फोटोजेनिक राउंड में दिखा ग्लैमर

मॉडलिंग की दुनिया में केवल खूबसूरती ही नहीं, बल्कि कैमरे के सामने खुद को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना भी एक कला है। चेहरे के भाव, आंखों की अभिव्यक्ति, बॉडी लैंग्वेज, सही एंगल, आकर्षक पोज और कैमरे से जुड़ाव ही किसी मॉडल को फोटोजेनिक बनाता है। इसी कला की परख के लिए मिस राजस्थान 2026 के अंतर्गत मिस फोटोजेनिक राउंड का आयोजन सीकर रोड स्थित आर. चंद्रा पैलेस में किया गया, जहां टॉप फाइनलिस्ट ने अपने स्टाइल, आत्मविश्वास और कैमरा प्रेजेंस से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। फ्यूजन ग्रुप और रूवी डिजिटल के सहयोग से आयोजित इस विशेष फोटोशूट में प्रतिभागियों ने कैमरे के सामने प्रोफेशनल मॉडल्स की तरह अलग-अलग पोज दिए। किसी ने स्माइल के जरिए अपनी सहजता दिखाई, तो किसी ने आंखों के एक्सप्रेशन और कॉन्फिडेंस से तस्वीरों में अलग पहचान बनाई। फोटोशूट के दौरान प्रतिभागियों को यह भी सिखाया गया कि कैमरे के सामने कैसे खड़ा होना है, चेहरे के भाव किस तरह बदलने हैं, हाथों और शरीर की मुद्रा कैसे रखनी है और किस तरह हर क्लिक में अपनी पर्सनैलिटी को उभारना है। फोटोजनिक सेशन की तस्वीरें देखिए…
प्रसिद्ध फैशन फोटोग्राफर वासु जैन ने प्रतिभागियों का फोटोशूट किया। उन्होंने अलग-अलग लाइटिंग, कैमरा एंगल और फ्रेमिंग के जरिए प्रत्येक प्रतिभागी की सबसे बेहतरीन तस्वीरें कैद कीं। उन्होंने प्रतिभागियों को बताया कि एक सफल मॉडल के लिए कैमरे से जुड़ाव, नेचुरल एक्सप्रेशन और हर फ्रेम में आत्मविश्वास बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण होता है। सही एंगल, चेहरे का प्रोफाइल और आंखों का संपर्क ही एक सामान्य तस्वीर को शानदार फैशन पोर्ट्रेट में बदल देता है। फोटोशूट को और आकर्षक बनाने के लिए मैजेस्टिक मेकओवर्स की मेकअप एक्सपर्ट मधु यादव ने सभी प्रतिभागियों को स्टाइलिश कॉकटेल लुक दिया। मेकअप, हेयर स्टाइल और आउटफिट्स के संयोजन ने फोटोशूट को पूरी तरह फैशन मैगजीन जैसा प्रोफेशनल लुक प्रदान किया। आयोजक योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा ने बताया कि मिस फोटोजेनिक राउंड केवल सुंदर तस्वीरें लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य यह जानना होता है कि कोई प्रतिभागी कैमरे के सामने कितनी सहज है, उसका आत्मविश्वास कितना मजबूत है, वह अपने एक्सप्रेशन और बॉडी लैंग्वेज के जरिए अपनी पर्सनैलिटी को कितनी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकती है। यही गुण आगे चलकर फैशन, विज्ञापन और मनोरंजन जगत में सफलता की पहचान बनते हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुकेश सैनी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मॉडलिंग केवल रैंप वॉक तक सीमित नहीं है, बल्कि कैमरे के सामने हर तस्वीर में अपनी अलग पहचान बनाना भी उतना ही जरूरी है। इसी अवसर पर मिस राजस्थान 2026 के फिनाले वीक की भी आधिकारिक घोषणा की गई। आयोजकों के अनुसार 28 जून से 2 जुलाई तक होटल हैवा हेवन रिजॉर्ट और 2 जुलाई से 4 जुलाई तक होटल पार्क ओशन में प्रतिभागियों के लिए ग्रूमिंग, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, फिटनेस, रैंप वॉक, कैमरा फेसिंग, फैशन स्टाइलिंग और विभिन्न प्री-फिनाले गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन सत्रों में विशेषज्ञ प्रतिभागियों को ग्रैंड फिनाले के लिए तैयार करेंगे।

जयपुर में युवक की सड़ी हुई मिली लाश:खाली प्लॉट की दीवार के पास फेंका शव, तीन दिन पहले किया मर्डर

जयपुर में रविवार सुबह एक खाली प्लॉट की दीवार के पास 35 साल के युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या करीब तीन दिन पहले की गई थी, जिसके बाद शव को सुनसान स्थान पर लाकर फेंक दिया गया। सूचना मिलते ही जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल से सबूत जुटाए। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालने के साथ युवक की पहचान और हत्या के कारणों की जांच में जुटी है। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। रोहित नगर में खाली प्लॉट से उठ रही थी बदबू SHO (जयसिंहपुरा खोर) मुकेश कुमार ने बताया- जयसिंहपुरा खोर के रोहित नगर में युवक का शव मिला है। रोहित नगर में एक खाली प्लॉट से सुबह करीब 7:30 बजे तेज बदबू उठ रही थी। मानव गंध उठने पर स्थानीय लोगों ने इधर-उधर देखा। खाली प्लाट की दीवार के पास युवक की सड़ी लाश पड़ी मिली। लाश मिलने का पता चलने पर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने मृतक की पहचान के प्रयास किए, जिसके बाद डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए SMS हॉस्पिटल भिजवाया गया। मर्डर कर शव खाली प्लॉट की दीवार के पास फेंका पुलिस जांच में सामने आया है कि शव करीब तीन दिन पुराना है। मृतक की उम्र करीब 35 साल है। तीन दिन पहले उसकी हत्या करने के बाद दीवार के पास डेड बॉडी को छिपा दिया गया। शव सड़ने की वजह से हत्या किस तरह की गई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मृतक की पहचान के साथ हत्यारे की तलाश के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है।

मोदी बोले- भारत समुद्र से आकाश तक सुरक्षित:देश में 40 से ज्यादा C-295 विमान बनाए जा रहे, योग में भारत ने 114 पदक जीते

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 135वें एपिसोड में कहा, ‘भारत समुद्र से लेकर आसमान तक सुरक्षित है। इसी महीने डीआरडीओ ने स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया। पीएम मोदी ने कहा- जून के महीने में ही देश ने विमानन क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। मेड इन इंडिया अभियान के तहत तैयार किए गए C-295 विमान ने अपनी पहली सफल उड़ान पूरी कर ली है। वर्तमान में ऐसे 40 विमान भारत में ही बनाए जा रहे हैं। पीएम ने कहा कि इस बार दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर योग के कई कार्यक्रम हुए। भारत ने अहमदाबाद में आयोजित ‘विश्व योगासन चैम्पियनशिप’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 114 मेडल जीते हैं। इनमें 102 गोल्ड मेडल भी शामिल हैं। भारत पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा है। मन की बात में नॉर्थईस्ट के 3 राज्यों का जिक्र शादी के लिए सोना रीसाइकल कर रहे लोग
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने बीते दिनों लोगों से कुछ समय तक सोना ना खरीदने, विदेश यात्रा टालने या कार पूलिंग की अपील की थी मैं देश के हर नागरिक का आभारी हूं कि मेरी अपील का उन्होंने न सिर्फ समर्थन किया बल्कि उसमें सहयोग कर रहे हैं. कई परिवारों ने तय किया है कि घर के विवाह में सोना नहीं खरीदेंगे. जरूरत हुई तो वे पुराने सोने को ही रिसाइकल करेंगे. कई लोगों ने कार पूलिंग के अनुभव भी साझा किए हैं. मुझे इस बात की खुशी है कि हम भारतीय इस संकट से मिलकर मुकाबला कर रहे हैं.’ असम: हरगिला आर्मी ने पुरानी सोच बदली पीएम मोदी ने कहा कि असम में एक पक्षी पाया जाता है। उसका नाम हरगिला है। हरगिला एक दुर्लभ पक्षी है। ये प्रकृति को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाता है। लेकिन असम के कुछ इलाकों में लंबे समय तक इसे अशुभ माना जाता था। लोग इसे अपने आसपास देखना पसंद नहीं करते थे। कई बार उन पेड़ों को भी काट दिया जाता था जिन पर हरगिला के घोसले बने होते थे। इसी दौरान जीव-वैज्ञानिक पूर्णिमा देवी बर्मन ने ये सब देखा। उन्होंने लोगों के मन में बैठी गलत धारणा को बदलने का संकल्प लिया। उन्होंने महिलाओं से बात की, लोगों को विज्ञान के आधार पर समझाया। धीरे-धीरे महिलाएं इस अभियान से जुड़ने लगीं। फिर एक बड़ा बदलाव शुरू हुआ। जिस पक्षी को कभी अशुभ मानकर भगाया जाता था, वही गांवों की पहचान बनने लगा। हजारों ग्रामीण महिलाएं हरगिला को बचाने के लिए आगे आईं। आज उन्हें ‘हरगिला आर्मी’ के नाम से जाना जाता है। इन महिलाओं ने समाज को समझाने के लिए दिन-रात काम किया और अंधविश्वास को पीछे छोड़ करके रहे। उन्होंने दिखाया है कि जब सही जानकारी पहुंचाई जाती है, तो वर्षों पुरानी सोच भी बदल सकती है। मेघालय: रूट ब्रिज की कहानी पीएम मोदी ने मेघालय के रूट ब्रिज का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये ब्रिज कुछ दिनों या कुछ सालों में नहीं बनते। इन्हें तैयार होने में कई दशक लगते हैं। रबर के पेड़ों की जड़ों को धीरे-धीरे दिशा दी जाती है। इन जड़ों को जल-धाराओं के पार ले जाया जाता है। समय के साथ वही जड़ें एक मजबूत ब्रिज का रूप ले लेती हैं। ये जीवित ब्रिज हैं। समय बीतने के साथ और मजबूत हो जाते हैं। ये ब्रिज बताते हैं कि मनुष्य प्रकृति के साथ मिलकर कितनी अद्भुत चीजें बना सकता है। ये हमारे देश की, इस धरती की, धरोहर है। अब भारत ने मेघालय के रूट ब्रिजों को UNESCO वर्ल्ड हेरिटेज साइट नेटवर्क में शामिल कराने के लिए आवेदन किया है। नगालैंड: बेबी फुटबॉल और फुटसल लीग पीएम मोदी ने कहा कि नगालैंड में दो ऐसी लीग होती हैं जो सबको इंस्पायर कर सकती हैं। इनमें से एक का नाम है नगालैंड बेबी लीग। यह 5 से 12 वर्ष के छोटे-छोटे बच्चों की असाधारण लीग होती है। इनमें लड़के और लड़कियां दोनों खेलती हैं। यह उनकी रफ्तार और प्रतिभा को प्रेरित करती है। यह लीग 3 वर्ष पूरे कर चुकी है। नगालैंड विमेन फुटसल लीग: फुटसल को आम भाषा में इंडोर फुटबॉल कहा जाता है। इसमें 5 खिलाड़ी होते हैं। यह सामान्य से छोटा मैदान होता है। तेजी से फैसले लेने होते हैं। इस तरह खेल से पर्सनॉलिटी भी डेवलप होती है। महाराष्ट्र, बिहार, दिल्ली और मध्य प्रदेश की चर्चा पीएम मोदी ने कहा- POP से बनी गणेश मूर्तियां ना खरीदें पीएम मोदी ने अपील में कहा कि केवल मिट्टी से बनी ही गणेण प्रतिमा खरीदें। जो हमारे अपने कुम्हारों और स्थानीय कलाकारों के हाथों तैयार हुई हो। पीओपी से बनी मूर्तियां नहीं खरीदें। यह भी ध्यान रखें कि मूर्तियां किस देश में बनी हैं। ‘मन की बात’ के पिछले 5 एपिसोड… 134वां एपिसोड पीएम मोदी ने कहा- देशभर में एस्ट्रोनॉमी क्लब तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। मुझे बेंगलुरु एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी के बारे में जानकारी मिली। यहां ऑब्जर्वेशनल सेशन आयोजित किए जाते हैं।’खगोल मण्डल’ नाम की एक टीम ने 30 घंटे का एक बहुत इनोवेटिव कोर्स शुरू किया है। ऐसे ही केरलम और गुजरात में भी एस्ट्रोनॉमी इवेंट आयोजित किए जाते हैं। पूरी खबर पढ़ें… 133वां एपिसोड पीएम ने कहा कि हमारे देश में इस समय जनगणना का अभियान चल रहा है। यह दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना है। जो साथी पहले से इस तरह की प्रक्रिया से गुजरे हैं, इस बार जनगणना का उनका अनुभव, अलग होने वाला है। पूरी खबर पढ़ें… 132वां एपिसोड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का जिक्र किया। पीएम ने कहा कि दुनिया में जंग चल रही है। पेट्रोल-डीजल का संकट पैदा हुआ है, लेकिन भारत इस चुनौती से निपट रहा है। पूरी खबर पढ़ें… 131वां एपिसोड पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में ग्लोबल AI इम्पेक्ट समिट के दौरान, कई देश के नेता, उद्योग जगत के लीडर्स, इनोवेटर, टेक कंपनी के दिग्गज जुटे। AI की मदद से प्राचीन ग्रंथों को, पांडुलिपि को संरक्षित कर रहे हैं। AI समिट में भारत की ताकत दुनिया के सामने आई। युवाओं में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को लेकर उत्साह बढ़ रहा है। पूरी खबर पढ़ें… 130वां एपिसोड आज भारतीय संस्कृति और त्योहारों की पहचान पूरी दुनिया में बन रही है। विदेशों में भी भारत के त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाए जाते हैं। विदेशों में रहने वाले भारतीय अपनी भाषा और संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें… —————— PM मोदी ने सेशेल्स में कछुओं को पत्तियां खिलाईं, VIDEO: 256 साल पहले 5 भारतीय रहने पहुंचे थे; अब हर 8वां नागरिक भारतवंशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिवसीय दौरे पर सेशेल्स पहुंचे। राजधानी विक्टोरिया में राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं ने नेशनल बोटैनिकल गार्डन में एल्डाब्रा जाइंट कछुओं को पत्तियां खिलाईं। मोदी 29 जून को सेशेल्स के 50वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि भी होंगे। हिंद महासागर में बसे इस छोटे से द्वीपीय देश का भारत से रिश्ता सिर्फ रणनीतिक नहीं, बल्कि 256 साल पुराना भी है। साल 1770 में जब यहां पहली स्थायी बस्ती बसाई गई, तब वहां पहुंचने वाले 27 लोगों में 5 भारतीय भी शामिल थे। बाद में बिहार, तमिलनाडु और गुजरात से भी बड़ी संख्या में भारतीय यहां आकर बस गए। पूरी खबर पढ़ें…

2 गुटों में पथराव और लाठी-डंडों से हमला:7 साल की बच्ची के सिर और गाल पर 3-3 टांके आए, मासूम सहित 8 लोग घायल

अलवर जिले के बगड़ तिराया थाना क्षेत्र के साहडोली गांव में गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान पथराव भी हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के कुल 8 लोग घायल हो गए, जबकि 7 साल की अमीषा के सिर और गाल पर 3-3 टांके आए हैं। घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की है। पीड़ित पक्ष के अली ने बताया कि गांव के अरशद ने उनके चाचा रसीद के साथ गाली-गलौज की थी। कहासुनी के बाद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन आरोप है कि कुछ देर बाद अरशद अपने परिवार के हारून, समसू और अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचा। यहां लाठी-डंडों से हमला किया गया और पथराव भी किया गया। हमले में अमीषा, उसकी मां असलीमा, रसीद, मुंशी खान और कल्ली सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी को राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां अमीषा (7 साल) के गाल और सिर में 3-3 टांके आए हैं। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते रसीद पक्ष ने उन पर हमला किया। उनका आरोप है कि विवाद की शुरुआत दूसरे पक्ष ने की थी। इस झड़प में उनके पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही बगड़ तिराया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को कंट्रोल किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल करवाकर शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पहले देखिए घटना के PHOTOS..