1.72 करोड़ रुपए के साइबर फ्रॉड का आरोपी गिरफ्तार:प्रोडक्ट खरीदे बिना ही रिवॉर्ड एप में सेंध लगाई; अब तक 5 पकड़े

एशियन पेंट्स के मास्टरस्ट्रोक रिवॉर्ड ऐप में तकनीकी सेंध लगाकर करीब 1 करोड़ 72 लाख 86 हजार 297 रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में दौसा साइबर थाना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है, जबकि पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। 11 अगस्त को सामने आया था मामला पुलिस के अनुसार, एशियन पेंट्स लिमिटेड के एजीएम ने 11 अगस्त 2025 को साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी के मास्टरस्ट्रोक रिवॉर्ड प्रोग्राम में तकनीकी खामी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने बिना कोई उत्पाद खरीदे ट्रायल एंड एरर पद्धति से फर्जी क्यूआर कोड (QR Code) जनरेट किए और रिवॉर्ड सिस्टम का दुरुपयोग कर कंपनी को 1.72 करोड़ रुपए से अधिक का आर्थिक नुकसान पहुंचाया। एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर क्राइम के पुलिस उपाधीक्षक बृजेश मीना के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए सोनू सैनी (23) निवासी काला काकरा वाली ढाणी, लालसोट को गिरफ्तार किया। पहले चार लोगों की होगी चुकी है गिरफ्तारी पुलिस ने बताया कि इससे पहले अनिल कुमार सैनी, विष्णु कुमार सैनी, रिकु सैनी और राहुल सैनी को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी सोनू सैनी से गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर इस मामले में आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

JEE की छात्रा ने फ्लाईओवर से कूदकर सुसाइड किया:6 महीने पहले ही कोचिंग करने बिहार से आई थी कोटा, पीजी में रहती थी

कोटा में JEE की तैयारी कर रही 17 साल की छात्रा ने शनिवार रात 12 बजे फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को तुरंत पास के ही हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। इलाज के दौरान रविवार सुबह 8 बजे छात्रा की मौत हो गई। घटना विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में कोटा-झालावाड़ रोड के फ्लाईओवर की है। विज्ञान नगर थाना अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया- छात्रा बिहार के अररिया जिले की रहने वाली थी। वह कोटा में एक कोचिंग संस्थान से जेईई की तैयारी कर रही थी। वह जनवरी में ही कोटा आई थी और पीजी में रहती थी। फ्लाईओवर पर पहुंचकर लगा दी छलांग प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार रात 12 बजे छात्रा श्रीजी हॉस्पिटल के सामने बने फ्लाईओवर पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। छात्रा को कोटा हार्ट हॉस्पिटल लेकर गई, जहां आज सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। छात्रा का मोबाइल भी चेक करेगी पुलिस फिलहाल छात्रा के यह कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस उसके पीजी और कोचिंग से जानकारी जुटा रही है और अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। छात्रा के मोबाइल को भी चेक किया जाएगा, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। … यह खबर भी पढ़ें… कोटा में नीट कोचिंग स्टूडेंट ने किया सुसाइड:हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर दी जान, एक साल पहले ही पढ़ाई के लिए आया था कोटा में एक कोचिंग स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित कोरल पार्क कोचिंग एरिया में घटना शुक्रवार शाम 7 बजे हुई। गोयल रेजिडेंसी हॉस्टल में रह रहे नीट के स्टूडेंट ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान अलवीन कुमार (21) निवासी झारखंड के रूप में हुई है। (पूरी खबर पढ़ें)

बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति का किया मर्डर:पहले शराब पिलाई, फिर लाठी मारकर सिर फोड़ा; पत्नी-प्रेमी और रिश्तेदार गिरफ्तार

जालोर में एक पत्नी ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। दरअसल, पति-पत्नी की शादी को 15 साल हो चुके थे, लेकिन दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी वजह से ममता पिछले 8-10 महीनों से अपने पीहर में रह रही थी। साजिश के तहत बॉयफ्रेंड ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर राजेंद्र को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया। आरोपियों ने पहले उसे शराब पिलाई और फिर एक खेत में ले जाकर लाठी से सिर फोड़कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मर्डर केस का 48 घंटे में खुलासा कर दिया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी ममता, उसके प्रेमी रमेश कुमार मीणा और साजिश में शामिल अभिषेक मीणा को गिरफ्तार किया है। यह मामला 24 जून का है, जब सरहद मडला क्षेत्र में एक खेत में राजेंद्र कुमार का शव मिला था। 24 जून को सरहद मडला क्षेत्र में मिला था शव पुलिस के अनुसार 24 जून को सरहद मडला क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। पहचान के प्रयासों के बाद मृतक की शिनाख्त राजेंद्र कुमार (35) पुत्र स्वर्गीय ओटाराम मीणा निवासी दूधवड़ रोड, रानीगांव, थाना रानी, जिला पाली के रूप में हुई। मृतक की माता सारकी देवी की रिपोर्ट पर 25 जून को हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद जालोर एसपी मोटाराम के निर्देशन और वृत्ताधिकारी दशरथसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी करणसिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की गई। एफएसएल, साइबर सेल और सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस एफएसएल और एमओबी टीम ने पुलिस के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि महिला अपने पति के अंतिम संस्कार में भी नहीं पहुंची थी, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने मृतक और उसकी पत्नी के मोबाइल फोन से मिले संदिग्ध नंबरों की कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। जालोर पुलिस अधीक्षक मोटाराम के निर्देशन में गठित टीम ने एफएसएल, एमओबी, साइबर सेल और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस रमेश कुमार मीणा (37) और अभिषेक मीणा (20) तक पहुंची। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। साथ ही उन्होंने बताया कि इस हत्या की साजिश में मृतक की पत्नी ममता (34) की मुख्य भूमिका थी। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में आहोर थाना पुलिस, भाद्राजून थाना पुलिस और साइबर सेल जालोर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। 8-10 महीनों से पीहर में रह रही थी ममता जालोर एसपी मोटाराम ने बताया कि राजेंद्र का विवाह करीब 15 साल पहले आहोर के गोलिया गांव निवासी ममता से हुआ था। दंपती के दो बेटे और एक बेटी हैं। पिछले 8-10 महीनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते ममता अपने पीहर गोलिया में रह रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात रमेश कुमार मीणा से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन राजेंद्र उनके रास्ते में बाधा बन रहा था। इसी कारण ममता और रमेश ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। मजदूरी का झांसा देकर बाइक पर साथ ले गए योजना के तहत रमेश ने अपने रिश्तेदार अभिषेक मीणा को भी साथ मिला लिया। राजेंद्र की मां सारकी देवी ने बताया कि राजेंद्र अपनी ससुराल गोलियां-चादराई (आहोर) में था। सोमवार को दो युवक रानीगांव पहुंचे और राजेंद्र को मजदूरी दिलाने का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गए। इसके बाद राजेंद्र वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। राजेंद्र के घर नहीं लौटने पर परिजन तलाश में जुट गए। कोई सुराग नहीं मिलने पर मां सारकी देवी ने रानी थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई। पहले शराब पिलाई, फिर लाठी से सिर और चेहरे पर किए वार पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रास्ते में राजेंद्र को कई बार शराब पिलाई। अधिक शराब पिलाने के बाद वह पूरी तरह नशे में हो गया। इसके बाद आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर आहोर थाना क्षेत्र के मडला गांव के पास एक खेत में ले गए। वहां आरोपियों ने लाठी उठाकर राजेंद्र के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह अधमरी हालत में हो गया। इसके बाद भी आरोपियों ने उस पर लगातार लाठियों से हमला किया। जब आरोपियों को लगा कि राजेंद्र की सांसें अभी चल रही हैं, तो उन्होंने उसकी पहचान छिपाने के इरादे से उसके चेहरे पर भी लगातार वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। हमले में उसका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हत्या के बाद आरोपी खून से सना शव सरहद मडला क्षेत्र में फेंककर मौके से फरार हो गए। 24 जून को आहोर थाना क्षेत्र के चरली-मंडला मार्ग के पास एक खेत में खून से लथपथ शव मिला। शव का चेहरा इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त था कि उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। बाद में गुमशुदगी की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान राजेंद्र कुमार के रूप में हुई। मामले में मृतक की मां ने उसकी पत्नी, ससुराल पक्ष और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया था। …………………………………. यह खबर भी पढ़े… आहोर के पास खेत में मिला युवक का शव:मां बोली-बाइक पर ले गए दे दो युवक, घर नहीं लौटा तो पुलिस के पास पहुंची पाली के लापता युवक का शव जालोर में मिला:दो दिन से गायब था, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच की मांग

राममंदिर चढ़ावा चोरी-8 आरोपियों के घर पुलिस की एकसाथ छापेमारी:टिन्नू के घर अलमारी-बक्से खंगाले; इंद्रेश बोले- दोषियों को नहीं बख्शेंगे

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद 8 आरोपियों के घर पर रविवार सुबह 7 बजे पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस की 8 टीमों ने एक साथ, एक ही वक्त पर आरोपियों के घर पर दबिश दी। इस दौरान 3 आरोपियों के घर पर ताला लगा था। पुलिस ने पड़ोसियों से सवाल-जवाब किए। छापेमारी के दौरान चंपत राय के करीबी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर ताला लगा मिला। कुछ देर बाद टिन्नू की मां मौके पर पहुंचीं और ताला खोला। पुलिस ने अंदर जांच पड़ताल की। पुलिस टिन्नू के घर से थोड़ी दूरी पर भतीजे आरोपी मनीष यादव के घर पहुंची तो वहां भी ताला लगा था। वहीं, आरोपी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर पर भी ताला लगा मिला। आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर पर भी छापेमारी हुई। खरीदी गई संपत्तियों के दस्तावेज और बैंक अकाउंट डिटेल खंगाले गए। परिजनों के बयान दर्ज किए गए। छापेमारी में राजस्व अधिकारियों खासकर लेखपालों को शामिल किया गया। RSS की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा- SIT मामले की जांच कर रही है। दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। अयोध्या का राम राज्य ऐसा है कि अपराधियों को कभी माफ नहीं किया जाता। उन्हें सजा दी जाती है। जल्दबाजी करने या राजनीतिक रंग देने की कोई जरूरत नहीं है। आरोपियों के घर पुलिस की छापेमारी में क्या हुआ? SIT ने 23 जून को रिपोर्ट सौंपी, 2 दिन बाद गिरफ्तारी राम मंदिर चढ़ावा चोरी से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

बॉयफ्रेंड चेतन के साथ उदयपुर आई थी सिया:3 करोड़ में बुक किया था आलीशान रिसॉर्ट, केतन से यहीं शादी करने की जिद की थी

पुणे (महाराष्ट्र) के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की आरोपी सिया गोयल अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (23) के साथ उदयपुर भी आई थी। सिया को झीलों की नगरी उदयपुर की खूबसूरती इतनी पसंद आई थी कि उसने केतन अग्रवाल से उदयपुर में ही शादी करने की जिद की थी। सिया की इसी जिद और बात को मानकर केतन ने उदयपुर के मशहूर ‘अनंता रिसॉर्ट’ को डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए फाइनल किया था। इस हाई-प्रोफाइल डेस्टिनेशन वेडिंग का कुल बजट करीब 5 करोड़ रुपए तय हुआ था। अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित इस आलीशान रिसॉर्ट में 3 दिन और 2 रात का पैकेज करीब 3 करोड़ रुपए में बुक भी हो चुका था। शादी की लोकेशन बॉयफ्रेंड को दिखाने लाई थी सिया पुणे पुलिस की पूछताछ में सामने आया- सिया गोयल अपने मंगेतर केतन के पैसों (खर्च) से होने वाली शादी की आलीशान लोकेशन दिखाने के लिए अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को लेकर उदयपुर आई थी। दोनों फ्लाइट से उदयपुर आए थे। उसी दिन वापस भी चले गए थे। उदयपुर एयरपोर्ट पर चेतन के परिचितों ने दोनों को एक साथ देखा था। इससे दोनों के उदयपुर में एक साथ होने की बात पूरी तरह पक्की हो गई। सगाई से पहले बॉयफ्रेंड संग किया था ग्रुप ट्रिप पुणे पुलिस की पूछताछ में सिया ने कबूल किया है कि फरवरी में केतन से सगाई होने से पहले, जनवरी में वह चेतन चौधरी और कुछ दोस्तों के साथ उदयपुर घूमने आई थी। यह एक ग्रुप ट्रिप था, जिसमें वे लोग करीब पांच दिन रुके थे। इस दौरान इन लोगों ने उदयपुर और जोधपुर के कई प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की सैर की थी। इसी ट्रिप के दौरान सिया ने इस आलीशान लग्जरी रिसॉर्ट (अनंता) को देखा था। बाद में केतन के सामने यहीं शादी करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद यह वेन्यू फाइनल किया गया था। जोधपुर का रहने वाला है बॉयफ्रेंड चेतन केतन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार चेतन चौधरी (23) मूल रूप से जोधपुर का रहने वाला है। चेतन का पैतृक घर जोधपुर के बिलाड़ा कस्बे के पलासनी गांव में है। उसके पिता लंबे समय से पुणे में रहते हैं, जहां उनकी किराना और ड्राई फ्रूट्स की दुकान है। चेतन और सिया एक-दूसरे को पहले से जानते थे और केतन से सगाई होने के बाद भी दोनों लगातार संपर्क में थे। पुलिस अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि जनवरी और फरवरी के उदयपुर-जोधपुर ट्रिप के दौरान सिया और चेतन के बीच क्या बातचीत हुई थी। पुलिस को शक है कि मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या की पूरी प्लानिंग इसी ट्रिप के दौरान तो नहीं रची गई थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के मोबाइल लोकेशन, डिजिटल सबूत, ट्रिप के रिकॉर्ड और कॉल डिटेल्स की बारीकी से जांच कर रही है। अरावली की पहाड़ियों में फैला आलीशान रिसॉर्ट अनंता रिसॉर्ट उदयपुर शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर पहाड़ियों के बीच है। लगभग 90 एकड़ की हरियाली में फैले इस आलीशान रिसॉर्ट में 271 लग्जरी विला और कमरे हैं। यहां 47,500 वर्ग फुट का एक बड़ा लॉन, नीलगिरी बैंक्वेट हॉल, वर्मला गजेबो और एम्फीथिएटर है। इस रिसॉर्ट में देश के कई बड़े बिजनेसमैन और बॉलीवुड सितारों की शादियां व कॉर्पोरेट इवेंट होते रहते हैं। इसी भव्य रिसॉर्ट में केतन और सिया की शादी का 5 करोड़ का बजट तय हुआ था। लोहगढ़ किले की खाई में धकेलकर केतन को उतारा था मौत के घाट पुणे की रहने वाली सिया गोयल 18 जून को अपने मंगेतर केतन अग्रवाल के साथ लोहगढ़ (पुणे) किले में घूमने गई थी। इसी दौरान केतन की पहाड़ी की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी। शुरुआत में इसे महज एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन परिवार को शक हुआ। पुलिस ने सिया और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को केतन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने के लिए यह खौफनाक साजिश रची थी और उसे खाई में धकेल दिया था ताकि यह एक सामान्य हादसा लगे। ……………….. केतन अग्रवाल हत्याकांड से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… जोधपुर का रहने वाला है सिया का बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी:गर्लफ्रेंड को पुणे से मेहरानगढ़ किला घुमाने लाया था, पैतृक घर पहुंचा भास्कर पुणे (महाराष्ट्र) में चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की आरोपी मंगेतर सिया गोयल का बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी (23) जोधपुर का रहने वाला है। दैनिक भास्कर सबसे पहले यह खुलासा कर रहा है। चेतन का बिलाड़ा कस्बे के पलासनी गांव में पैतृक घर है। (पढ़ें पूरी खबर)

CM भजनलाल बोले- राजस्थान का भाग्य बदलने वाली हमारी रिफाइनरी:सांभरा आशापुरा माता मंदिर के किए दर्शन; 4 जुलाई को PM करेंगे रिफाइनरी का उद्घाटन

देश की हाई टेक्नोलॉजी पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन 4 जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। इससे पहले सीएम भजनलाल शर्मा रविवार को तैयारियां का जायजा लेने रिफाइनरी पहुंचे। सीएम रिफाइनरी के पास स्थित सांभरा आशापुरा माता मंदिर दर्शन करने के लिए भी पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना कीं। सीएम ने कहा- राजस्थान के भाग्य को बदलने वाली हमारी रिफाइनरी है। दरअसल, 4 जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी का राजस्थान आना प्रस्तावित है। वे जोधपुर में टर्मिनल और पचपदरा में रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इसको लेकर सीएम भजनलाल शर्मा रविवार को जोधपुर और पचपदरा रिफाइनरी पहुंचे। सीएम तय समय से कुछ समय बाद शाम को रिफाइनरी पहुंचे। यहां हैलीपेड पर प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत, मंत्री के.के. विश्नोई, विधायक हमीरसिंह भायल, अरुण चौधरी, आदूराम मेघवाल समेत प्रशासनिक अधिकारी ने सीएम का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। वहां पर रिफाइनरी का निरीक्षण किया। इसके बाद एचआरआरएल के अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ डेढ़ घंटे तक मीटिंग की। बारीकी से रिफाइनरी यूनिट का फीडबैक लिया। साथ पीएम नरेंद्र मोदी दौर को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। सीएम ने मीडिया से बातचीत में कहा- 4 तारीख को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान आ रहे है। पश्चिमी राजस्थान में एक ऐतिहासिक काम होने वाला है। हमारा राजस्थान कई सालों से इसका इंतजार कर रहा था। राजस्थान के भाग्य को बदलने वाली यह हमारी रिफाइनरी है। आज रिफाइनरी के उद्घाटन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। सांभरा माताजी के दर्शन करने के लिए आया हूं। बीते 12 सालों में देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में जिस तरीके से विस्तार हुआ है। गरीब कल्याण की योजना का विस्तार हुआ है। मोदी के नेतृत्व में हमारा देश और प्रदेश आगे बढ़ रहा है। ढाई साल के अंदर विभिन्न परियोजनाएं हमारी डबल इंजन की सरकार में राजस्थान में आई है। आगे देखते जाइए राजस्थान किस तरीके से विकास के आयाम छूता है। सांभरा मंदिर के दिए दर्शन बता दें कि 21 अप्रैल को रिफाइनरी का उद्घाटन होने वाला था। इससे एक दिन पहले रिफाइनरी की सीडीयू-वीडीयू यूनिट में आग लग गई थी। इसके बाद उद्घाटन प्रोग्राम स्थगित कर दिया गया था। उस समय सांभरा माताजी मंदिर के दर्शन करने के लिए नहीं पहुंचे थे। लेकिन इस बार एचआरआरएमएल के अधिकारी भी पहले पूजा अर्चना कर चुके हैं। रविवार शाम को सीएम भजनलाल शर्मा भी सांभरा आशापुरा माताजी के दर्शन करने के लिए पहुंचे। विधिवत पूजा-अर्चना कर रिफाइनरी की सफलता व प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर राजस्थान रिफाइनरी में तैयार किए गए उत्पाद का सैंपल भी मां आशापुरा को समर्पित किया । इसको रिफाइनरी परियोजना के शुभारंभ और प्रदेश की उन्नति का प्रतीक माना गया। 4 जुलाई को पीएम करेंगे रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित पचपदरा में नवनिर्मित रिफाइनरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होना प्रस्तावित है। इसे लेकर एचपीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन पिछले कई दिनों से युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है। पीएम के प्रस्तावित दौरे से पहले मुख्यमंत्री का यह दौरा सुरक्षा और व्यवस्थाओं के सभी पहलुओं को पुख्ता करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

CBSE पर सवाल उठाने वाले सार्थक ने पोर्टल बनाया:इसमें ₹1.66 करोड़ सरकारी खरीद का डेटा, आम जनता भी रिकॉर्ड को देख सकेगी

सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली पर सवाल उठाने वाले 12वीं के स्टूडेंट सार्थक सिद्धांत (18) ने एक सार्वजनिक पोर्टल लॉन्च किया है। इसमें भारत सरकार के सेंट्रल पब्लिक प्रोक्योरमेंट (CPP) पोर्टल के करीब 1.66 करोड़ सरकारी खरीद का रिकॉर्ड है। सार्थक ने अपने X पर बताया- पिछले दो हफ्तों की कड़ी मेहनत के बाद सरकार के CPP पोर्टल से लगभग 1.66 करोड़ रिकॉर्ड निकाले हैं। अब ये सरकारी रिकॉर्ड आम नागरिकों, पत्रकारों और रिसर्चर्स के लिए पब्लिक डोमेन में उपलब्ध हैं। यह पारदर्शिता की दिशा में उठाए बड़े कदम की शुरुआत है। सार्थक का कहना है कि लोगों को पता चले कि सरकारी खजाने का पैसा कहां और कैसे खर्च हो रहा है। CPP पोर्टल से लिए गए इस आर्काइव्ड डेटा का मकसद पब्लिक स्पेंडिंग यानी सरकारी खर्च के रिकॉर्ड्स को ढूंढना और उनका विश्लेषण आम आदमी के लिए आसान बनाना है। डेटा sarthaksiddhant.com पर अपलोड किया सार्थक ने यह पूरा डेटा उन्होंने अपने पोर्टल sarthaksiddhant.com पर अपलोड किया है, जहां से कोई भी व्यक्ति इसे देख और डाउनलोड कर सकता है। उन्होंने कहा कि मेरा मकसद है कि लोग इस डेटाबेस को डाउनलोड कर अपने स्तर पर सरकारी रिकॉर्ड्स की जांच-पड़ताल करें। सार्थक का यह नया पोर्टल अब सिर्फ शिक्षा तक सीमित नहीं है। इसमें भारत सरकार के सेंट्रल पब्लिक प्रोक्योरमेंट (CPP) पोर्टल से जुटाए गए सरकारी खरीद से जुड़े रिकॉर्ड शामिल हैं। इसका मकसद सरकारी खर्च से जुड़े रिकॉर्ड्स को आम लोगों के लिए आसानी से खोजने, समझने और उनका विश्लेषण करने लायक बनाना है। राहुल गांधी ने सिद्धांत से मुलाकात की थी 18 सार्थक सिद्धांत ने इस साल 12वीं की परीक्षा दी थी। एग्जाम में नंबर कम आने पर उन्होंने सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली पर सवाल उठाया था। इसके बाद उन्होंने OSM करने वाली कंपनी को मिले टेंडर की प्रोसेस की खुद खोजबीन की और उसमें खामियां निकालीं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 2 जून को सिद्धांत से मुलाकात का 8.15 मिनट का वीडियो अपने X अकाउंट पर 7 जून को शेयर किया था। राहुल ने कहा कि सार्थक ने CBSE और COEMPT की मिलीभगत को देश के सामने रख दिया है। मोदी जी चाहते हैं हमारे युवा रील्स बनाते रहें, पकौड़े तलते रहें। न तो सवाल पूछे और न ही आंखें खोलें। लेकिन इन बच्चों ने सवाल भी पूछे और जवाब भी ढूंढ निकाले। पूरी खबर पढ़ें COEMPT पर तेलंगाना बोर्ड एग्जाम में गड़बड़ी के आरोप COEMPT एडूटेक तेलंगाना के दराबाद की कंपनी है। ये फर्म तेलंगाना, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों मे डिजिटल इवैल्यूएशन का काम करती है। 2019 में इसका नाम ग्लोबरेना टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड था। तब इस पर तेलंगाना में 12वीं के बोर्ड एग्जाम में डेटा प्रोसेसिंग में गड़बड़ी के आरोप लगे थे। उस साल राज्य में 9.74 लाख में से 3 लाख से ज्यादा बच्चे फेल हो गए थे। ————————— ये खबर भी पढ़ें… 15 विदेशी यूनिवर्सिटी को भारत में कैंपस खोलने की मंजूरी:अगस्त से पहला बैच शुरू होगा; विदेश जैसी डिग्री मिलेगी, पढ़ाई का खर्च 30-40% तक कम होगा भारत में अब विदेशी यूनिवर्सिटी की डिग्री लेने के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं होगी। केंद्र सरकार अब तक 15 विदेशी विश्वविद्यालयों को भारत में कैंपस खोलने के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) जारी कर चुकी है। इनमें ज्यादातर कैंपस अगस्त से पहला बैच शुरू करेंगे। पूरी खबर पढ़ें

सिया-चेतन के सामने केतन मर्डर का सीन रीक्रिएट किया गया:पुलिस दोनों को लोहगढ़ किले ले गई, दीवार से डमी गिराकर देखा

पुणे मर्डर केस में पुलिस ने रविवार को केतन को लोहगढ़ किले से गिराने का सीन रीक्रिएट किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके लिए पुलिस सुबह 6.30 बजे दोनों आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को लोहगढ़ किले लेकर पहुंची। टीम करीब 2.30 घंटे किले पर रही। डीएसपी गजानन टोंपे ने कहा… आज सुबह हम सिया गोयल को घटनास्थल पर लेकर आए। उसके बताए अनुसार पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएशन किया। इसके लिए केतन के समान वजन का एक डमी तैयार किया गया, ताकि घटना को उसी तरह दोहराकर जांच की जा सके। इस बीच केस में पुलिस ने नया खुलासा किया कि सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने गूगल पर लोहगढ़ किले के डेथ पॉइंट सर्च किए थे। वहां तक पहुंचने का रास्ता और खाइयों की भी जानकारी जुटाई थी। पुलिस ने कहा- दोनों ने गूगल पर ‘डेथ पॉइंट और जहर देकर कैसे मारें, ताकि पुलिस को शक न हो’ जैसे सवाल सर्च किए। पकड़े जाने पर पुलिस के सवालों के क्या जवाब देने हैं, यह भी खोजा। कौन-कौन से वॉट्सएप मैसेज डिलीट करना है, यह भी सर्च किया था। पुलिस ने बताया कि चेतन ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मर्डर के दिन अपना मोबाइल एक दुकान पर छोड़ दिया था। इसके बाद उसने दूसरे मोबाइल का इस्तेमाल किया। पुलिस डिलीट किए गए वॉट्सएप मैसेज की भी फोरेंसिक जांच करा रही है। पुणे मर्डर केस जुड़े अपडेट सिया-चेतन का नया वीडियो सिया और चेतन का नया वीडियो सामने आया। इसमें दोनों महाराष्ट्र क्रिकेट लीग का मैच देखते नजर आ रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वहीं, पुलिस की पूछताछ में सिया के भाई साहिल ने खुलासा किया कि सिया-चेतन की मुलाकात क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी। इसके बाद एक दोस्त के घर दिवाली की पूजा में भी दोनों मिले थे। साहिल भी चेतन को जानता है। दरअसल, सिया और केतन 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। इसी दौरान केतन की खाई में गिरने से मौत हुई थी। सिया पर बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मंगेतर की हत्या का आरोप है। दोनों पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। केतन की मां बोलीं- सिया और चेतन को फांसी की सजा मिले शनिवार शाम केतन अग्रवाल को श्रद्धांजलि देने के लिए पिंपरी-चिंचवाड़ में परिवार और सोसाइटी के लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा, ‘मेरा 26 साल का बेटा बिना किसी गलती के मारा गया। मैं उसकी शादी कराने निकला था, लेकिन बेटे की अर्थी उठानी पड़ी। मेरी सिर्फ एक मांग है कि दोषियों को फांसी की सजा मिले।’ केतन की मां राखी अग्रवाल ने कहा, ‘मैं एक मां हूं और सिया की भी मां है। इसके बावजूद मैं चाहती हूं कि सिया और चेतन, दोनों को फांसी की सजा मिले। मुझे सिर्फ अपने बेटे के लिए न्याय चाहिए।’ कैंडल मार्च की 2 तस्वीरें… केतन मर्डर केस में अब तक क्या-क्या खुलासे हुए… दावा- केतन का सिर कुचला हुआ था केतन का शव स्क्यू करने वाले सुनील गायकवाड़ ने बताया… केतन के सिर पर गंभीर चोटें थीं, खोपड़ी कुचली हुई थी और हाथ-पैरों पर भी चोट थीं। कई लोग रो रहे थे, मदद के लिए चिल्ला रहे थे, लेकिन सिया शांत खड़ी थी। 18 जून की सुबह करीब 10:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। बचाव अभियान दोपहर 12:30 बजे तक चला और करीब 1:30 बजे शव एंबुलेंस में पहुंचाया गया था। केतन के पिता बोले- घटना वाले दिन ही सिया पर शक हुआ केतन के पिता विशाल अग्रवाल के मुताबिक, घटना वाले दिन ही परिवार को सिया गोयल पर शक हो गया था। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने जब कहा कि केतन अभी जिंदा है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए, तब सिया के हावभाव बदल गए थे। इसके बाद सिया ने परिवार के सवालों का भी जवाब नहीं दिया। केतन के पिता ने दैनिक भास्कर को बताया कि 18 जून को सिया की मां का फोन आया था कि केतन लोहगढ़ किले से गिर गया है। परिवार मौके पर पहुंचा तो केतन को खाई से निकाला जा चुका था। उन्होंने देखा कि केतन का मुंह बंधा हुआ था। चेहरा खुलवाकर उसकी पहचान की गई। केतन की बहन ने सिया से पूछा कि वह कहां बैठी थी, केतन कैसे गिरा और वह किले के उस किनारे तक कैसे पहुंचा। सिया ने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। उसका रोना भी परिवार को बनावटी लगा। अगले दिन जब वह उनके घर आई, तब भी परिवार ने पूछा कि केतन का कौन सा पैर फिसला था, लेकिन वह चुप रही। सवाल-जवाब के दौरान शादी तय कराने वाली सिया की बुआ उसे “तू चल-चल” कहकर वहां से ले गई। इसके बाद परिवार का शक और गहरा हो गया। परिवार ने CCTV देखे, फिर पुलिस को सूचना दी विशाल अग्रवाल ने बताया कि उसी शाम परिवार ने बैठकर पूरी घटना पर चर्चा की। उनकी बेटी ने कहा कि कुछ ठीक नहीं लग रहा। परिवार ने पूरी घटना को जोड़कर देखा और सोसायटी के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखा कि लौटते समय सिया रो भी नहीं रही थी। शक बढ़ने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी। विशाल अग्रवाल ने कहा कि केतन को सिया के अफेयर की जानकारी नहीं थी। हालांकि, उसे कई बार सिया का फोन लगातार बिजी मिलने पर शक हुआ था। उसने परिवार से पूछा भी था कि क्या सिया के बारे में पूरी जानकारी ली गई है परिवार ने उसे भरोसा दिलाया कि रिश्तेदारों ने पूरी पड़ताल की है। इसके बाद उसने दोबारा इस बारे में बात नहीं की। उन्होंने कहा कि अगर सिया के अफेयर की जानकारी होती तो यह रिश्ता कभी तय नहीं होता। सिया की मां पूजा गोयल बोलीं- बेटी शादी को लेकर खुश थी सिया की मां पूजा बोलीं- इस मामले में कोई भी दोषी है तो उसे सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। अगर मेरी बेटी दोषी है, तो उसे भी उसी जगह से नीचे फेंक देना चाहिए, जहां से केतन को धक्का दिया गया था। सिया ने पिता प्रवीण ने कहा कि सिया ने खुद कहा था कि केतन से उसका रिश्ता करवा दीजिए। केतन ने ही सिया को फोन कर लोहगढ़ किला जाने के लिए कहा था। वही कार लेकर आया था। केतन सिया एक-दूसरे से बहुत प्यार करते थे। एक बार तो केतन सुबह 4 बजे ही सिया से मिलने घर आ गया था। 31 मई को मारने का आइडिया आया, 18 जून को मर्डर 31 मई: सिया को केतन की हत्या का प्लान सूझा 11 फरवरी को सगाई के बाद केतन, सिया को घर लेकर आता था, साथ घुमाने ले जाता था। उसे ट्रैकिंग यानी पहाड़ी चढ़ने का शौक था। उसने सिया से ट्रैकिंग के लिए लोहगढ़ किले चलने को कहा। यहीं सिया को केतन की हत्या की प्लान सूझा। 5 जून: किले पर जाने की जिद की, केतन नहीं गया सिया ने 4 जून को केतन से दोबारा लोहगढ़ किला जाने की जिद की। केतन नहीं माना। 6 जून को केतन, उनकी बहन, एक दोस्त और सिया के इंडोनेशिया के बाली जाने के टिकट बुक थे। पुणे पुलिस के मुताबिक बाली न जाना पड़े, इसलिए सिया ने केतन का पासपोर्ट छिपा लिया। 14 जून: दूसरी कोशिश, धक्का दिया, लेकिन केतन बच गया सिया ने केतन से दोबारा किले पर चलने को कहा। पुलिस के मुताबिक 14 जून को दोनों किले पहुंचे। सिया ने केतन को धक्का दिया। लेकिन पेड़ का सहारा मिलने से केतन बच गया। उसने पूछा- धक्का क्यों दिया? सिया ने कहा, ‘एक सांप था, तुम्हें उससे बचाने के लिए धक्का दिया।’ केतन ने घर आकर सबको बताया कि सिया की वजह से उसकी जान बच गई। 18 जून: तीसरी कोशिश में बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर धक्का दिया 19 जून को सिया का जन्मदिन मनाने के लिए केतन ने महाबलेश्वर में एक लग्जरी रिजॉर्ट बुक किया था। सिया ने उससे पहले केतन को प्री-वेडिंग फोटोशूट की बात कहकर लोहगढ़ किले पर जाने के लिए मना लिया। इस बार पीछे-पीछे चेतन भी था। एक जगह जब केतन पहाड़ियों की तरफ देख रहा था, तभी दोनों ने उसे पीछे से धक्का दे दिया। ——————- घटना से जुड़ी ये 3 खबरें भी पढ़ें… हकलाने-हेयरविग की वजह से सिया को केतन पसंद नहीं था: पुणे पुलिस को बताया- शादी के लिए मना किया, लेकिन केतन माना नहीं पुणे मर्डर- मंगेतर के साथ सिया की रोमांटिक पोस्ट: दोनों लोहगढ़ किला गए तो प्रेमी भी पहुंचा; गर्मी में हुडी पहना था, इसी से सुराग मिला पुणे में सोनम रघुवंशी जैसा केस: बिजनेसमैन की बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर मंगेतर को 400 फीट गहरी खाई में फेंका; नवंबर में शादी थी

खूंखार आतंकियों से चैटिंग करती थी जयपुर की युवती:FB फ्रेंडलिस्ट में 370 पाकिस्तानी, राजस्थान में 'लेडी स्लीपर सेल' तैयार करना था मकसद

जयपुर के वाटिका इलाके से गिरफ्तार हुई 36 वर्षीय बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा को लेकर बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। बबीता कोई साधारण संदिग्ध नहीं। वह अंतरराष्ट्रीय मास्टरमाइंड आतंकियों के सीधे संपर्क में थी। उसके जब्त मोबाइल से मिले सुरागों ने राजस्थान एटीएस (ATS) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के भी होश उड़ा दिए हैं। कंधार विमान अपहरण कांड (IC-814) की साजिश रचने वाला यूसुफ अजहर उर्फ उस्ताद गौरी और साल 2016 में जम्मू-कश्मीर के नागरोटा में सेना के कैंप पर हमला करने का मास्टरमाइंड कारी जरार, दोनों सीधे बबीता से चैटिंग करते थे। राजस्थान में यह पहली बार है जब किसी पाकिस्तानी आतंकी संगठन ने किसी महिला को जाल में फंसाकर ‘लेडी स्लीपर सेल’ तैयार करने की खतरनाक साजिश रची थी। इसके लिए बाकायदा ट्रेनिंग भी दी जा रही थी। संडे बिग स्टोरी में पढ़िए आतंकी संगठनों के क्या मंसूबे थे और बबीता से पूछताछ में कौन से बड़े खुलासे हुए… ‘दुनिया धोखेबाज’ नाम से फेसबुक आईडी, 370 फ्रेंड्स में अधिकतर पाकिस्तानी
बबीता के घर से जब्त मोबाइल में दो सिम मिली हैं। वह फेसबुक पर “duniya dhokhebaaz” (दुनिया धोखेबाज) नाम से अकाउंट चला रही थी। गिरफ्तारी से पहले उसने काफी डेटा डिलीट कर दिया था, लेकिन शुरुआती जांच में जो मिला वह डराने वाला है। कुल 370 लोगों की फ्रेंड लिस्ट में से ज्यादातर अकाउंट्स पाकिस्तान और विदेशों से ऑपरेट हो रहे हैं। इनमें से 3 अकाउंट्स की पहचान सीधे तौर पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सक्रिय आतंकियों के रूप में हुई है। राजस्थान एटीएस ने बबीता के संपर्क में आए करीब 100 संदिग्धों का रिकॉर्ड निकालकर उसे NIA के डेटा से मैच कराना शुरू कर दिया है। अबतक 3 अकाउंट ऐसे मिले हैं, जो जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े आतंकी हैं। ये देश में कई आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे चुके हैं। अब सिलसिलेवार पढ़ते हैं कौन हैं वो आतंकी…. 1. कारी जरार : सेना के कैंप पर हमले का मास्टरमाइंड कारी जरार का नाम नवंबर 2016 के नागरोटा (जम्मू) सेना शिविर पर हुए आतंकी हमले की साजिश रचने के मास्टरमाइंड के तौर पर सामने आया था। 29 नवंबर 2016 को 166 आर्टिलरी यूनिट, नागरोटा, जम्मू में तीन आतंकवादी सेना की वर्दी पहनकर शिविर में घुसे और फायरिंग शुरू कर दी थी। इस दौरान 7 जवान शहीद हो गए थे। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में तीनों हमलावरों को मार गिराया गया था। ये आतंकी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े थे। इन्हें हथियार सप्लाई करने से लेकर भारत भेजने का काम कारी जरार ने किया था। कारी कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद का सीनियर कमांडर है, जो भोले-भाले लोगों को अपनी बातों में फंसा कर आतंकी बनाने में माहिर है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह पाकिस्तान से आतंकियों की घुसपैठ, प्रशिक्षण और हमलों की योजना बनाने में शामिल रहा है। राजस्थान ATS ने बताया कि बबीता इसी आतंकी कारी जरार के संपर्क में थी। कारी जरार ही उसे ट्रेनिंग दे रहा था। बबीता के मोबाइल की कॉन्टैक्ट लिस्ट में कुछ नंबर मिले हैं। विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि जैश का कमांडर कारी जरार भी इनमें से एक नंबर का इस्तेमाल करता है। उन नंबरों की NIA के जरिए जांच कराई जा रही है। 2. यूसुफ अजहर उर्फ उस्ताद गौरी : कंधार विमान हाईजैक का मास्टरमाइंड यूसुफ अजहर उर्फ उस्ताद गौरी का नाम भारत के सबसे चर्चित इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 अपहरण कांड (कंधार विमान अपहरण कांड) में सामने आया था। भारतीय जांच एजेंसियों के अनुसार वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के संस्थापक मौलाना मसूद अजहर का रिश्तेदार (साला) है। 24 दिसंबर 1999 को इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 नेपाल के काठमांडू से दिल्ली आ रही थी। उड़ान के दौरान 5 हथियारबंद आतंकवादियों ने विमान का अपहरण कर लिया था। विमान को अफगानिस्तान के कंधार ले जाया गया। करीब सात दिनों तक 176 यात्रियों और चालक दल को बंधक बनाकर रखा गया था। यात्रियों को छुड़ाने के बदले भारत सरकार को तीन आतंकियों मौलाना मसूद अजहर, अहमद उमर सईद शेख और मुश्ताक अहमद जरगर को रिहा करना पड़ा था। भारतीय जांच एजेंसियों के अनुसार, यूसुफ अजहर उर्फ उस्ताद गौरी IC-814 अपहरण साजिश में शामिल आरोपियों में से एक है। लंबे समय से वांछित है। बबीता ने मोबाइल की कॉन्टैक्ट लिस्ट में आतंकी का नाम ऊर्दू में ओसामा गोरी के नाम से सेव करके रखा था। राजस्थान ATS की मानें तो उनकी पड़ताल में यह नंबर कंधार विमान हाईजैक का मास्टरमाइंड यूसुफ अजहर इस्तेमाल करता था। 3. अबू उबैदाह : जैश का कमांडर, जिससे शादी करना चाहती थी बबीता अबू उबैदाह जैश-ए-मोहम्मद का कमांडर व प्रवक्ता बताया जा रहा है। राजस्थान एटीएस को पूछताछ में बबीता ने बताया कि वह सोशल मीडिया के जरिए ही अबू उबैदाह के कॉन्टैक्ट में आई थी। उसी के कहने पर उसने इस्लाम धर्म अपनाया था। उससे वह शादी करना चाहती थी। इसके लिए पाकिस्तान तक जाने को तैयार थी। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड में अबू उबैदाह का नाम भारत में किसी आतंकी हमले या साजिश में अब तक सामने नहीं आया है। उसे राजस्थान में लेडी स्लीपर सेल एक्टिवेट करने का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। एटीएस एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जांच में यह बात सामने आई है कि बबीता 2 साल से पाक आतंकियों से बात कर रही थी। उसके फेसबुक पेज की जांच में ही ये चौंकाने वाले नाम सामने आए हैं। इनमें कारी जरार और यूसुफ अजहर प्रमुख नाम हैं। इनकी जांच हमारी साइबर टीम से भी कराई जा रही है। अन्य 100 से ज्यादा प्रोफाइलों पर भी काम किया जा रहा है। राजस्थान में लेडी स्लीपर सेल बनाना था टारगेट अब तक की जांच में सबसे चौंकाने वाली बात ये सामने आई है कि पाकिस्तान से संचालित जैश-ए-मोहम्मद लेडी स्लीपर सेल तैयार करने में जुटा था। उसका सबसे पहला जरिया जयपुर की बबीता धाकड़ बनी। ब्रेनवॉश के लिए आतंकी संगठन जैश अपने सबसे ट्रेंड कमांडरों की मदद ले रहा है। इसमें कई महिला कमांडरों को भी लगाया गया है। ये कमांडर कमजोर और परेशान महिलाओं को टारगेट करते हैं। फिर उनका ब्रेनवॉश कर संगठन में जोड़ते हैं। बबीता उनमें से एक है। आशंका है कि बबीता का इस्तेमाल भविष्य में किसी बड़े हमले में किया जा सकता था। एटीएस भी मान रही है कि राजस्थान का यह पहला मामला है, जब किसी हिंदू महिला को ऑनलाइन कलमा पढ़ाकर मुस्लिम बनाया गया और उसे स्लीपर सेल के लिए तैयार किया हो। क्या बबीता के साथ कई और महिलाएं भी टारगेट पर थी? इस सवाल के जवाब में एटीएस के एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मामला इतना संवेदनशील है कि हमने तत्काल बबीता का मोबाइल एफएसएल के पास भेज दिया था। हमें जानकारी है कि मोबाइल का अधिकांश डेटा डिलीट किया हुआ है। एफएसएल अगर डिलीट डेटा रिकवर करने में सफल होती है तो हमें उम्मीद है कि देश में बबीता जैसी कई और स्लीपर सेल तक हम पहुंच सकेंगे। मोबाइल से और क्या-क्या राज पता चले? बबीता के फेसबुक मैसेंजर का डेटा रिकवर करने के बाद राजस्थान ATS ने तत्काल एनआईए की मदद ली। जांच में सामने आया कि फेसबुक मैसेंजर में बबीता तीन से चैट करती थी। इसमें एक उजमा जान (uzma jaan) नाम का अकाउंट था, एक कुरान लेट (kuran let) और तीसरा अबू सुलेमान (abu suleman) पाया गया है। बबीता मोबाइल में दो वॉट्सएप चला रही थी। एक बिजनेस वॉट्सएप भी चला रही थी। बिजनेस वॉट्सएप में चार पाकिस्तानी नंबरों के मिस कॉल मिले थे। एक नंबर शाहीन अफरीदी के नाम से सेव था। एक नंबर अफगानिस्तान से ऑपरेट हो रहा था, जो हंटर 313 (hunter 313) के नाम से सेव था। इन नंबरों पर hi-hello जैसी सामान्य चैटिंग के साथ-साथ कई देश विरोधी वीडियो के आदान-प्रदान की पुष्टि हुई है। 2018 में तलाक के बाद पिता के घर रह रही थी बबीता धाकड़ जयपुर के बालाजी विहार, वाटिका जयपुर में अपने पिता और भाई के साथ रह रही थी। बबीता की शादी हिंडौनसिटी (करौली) में हुई थी। पति से अनबन के चलते तलाक का केस चल रहा है। वर्ष 2018 से गंगापुरसिटी की एसीजेएम कोर्ट में भरण-पोषण (मेंटेनेंस) तथा जेएम प्रथम न्यायालय में धारा 498-ए के तहत दहेज प्रताड़ना का मामला विचाराधीन है। परिवार मूल रूप से करौली जिले की नादौती तहसील के बामोरी गांव का रहने वाला है। 19 जून को बबीता को उसके घर से गिरफ्तार किया गया था। 20 जून को कोर्ट में पेश कर 7 दिन के रिमांड पर लिया गया था। 27 जून को रिमांड खत्म होने पर फिर से कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने बबीता धाकड़ को ज्यूडिशियल कस्टडी में रखने के आदेश दिए हैं। —— ये खबरें भी पढ़िए… 1- जयपुर से जैश-ए-मोहम्मद की महिला आतंकी गिरफ्तार, स्लीपर सेल के तौर पर एक्टिव थी जयपुर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की स्लीपर सेल महिला को राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने पकड़ा है। उसे जयपुर में वाटिका क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पढ़ें पूरी खबर… 2- महिला आतंकी के पिता बोले-ऐसी बेटी की जरूरत नहीं, बबीता इंटरनेट पर आत्मघाती हमले की जानकारी करती थी सर्च जयपुर से गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद की कथित महिला स्लीपर सेल बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा के पिता बोले- ऐसी बेटी को नरक में भी जगह नहीं मिले। मेरे लिए देश पहले है। मुझे अंदाजा भी नहीं था कि मेरी बेटी देश विरोधी गतिविधि से जुड़ी हो सकती है। ऐसा करने वाली बेटी की मुझे जरूरत नहीं है। पढ़ें पूरी खबर…

15 विदेशी यूनिवर्सिटी को भारत में कैंपस खोलने की मंजूरी:अगस्त से पहला बैच शुरू होगा; विदेश जैसी डिग्री मिलेगी, पढ़ाई का खर्च 30-40% तक कम होगा

भारत में अब विदेशी यूनिवर्सिटी की डिग्री लेने के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं होगी। केंद्र सरकार अब तक 15 विदेशी विश्वविद्यालयों को भारत में कैंपस खोलने के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) जारी कर चुकी है। इनमें ज्यादातर कैंपस अगस्त से पहला बैच शुरू करेंगे। शुरुआती चरण में हर कैंपस में 200 से 250 छात्रों को दाखिला दिया जाएगा। अगले पांच सालों में इसे बढ़ाकर हर कैंपस में सालाना 1,000 से 1,200 छात्रों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु में यूनिवर्सिटी ऑफ एबरडीन, ब्रिस्टल, यॉर्क, इलिनोइस टेक, लिवरपूल और विक्टोरिया यूनिवर्सिटी जैसे संस्थान अपने कैंपस खोल रहे हैं। मौजूदा सत्र के लिए 10 हजार से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं। विदेशी विश्वविद्यालयों के भारतीय कैंपस में पढ़ाई, परीक्षा, मूल्यांकन और डिग्री पूरी तरह उनके होम कैंपस के वैश्विक मानकों के मुताबिक होगी। पहले चरण में AI, कंप्यूटर साइंस और STEM विषयों पर फोकस रहेगा। 1 से 2 सेमेस्टर विदेश में पढ़ने का भी मौका मिलेगा, जॉब नेटवर्क भी बढ़ेगा दैनिक भास्कर ने ग्लोबल एडटेक कंपनी के सीईओ अश्विन डमेरा से बात की। 8 सवालों के जवाब में जाने वो सब कुछ जो है जरूरी… 1. भारत में किन विदेशी यूनिवर्सिटी के कैंपस खुलेंगे? यूनिवर्सिटी ऑफ एबरडीन (मुंबई), ब्रिस्टल (मुंबई), लिवरपूल (बेंगलुरु), यॉर्क (मुंबई), इलिनोइस टेक (मुंबई) और विक्टोरिया यूनिवर्सिटी (दिल्ली) कैंपस खोल रही हैं। मौजूदा सत्र के लिए 10 हजार से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं। 2. एडमिशन के लिए क्या योग्यता होगी? 12वीं में कम से कम 75% और ग्रेजुएशन में 55% से 70% अंक जरूरी होंगे। बोर्ड परीक्षा में अंग्रेजी में 70% से 85% अंक होने पर IELTS देने की जरूरत नहीं होगी। 3. सिलेबस, परीक्षा और डिग्री कैसी होगी? पढ़ाई, परीक्षा, मूल्यांकन और डिग्री पूरी तरह होम कैंपस के मानकों के मुताबिक होगी। पहले चरण में AI, कंप्यूटर साइंस और STEM विषयों पर फोकस रहेगा। 4. क्या विदेश के कैंपस में पढ़ने का मौका मिलेगा? एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत 1 से 2 सेमेस्टर विदेश में पढ़ सकेंगे। यूनिवर्सिटी ऑफ यॉर्क 2+1 मॉडल लेकर आई है। ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी के छात्र ब्रिटेन में मौजूद AI सुपरकंप्यूटर का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। 5. फैकल्टी कैसी होगी? भारतीय और विदेशी प्रोफेसरों का मिश्रण होगा। विक्टोरिया यूनिवर्सिटी की एक-तिहाई फैकल्टी मेलबर्न से आएगी। इलिनोइस टेक विदेशी और भारतीय मूल के अनुभवी शिक्षकों की भर्ती कर रही है। 6. स्कॉलरशिप मिलेगी? अगले पांच वर्षों के लिए करीब 1,000 करोड़ रुपए का फंड रखा गया है। योग्यता और जरूरत के आधार पर 10% से 100% तक स्कॉलरशिप मिलेगी। एबरडीन 2 लाख और ब्रिस्टल 10 लाख रुपए सालाना तक स्कॉलरशिप देगा। 7. फीस ज्यादा होने के बावजूद फायदा क्या होगा? विदेश जाकर 80 लाख से 1.2 करोड़ रुपए खर्च करने के मुकाबले भारत में 30-40% कम लागत आएगी। छात्रों को ग्लोबल डिग्री, अंतरराष्ट्रीय फैकल्टी, मजबूत एलुमनाई नेटवर्क और बेहतर करियर अवसर मिलेंगे। 8. 2040 तक क्या तस्वीर हो सकती है? डेलॉय और नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, 2040 तक भारत में विदेशी विश्वविद्यालयों के कैंपस में 5.6 लाख से ज्यादा छात्र पढ़ सकते हैं। इससे 113 अरब डॉलर (करीब 10.67 लाख करोड़ रुपए) की विदेशी मुद्रा देश से बाहर जाने से बचेगी। विदेशी यूनिवर्सिटी ने भारत में कैंपस खोलने की वजह बताई यूनिवर्सिटी ऑफ यॉर्क के वाइस-चांसलर प्रो. चार्ली जेफरी ने कहा- भारत इस समय दुनिया के सबसे अहम शिक्षा बाजारों में से एक है। हम भारतीय छात्रों को अपने होम कैंपस जैसी पढ़ाई और अवसर देना चाहते हैं। इसी दिशा में हमने एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन ऑफ मुंबई के साथ भी समझौता किया है, ताकि छात्रों को टेक स्टार्टअप्स और इंडस्ट्री से जुड़ने का मौका मिले वहीं, इलिनोइस टेक के वाइस प्रेसिडेंट मल्लिक सुंदरम ने कहा, ‘हम अमेरिका और दूसरे देशों से प्रोफेसरों की भर्ती कर रहे हैं। साथ ही ऐसे भारतीय शिक्षकों को भी जोड़ रहे हैं, जिन्होंने अमेरिकी विश्वविद्यालयों से पढ़ाई की है, ताकि छात्रों को भारत में भी वही माहौल और पढ़ाई मिल सके, जो हमारे विदेशी कैंपस में मिलती है।’ ………………… यह खबर भी पढ़ें… QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 जारी: टॉप 100 में एक भी भारतीय यूनिवर्सिटी नहीं, भारत में IIT दिल्ली टॉप पर, DU-JNU की रैकिंग सुधरी QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 जारी हो गई है। इस रैंकिंग द्वारा जारी टॉप 100 यूनिवर्सिटी की रैंकिंग में एक भी भारत का संस्थान शामिल नहीं हो सका है। वहीं टॉप 200 की लिस्ट में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) दिल्ली ने एक बार फिर भारत के सबसे अच्छे एजुकेशन और रिसर्च संस्थान के तौर पर अपनी जगह बनाई है। इस संस्थान ने अपनी स्थिति में सुधार करते हुए वैश्विक स्तर पर 118वां स्थान हासिल किया है। पूरी खबर पढ़ें…