राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:चलती ट्रेन से कूदकर मोबाइल लुटेरों को पकड़ा; कॉन्स्टेबल को हार्टअटैक आया, मौत; युवक की मूंछ-बाल काटे

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। युवती पर खौलता पानी फेंकने वाले कॉन्स्टेबल को पुलिस विभाग ने लाइन हाजिर कर दिया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. युवती पर खौलता पानी फेंकने वाला पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में युवती पर खौलता पानी फेंकने वाले कॉन्स्टेबल नरेंद्र को पुलिस विभाग ने लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही सरकार ने पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च उठाने, आर्थिक सहायता देने और परिवार के पुनर्वास के लिए डेयरी बूथ आवंटित करने की घोषणा की है। पूरी खबर पढ़ें 2. 11-12 साल के 3 बच्चों ने काटा था दोस्त का सिर
जयपुर में 10 साल के बच्चे की हत्या के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। हत्या करने वाले 3 दोस्तों को पकड़ा गया है, जिनकी उम्र महज 11-12 साल है। बहन के लिए गलत बोलने के कारण आरोपी नाराज थे। पार्टी के बहाने लड़के को बुलाकर सिर काट दिया। पूरी खबर पढ़ें 3. उदयपुर में बारिश, अंधड़ के कारण पेड़ गिरे
उदयपुर में रविवार दोपहर मौसम अचानक बदल गया और तेज बारिश हुई। आंधी के कारण कुछ जगह पेड़ भी गिर गए, जिनके नीचे गाड़ियां दब गईं। इससे पहले शनिवार को बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, पाली समेत कई जिलों में 1 से 3 इंच तक बरसात हुई। उदयपुर जिले में बाकल नदी बहने लगी। पूरी खबर पढ़ें 4. एक्सरसाइज करते समय कॉन्स्टेबल को आया हार्टअटैक
सवाई माधोपुर पुलिस लाइन में तैनात कॉन्स्टेबल की हार्टअटैक से मौत हो गई। कॉन्स्टेबल SI भर्ती की तैयारी कर रहे थे। रविवार सुबह दौड़ लगाने के बाद एक्सरसाइज कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हार्ट अटैक आया और अचेत होकर मैदान में गिर पड़े। पूरी खबर पढ़ें 5. बदमाशों ने मोबाइल लूटा, चलती ट्रेन से कूदा युवक
अजमेर में ट्रेन के कोच में गेट पर खड़े युवक का बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया और भागने लगे। युवक ने चेन पुलिंग की और ट्रेन से छलांग लगा दी। घायल होने के बाद करीब 1 किलोमीटर पीछा कर एक महिला और पुरुष को पकड़ लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपियों की पिटाई कर दी। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. युवक की मूंछ-बाल काटे, जूतों की माला पहनाई
बाड़मेर के एक गांव में घर में घुसने के आरोप में युवक को बंधक बनाकर मारपीट की गई। लोगों ने उसे अपमानित करने की नीयत से आधी मूंछ और बाल काटकर उसे चप्पल-जूतों की माला पहना दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पूरी खबर पढ़ें 7. JEE की छात्रा ने फ्लाईओवर से कूदकर सुसाइड किया
कोटा में JEE की तैयारी कर रही 17 साल की छात्रा ने फ्लाईओवर से छलांग लगाकर जान दे दी। छात्रा बिहार के अररिया जिले की रहने वाली थी। वह जनवरी से कोटा में पीजी में रह रही थी और एक कोचिंग संस्थान से जेईई की तैयारी कर रही थी। पूरी खबर पढ़ें 8. तेज रफ्तार कार खेत में पलटी, युवक की मौत
अलवर के लक्ष्मणगढ़ कस्बे में गोपालपुरा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खेत में पलटी खा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार 1 युवक की मौत हो गई, जबकि उसके 2 दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. पानी की फुहारों से प्रदूषण कम कर रही वैन
जयपुर की हवा साफ करने के लिए हाईटेक मोबाइल मशीन सड़क पर उतर गई है। IIT खड़गपुर की तकनीक से बनी यह वैन प्रदूषण वाले इलाकों में घूमकर पानी की फुहारें छोड़ रही है और हवा में मौजूद प्रदूषक कणों को कम करने का काम कर रही है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. भामाशाहों का सम्मान किया जाएगा
जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में सोमवार सुबह 11 बजे भामाशाह सम्मान समारोह होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भामाशाहों का सम्मान करेंगे।

प्रतापगढ़ में तेज बारिश, 300 फीट ऊंचा झरना चला:बड़ी संख्या में देखने पहुंचे लोग, कई इलाकों में जलभराव

प्रतापगढ़ सहित पूरे जिले में लगातार दूसरे दिन मानसून सक्रिय रहा। तेज बारिश के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। इस झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं किसानों ने भी इसका स्वागत किया है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश खरीफ फसलों की बुवाई के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। लगातार हुई बारिश के चलते जिले के कई कस्बों और शहरी क्षेत्रों की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। इससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। मानसून की दस्तक के साथ ही जिले का प्रसिद्ध गौतमेश्वर तीर्थ अपनी प्राकृतिक छटा के साथ फिर से जीवंत हो उठा है। यहां पहाड़ियों से गिरने वाला करीब 300 फीट ऊंचा विशाल झरना पूरे वेग से बहने लगा है। झरने का यह मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। हरियाली से आच्छादित पहाड़ियां और तेज वेग से गिरता झरना गौतमेश्वर की सुंदरता में चार चांद लगा रहा है। मानसून के दौरान इस नज़ारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

स्कूली विवाद में दो युवकों पर चाकू से हमला:एक की हालत गंभीर, पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू की

डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र की बाहुबली कॉलोनी में दो दिन पहले स्कूल में हुए विवाद के बाद एक युवक ने धारदार चाकू से हमला कर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को तत्काल सागवाड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। फोन पर मिली सूचना, बचाने पहुंचे साथी गामड़ा निवासी कीर्ति कलाल को फैजल नामक व्यक्ति का फोन आया कि बाहुबली कॉलोनी में उसके चचेरे भाई के साथ कुछ युवक मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कीर्ति कलाल अपने तीन साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। बीच-बचाव के दौरान चाकू से हमला मौके पर तीन युवक कीर्ति कलाल के भाई के साथ झगड़ा कर रहे थे। जब कीर्ति और उसके साथियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो एक आरोपी ने धारदार चाकू से पीड़ित युवक की दाहिने बाजू पर वार कर दिया। इसके बाद बीच में आए अन्य के पेट के पीछे चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्कूल के विवाद की रंजिश बताई जा रही वजह प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल युवक और आरोपी के बीच दो दिन पहले स्कूल में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजना बनाकर हमला किया। आरोपी मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शोर-शराबा होने पर सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। कीर्ति और उसके साथियों ने दोनों घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज प्रार्थी कीर्ति कलाल की शिकायत पर सागवाड़ा थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

जोधपुर में 71.84 प्रतिशत अभ्यर्थी वनपाल भर्ती परीक्षा देने पहुंचे:कैंडिडेट्स ने पेपर को आसान बताया, मैरिट ज्यादा जाने की जताई संभावना

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार को जोधपुर जिले के कुल 88 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा के लिए जिले के 51 राजकीय और 37 निजी स्कूलों में परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। परीक्षा समन्वयक अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर दौलतराम चौधरी ने बताया- परीक्षा के लिए जोधपुर, जोधपुर ग्रामीण, बाड़मेर, बालोतरा, नागौर, पाली, फलोदी और जालोर सहित विभिन्न जिलों के कुल 25,533 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 18,342 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 7,191 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में कुल उपस्थिति 71.84 प्रतिशत दर्ज की गई। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक ही सत्र में आयोजित की गई। कड़ी जांच के बाद मिली एंट्री वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा के लिए स्टूडेंट की सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी जांच की गई। स्टूडेंट्स की फ्रिस्किंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और मेटल डिटेक्टर से जांच की गई, जिसके बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। लोहावट से पेपर देने आए देवकरण ने बताया कि इस बार पेपर बहुत ही आसान था। पेपर में जनरल नॉलेज के सवाल बहुत आसान थे और गणित सामान्य स्तर की थी। वही विज्ञान का पोर्शन थोड़ा टफ था। इससे मेरिट ज्यादा जा सकती है।
वही, कमलेश कुमार ने बताया कि वह पहली बार वनपाल का एग्जाम दे रहे हैं और पेपर काफी आसान था। मैथ कैलकुलेटिव था और साइंस के सवाल ठीक थे। उन्होंने बताया कि पोस्ट की संख्या कम है ऐसे में मेरिट ज्यादा ही रहेगी। सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से रही निगरानी परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई। साथ ही फ्लाइंग स्क्वॉड को भी सक्रिय रखा गया। परीक्षा केंद्रों पर प्रभावी पुलिस बंदोबस्त किया गया, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हो। दौलतराम चौधरी ने बताया- परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा केन्द्रों पर बिना रुके बिजली सप्लाई, पेयजल तथा रेल एवं बस परिवहन की व्यवस्था की गई। जिला प्रशासन की समुचित व्यवस्थाओं एवं सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई।

जयपुर-तेज रफ्तार कार की टक्कर से सिक्योरिटी गार्ड की मौत:ठेले पर कर रहा था आराम; दोस्त का जन्मदिन मनाकर आ रहे युवक ने उड़ाया

जयपुर में शनिवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। वह सर्विस लाइन में रोड किनारे खड़े ठेले पर आराम कर रहा था। टक्कर के बाद तेज रफ्तार कार के ड्राइवर को लोगों ने पकड़ रामनगरिया थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। SHO (रामनगरिया) चन्द्रभान ने बताया- हादसे में जगतपुरा के महल रोड निवासी राधेश्याम (58) की मौत हो गई। वह महल रोड पर स्थित खाटूश्याम मंदिर में सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। शनिवार रात करीब 1:30 बजे मंदिर के सामने सर्विस लाइन में रोड किनारे खड़े ठेले पर राधेश्याम लेटकर आराम कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने सर्विस लाइन में आकर ठेले को जोरदार टक्कर मारी। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने ड्राइवर को पकड़ लिया। एक्सीडेंट की सूचना पर रामनगरिया थाना पुलिस के पहुंचने पर ड्राइवर और कार को हवाले कर दिया। पुलिस ने गंभीर हालत में राधेश्याम को हॉस्पिटल पहुंचाया, डॉक्टर्स ने चेक कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि कार ड्राइवर अपने दोस्त की बर्थ-डे पार्टी में शामिल होकर लौट रहा था। पुलिस ने कार को जब्त कर ड्राइवर भावेश पंवार निवासी जोधपुर को डिटेन किया है।

40 साल से वीरान श्मशान में हरियाली की नई शुरुआत:गांव के लोगों ने मिलकर लगाए 151 पौधे, विकास कामों ने बदल दी पूरी तस्वीर

कभी वीरान और उपेक्षित रहने वाली गोपालनगर की श्मशान भूमि अब धीरे-धीरे नई पहचान बना रही है। यहां सिर्फ अंतिम संस्कार की व्यवस्था ही नहीं सुधर रही, बल्कि इसे हरियाली और बेहतर सुविधाओं से जोड़ने की भी कोशिश की जा रही है। इसी कड़ी में रविवार को मोक्षधाम सेवा समिति की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह “आक्या” ने पहला पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने मिलकर 151 पौधे लगाए। कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ पेड़ लगाना नहीं था, बल्कि मोक्षधाम को ऐसा स्थान बनाना था जहां साफ-सफाई, हरियाली और बेहतर व्यवस्थाएं एक साथ दिखाई दें। कार्यक्रम में सभी लोगों ने पौधों की देखभाल करने और पूरे परिसर को हरा-भरा बनाने का संकल्प भी लिया। गांव के सहयोग से साकार हो रहा सपना कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि इस मोक्षधाम को सुंदर और व्यवस्थित बनाने का सपना स्वर्गीय विनोद कुमार जैन ने देखा था। आज गांव के लोगों, मोक्षधाम सेवा समिति और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से वह सपना धीरे-धीरे पूरा होता नजर आ रहा है। ग्रामवासियों ने छोटे-छोटे आर्थिक सहयोग और जनभागीदारी से इस अभियान को आगे बढ़ाया। मंडल प्रवक्ता सत्यनारायण वैष्णव ने बताया कि पौधारोपण अभियान में नवयुवक मंडल, मोक्षधाम सेवा समिति और पूरे गांव ने मिलकर काम किया। उनका कहना था कि जब समाज किसी अच्छे काम के लिए एकजुट होता है तो उसका परिणाम भी लंबे समय तक दिखाई देता है। इसलिए अब पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी की जाएगी, ताकि आने वाले समय में पूरा परिसर हरियाली से भर सके। 40 साल बाद बदली मोक्षधाम की तस्वीर सत्यनारायण वैष्णव ने बताया कि करीब 35 से 40 साल तक यह श्मशान भूमि लगभग वीरान रही। धीरे-धीरे यहां विकास काम शुरू हुए और आज इसकी तस्वीर काफी बदल चुकी है। विधायक चंद्रभान सिंह “आक्या” के सहयोग से यहां बाउंड्री वॉल, खुला बरामदा, तीन शेड और बोरवेल जैसी कई सुविधाएं तैयार हुई हैं। अभी भी कुछ विकास काम बाकी हैं, जिन्हें आगे पूरा करने की योजना है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह खरड़ी बावड़ी, मोक्षधाम सेवा समिति के अध्यक्ष रतन गेंदर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि और समिति सदस्य मौजूद रहे। सभी ने कहा कि मोक्षधाम का विकास सिर्फ निर्माण कामों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाए रखने के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।

दो बूंद जिंदगी की' के लिए गांवों में दिखा उत्साह:5 साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई, शहरों में बूथ रहे खाली

सिरोही जिले में पल्स पोलियो अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान 5 साल तक के बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई गई। अभियान का सर्वाधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला। शिवगंज तहसील के उथमण गांव में चार पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे। ठाकुरजी मंदिर के बाहर स्थित एक बूथ पर दोपहर 2 बजे तक 27 बच्चों को खुराक दी गई, जिसके बाद बच्चों की संख्या में और वृद्धि हुई। पालड़ी एम, अरठवाड़ा, पोसालिया और वैक्सीन सहित अन्य गांवों में भी ऐसी ही स्थिति रही, जहां ग्रामीणों ने अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलवाने में उत्साह दिखाया। इसके विपरीत, शहरी क्षेत्रों में बूथों पर पहुंचने वाले बच्चों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। पिंडवाड़ा सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अधिक से अधिक बच्चों तक पल्स पोलियो खुराक पहुंचाने का दावा किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक समाराम गरासिया और ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी भूपेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित एक कार्यक्रम के साथ हुआ। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे 5 साल तक के सभी बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी नागरिक अरेस्ट:LoC से घुसपैठ कर अंदर आ गया था, जून में ऐसी तीसरी घटना

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर भारतीय सेना ने रविवार को पाकिस्तान के एक घुसपैठिए को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, इस महीने जिले में पकड़ा गया यह तीसरा पाकिस्तानी घुसपैठिया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 31 साल के रईस खान के रूप में हुई है। जो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) का निवासी है। अधिकारियों ने बताया कि वह बालाकोट सेक्टर से LoC पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था, जिसके तुरंत बाद सेना ने उसे हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में उसके पास से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने सीमा क्यों पार की, भारत में उसका कोई संपर्क था या उसका कोई विशेष उद्देश्य था। सांबा में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन भी दिखा इस बीच, जम्मू के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर रविवार तड़के एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सीमा में कुछ देर तक मंडराता दिखाई दिया। अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन नुंदपुर गांव के पास देखा गया। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सेना और पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। आशंका थी कि ड्रोन के जरिए हथियार या ड्रग्स गिराए गए हों, लेकिन तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। ——————————- ये खबर भी पढ़ें… कश्मीर में हिजबुल्लाह जैसे ड्रोन अटैक का खतरा: 6 जगहें टागरेट, पाकिस्तान से 4 आतंकी घुसे; एक लेबनानी-एक कसाब का पड़ोसी जम्मू कश्मीर में आतंकी हिजबुल्लाह की तर्ज पर हमले की साजिश रच रहे हैं। 26 अप्रैल को खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला कि साउथ लेबनान का रहने वाले आतंकी शादाब बाजी पाकिस्तान के रास्ते भारत में दाखिल हुआ। उसके साथ 3 पाकिस्तानी आतंकियों ने भी घुसपैठ की है। पूरी खबर पढ़ें…

गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज नवनियुक्त अध्यक्ष का भव्य स्वागत:समाज हित में कार्य करने का लिया संकल्प

झालावाड़ में अखिल भारतीय गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मोहनलाल शर्मा का भव्य स्वागत किया गया। अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार झालावाड़ पहुंचने पर गुर्जर गौड़ ब्राह्मण बहुउद्देशीय हितकारिणी समिति ने रविवार को मंगलपुरा टेक स्थित गौतम भवन में उनके सम्मान में एक समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर समाज के नगर अध्यक्ष विश्वास जोशी और मदन मोहनजी महाराज ब्रह्मघाट ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेंद्र जोशी ने जिला अध्यक्ष मोहनलाल शर्मा का साफा पहनाकर, सरोफा ओढ़ाकर, पुष्पहार पहनाकर और मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया। मोहनलाल शर्मा ने इस दौरान कहा कि जिले की गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज की सभी नगर इकाइयों की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें समाज हित के कार्यों पर चर्चा होगी। उन्होंने बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार शिविर और सामूहिक विवाह सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही। शर्मा ने शीघ्र ही जिले की नई कार्यकारिणी के गठन की भी घोषणा की। ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेंद्र जोशी ने समाज बंधुओं से जिला अध्यक्ष के साथ मिलकर समाज हित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। नगर अध्यक्ष विश्वास जोशी ने कहा कि जिला कार्यकारिणी द्वारा सौंपी गई हर जिम्मेदारी को स्वीकार कर समाज हित में काम किया जाएगा। महिला मंडल की नगर अध्यक्ष दीपिका शर्मा ने जिला अध्यक्ष को बधाई दी और गुलदस्ता भेंट किया। स्वागत समारोह में पूर्व अध्यक्ष ललित शर्मा, रतनलाल गौतम, दिनेश गौतम, अशोक शर्मा, ओमप्रकाश गौतम, सत्यनारायण शर्मा, विजय जोशी, बालगोविंद शर्मा, महेंद्र शर्मा, गजेंद्र शर्मा, भवानीशंकर शर्मा, गिरिराज शर्मा, संगीता शर्मा और विनीता शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया।

एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर 76 हजार की ठगी:डूंगरपुर पुलिस ने साइबर ठग को दबोचा, मोबाइल और एटीएम कार्ड जब्त

डूंगरपुर साइबर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते से ₹76,495 की ठगी की राशि का लेन-देन होने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड जब्त किया है। साइबर पुलिस पोर्टल पर दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित से ₹76,495 की ठगी की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने खुद को हितेश पाटीदार बताकर युवतियां उपलब्ध कराने का झांसा दिया। उसने धोखे से पीड़ित से यह राशि अपने बैंक खाते में जमा करवा ली। साइबर थाना पुलिस ने एसबीआई आसपुर शाखा के एक खाते की जांच की, जिसमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी। बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन की पुष्टि होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हितेश पाटीदार (26) पुत्र तेजेंग पाटीदार, निवासी बडलिया, थाना दोवड़ा, जिला डूंगरपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ठगी से मिले पैसों का इस्तेमाल उसने अपने घर पर चारदीवारी और लोहे का गेट बनवाने में किया था। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध बैंक खातों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में अन्य आरोपियों और साइबर ठगी के नेटवर्क की भूमिका को लेकर आगे की जांच जारी है। कार्रवाई को साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक गिरधारी सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया, जिसमें एसआई छत्तर सिंह, कांस्टेबल अभिषेक मीणा और सत्येंद्र सिंह शामिल थे।