जयपुर की द्रव्यवती नदी में बहे बच्चे का शव मिला:घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर मिला; खेलते समय रेलिंग से छूटा था हाथ

जयपुर के शिप्रापथ थाना क्षेत्र में गुरुवार को द्रव्यवती नदी में एक बच्चा बह गया। शुक्रवार को सिविल डिफेंस की टीम ने साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद कर लिया। शव महारानी फार्म के पास घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया था, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया हॉस्पिटल भिजवाया गया है। बच्चे का शव मिलने के बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। शिप्रापथ थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया- मोनू उर्फ मोहित (11) गुरुवार को बारिश में खेलते समय हाथ रेलिंग से छूट गया था, जिसके बाद वह नदी में बह गया। बच्चे का परिवार दो दिन पहले ही जगन्नाथपुरी में किराए पर रहने आया था। इससे पहले यह परिवार बजाज नगर में किराए पर रहता था। हसनपुरा नाले में मिला युवक का शव जयपुर में गुरुवार शाम हसनपुरा नाले में एक युवक का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि शव पानी के बहाव के साथ बहकर यहां पहुंचा होगा। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:15 बजे कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि हसनपुरा नाले में एक युवक का शव (बॉडी) जाल में फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई। पढ़ें पूरी खबर

उदयपुर से मुंबई-बेंगलुरु जाना होगा और आसान:अकासा एयर 15 अक्टूबर से शुरू करेगी डेली डायरेक्ट फ्लाइट्स, बुकिंग शुरू; जानिए पूरा शेड्यूल

टूरिस्ट सिटी उदयपुर से हवाई सफर करने वाले पैसेंजर्स के लिए मुंबई और बेंगलुरु की कनेक्टिविटी बढ़ेगी। बजट एयरलाइन अकासा एयर ने राजस्थान में कदम रखते हुए उदयपुर से अपनी नई उड़ानों की घोषणा की है। कंपनी 15 अक्टूबर से उदयपुर से देश के दो बड़े महानगरों, मुंबई और बेंगलुरु के लिए रोजाना नॉन-स्टॉप विमान सेवाएं शुरू करने जा रही है। इस नई शुरुआत से उदयपुर आने-जाने वाले पर्यटकों, स्थानीय व्यवसायियों और आम यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। कंपनी ने इन दोनों रूट्स पर डेली फ्लाइट्स का पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया है। यात्रियों के लिए टिकटों की बुकिंग अकासा एयर की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और प्रमुख ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से शुरू की जा चुकी है। उदयपुर-बेंगलुरु फ्लाइट शेड्यूल मुंबई -उदयपुर फ्लाइट शेड्यूल
कंपनी के सह-संस्थापक ने कहा- उदयपुर है बेहद खास
अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी (CCO) आनंद श्रीनिवासन ने इस विस्तार पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के इस ऐतिहासिक और खूबसूरत शहर उदयपुर के लिए सेवाएं शुरू करना हमारे लिए एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि उदयपुर देश में प्रीमियम टूरिज्म, डेस्टिनेशन वेडिंग्स और वेकेशन के लिए भी सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है। महानगरों से लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, जिससे कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

हिमाचल में सड़क हादसे में 6 की मौत:महिला टीचर द्वारा बनाया लाइव वीडियो सामने आया, दूध बेचकर घर लौट रहे थे 4 मृतक

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के रामपुर में आज (शुक्रवार को) दोपहर बाद एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिरी। इस हादसे में मां-बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे से जुड़ा एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि इसे आनी के दिगेढ़ स्कूल में हिंदी अध्यापिका आशा ने बनाया। आशा के साथ उसका 11 साल का बेटा उगल भी गाड़ी में सवार था। वायरल वीडियो में महिला कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि सामने देखो मेरा ननिहाल…, यह कहने के 2 सेकेंड बाद गाड़ी नीचे गिरती है और चीखें सुनाई देती है। यह हादसा दोपहर बाद करीब चार बजे रामपुर के काशापाट में पेश आया। मां-बेटे के अलावा गाड़ी में सवार अन्य लोग दत्तनगर में दूध बेचकर अपने घरों को वापस लौट रहे थे। दत्तनगर में दूध की सप्लाई करके घर लौट थे बताया जा रहा है कि बोलेरो गाड़ी नंबर HP-06B-2420 सड़क से करीब 300 फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और सभी की मौके पर जान चली गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग व प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। मगर किसी को नहीं बचाया जा सका। शाम सात बजे तक सभी मृतकों के शव गहरी खाई से निकाल दिए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए तकलेच अस्पताल भेज दिया है। 2 मृतक कुल्लू, 4 शिमला के रहने वाले 1. अभिषेक सैनी (23 वर्ष), पुत्र नर सिंह, निवासी गांव शरनाल, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला। 2. अशोक जैन (32 वर्ष), पुत्र दयाल जैन, निवासी छल्टा, तहसील रामपुर, जिला शिमला (वाहन चालक)। 3. लायक राम (56 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय मागू राम, निवासी पट, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला। 4. नितिन जैन (23 वर्ष), पुत्र मैन राम, निवासी छल्टा, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला। 5. आशा कुमारी (40 वर्ष), पत्नी सत्य प्रकाश आजाद, निवासी गांव कवानू, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू। 6. उगल आजाद (12 वर्ष), पुत्र सत्य प्रकाश आजाद, निवासी गांव कवानू, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू। शव पोस्टमार्टम के लिए तकलेच भेजे पुलिस ने सभी शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) टैकलेच भेज दिया है। प्रथम दृष्टया ड्राइवर की लापरवाही से हादसा बताया जा रहा है। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में वाहन में सवार सभी छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। रामपुर के काशापाठ में हादसे से जुड़े PHOTOS..

चित्तौड़गढ़ में डेयरी के दूध से ग्राहक परेशान:जांच करने पहुंचे सुपरवाइजर के सामने ही फटा दूध, शहर में करीब 124 बूथ संचालित

जिले में सरस डेयरी के दूध को लेकर पिछले कुछ दिनों से लोगों की शिकायते सामने आई है। जिसे लेकर सप्लाई हो रहे दूध की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे है। लोगों का कहना है कि डेयरी से खरीदकर जब दूध को घर ले जाकर गर्म करते है तो ​वह फट जाता है। जिससे लोगों को काफी परेशानी आ रही है। वहीं डेयरी के सुपरवाइजर ने जब जांच की तो उनके सामने ही दूध फट गया। फटा हुआ दूध ग्राहक वापस बूथ पर लेकर जाते है तो डेयरी बूथ संचालक मुश्किल में आ जाते है। शिकायतें लगातार बढ़ने के बाद अब डेयरी प्रबंधन भी हरकत में आया है और मामले की जांच शुरू कर दी। बूथ संचालकों की बढ़ी परेशानी शहर के कई बूथ संचालकों का कहना है कि वे रोज की तरह डेयरी से दूध लेकर ग्राहकों को दे रहे हैं, लेकिन कुछ देर बाद ही ग्राहक वापस लौटकर शिकायत कर रहे हैं कि दूध गर्म करते ही फट गया। कई जगह ग्राहकों को दूसरा पैकेट देना पड़ा तो कई बार बहस की स्थिति भी बन गई। संचालकों का कहना है कि दूध की गुणवत्ता पर उनका कोई नियंत्रण नहीं होता, लेकिन शिकायतें उन्हें ही सुननी पड़ रही हैं। इससे उनकी साख भी प्रभावित हो रही है और रोजाना काम करना मुश्किल होता जा रहा है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्राहकों का भरोसा भी टूट सकता है। जांच करने आए सुपरवाइजर के सामने ही फट गया दूध लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शुक्रवार को डेयरी के सुपरवाइजर प्रमोद शर्मा ने शहर के अलग-अलग बूथों पर पहुंचकर दूध की जांच की। इस दौरान कई बूथ संचालकों ने उनके सामने ही दूध को गर्म करके दिखाया। जांच के दौरान दूध फट गया, जिससे शिकायत सही साबित हुई। इसके बाद डेयरी की ओर से पूरे मामले की जानकारी जुटाई गई। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि दूध फटने की असली वजह क्या है। डेयरी प्रबंधन अब इसकी जांच कर रहा है ताकि कारण पता लगाया जा सके और समस्या का समाधान किया जा सके। करीब 124 बूथ प्रभावित जानकारी के अनुसार शहर में सरस डेयरी के करीब 124 बूथ संचालित हैं। बूथ संचालकों का कहना है कि लगभग सभी जगहों से दूध फटने की शिकायत सामने आई है। यानी यह समस्या किसी एक इलाके या एक बूथ तक सीमित नहीं है। बड़ी संख्या में उपभोक्ता इससे प्रभावित हुए हैं। साथ ही बूथ संचालकों को भी काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं बूथ संचालकों का कहना है कि जब तक समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होती, तब तक उन्हें ग्राहकों के सवालों और नाराजगी का सामना करना पड़ता रहेगा।

डिप्रेशन के कारण बाल खाने लगी 20 साल की युवती:25 किलो रह गया था वजन; ऑपरेशन कर निकाला 62 सेंटीमीटर लंबा बालों का गुच्छा

बाड़मेर में 20 साल की युवती डिप्रेशन के कारण सिर के बाल खाने लग गई थी। उसके घर वालों को इसके बारे में पता तक नहीं चला। लगातार 2 साल तक निगले गए बाल पेट में जमा होते रहे और समय के साथ एक सॉलिड गुच्छे का रूप ले लिया। इसके कारण अचानक युवती का वजन 20 किलो घटकर 25 किलो रह गया। साथ ही पेट फूलकर दर्द होने लगा। इस पर परिजन उसे बाड़मेर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच की तो पेट में गांठ का पता चला। इस पर जोधपुर एम्स रेफर कर दिया गया। जोधपुर में दोबारा जांच की गई तो सामने आया कि युवती के पेट में बालों का बड़ा गुच्छा (गैस्ट्रिक ट्राइकोबेजोअर) है। एम्स में डॉक्टर्स की टीम ने युवती का ऑपरेशन किया और पेट से 62 सेंटीमीटर लंबा बालों का गुच्छा निकाला। बाड़मेर में जांच के दौरान पता चला था पेट में गांठ
एम्स के सर्जन डॉ. महेंद्र लोढ़ा ने बताया- 10 दिन पहले युवती की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। इस पर परिजन उसे बाड़मेर हॉस्पिटल ले गए। जांच में उसके पेट में गांठ का पता चला। इसके बाद परिजन बच्ची को एम्स लेकर आए। यहां जांच में सामने आया कि उसके पेट में बालों का गुच्छा है। डॉ. महेंद्र लोढ़ा ने बताया- बालों का ये गुच्छा पेट से आगे बढ़कर छोटी आंत के प्रारंभिक भाग (प्रॉक्सिमल जेजुनम) तक फैला हुआ था। इसके कारण मरीज को लंबे समय से पेट दर्द रहने के साथ ही भूख में कमी आने लगी थी। उसका वजन करीब 20 किलो तक कम हो गया और खून की कमी आ गई। 7 दिन पहले युवती का ऑपरेशन किया गया। करीब डेढ़ घंटे चले इस ऑपरेशन के बाद पेट से 62 सेंटीमीटर लंबा बालों का गुच्छा निकाला गया। इसके बाद मरीज की तबीयत में सुधार हुआ और 3 दिन पहले उसे हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया। ट्राइकोबेजोअर एक दुर्लभ स्थिति
डॉ. लोढ़ा ने बताया- युवती जिस बीमारी (ट्राइकोटिलोमेनिया) से ग्रसित थी, उसमें बाल निगलने की आदत काफी रेयर है। इसमें व्यक्ति द्वारा निगले गए बाल पेट में जमा होते रहते हैं और समय के साथ एक सॉलिड गुच्छे का रूप ले लेते हैं। जब यह बालों का गुच्छा पेट से निकलकर छोटी आंत तक फैल जाता है, तो इस स्थिति को रैपुंजेल सिंड्रोम कहा जाता है। उन्होंने बताया- ये सिंड्रोम 100 से 1000 लोगों में से किसी एक को होता है। ऑपरेशन टीम में ये डॉक्टर शामिल थे
ऑपरेशन टीम में सर्जन डॉ. महेंद्र लोढ़ा के साथ डॉ. भारत (एनेस्थेटिस्ट), डॉ. तेजपाल, डॉ. वैशाली, डॉ. गदाधर, डॉ. प्रशांत, डॉ. निशांत, डॉ. साहिल जैन, डॉ. ध्रुव रोहेला और नर्सिंग ऑफिसर गजानंद, कोमल भी शामिल थे।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:बेटे ने पिता को थप्पड़-घूंसे मारे; महिला को भगाकर ले जा रहे युवक की हत्या; कुत्ते ने महिला का मुंह नोचा

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। यहां एक बेटे ने बुजुर्ग पिता को बेरहमी से पीटा। बेटे ने एक के बाद एक कई थप्पड़, लात और घूंसे पिता पर बरसाए। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप-5 खबरें
1. युवक के मोबाइल में मिला पाकिस्तानी का ऑडियो
कोटा में कुछ दिन पहले एक युवक के मोबाइल में लड़कियों के अश्लील वीडियो मिले थे। अब उसके मोबाइल में एक पाकिस्तानी व्यक्ति का ऑडियो मिला है, जिसमें खास मकसद के लिए शादीशुदा हिंदू महिलाओं को फंसाने और उनके शोषण करने की बात कर रहा है। पूरी खबर पढ़ें 2. उदयपुर, अलवर और श्रीगंगानगर में बारिश
राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश का दौर जारी है। श्रीगंगानगर, अलवर, उदयपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार को बारिश हुई। जयपुर में गुरुवार को 30 मिनट में 2 इंच बरसात हुई। इससे सड़कें लबालब हो गईं। इस दौरान आंधी से कई पेड़ गिर गए। पूरी खबर पढ़ें 3. महिला को भगाकर ले जा रहे प्रेमी की हत्या
बाड़मेर में शादीशुदा महिला को भगाकर ले जा रहे प्रेमी की ससुरालवालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों के बीच 3 साल से लव अफेयर था। प्रेमी शुक्रवार सुबह 5 बजे टैक्सी लेकर महिला के गांव पहुंचा और उसको साथ लेकर जा रहा था। इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने पकड़ लिया। पूरी खबर पढ़ें 4. बाघिन ने बाघ मित्र पर किया अटैक, हाथ-पैर जख्मी हुए
धौलपुर के सरमथुरा वन क्षेत्र में टाइगर ट्रैकिंग के दौरान बाघिन टी-117 ने बाघ मित्र पर अटैक कर दिया। बाघ मित्र के हाथ-पैर पर घाव हो गए, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद धौलपुर रेफर किया गया। बाघ मित्र जंगल में लगे कैमरा ट्रैप की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बाघिन ने अटैक कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 5. बेटे ने पिता को थप्पड़-घूंसों से पीटा, लात भी मारी
जयपुर में एक बेटे ने बुजुर्ग पिता को बेरहमी से पीटा। बेटे ने एक के बाद एक कई थप्पड़, लात और घूंसे पिता पर बरसाए। इस दौरान पिता सीढ़ियों में गिर गए तो भी नहीं रुका। इसके बाद पिता को घसीटते हुए कमरे में ले गया। पिता के सिर और मुंह पर गंभीर चोट आई हैं। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. जमीन विवाद में पिता को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला
झुंझुनूं के मेहाड़ा थाना इलाके में जमीन विवाद में बेटे ने पहले पिता को जमकर पीटा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बेटा रुका नहीं और पिता को घसीटते हुए सड़क पर ले आया। यहां ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूरी खबर पढ़ें 7. घर के बाहर बैठी महिला का कुत्ते ने मुंह नोचा
बांसवाड़ा के बडवेल गांव में घर के बाहर बैठी एक महिला पर कुत्ते ने हमला कर दिया और मुंह को बुरी तरह नोच डाला। महिला के होंठ से गाल तक का मांस कटकर निकल गया। गंभीर रूप से घायल महिला के चेहरे और हाथ पर 40 टांके लगाने पड़े। पूरी खबर पढ़ें 8. रेगिस्तानी इलाके में पहली बार दिखा घड़ियाल
जैसलमेर जिले के नाचना इलाके में इंदिरा गांधी नहर में पहली बार करीब 5 फीट लंबा घड़ियाल दिखाई दिया। ग्रामीणों ने नहर में घड़ियाल को तैरते देखा तो उसका वीडियो बना लिया। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. मृत्युभोज में मालपुए नहीं बनवाने पर हुक्का-पानी बंद
सिरोही जिले में परिवार ने मृत्युभोज में ‘घी के मालपुए’ नहीं बनवाए। सादा खाना खिलाया। इससे समाज के पंच इतने नाराज हुए कि परिवार का हुक्का-पानी बंद कर दिया। 42 परिवारों ने इस गरीब परिवार का समर्थन किया तो उनको भी समाज से बहिष्कृत कर दिया। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. राजस्थान में पहली बार आयोजित होगा MSME दिवस
राजस्थान में 27 जून को पहली बार अंतरराष्ट्रीय MSME दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में लाभार्थियों को चेक देंगे।

डिप्टी-सीएम बनकर ट्रांसफर कराने वाले नर्सिंग ऑफिसर पर FIR:ओएसडी की शिकायत पर कार्रवाई, आरोपी ने मनचाही जगह पर ली थी पोस्टिंग

अजमेर में डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के नाम से फर्जी कॉल कर ट्रांसफर करवाने नर्सिंग ऑफिसर पुष्पेंद्र पारीक मामला दर्ज हुआ है। कोतवाली थाना पुलिस को डिप्टी सीएम के ओएसडी भगवत सिंह राठौड़ (RAS) ने शिकायत दी है। सीओ शिवम जोशी ने बताया- मामले में शिकायत मिलने पर नर्सिंग ऑफिसर पुष्पेंद्र पारीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में थाना प्रभारी अनिल देव कल्ला की जांच कर रहे है। जांच कर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर की सीडीआर, ट्रूकॉलर रिकॉर्ड, सोशल मीडिया एंव डिजिटल सबूत जुटा रही है। इसके साथ-साथ आरोपी पारीक किन-किन अधिकारियों से संपर्क में था। इस तरह की गतिविधियां कब से संचालित कर रहा था। नर्सिंग कर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश उपमुख्यमंत्री के OSD भगवत सिंह राठौड़ ने आरोपी नर्सिंग कर्मी के खिलाफ कोतवाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया कि अजमेर के आदर्श नगर निवासी नर्सिंग कर्मचारी पुष्पेंद्र पारीक ने गंभीर आपराधिक कृत्य किया है। आरोपी ने अपने मोबाइल फोन की कॉलर आईडी (जैसे ट्रूकॉलर) पर अपना नाम इस तरह सेट कर लिया था कि फोन करने पर उसका मोबाइल नंबर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के नाम से दिखे। खुद को डिप्टी सीएम बताकर ट्रांसफर के लिए किया फोन शिकायत के अनुसार, आरोपी पुष्पेंद्र ने खुद को उपमुख्यमंत्री बताते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कार्यालय के विशिष्ट सहायक बलवंत लिगरी को फोन किया। उसने फोन पर निर्देश दिया कि कर्मचारी पुष्पेंद्र पारीक का तत्काल प्रभाव से जवाहर लाल नेहरू (JLN) चिकित्सालय, अजमेर में तबादला किया जाए। इसके बाद उसने जवाहर लाल नेहरू अस्पताल, अजमेर के अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे को भी फोन किया। वहाँ भी उसने खुद को उपमुख्यमंत्री बताते हुए पुष्पेंद्र पारीक को मनचाहा कार्य आवंटित करने के लिए प्रभावित करने का प्रयास किया। संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप आरोपी न तो उपमुख्यमंत्री है और न ही उसे उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से किसी भी प्रकार का निर्देश जारी करने का कोई अधिकार प्राप्त है। इसके बावजूद उसने जानबूझकर और दुर्भावनापूर्वक खुद को उपमुख्यमंत्री के रूप में प्रस्तुत किया, ताकि सरकारी अधिकारियों को भ्रमित कर प्रशासनिक कार्यों को प्रभावित किया जा सके। यह कृत्य न केवल उपमुख्यमंत्री के संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि शासन-प्रशासन में अनुचित हस्तक्षेप, धोखाधड़ी, प्रतिरूपण (Impersonation) और लोक विश्वास को प्रभावित करने वाला एक गंभीर अपराध है। — यह खबर भी पढ़िए… डिप्टी-सीएम बैरवा के नाम से कॉल कर अफसर को धमकाया:दो बार खुद का ट्रांसफर करवाया, सरकारी अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसर का कारनामा अजमेर में डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा के नाम से फर्जी कॉल कर ट्रांसफर करवाने का मामला सामने आया है। सरकारी हॉस्पिटल के एक नर्सिंग ऑफिसर ने वॉइस मॉडिफिकेशन एप के जरिए आवाज, नंबर और प्रोफाइल बदलकर अपना तबादला करवा लिया। (पढ़ें पूरी खबर)

पीएम मोदी के राजस्थान रिफाइनरी उद्घाटन प्रोग्राम में बदलाव:एजेंसियों ने बढ़ाई सुरक्षा; 4 जुलाई को करेंगे देश को समर्पित

पीएम नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को देश की सबसे हाई टैक्नॉलोजी पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। हालांकि इस बार पचपदरा में बड़ी जन सभा नहीं होगी। वहीं, रिफाइनरी की सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी के आने से पहले सीएम भजनलाल शर्मा पचपदरा रिफाइनरी आ सकते है। साथ ही तैयारियों का जायजा लेंगे। दरअसल, सीएम भजनलाल शर्मा की ओर से एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (HRRL) उद्घाटन डेट 4 जुलाई की घोषणा के बाद प्रशासनिक गतिविधिया तेज हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार इस बार प्रोग्राम का स्वरूप को भव्य जनसभा की बजाय सीमित और व्यवस्थित रहेगा। मौसम की चुनौतियों और पूर्व की व्यवस्थागत परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने प्रोग्राम को लिमिटेड रखने का निर्णय लिया है। रिफाइनरी परिसर में करीब पांच हजार कार्यकर्ताओ और स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति प्रस्तावित है। ऐसे में रिफाइनरी इलाके मे सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दी गई है। हालांकि अधिकारिक तौर पर कोई प्रोग्राम नहीं आया है। बता दें कि पहले पीएम नरेंद्र मोदी 21 अप्रैल को रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले थे। लेकिन एक दिन पहले 20 अप्रैल को रिफाइनरी की सीडीयू-वीडीयू यूनिट में अचानक आग लग गई थी। इससे उद्घाटन प्रोग्राम स्थगित कर दिया गया था। रिफाइनरी में दोबारा शुरू हुआ था काम देश की सबसे आधुनिक और हाईटेक बालोतरा की पचपदरा रिफाइनरी में 20 अप्रैल को लगी आग के बाद प्रोडक्शन 19 जून को फिर से शुरू हो गया था। मुख्य क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) की मरम्मत की गई। 2 महीने बाद इस यूनिट को फिर से शुरू किया। 79 हजार 459 करोड़ रुपए की लागत से 4500 एकड़ (7200 बीघा) में यह रिफाइनरी बनी है।

'या हुसैन' की गूंज के साथ निकले 7 ताजिए:कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक, शरबत सेवा ने बढ़ाया भाईचारा

चूरू शहर में शुक्रवार को मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न मोहल्लों से कुल सात पारंपरिक ताजियों के जुलूस निकाले गए, जो निर्धारित मार्गों से होते हुए कर्बला पहुंचे। यहां धार्मिक रस्मों के साथ ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जुलूस के दौरान ‘या हुसैन’ की सदाएं गूंजती रहीं, अकीदतमंदों ने मातम कर हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए, जबकि कई सामाजिक संगठनों और आरएलपी कार्यकर्ताओं ने शरबत व पानी की सेवा कर भाईचारे का संदेश दिया। धार्मिक आस्था के साथ निकले ताजिया जुलूस सुबह से ही शहर में धार्मिक माहौल बना रहा। विभिन्न मोहल्लों से पारंपरिक ताजियों के जुलूस निकले, जिनमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए कर्बला पहुंचे, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान अकीदतमंदों ने हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मातम किया। जगह-जगह लगी शरबत और छबील की सेवा मोहर्रम के अवसर पर शहर के कई स्थानों पर सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने शरबत, पानी और छबील की व्यवस्था की। इन सेवा शिविरों में राहगीरों और ताजिया जुलूस में शामिल लोगों को पेयजल और शरबत वितरित किया गया, जिससे सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया गया। सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों पर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए। अधिकारियों ने पूरे आयोजन के दौरान लगातार निगरानी रखी, जिससे शहर में धार्मिक आस्था और अनुशासन का वातावरण बना रहा। आरएलपी कार्यकर्ताओं ने भी निभाई सेवा की जिम्मेदारी मोहर्रम के अवसर पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नई सड़क क्षेत्र में शरबत सेवा शिविर लगाया। आरएलपी नेता विजय पूनिया ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसरों पर सेवा कार्य समाज में सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी धर्मों के सम्मान और मानव सेवा को प्रत्येक नागरिक का दायित्व बताया। इस दौरान देवेश चौधरी, राजकुमार फगेड़िया सहित कई आरएलपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

14 हत्यारों को उम्रकैद, मुस्लिम-जज को मर्डर की धमकी, VIDEO:बोला- हिंदू भाइयों को रिहा करो, वरना कत्लेआम होगा; मॉब लिंचिंग केस में सुनाई थी सजा

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में मॉब लिंचिंग केस में 14 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाने वाली मुस्लिम महिला जज तबस्सुम खान (एडीजे) को एक युवक ने कत्ल की धमकी दी है। युवक वीडियो में कह रहा है कि 10 दिन में हमारे सभी हिंदू भाई रिहा नहीं होते हैं, तो देश-प्रदेश में कत्लेआम होगा। दूसरे वीडियो में एक महिला भी जज को धमका रही है। वह कह रही है- एक मुस्लिम जज बन गई और उसने अपनी औकात दिखा दी। जिहादी जज बन गई। हमारे 14 हिंदू भाइयों को उम्रकैद की सजा सुनाई। तुम्हें इसका दंड तो भोगना पड़ेगा। वहीं जज को धमकी देने वाला वीडियो वायरल होने के बाद गृह मंत्रालय की साइबर सेल ने आईटी एक्ट के तहत नोटिस भेजा है। साथ ही सिवनी मालवा पुलिस ने 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा- नफरत फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई होती है, लेकिन मोदी के भारत में नफरत फैलाने वाला खुलेआम घूम रहा है। साइबर सेल का्र्रवाई नहीं कर रही है, बल्कि उसे नोटिस भेज रही है। जज को धमकाने वालों की तस्वीरें देखिए… 12 जून को 14 आरोपियों को सुनाई गई थी उम्रकैद 12 जून को सिवनी मालवा की एडीजे तबस्सुम खान की कोर्ट ने गो-तस्करी से जुड़े मॉब लिंचिंग केस में 14 आरोपियों को दोषी ठहराया था। उम्रकैद की सजा सुनाई थी। कोर्ट ने सभी आरोपियों को हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और रास्ता रोकने समेत कई धाराओं में दोषी पाया। यह मामला 3 अगस्त 2022 का है, जब महाराष्ट्र के अमरावती जा रहे एक ट्रक को सिवनी मालवा के बराखड़ गांव के पास रोक लिया गया था। ट्रक में करीब 30 मवेशी थे। ग्रामीणों और गो-रक्षकों की भीड़ ने ट्रक में सवार 3 लोगों को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा। हमले में नाजिर अहमद की मौत हो गई थी। युवक ने सोशल मीडिया पर अपलोड किया फैसले के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक मुस्लिम जज को लेकर धमकी भरे शब्द बोलता नजर आ रहा है। वीडियो में वह कहता है- हिंदू भाइयो देख लो, आज एक मुस्लिम जज बन गई है, तो हमारे 14 भाइयों को कारावास हो गया है। आगे कहता है- सोचो, जिस दिन मुस्लिम पीएम बन गया, तो तुम हिंदुओं का क्या हाल होगा। हालांकि, वीडियो अपलोड करने वाले व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। दूसरे वीडियो में कहा- ‘तुम्हें इसका दंड तो भोगना पड़ेगा’ वहीं एक अन्य वीडियो में वही युवक जज पर टिप्पणी करते हुए कहता है- तुम्हें शर्म नहीं आई, तुमने अपना मजहब दिखा दिया। मध्यप्रदेश में 14 लोगों को उम्रकैद सुना दी। मुसलमान होकर के तुमने (जज का नाम) अपना मजहब दिखा दिया। तुम्हारा जिहादी मजहब सिखाता है। इसके बाद वह कहता है- हिंदू भाइयों से कहना चाहता हूं कि नीम और भीम वाले जो संविधान की दुहाई देते हैं, संविधान नहीं है। कहां गया, चंद्रशेखर रावण, वह भी उसी मजहब का है, वह नहीं आएगा। महिला ने भी वीडियो जारी कर फैसले पर सवाल उठाए वहीं एक और वीडियो में एक महिला ने भी कोर्ट के फैसले पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। वह कह रही है कि- एक मुस्लिम को जज बना दिया। उसने अपनी औकात दिखा दी। जिहादी ने हमारे 14 भाइयों को उम्रकैद की सजा सुनाई दी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा बोले- दोषी पाया गया, इसलिए सजा वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने भी इस वीडियो को री-ट्वीट करते हुए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा- दोषी ठहराए गए सभी व्यक्ति हिंदू हैं, लेकिन उन्हें धर्म के कारण दोषी नहीं ठहराया गया, बल्कि जांच में दंगा करने, हत्या के प्रयास और हत्या का दोषी पाया गया, इसलिए दोषी ठहराया गया। पुलिस ने दो अज्ञात लोगों पर दर्ज किया केस सिवनी मालवा थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो साझा करने वाले दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उनकी पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक एडीजे तबस्सुम खान की ओर से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 2022 में भीड़ ने ट्रक रोककर की थी पिटाई 3 अगस्त 2022 की रात महाराष्ट्र के अमरावती जा रहे ट्रक को सिवनी मालवा के बराखड़ गांव के पास रोक लिया गया था। ट्रक में करीब 30 मवेशी थे। आरोप है कि ग्रामीणों और गो-रक्षकों की भीड़ ने ट्रक में सवार तीन लोगों को घेरकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। हमले में घायल ट्रक ड्राइवर शेख लाला ने बताया था कि 50-60 लोग सड़क पर खड़े थे। उन्होंने ट्रक रुकवाया और बिना पूछताछ मारपीट शुरू कर दी। बाद में पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां नाजिर अहमद की मौत हो गई थी। घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें भीड़ लाठी-डंडों से हमला करती और “मारो-मारो” चिल्लाती दिखाई दी थी। करीब तीन साल चली सुनवाई के बाद अदालत ने 14 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। …………………………………. यह खबर भी पढ़ें नर्मदापुरम में मॉब लिंचिंग केस में 14 हत्यारों को उम्रकैद नर्मदापुरम के सिवनीमालवा में एडीजे कोर्ट ने गो तस्करी से जुड़े चर्चित मॉब लिंचिंग केस में शुक्रवार को 14 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई। करीब चार साल पुराने इस मामले में महाराष्ट्र के अमरावती निवासी नाजिर अहमद की भीड़ की पिटाई के बाद मौत हो गई थी। एडीजे तबस्सुम खान की कोर्ट ने शुक्रवार को फैसला सुनाया। पढ़ें पूरी खबर…