निर्जला एकादशी पर खाटू में आज से दो दिवसीय मेला:स्पेशल ट्रेनें चलाई, 250 पुलिसकर्मी तैनात,रींगस से खाटू 3 दिन नो व्हीकल जोन

सीकर के विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में निर्जला एकादशी पर 2 दिवसीय मेला शुरू हो गया है। सुबह से ही खाटू में बाबा को भक्तों की भारी भीड़ है। मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के खाटू पहुंचने की संभावना है। इसे लेकर जिला व उपखंड प्रशासन और श्रीश्याम मंदिर कमेटी ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। रींगस से खाटू 3 दिन नो व्हीकल जोन रहेगा मेले की व्यवस्थाओं के लिए जिला कलेक्टर आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने खाटूश्यामजी में अधिकारियों की बैठक लेकर सुलभ व सुरक्षित दर्शन की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने बिजली व चिकित्सा विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो। 3 दिन मासिक‌ मेले के दौरान रींगस से खाटू नो व्हीकल जोन‌ रहेगा। रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेनें रेलवे ने एकादशी मेले की भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। उत्तर-पश्चिम रेलवे के चीफ PRO अमित सुदर्शन ने बताया कि रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल ट्रेनों‌ का मेले तक समय बढ़ा दिया गया है तो वहीं, भिवानी-ढहर का बालाजी-भिवानी स्पेशल ट्रेन चलाई गई है। रेलवे की सीनियर मैनेजर(मंडल वाणिज्य) पूजा मित्तल ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए रींगस रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं हैं। रेलवे (RPF) के 50 सुरक्षाकर्मी बढ़ाए गए हैं। सतरंगी फूलों से होगा श्रृंगार, दिल्ली-कोलकाता से मंगवाए मासिक मेले के दौरान बाबा श्याम की प्रतिमा‌ का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली और कोलकाता से सतरंगी फूल और ड्राई-फ्रूट्स मंगवाए गए हैं। बाबा श्याम का रोजाना 2 बार नया श्रृंगार किया‌ जाता है। एकादशी‌ पर बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। 52 बीघा में पार्किंग व्यवस्था SP प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि मेले में पुलिस के 250 जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा RPS और CI स्तर के अधिकारियों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी रहेगी। RAC जवान और होमगार्ड्स के साथ ही सादा वर्दी में भी पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। मंदिर कमेटी के गार्ड्स भी मौजूद रहेंगे। क्राउड और ट्रैफिक मैनेजमेंट भी किया जा रहा है। गाड़ियों की पार्किंग व्यवस्था 52 बीघा पार्किंग व सांवलपुरा रोड पार्किंग में की गई है। छोटी गाड़ियां नेशनल हाईवे-52 से शाहपुरा गांव होकर 52 बीघा पार्किंग में पहुंचेंगे। बड़े वाहन नेशनल हाईवे-52 से सांवलपुरा रोड स्थित पार्किंग में रुकेंगे। सभी गाड़ियों को मंढा रोड से निकाला जाएगा, इसलिए मंढा-खाटू रोड को वन वे किया गया है।

जैसलमेर में दो दिन आंधी-बारिश का अलर्ट:तीन दिन से 40 डिग्री पर पारा स्थिर; बिजली गिरने की भी आशंका

जैसलमेर जिले में पिछले तीन दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे जून की तेज गर्मी से लोगों को राहत मिली है। हालांकि मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए जिले में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दो दिनों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा जून महीने में इस बार पहले जैसी तेज गर्मी नहीं पड़ रही है, लेकिन दोपहर के समय सूरज की तपिश अब भी लोगों को परेशान कर रही है। बुधवार दोपहर सूरज के तीखे तेवरों के कारण शहर के मुख्य बाजारों, चौराहों और प्रमुख सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। लोग गर्मी से बचने के लिए घरों और दफ्तरों में ही रहे। रात के तापमान में भी आई गिरावट रात के समय ठंडी हवाएं चलने से लोगों को राहत मिल रही है। बुधवार को न्यूनतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इससे रात का मौसम पहले के मुकाबले ज्यादा आरामदायक रहा। सामान्य से नीचे बना हुआ है तापमान मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार जैसलमेर में पिछले कुछ दिनों से दिन और रात, दोनों समय का तापमान सामान्य औसत से नीचे बना हुआ है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य औसत से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से मिल रही राहत मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और हवाओं के बदलते रुख के कारण इस बार जून के आखिरी सप्ताह में भी लोगों को लू से राहत मिल रही है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दो दिनों में आंधी और बारिश के कारण तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

बीकानेर में आज भी बारिश का अलर्ट:अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहेगा; गर्मी से मिलेगी राहत

बीकानेर में पिछले कुछ दिनों से मौसम का बदला मिजाज गुरुवार को भी जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। दिनभर बादलों की आवाजाही रहने के आसार मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को बीकानेर में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। बुधवार की तरह गुरुवार को भी मौसम विभाग ने बीकानेर के लिए देर रात येलो अलर्ट जारी किया था, हालांकि इसके बाद कोई नया अलर्ट जारी नहीं किया गया। अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहने का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बीकानेर का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। तापमान सामान्य से नीचे बने रहने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। बीते 24 घंटों में बीकानेर का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पश्चिमी राजस्थान में सबसे कम रहा। 24 घंटे में 4.8 मिमी बारिश दर्ज बीते 24 घंटों के दौरान बीकानेर में 4.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार सुबह आर्द्रता का स्तर 68 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया, जिससे वातावरण में नमी बनी हुई है। मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे हो रही सक्रिय मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं। इसके चलते बीकानेर में भी बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और कुछ स्थानों पर बारिश देखने को मिल सकती है। देशभर में मानसून के आगे बढ़ने के साथ मौसम में बदलाव का दौर लगातार जारी है।

VDO भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी:जनरल वर्ग की कटऑफ 169.38 रही; 850 पद के लिए 5 लाख अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने ग्राम विकास अधिकारी (VDO) भर्ती-2025 का फाइनल रिजल्ट बुधवार देर रात जारी कर दिया। लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह राहत भरी खबर है। 850 पदों के लिए हुई परीक्षा में 5 लाख 12 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए थे। 2300 अभ्यर्थियों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन हुआ VDO भर्ती परीक्षा 2 नवंबर 2025 को हुई थी। परीक्षा के बाद 20 दिसंबर 2025 को बोर्ड ने लगभग 2300 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के लिए शॉर्टलिस्ट किया था। अब दस्तावेजों की जांच और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद फाइनल लिस्ट जारी की गई है। अभ्यर्थी राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। विभाग को भेजी चयनित उम्मीदवारों की सूची कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और मेरिट आधारित तरीके से पूरी की गई है। लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर पदों की संख्या के अनुपात में दोगुने से ज्यादा अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं के लिए बुलाया गया था। सभी अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों और पात्रता की जांच के बाद अंतिम मेरिट तैयार कर विभाग को चयनित उम्मीदवारों की सूची भेजी गई है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार अपने नाम और रोल नंबर के माध्यम से वेबसाइट पर आसानी से परिणाम देख सकते हैं। अंतिम चयनित अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर संबंधित विभाग में नियुक्ति दी जाएगी।

बाजार में टमाटर की सप्लाई बढ़ी, फिर भी महंगे दाम:थोक मंडी में 15-35 रुपए किलो; बाजार में 100 रुपए तक बिक रहा टमाटर

जयपुर के बाजारों में इन दिनों टमाटर के दामों में थोक और खुदरा में भारी अंतर देखने को मिल रहा है। मुहाना फल और सब्जी मंडी में लोकल टमाटर के भाव 15 से 20 रुपए किलो हैं। वहीं बाहर से आने वाला टमाटर 34 से 35 रुपए किलो बिक रहा है। खुदरा बाजार, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और ग्रोसरी स्टोर्स पर यही टमाटर 50 से 100 रुपए किलो तक ग्राहकों को बेचा जा रहा है। थोक व्यापारियों ने कहा- टमाटर की कोई कमी नहीं है। मंडी में पर्याप्त मात्रा में आवक हो रही है। दक्षिण भारत और महाराष्ट्र में इस बार टमाटर की अच्छी पैदावार हुई है, जिसके कारण आने वाले दिनों में सप्लाई और बढ़ने की संभावना है। वहीं चौमूं से भी टमाटर की अच्छी सप्लाई हो रही है। इसके बावजूद खुदरा बाजार में टमाटर के दाम थोक भाव से काफी अधिक बने हुए हैं। गर्मी में खराब होने का जोखिम बढ़ा रहा खुदरा कीमतें मुहाना मंडी के थोक व्यापारी वसीम कुरैशी ने बताया- बाजार में टमाटर की कमी बिल्कुल नहीं है। खुदरा व्यापारियों के मार्जिन अधिक रखने के कारण मंडी और खुदरा बाजार के दामों में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया- महाराष्ट्र और बेंगलुरु से बड़ी मात्रा में टमाटर आ रहा है। दक्षिण भारत में इस बार टमाटर का उत्पादन बेहतर रहा है, जिससे सप्लाई लगातार बढ़ रही है। आने वाले दिनों में फसल और तैयार होने पर आवक में और वृद्धि होगी। चौमूं का टमाटर सस्ता, बाहर का टमाटर महंगा मंडी में इस समय चौमूं का देसी टमाटर 15 से 20 रुपए किलो और हाइब्रिड टमाटर 20 से 21 रुपए किलो बिक रहा है। वहीं महाराष्ट्र और बेंगलुरु से आने वाला देसी तथा हाइब्रिड टमाटर 34 से 35 रुपए किलो के भाव से बिक रहा है। व्यापारियों के अनुसार- अगले एक सप्ताह में चौमूं और आसपास क्षेत्रों से आने वाले स्थानीय टमाटर की आवक कम होने लगेगी। इसके बाद बाजार की निर्भरता बाहर से आने वाले टमाटर पर बढ़ जाएगी। पिछले सप्ताह थोड़ी तेजी आई, फिर दाम हुए नरम व्यापारियों के मुताबिक- पिछले सात दिन के दौरान एक-दो दिन के लिए टमाटर के दामों में उछाल जरूर आया था। उस समय भी मंडी में टमाटर का अधिकतम थोक भाव 40 से 45 रुपए किलो तक पहुंचा था। हालांकि सप्लाई बढ़ने के साथ ही भाव फिर नीचे आ गए। कौन से महीने में कहां से आता है टमाटर टमाटर की उपलब्धता पूरे साल अलग-अलग राज्यों की फसलों पर निर्भर रहती है। इसी वजह से सालभर बाजार में टमाटर की सप्लाई बनी रहती है। एक क्षेत्र की फसल समाप्त होने पर दूसरे क्षेत्र की फसल बाजार में पहुंचने लगती है। बाहर की फसल अच्छी, तेजी की उम्मीद नहीं जयपुर फल और सब्जी थोक विक्रेता संघ अध्यक्ष योगेश तंवर ने बताया- स्थानीय टमाटर का सीजन लगभग समाप्त होने वाला है। वहीं बाहर से आने वाले टमाटर की आवक अभी पूरी तरह शुरू नहीं हुई है। इस कारण बाजार में कीमतों का अंतर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा- पिछले साल की तुलना में इस बार टमाटर के दाम अपेक्षाकृत नियंत्रित रहने की उम्मीद है। हालांकि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां बनने पर कीमतों में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। खुदरा व्यापारियों का दावा- बाजार में कोई कमी नहीं खुदरा सब्जी विक्रेता अनिल ने कहा- अभी 50 से 60 रुपए किलो टमाटर बेच रहे हैं। कुछ जगहों पर अधिक कीमतें व्यापारिक मार्जिन के कारण हो सकती हैं। कई जगहों पर यही टमाटर 80 से 100 रुपए किलो तक बिक रहा है।

ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, 2 युवक की मौत:कर्मचारी को घर छोड़ने जा रहा था वर्कशॉप मालिक का बेटा; ड्राइवर गिरफ्तार

जैसलमेर में बुधवार रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वर्कशॉप मालिक का बेटा अपने साथ काम करने वाले युवक को घर छोड़ने जा रहा था। सरदारपुरा मदरसे के पास सामने से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया था। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। यह घटना मोहनगढ़ कस्बे के सरदारपुरा मदरसे के पास बुधवार रात करीब 10 बजे की है। घर छोड़ने जाते समय हुआ हादसा मोहनगढ़ SHO गीता विश्नोई के अनुसार, मोहनगढ़ स्थित धामू एग्रीकल्चर में भील बस्ती निवासी 32 साल का सागर पुत्र गवराराम भील काम करता था। बुधवार रात करीब 10 बजे वर्कशॉप मालिक लालचंद खाती का 17 साल का पुत्र सुंदर बाइक पर सागर को उसके घर छोड़ने जा रहा था। दोनों जैसे ही सरदारपुरा मदरसे के मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दो परिवारों में पसरा मातम SHO ने बताया कि हादसे में मृतकों की पहचान 18 साल के सुंदर और 32 साल के सागर पुत्र गवराराम भील के रूप में हुई है। इस हादसे ने सागर के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सागर अपने पीछे चार छोटे-छोटे बेटों को छोड़ गया है। हादसे के बाद बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। जानकारी के अनुसार, सागर के कुल पांच भाई हैं। इनमें से चार मोहनगढ़ में रहते हैं, जबकि एक भाई पाकिस्तान में रहता है। 10 साल पहले पिता की भी हुई थी मौत सागर के पिता गवराराम की भी करीब 10 साल पहले फलोदी के पास ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई थी। अब सागर की मौत के बाद परिवार एक बार फिर गहरे दुख में डूब गया है। वहीं, 18 साल के सुंदर की अचानक हुई मौत से उसके परिवार में भी कोहराम मच गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की, चालक की तलाश जारी हादसे की सूचना मिलते ही मोहनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोहनगढ़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे का कारण बने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है। इस हादसे के बाद पूरे मोहनगढ़ कस्बे में शोक का माहौल है। ……. एक्सीडेंट की यह खबर भी पढ़ें… सांड से टकराई बाइक, कॉन्स्टेबल का सिर फटा, मौत:पत्नी और बहन भी पुलिस में, डॉक्टरों ने डेढ़ घंटे सीपीआर दिया फिर भी नहीं बचे झुंझुनूं में सांड से बाइक टकराने पर कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। एसपी ऑफिस में तैनात कॉन्स्टेबल ड्यूटी पर जा रहे थे,अचानक सांड सड़क पर आ गया। हादसे में कॉन्स्टेबल का सिर फट गया। (पूरी खबर पढ़ें)

कपड़ा सप्लाई की आड़ में नशे की तस्करी:लोडिंग टैक्सी के टूल बॉक्स में मिली एमडी ड्रग्स, दो तस्करों को किया गिरफ्तार

जोधपुर के उदयमंदिर थाना क्षेत्र में एक लोडिंग टैक्सी सवार युवकों से पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ MD बरामद की है। उदय मंदिर थाना पुलिस ने सूचना के आधार पर मोहनपुरा पुलिया के पास एक टैक्सी को रुकवाया। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 136 ग्राम अवैध मादक पदार्थ MD बरामद की गई। इस पर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल दोनों से इस पूरे मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में खमूराम (24) पुत्र आदुराम जाट निवासी एकलखोरी पुलिस थाना ओसियां व सुनील (33) पुत्र मामराज विश्नोई निवासी अजासर पुलिस थाना चाखु जिला फलोदी को गिरफ्तार किया। टैक्सी में कपड़े की गांठें थी जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम को अवैध मादक पदार्थ तस्करी के संबंध में सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने लोडिंग टैक्सी को रुकवाया। टैक्सी के अंदर कपड़े की गांठें भरी हुई थी और टैक्सी के टूल बॉक्स में MD छुपाई गई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी लोडिंग टैक्सी में सामान परिवहन करते थे, किसी को आसानी से शक भी नहीं होता कि उसमें MD छुपाई गई है। फिलहाल दोनों आरोपी कहां से मादक पदार्थ खरीदकर लाए थे, इसकी जांच की जा रही है। ANTF की सूचना पर कार्रवाई वहीं इस पूरे मामले को लेकर उदय मंदिर थाना पुलिस ने बताया कि ANTF की सूचना पर कार्रवाई की अंजाम दिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि शहर में अब अवैध अफीम, डोडा से ज्यादा MD ड्रग के मामले सामने आने लगे हैं। पूर्व में भी कई जगहों पर MD की फैक्ट्रियां भी पकड़ी जा चुकी है।

तहसीलदार बोले- अपनी औकात में रह, अंदर टिका दूंगा:पूर्व सरपंच के ससुर ने कहा- एक निर्माण से आपको क्या लगाव; अतिक्रमण कार्रवाई पर अधिकारियों से उलझे

बाड़मेर में अवैध निर्माण की कार्रवाई के दौरान सरपंच ससुर और तहसीलदार, DSP और ASP के बीच बहस हो गई। सरपंच ससुर ने आरोप लगाया कि तहसीलदार ने यहां कब्जे करवाए हैं। उनकी बात तहसीलदार भड़क गए। कहा- अपनी औकात में रह, होश में बोलना, तुरंत टिका दूंगा याद रखना… वहीं सरपंच ससुर ने ASP से कह दिया कि आपका इस एक निर्माण से क्या लगाव है जो इसे छोड़ दिया। ASP ने सरपंच ससुर से कहा- बकवास मत करो, वहां जाकर बैठ जाओ। इस दौरान बाड़मेर DSP रमेश कुमार शर्मा भी भड़क गए और सरपंच ससुर की ओर इशारा करते हुए कहा- गाड़ी में बैठाओ इसको… दरअसल, बुधवार को अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई थी। इसमें मौके पर तहसीलदार हुक्मीचंद, एएसपी नितेश आर्य और DSP राकेश शर्मा मौके पर मौजूद थे। इसमें प्रशासन ने कच्चे निर्माण हटाए थे। इस दौरान एक कमरे को नहीं हटाने को लेकर सरपंच ससुर खैराजराम प्रजापत मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप लगाया। उनका कहना था कि इस अतिक्रमण को नहीं हटाना प्रशासन का पक्षपात करने का रवैया है। इसके बाद उनकी प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बहस हो गई। पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। प्रशासन ने बुधवार 8 बजे कार्रवाई की थी। बाड़मेर ग्रामीण ग्राम पंचायत की खसरा संख्या 2546/1211 आगौर की जमीन पर बीते कई सालों से अतिक्रमण हैं। वहां पर कई भूमाफियाओं ने पक्के निर्माण तक करवा दिए गए। ASP भड़के बोले- बकवास मत करो सरपंच ससुर ने एएसपी नितेश आर्य पर आरोप लगाते हुए कहा- आप का इस एक अतिक्रमण से क्या लगाव है, आपने आते ही रोकने का कह दिया। एएसपी ने क्या बकवास कर रह हो, उधर जाकर बैठ जाओ। अब पढ़िए मौके पर हुई बहस… प्रजापत- अतिक्रमण हटाना तहसीलदार साहब को देखना है। 20 बार मैंने इनको हटाने का कहा था।, सरकारी जमीन पर कब्जा भी तहसीलदार साहब ने करवाया, मैं तो मुंह पर कहता हूं। तहसलीदार- होश में है, मैं पहले से कह रहा हूं नाटक मत कर। प्रजापत- नाटक क्या? मेरे पास तो रिकॉर्डिग पड़ी है। तहसीलदार- होश में बोलना, तुरंत टिका दूं याद रखना… प्रजापत- मुकदमा करवा देना, इससे डरते नहीं हैं। आपको तो नौकरी करनी है आप जैसे भ्रष्ट अधिकारी की वजह से अतिक्रमण हो रहे हैं। तहसीलदार- तू अपनी औकात में रह, ध्यान रखना, यहां से भाग जा, बकवास कर रहा है। प्रजापत- तहसीलदार साहब ने कब्जा करवाया, मेरे पास सबूत हैं। तहसीलदार- मैं कह रहा हूं इसको उठाओ। परेशान कर रखा है। डीएसपी- आरोप लगा रहे हो बिना मतलब के, उठाओ इसको गाड़ी में डालो प्रजापत- मेरे पास में रिकॉर्डिग है। तहसीलदार- कर लेना वायरल। तहसीलदार- फिर बोल रहा है यह, मैं कह रहा हूं इसको गिरफ्तार कर लो, क्या मांग रहा है यहां पर। मेरा खिलाफ मुकदमा कर लो, गिरफ्तार कर इसको। प्रजापत- करा लो गिरफ्तार ! तहसीलदार- क्या मांग रहा है तू इसको कह दे सोच-समझकर बोले। प्रजापत- गलती कर रहे हो और धमकियां दे रहे हो। तहसीलदार- डिप्टी साहब ! इसको गिरफ्तार करो, कर ले कार्रवाई किसने रोका है। डीएसपी- मनोज जी ले जाओ इसको (प्रजापत को पुलिस साथ ले गई) तहसीलदार- बोले जा रहा है सबके सामने यहां पर, मीडिया के सामने फिर मतलब नहीं है। इसके बाद सरपंच ससुर के समर्थक वहीं पर धरने पर बैठकर प्रदर्शन करने लग गए। पुलिस ने लोगों से समझाइश की। भेदभाव का आरोप; DSP बोले- बकवास मत करो प्रजापत- आप अतिक्रमण हटाने में दोहरी नीति क्यूं अपना रहे हो, आप कर्मचारी हो आपको इससे क्या लेना-देना है आप क्यूं नहीं हटा रहे हो डीएसपी- हमारी दोहरी नीति नहीं है, प्रशासन निर्णय लेगा कौनसा अतिक्रमण है और कौनसा नहीं है। हम प्रशासन के साथ में है। प्रजापत- ग्राम पंचायत ने नोटिस दिया है। डीएसपी- प्रशासन अगर नहीं कर रहा है आप कलेक्टर मैडम से जाकर मिल लो। प्रजापत- कलेक्टर मैडम से मेरी बात हो गई है। डीएसपी- कलेक्टर मैडम कह रहे है तो हटाओ अतिक्रमण हमारा क्या लेना-देना, हमारी पुलिस साथ में है। प्रजापत- आप इतना भेदभाव मत करो, रिक्वेस्ट है भेदभाव मत करो, आपकी वजह से रुका है, आपका इससे क्या लगाव है एएसपी- कोई भेदभाव नहीं कर रहे है। किसी का कोई लगाव नहीं है। क्या बकवास किए जा रहे हो। इस तरीके से क्यूं लगाव की बात कर रहे हो। वहां जाकर बैठे जाओ। डीएसपी- क्यूं आरोप लगा रहे हो, प्रशासन चाहेगा तो हटेगा देगा। ———————————————————————————————- इससे जुड़ी खबर पढ़ें… लड़की झोपड़ी में घुसी तो खींचकर निकाला:बाड़मेर में सरकारी जमीन से हटाए कब्जे; पुलिस से नोक-झोंक का VIDEO

धौलपुर में 15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार:दहेज हत्या मामले में 17 महीने से था फरार, कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया था

धौलपुर पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में 17 महीने से फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था। एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस और शहर वृत्त की टीमों ने यह कार्रवाई की। आरोपी की पहचान महावीर (26) निवासी बड़ का पुरा, हिंडौन, जिला करौली के रूप में हुई है। पत्नी की हत्या के बाद हो गया था फरार
धौलपुर सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़ ने बताया कि महावीर के खिलाफ कुछ वर्ष पूर्व दहेज हत्या का मामला दर्ज हुआ था। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद घटना स्थल से फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और गुजरात में मजदूरी कर रहा था। हिंडौन में दबोचा
मामले की जांच के दौरान आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी और सीओ ऑफिस में कार्यरत कॉन्स्टेबल धर्मा के साथ मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी को करौली जिले के हिंडौन क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी में सदर थाना प्रभारी सहित शहर वृत्त की विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पति ने बुआ के बेटों से कराया पत्नी का रेप:विवाहिता को देह व्यापार में धकेलने की कोशिश; दो महीने पहले ही हुई थी शादी

अलवर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक नवविवाहिता ने अपने पति पर आरोप लगाया है कि उसने शादी के महज कुछ सप्ताह बाद ही अपनी बुआ के बेटों और अन्य परिचित युवकों से उसके साथ रेप कराया और उसे देह व्यापार के धंधे में धकेलने का प्रयास किया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित की शादी अप्रैल 2026 को गांव गई हुई थी। विवाह के बाद वह ईद का त्योहार मनाने अपने पीहर गई थी। 29 मई को पति उसे वापस ससुराल लेकर आया। पीड़िता का आरोप है कि 1 जून की रात उसके पति ने अपनी बुआ के बेटे को घर बुलाकर उसके कमरे में भेजा, जहां विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और रेप किया गया। बुआ के तीन बेटों से कराया पत्नी का रेप महिला ने आरोप लगाया कि इसके कुछ दिन बाद दूसरे बुआ के बेटे और फिर तीसरे बुआ के बेटे रात के समय घर आए और उन्होंने भी उसके साथ रेप किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उसे पैसे देने का प्रयास किया, लेकिन उसने पैसे लेने से इनकार कर दिया। सास-ससुर को बताया तो चुप रहने को कहा पीड़ित के अनुसार जब उसने सास-ससुर और अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी तो उसे चुप रहने के लिए कहा गया। महिला का आरोप है कि उसका पति लगातार उस पर देह व्यापार करने का दबाव बना रहा था और कहता था कि यदि उसके साथ रहना है तो यह काम करना पड़ेगा। आखिरकार पीड़ित ने अपने पिता और भाई को पूरी घटना बताई, जिसके बाद गोविन्दगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।