ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत:हाथ पर लिखा मिला 'प्रताप संग लीला', पहचान में जुटी पुलिस
बाड़मेर में रविवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस युवक के हाथ पर लिखे शब्दों और सोशल मीडिया के जरिए उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे नेहरू युवा केंद्र के सामने रेलवे ट्रैक पर हुई। पुलिस के अनुसार बाड़मेर से जोधपुर की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली थाने से एएसआई पदमपुरी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। हाथ पर लिखा मिला ‘प्रताप संग लीला’ एएसआई पदमपुरी ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष है। उसके दाएं हाथ पर ‘प्रताप संग लीला’ और बाएं हाथ पर ‘कोमल’ लिखा हुआ मिला है। इन्हीं निशानों के आधार पर उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर रही पुलिस मृतक की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने उसका फोटो और हाथ पर लिखे शब्दों की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। पुलिस का कहना है कि युवक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं और पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

