ब्रेकिंग न्यूज़
टक्कर से कार के परखच्चे उड़े, युवक की मौत:सिर में चोट आई, मौके पर ही दम तोड़ा; प्लास्टिक के कट्टों में भरा मिला डोडा-पोस्त

बाड़मेर रिंग रोड पर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पीछे से अज्ञात वाहन में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा तीन फीट तक पिचक गया। हादसे में कार सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार से ब्लैक प्लास्टिक के कट्टों में डोडा-पोस्त भरा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। घटना बाड़मेर रीको थाना क्षेत्र में सिणधरी रोड के पास बुधवार सुबह करीब 8 बजे हुई। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे वाहन में घुसी, चालक गंभीर घायल जानकारी के अनुसार, रामसर का कुआ निवासी जगदीश उर्फ जोगाराम (45) अपने घर से रिंग रोड की ओर जा रहा था। बाड़मेर मगरा के पास उसकी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा करीब तीन फीट तक पिचक गया। ड्राइवर सीट पर बैठे जोगाराम के सिर में गंभीर चोट लगी और पूरी सीट खून से लथपथ हो गई। लोगों ने गेट तोड़कर बाहर निकाला, अस्पताल में मृत घोषित हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार का गेट नहीं खुलने पर लोगों ने उसे तोड़कर जोगाराम को बाहर निकाला। इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से उसे जिला हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम अस्पताल पहुंची, जबकि रीको थानाधिकारी चैन प्रकाश चौधरी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और जांच शुरू की। कार से मिले ब्लैक प्लास्टिक के कट्टे, पुलिस खंगाल रही रिकॉर्ड पुलिस ने माप-तौल वाला कांटा मंगवाकर कार में रखे ब्लैक प्लास्टिक के कट्टों को बाहर निकलवाया और उनका वजन कराया। पुलिस के अनुसार कार मृतक जोगाराम के नाम पर दर्ज है। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार में मिला डोडा-पोस्त कहां से लाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *