ब्रेकिंग न्यूज़
40 लाख की नौकरी छोड़ संत बनेंगे सॉफ्टवेर इंजीनियर:प्रवचन सुनकर वैराग्य जागा, 30 साल के शुभम 4 सितंबर को लेंगे दीक्षा

पाली में 30 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर शुभम श्रीश्रीमाल 40 लाख रुपए सालाना पैकेज वाली नौकरी छोड़कर दीक्षा लेंगे। उन्होंने संयम मार्ग पर चलने का निर्णय लिया है। शुभम श्रीश्रीमाल (30) 4 सितंबर 2026 को बीकानेर में आचार्य रामलाल म.सा. एवं उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि की निश्रा में दीक्षा ग्रहण करेंगे। पढ़िए…. शुभम के वैराग्य की पूरी कहानी 1. इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में किया बीटेक
पाली शहर के बापू नगर विस्तार स्थित अमरनाथ कॉलोनी निवासी शुभम श्रीश्रीमाल (30) का जन्म 18 सितंबर 1995 को ब्यावर में हुआ था। वे प्रदीप श्रीश्रीमाल और पुष्पा श्रीश्रीमाल के बेटे हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा पाली में हुई। साल 2011 में वे आगे की पढ़ाई के लिए कोटा चले गए और 2014 से 2018 तक पटियाला से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक किया। बाद में उन्हें एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी मिली, जहां वे करीब 40 लाख रुपए सालाना पैकेज पर कार्यरत हैं। 2. घर से दूर रहकर की पढ़ाई
शुभम के बड़े भाई अंकित के अनुसार, पिता व्यवसायी हैं और मां गृहिणी। परिवार में दो ही भाई हैं। शुभम पढ़ाई और करियर के कारण अधिकतर समय घर से बाहर ही रहे। कोटा और फिर पटियाला में पढ़ाई के बाद उन्होंने नौकरी शुरू कर दी। 3. जून 2025 में जागा वैराग्य
जून 2025 में शुभम ने मुमुक्षुओं के लिए आयोजित उन्नयन शिविर में भाग लिया। वहां संतों के प्रवचन सुनने के बाद उनके मन में वैराग्य का भाव जागा। उन्होंने सांसारिक जीवन छोड़कर संयम के मार्ग पर चलने का निश्चय कर लिया और अपनी इच्छा परिवार को बताई। 4. परिवार ने समय लेकर दी सहमति
शुरुआत में परिजन हैरान रह गए। उन्होंने शुभम से कहा कि इतनी पढ़ाई और अच्छी नौकरी के बाद वैराग्य का निर्णय क्यों ले रहे हैं। हालांकि, शुभम अपने फैसले पर अडिग रहे। अंकित के अनुसार, गुरुदेव से उन्हें पिछले साल नवंबर में ही परमिशन मिल गई थी, लेकिन परिवार ने कुछ समय उनके साथ बिताने के लिए आज्ञा पत्र देने में देर की। आखिरकार उनकी खुशी को देखते हुए परिवार ने अनुमति दे दी। 5. समाज ने किया सम्मान, सितंबर में लेंगे दीक्षा
पाली के तिलक नगर स्थित समता भवन में श्री साधुमार्गी जैन संघ ने शुभम और उनके परिवार का अभिनंदन किया। समारोह में संघ के संरक्षक मोहनलाल तलेसरा, अध्यक्ष प्रेमचंद ढेढीया, मंत्री जीवराज खिंवसरा, अशोक श्रीश्रीमाल, शांतिलाल सिंघवी, पदमचंद लोढ़ा सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे। शुभम 4 सितंबर 2026 को बीकानेर में परम पूज्य आचार्य प्रवर 1008 रामलाल म.सा. की निश्रा में दीक्षा ग्रहण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *