व्यापार में नुकसान हुआ तो दुकानदार बना तस्कर:SUV की डिग्गी में सीक्रेट बॉक्स बना कर गांजा तस्करी; 3 राज्यों का सप्लायर पकड़ा
सवाई माधोपुर में पुलिस ने 47.288 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके पास से कार (XUV 500) को जब्त किया है। बरामद गांजे की खेप आरोपियों ने XUV की डिग्गी में दोनों ओर लाइटों के पास बनाए गए विशेष मॉडिफाइड बॉक्स में छिपाकर रखी गई थी। आरोपी ने मोबाइल रिचार्ज की दुकान खोली थी। मुनाफा कम होने पर दुकान में गांजे की पुड़िया बेचनी शुरू कर दी। वह तीन राज्यों में सप्लाई करता था। मामला जिले के रवांजना डूंगर थाना क्षेत्र का है। ये कार्रवाई रविवार अलसुबह पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने की। व्यापार में नुकसान हुआ तो गांजा बेचने लगा पुलिस ने बताया- मुकुट बिहारी ने वर्ष 2014 में मोबाइल रिचार्ज की दुकान खोली थी। मुनाफा कम होने पर उसने दुकान से गांजे की पुड़िया बेचनी शुरू कर दी। इसके बाद में बड़े स्तर पर तस्करी में उतर गया। पूछताछ में सामने आया कि साल- 2020 में उसकी पहचान ओडिशा के एक तस्कर से हुई। इसके बाद वह ओडिशा से बस, ट्रेन और बाद में कार के जरिए गांजा लाकर राजस्थान और मध्यप्रदेश के श्योपुर, मानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने लगा। वह गांजा 4 से 5 हजार रुपए प्रति किलो खरीदकर 15 से 20 हजार रुपए प्रति किलो तक बेचता था। उसके साथी हनुमान को प्रत्येक चक्कर के लिए 20 हजार रुपए दिए जाते थे। कुस्तला कट के पास से पकड़े आरोपी पुलिस ने बताया- मुकुट बिहारी पिछले 6-7 साल से बड़े पैमाने पर गांजे की तस्करी कर रहा है। एएनटीएफ ने करीब दो माह तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। सूचना के आधार पर टीम ललितपुर पहुंची और वहां से आरोपियों की कार का पीछा करते हुए झांसी, शिवपुरी, शाहबाद और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तक निगरानी रखी। आखिरकार कुस्तला कट के पास घेराबंदी कर कार को रोका गया। तलाशी में कार से 47.288 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी हर दो महीने में ओडिशा का एक चक्कर लगाते थे। साथ ही हर रोज करीब दो किलो गांजा बाजार में खपाकर 30 से 32 हजार रुपए तक का मुनाफा कमाते थे। दोनों आरोपियों की पहचान खंडार फरिया निवासी 36 वर्षीय मुकुट बिहारी जांगिड़ और 30 वर्षीय हनुमान मीणा के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

