ब्रेकिंग न्यूज़
आबूरोड में कार पर पत्थरबाजी, ड्राइवर गंभीर घायल:गाड़ी में सवार सभी पर्यटक सुरक्षित, सदर थाने से सिर्फ 500 मीटर दूर हुई घटना

आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर मुख्य सड़क पर पर्यटकों को लेकर आ रही एक टैक्सी पर पत्थरबाजी कर दी गई। इस हमले में टैक्सी ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वहां से गुजर रहे कई गाड़ियों में सवार लोग भी रुक गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी। पर्यटकों को लेकर लौट रही टैक्सी का किया पीछा सदर थाना आबूरोड के ड्यूटी ऑफिसर देवी सिंह ने बताया- हमें सुचना मिली थी कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे की है। टैक्सी चालक मेहबूब खान पठान, पुत्र शकुर खान, निवासी मानपुर हाउसिंग बोर्ड, माउंट आबू से पर्यटकों को लेकर आबूरोड लौट रहे थे। इसी दौरान सदर थाने से करीब 500 मीटर दूर चौधरी इन के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। बताया गया कि युवकों ने चलते वाहन के पास पहुंचकर चालक के साथ गाली-गलौज की और गाड़ी रोकने का दबाव बनाया। चालक ने वाहन नहीं रोका तो आरोपियों ने रास्ता रोकने की कोशिश की। कार का रास्ता रोककर किया हमला घायल ड्राइवर ने बताया- एक मोटरसाइकिल सवार ने टैक्सी के आगे आकर वाहन रोकने का प्रयास किया। वहीं दूसरी बाइक पर बैठे दो युवकों में से एक ने कार पर पत्थर फेंक दिया। उस समय कार का शीशा खुला हुआ था, जिससे पत्थर सीधे चालक के सिर पर जाकर लगा। हमले में मेहबूब खान के सिर पर गंभीर चोट आई। सिर बचाने की कोशिश के दौरान उनके हाथ की तर्जनी उंगली भी घायल हो गई। मुख्य मार्ग पर लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में नाराजगी घटना के बाद टैक्सी ड्राइवर्स और स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि इस मुख्य मार्ग पर इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क माउंट आबू आने-जाने वाले पर्यटकों का प्रमुख मार्ग है और रात के समय यहां बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। ऐसे में थाने के इतने करीब इस तरह की वारदात से लोगों में भय का माहौल है। पुलिस बोली- मामले की जांच शुरू ड्यूटी ऑफिसर देवी सिंह ने बताया कि कार चालक पर पत्थरबाजी की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *