एसपी ने पूंछरी में सुरक्षा का लिया जायजा:गुरु पूर्णिमा मेले से पहले व्यवस्थाएं परखीं, तैयारियां जांची
डीग जिले में 22 से 29 जुलाई तक आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा मेले की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. ने बुधवार को पूंछरी क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने पूंछरी परिक्रमा मार्ग, प्रमुख मंदिरों और अन्य दर्शनीय स्थलों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी ने बताया कि मेले के दौरान 24 घंटे निर्बाध सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीग जिले की सीमा में आने वाले पूरे परिक्रमा मार्ग और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। यह तैनाती दिन और रात, दो पारियों में की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

