ब्रेकिंग न्यूज़
कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल में खामियां, सचिव ने लगाई फटकार:भोजन खराब, क्षमता से अधिक छात्राएं मिलीं; व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

बासकृपालनगर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल में भोजन व्यवस्था, छात्रावास और भवन की स्थिति सहित कई खामियां सामने आई। इस खैरथल-तिजारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुडी ने स्कूल प्रशासन को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। मानकों के अनुरू नहीं मिली गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान सचिव ने भोजनालय, रसोईघर, छात्रावास, शयनकक्ष, कक्षाओं, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली। स्टाफ और छात्राओं के लिए अलग-अलग बन रहा भोजन
जांच में ये भी सामने आया कि छात्राओं और स्कूल स्टाफ के लिए अलग-अलग भोजन तैयार किया जा रहा था और निर्धारित मेन्यू का पालन नहीं हो रहा था। इस पर अजीत कुडी ने नाराजगी जताते हुए भोजन की गुणवत्ता और रसोई की साफ-सफाई में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। कमरों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव
छात्रावास निरीक्षण के दौरान कई कमरों में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्राएं रहने की बात सामने आई। कमरों में अत्यधिक गर्मी, पर्याप्त जगह का अभाव और कूलर जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने पर सचिव ने इसे छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया। स्कूल प्रशासन ने बताया कि अन्य छात्रावासों की बालिकाओं को यहां स्थानांतरित किए जाने के कारण यह स्थिति बनी है, जिस पर सचिव ने व्यवस्थाएं शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में स्कूल के कुछ कमरे जर्जर अवस्था में भी पाए गए। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि इसकी जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को मौखिक रूप से दी जा चुकी है। सचिव ने निर्देश दिए कि जर्जर भवनों की स्थिति से जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल लिखित रूप में अवगत कराया जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। सचिव अजीत कुडी ने छात्राओं से सीधे संवाद कर शिक्षा, आवास, भोजन, खेलकूद और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों और शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी समस्या की जानकारी निसंकोच साझा करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य वार्डन और प्रधानाध्यापिका प्रारंभ में स्कूल में उपस्थित नहीं मिलीं। बाद में उन्हें मौके पर बुलाया गया। इस पर सचिव ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने की हिदायत दी। अटेंडेंस और स्टॉक रजिस्टर देखा
सचिव ने स्टाफ की उपस्थिति पंजिका, भंडार गृह के स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही प्राथमिक उपचार किट और आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कनिष्ठ सहायक पुनीत शर्मा, पीएलवी सूरज कछवाहा, विद्यालय स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *