ब्रेकिंग न्यूज़
जयपुर में एफटीआई ऑफिस की छत गिरी, 11 मजदूर घायल:एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में मची अफरा-तफरी, 9 गंभीर घायलों का इलाज जारी

राजधानी जयपुर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। जेएलएन मार्ग स्थित एफटीआई (FTI) ऑफिस की छत अचानक भरभराकर गिरने से वहां काम कर रहे 11 से अधिक मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से ट्रॉमा सेंटर में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसएमएस थाना पुलिस और अस्पताल का मेडिकल स्टाफ मौके पर पहुंचा और घायलों के उपचार की व्यवस्था शुरू कराई। डॉक्टरों की टीम सभी घायल मजदूरों का इलाज कर रही है। 9 गंभीर रूप से घायल मजदूरों को विशेष निगरानी में रखा गया है। जबकि 2 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ, जब मजदूर जेएलएन मार्ग स्थित (एफटीआई) राजस्थान फॉरेस्ट वाइल्ड लाइफ ट्रेनिंग सेंटर में कार्य कर रहे थे और अचानक भवन की छत भरभराकर गिर गई। हादसे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों में लाला राम, राजीव कुमार, नीतीश कुमार, उदित, प्रमोद, बकू, कार्तिक, प्रमोद और शोक सहित 10 से अधिक मजदूर शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस घायलों की स्थिति और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटा रही है। वहीं मामले में बजाज नगर थानाधिकारी भजनलाल ने बताया कि ये हादसा बजाज नगर थाना क्षेत्र में बजाज नगर के टी पॉइंट स्थित फॉरेस्ट विभाग के ऑफिस में हुआ। यहां नई बिल्डिंग बन रही थी, जिसकी छत भराई का काम चल रहा था। इस दौरान सेनेटिंग के लिए लगे पाइप नीचे आ गए। हालांकि ये पाइप कैसे नीचे आए इसकी जांच कर रहे है। हादसे में किसकी लापरवाही रही उसकी जांच की जा रही है। हादसे के लिए जो जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एक टीम को मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य करवाया गया। वहीं घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। यहां देखें फोटोज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *