ब्रेकिंग न्यूज़
जैसलमेर के पीएमश्री स्कूल की राज्य स्तरीय वेबिनार में प्रस्तुति:मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने नवाचारों की सराहना की; वर्चुअल किया संवाद

जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय पीएम श्री स्कूल वेबिनार में जैसलमेर जिले के एक स्कूल ने अपनी पहचान बनाई। पीएम श्री राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल 2 एमडी महादेव नगर, बांकलसर के संस्था प्रधान स्वरूप सुथार को प्रदेश के 649 पीएम श्री स्कूल में से चयनित 14 संस्था प्रधानों में शामिल किया गया। संस्था प्रधान स्वरूप सुथार ने अपने स्कूल में किए गए नवाचारों, विकास कार्यों, शैक्षणिक उपलब्धियों और पीएम श्री योजना के तहत विशेष प्रयासों का राज्य स्तर पर प्रभावशाली प्रस्तुतिकरण किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने विद्यालय में किए गए नवाचारों और प्रयासों की सराहना की। उन्होंने संस्था प्रधान से संवाद भी किया और इस वेबिनार को ‘इंस्पिरेशनल स्टोरीज के साथ पीयर लर्निंग का अनूठा मंच’ बताया। इस अवसर पर संस्था प्रधान स्वरूप सुथार ने मुख्य सचिव को स्कूल के नवाचारों पर आधारित ‘पीएम श्री पत्रिका’, स्कूल की प्रेरक स्टोरी और एक स्मृति चिह्न भेंट किया। वेबिनार में अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश यादव, समग्र शिक्षा आयुक्त एवं राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। जैसलमेर जिले से मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार बिस्सा, सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी और जिले के सभी पीएम श्री विद्यालयों के संस्था प्रधान ऑनलाइन जुड़े। राज्य स्तर पर जैसलमेर जिले के स्कूल को अपने नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलने और मुख्य सचिव द्वारा सराहना किए जाने से जिले के शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि को सीमावर्ती क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *