एयर गन लहराकर रील बनाना पड़ा महंगा:लोगों में भय का माहौल पैदा करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
झालावाड़ जिले के पनवाड़ में एयर गन लहराते हुए रील बनाकर पोस्ट करना एक युवक को महंगा पड़ा। पनवाड़ थाना पुलिस ने आमजन में भय का माहौल पैदा करने के आरोप में युवक को शांति भंग के तहत गिरफ्तार किया है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि एसपी कार्यालय की साइबर सेल को एक युवक द्वारा एयर गन लहराते हुए बनाए गए वीडियो के तेजी से शेयर होने की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पनवाड़ थाना प्रभारी को मामले की जांच के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान पनवाड़ निवासी आदिल अली (18) पुत्र बाबू खां के रूप में हुई। पूछताछ में आदिल अली ने स्वीकार किया कि उसने ही यह रील बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड की थी। पुलिस ने वीडियो में इस्तेमाल किए गए हथियार की जांच की, जिसमें वह एक एयर गन निकली।

