ब्रेकिंग न्यूज़
पीड़िताओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश:डीएलएसए सचिव ने सखी वन स्टॉप सेंटर व बाल संप्रेषण गृह का लिया जायजा

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश रेखा यादव ने गुरुवार को सखी वन स्टॉप सेंटर और गवर्नमेंट बाल संप्रेषण एवं किशोर गृह का आकस्मिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश और जिला एवं सेशन न्यायाधीश संजीव मागो के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं, बालिकाओं और किशोरों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सखी वन स्टॉप सेंटर में सचिव रेखा यादव ने आगंतुक पंजी, केस रजिस्टर, परामर्श रजिस्टर और चिकित्सा सहायता संबंधी अभिलेखों की गहन जांच की। उन्होंने लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन चिकित्सा सहायता, विधिक परामर्श, निःशुल्क अधिवक्ता, अस्थायी आश्रय, पुलिस समन्वय और एफआईआर सहायता जैसी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। केंद्र में मौजूद चार बालिकाओं और एक महिला से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं, उनके प्रकरणों की जानकारी ली गई और उन्हें विधिक अधिकारों और नालसा एवं रालसा की योजनाओं से अवगत कराते हुए सकारात्मक जीवन अपनाने व परिवार के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। इसके उपरांत सचिव रेखा यादव ने राजकीय बाल संप्रेषण एवं किशोर गृह का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सकीय सुविधाओं, परामर्श सेवाओं और मनोरंजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किशोरों से सीधे संवाद कर उनके प्रकरणों और दैनिक दिनचर्या की जानकारी ली गई, साथ ही उन्हें अनुशासन का पालन करने और भविष्य में गलत गतिविधियों से दूर रहने की सीख दी गई। सचिव ने देखरेख एवं संरक्षण श्रेणी के बच्चों तथा शिशु गृह का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की उचित देखभाल, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सखी वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक शिप्रा पचौरी, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष मधु शर्मा, बाल संप्रेषण गृह के अधीक्षक मुरारीलाल मीणा और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टेनो राहुल डंडोतिया सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *