इटली में नौकरी के नाम पर 14 लाख रुपए हड़पे:सीकर के युवक को जॉब-ग्रीन कार्ड का दिया झांसा; पड़ोसी महिला ने भाई के साथ मिलकर ठगा

सीकर जिले में युवक से इटली में नौकरी लगवाने के नाम पर 14 लाख रुपए हड़प लिए। युवक को इटली बुला लिया, लेकिन कोई नौकरी नहीं मिली। युवक अपनी पड़ोस में रहने वाली महिला के जरिए एजेंट के संपर्क में आया था। युवक ने रामगढ़ सेठान थाना पुलिस में मामले की शिकायत दी है। पुलिस जांच कर रही है। रामगढ़ सेठान के वार्ड नंबर 5 निवासी मुरारीलाल सैनी ने शिकायत में बताया- पड़ोसी दिनेश कुमार की पत्नी कंचन ने मुझे कहा कि उसका भाई विकास सीकर में रहता है। वह लोगों को इटली में रोजगार दिलाने और वहां का ग्रीन कार्ड दिलाने का काम करता है। कंचन ने कहा- दिनेश को भी विकास ने ही नौकरी करने के लिए इटली भेजा है। जहां विकास की अच्छी कंपनी में नौकरी लगी और 1 साल के लिए ग्रीन कार्ड भी मिला। वहां दिनेश को हर महीने डेढ़ लाख रुपए मिल रहे हैं। इसके बाद कंचन ने अपने भाई विकास से मुरारीलाल को मिलवाया। मुरारीलाल को इटली में नौकरी लगवाने के बदले 14 लाख रुपए मांगे। हर महीने 60 हजार रुपए और ग्रीन कार्ड का किया दावा मुरारीलाल ने बताया- विकास ने मुझे कहा कि वहां आपको अच्छी नौकरी मिलेगी। शुरुआत में हर महीने 60 हजार रुपए मिलेंगे। इसके बाद जब इटली का ग्रीन कार्ड मिल जाएगा तो हर महीने डेढ़ लाख रुपए मिलेंगे। इसके बाद मुरारीलाल ने विकास को 14 लाख रुपए दे दिए। बाद में सिमरन कौर नाम की महिला ने मुरारीलाल को अपॉइंटमेंट लेटर भेजा। इटली जाने के बाद मुरारीलाल को वहां कोई काम नहीं मिला। जब मुरारीलाल ने विकास से संपर्क किया तो वह आश्वासन देता रहा कि जल्द काम और ग्रीन कार्ड मिल जाएगा। वहां खाना भी मुरारीलाल ने घर से पैसे मंगवाकर खाया। आखिर में घर से पैसे मंगवाकर मुरारीलाल वापस भारत आ गया। मुरारीलाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *