ब्रेकिंग न्यूज़
कोटा MBS अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड को सांप ने काटा:लाइट बोर्ड के पीछे छिपा था 2 फीट लंबा वुल स्नेक ,स्नेक कैचर ने रेस्क्यू किया

कोटा शहर के एमबीएस अस्पताल के एक सिक्योरिटी गार्ड को ड्यूटी के दौरान सांप ने काट लिया। घटना अस्पताल की रोकड़ शाखा के पास हुई, जहां लाइट बोर्ड के पीछे छिपे करीब दो फीट लंबे वुल स्नेक ने गार्ड की उंगली पर काट लिया। सांप के काटते ही उंगली से खून निकलने लगा। घबराकर गार्ड महेंद्र सिंह तुरंत अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचा, जहां उसका उपचार किया गया। वुल स्नेक के काटने से जान का खतरा नहीं घटना की सूचना मिलते ही स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने बताया कि लाइट बोर्ड के पीछे छिपा सांप वुल स्नेक था, जो देखने में जहरीले करैत जैसा लगता है, लेकिन यह जहरीला प्रजाति का सांप है। इसी भ्रम के कारण लोग अक्सर डर जाते हैं। गोविंद शर्मा ने बताया कि वुल स्नेक मुख्य रूप से कीड़े-मकोड़े, छिपकलियां और छोटे जीव खाता है। इसके काटने से जान का खतरा नहीं होता, लेकिन घाव में संक्रमण होने की आशंका रहती है, इसलिए तत्काल चिकित्सकीय उपचार जरूरी होता है। रेस्क्यू के दौरान सांप लाइट बोर्ड के पीछे छिपा मिला, जिसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर अस्पताल परिसर से बाहर निकाला गया। इसके बाद वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया। स्नेक कैचर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं सांप या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे नुकसान पहुंचाएं। तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि वन्यजीव और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल सिक्योरिटी गार्ड की हालत सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *