बाइक और किराना दुकान से अवैध अंग्रेजी शराब जब्त:दो सगे भाई गिरफ्तार, नाकाबंदी में कुंआ थाना पुलिस ने पकड़ी तस्करी
डूंगरपुर के कुंआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाइक और किराना दुकान से अंग्रेजी शराब व बीयर जब्त की है। नाकाबंदी के दौरान बाइक से तीन कार्टन शराब-बीयर मिलने के बाद सूचना के आधार पर किराना दुकान पर दबिश दी गई, जहां से भी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। नाकाबंदी में बाइक से मिली शराब कुंआ थाना प्रभारी रघुवीर सिंह ने बताया कि 4 जुलाई को बेडुवा पुल के पास नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान आनंदपुरी की ओर से आ रहे एक बाइक सवार ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नोलियावाड़ा निवासी मनोज पुत्र मोतीलाल कलाल के रूप में हुई। तीन कार्टन अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद बाइक की तलाशी लेने पर आगे रखे कट्टे से अंग्रेजी शराब और बीयर के तीन कार्टन बरामद हुए। शराब रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने शराब और बाइक जब्त कर ली। सूचना पर किराना दुकान में दबिश इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि साकोदरा में सड़क किनारे स्थित एक किराए की किराना दुकान पर अवैध शराब का भंडारण किया गया है। पुलिस ने दुकान पर दबिश देकर तलाशी ली, जिसमें अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। यह दुकान नोलियावाड़ा निवासी हितेश पुत्र मोतीलाल कलाल संचालित कर रहा था। दोनों भाइयों पर आबकारी अधिनियम में केस पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर मनोज और हितेश, दोनों सगे भाइयों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

