तेज रफ्तार कार खेत में पलटी, युवक की मौत:2 दोस्तों के साथ ससुराल से आ रहा था, दो घायल अस्पताल में भर्ती
अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ कस्बे के गोपालपुरा मोड़ के पास अनियंत्रित कार पलटने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो युवक गंभीर घायल हो गए। यह हादसा शनिवार रात करीब 1 बजे हुआ था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बमुश्किल कार से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार- तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खेत में कई बार पलट गई। इससे कार सवार नीरज पूनिया (28) निवासी बड़ोली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार सवार लोकेश पूनिया निवासी बड़ोली और सचिन सदावत निवासी लीली गंभीर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां इलाज के बाद सचिन सदावत की नाजुक हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल अलवर के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका इलाज जारी है। देर रात ससुराल से लौट रहे थे तीनों दोस्त तीनों युवक शनिवार देर रात नीरज के ससुराल से लौट रहे थे। इसी दौरान गोपालपुरा मोड़ के पास कार की रफ्तार तेज होने के कारण ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी कई बार पलटते हुए खेत में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का ऊपरी हिस्सा पिचक गया। हादसे के बाद पुलिस ने मृतक नीरज के शव को कब्जे में लेकर लक्ष्मणगढ़ CHC की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। पुलिस प्रशासन ने कहा- पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

