सवाई माधोपुर में 20 मिनट की तेज बारिश:गर्मी और उमस से मिली राहत, जाम नालों से मानसून में बढ़ेगी परेशानी

मानसून की एंट्री के बाद सवाई माधोपुर में बारिश का दौर शुरू हो गया है। रविवार सुबह शहर में करीब 20 मिनट तक तेज बारिश हुई, जिससे कई सड़कों पर पानी बह निकला। लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली। वहीं, कई लोग सीजन की पहली बारिश का आनंद लेते नजर आए। शनिवार शाम से छाए थे बादल, सुबह शुरू हुई बारिश शनिवार शाम से ही शहर में बादल छाए हुए थे, जिससे उमस और गर्मी लगातार बनी हुई थी। हवा नहीं चलने के कारण लोग बेहाल थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे बारिश शुरू हुई और करीब 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। इसके बाद रुक-रुक कर बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और शहर की सड़कों पर पानी बहने लगा। 20 मिनट की बारिश में खुली सफाई व्यवस्था की पोल सौरती बाजार निवासी प्रशीष मंगल ने बताया कि महज 20 मिनट की बारिश ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा। कई जगह सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। लटिया नाले में जमा मिट्टी बढ़ा सकती है परेशानी शहरवासियों का कहना है कि लटिया नाले में एलीवेटेड पुलिया और सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य के दौरान बड़ी मात्रा में मिट्टी जमा हो गई है। इससे नाले की गहराई कम हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि तेज बारिश हुई तो पानी की निकासी प्रभावित हो सकती है और आसपास के घरों में पानी भरने की आशंका बढ़ जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *