ब्रेकिंग न्यूज़
मठ पिपरीपुरा में 4 छप्परपोश मकानों में लगी आग:4 परिवार हुए बेघर, 10 लाख का हुआ नुकसान

धौलपुर जिले के सैपऊ थाना क्षेत्र के गांव मठ पिपरीपुरा में सोमवार देर रात अज्ञात कारणों से 4 छप्परपोश मकानों में भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीब 10 लाख रुपए के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान लगाया गया है। आग लगने से 4 परिवार बेघर हो गए हैं और अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। जानकारी के अनुसार रात करीब 3 बजे आशा देवी के छप्परपोश मकान में अचानक आग लगी। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। आग तेजी से फैलते हुए पास के अन्य तीन छप्परपोश मकानों तक पहुंच गई। परिवार के सदस्यों ने सबसे पहले बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं घर में रखे 3 गैस सिलेंडरों को समय रहते खेत में फेंक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। नकदी, बाइक, गेहूं जलकर खाक
आग की चपेट में आने से करीब एक लाख रुपए की नकदी, एक बाइक, एक साइकिल, 50 क्विंटल गेहूं, 10 क्विंटल सरसों, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, बर्तन, पशुओं का भूसा सहित गृहस्थी का लगभग पूरा सामान जलकर राक हो गया। पीड़िता आशा देवी ने बताया कि उनके पति का करीब 5 साल पहले निधन हो चुका है और वह बच्चों के सहारे परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। इस हादसे में उनकी वर्षों की मेहनत से जुटाई गई पूरी गृहस्थी पलभर में नष्ट हो गई। बेटे की फीस के लिए रखे 1 लाख रुपए जले
हादसे में आशा देवी के देवर कल्ला को भी भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने अपने पुत्र शिवम की नीट की तैयारी के लिए कोटा में फीस जमा कराने हेतु संदूक में एक लाख रुपये रखे थे, जो आग में जल गए। इसके अलावा, आशा देवी के पुत्र संदीप तथा कल्ला के पुत्र सौरभ का भी पूरा आशियाना आग की भेंट चढ़ गया। ग्राम सरपंच वेदप्रकाश कुशवाह ने बताया कि घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है और पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी प्रवेन्द्र कुमार रावत ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आग में चार परिवारों का घरेलू सामान तथा नकदी जलकर राख हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *