चोरी की FIR दर्ज नहीं की, थाने पर धरना:आरोप- 33 हजार रुपए चुराए, 22 हजार में समझौता करा रहे; ASI बोले- युवती ने जुर्म स्वीकारा

कोटा में चोरी के मामले में FIR दर्ज करवाने की मांग को लेकर करणी सेना ने दादाबाड़ी थाने के बाहर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है- 33 हजार की चोरी की शिकायत और सबूत देने के बाद भी 4 दिन तक पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की। बल्कि 22 हजार रुपए में समझौता करवाने में लगे रहे। मजबूर होकर थाने के बाहर धरने पर बैठना पड़ा। वहीं दादाबाड़ी थाना ASI प्रेम सिंह ने समझौता करवाने के आरोप को नकारा। उन्होंने कहा- युवती ने थाने आकर चोरी करना कबूल कर लिया था। क्लिनिक से चुराए थे रुपए शिकायतकर्ता करणी सेना जिलाध्यक्ष अभिनव सिंह हाड़ा ने बताया कि दादाबाड़ी इलाके में मेरा स्किन और हेयर ट्रांसप्लांट का क्लिनिक है। सितंबर 2025 से एक युवती को क्लिनिक पर काम के लिए लगा रखा था। युवती ने 19 जून को गल्ले से 33 हजार की नकदी चुरा ली। चोरी की घटना क्लिनिक पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। युवती से रुपए वापस मांगे तो कुछ दिन तक वह टालती रही। मजबूर होकर 28 जून को थाने में चोरी की शिकायत दी। शिकायत देने के बाद पुलिस ने दो दिन तक आरोपी युवती को थाने बुलाया। युवती 33 हजार रुपए वापस देने के लिए राजी हो गई, लेकिन जांच अधिकारी 22 हजार में समझौता करवाने की बात करने लगे। प्रदर्शन के बाद एफआईआर दर्ज करने पर पुलिस राजी अभिनव सिंह हाड़ा ने बताया- जब युवती से कहा कि चोरी 33 हजार की हुई है। वापस 33 हजार दिलवाओ या FIR दर्ज करो, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। ये सारी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। मजबूरन गुरुवार शाम को थाने के बाहर प्रदर्शन करना पड़ा। तब जाकर पुलिस FIR दर्ज करने को राजी हुई। दादाबाड़ी थाना ASI प्रेम सिंह ने बताया- युवती अकाउंट का काम देखती थी। कभी-कभी नकदी अपने घर ले जाती थी, जिसे दूसरे दिन वापस ले आती थी। अभिनव सिंह ने 28 जून को चोरी का परिवाद दिया था। इसकी जांच की जा रही थी। युवती को थाने बुलाया तो उसने चोरी करने की बात मान लीं। रुपए लौटने के लिए राजी हो गई। युवती ने कहा था कि घटना के बाद मुझे क्लीनिक पर नहीं रखेंगे। इसलिए जितने दिन काम किया उसका सैलरी दिलवाओ। समझौता करवाने के आरोप बेबुनियाद हैं। आज FIR दर्ज कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *