परिवार के 4 लोगों को कुचलने वाला ड्राइवर गिरफ्तार:पुलिस ने ट्रोला जब्त कर मालिक को भी हिरासत में लिया; पूछताछ जारी

जयपुर साउथ पुलिस ने 200 फीट बाईपास (अजमेर रोड) स्थित होटल अमर पैलेस के सामने हुए भीषण सड़क हादसे के मामले में ट्रोला चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में एक ही परिवार के तीन बच्चों और पिता की मौत हो गई थी, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त ट्रोला भी जब्त कर लिया है और वाहन मालिक को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। श्याम नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक सतवीर सिंह (42) निवासी गांव आजड़ोली, तहसील डीडवाना, जिला डीडवाना-कुचामन को गिरफ्तार किया। बस का इंतजार कर रहे परिवार को रौंदा डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि 7 जुलाई सुबह करीब 8:45 बजे दिल्ली से अजमेर की ओर जा रहे ट्रोला (नंबर RJ19GF8085) के चालक ने होटल अमर पैलेस के सामने अजमेर रोड पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे एक परिवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बिना घायलों की मदद किए और पुलिस को सूचना दिए मौके से फरार हो गया। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हादसे में चंद्रप्रकाश बागरिया, उनके तीन बच्चों गोपाल, रमेश और दीपक की मौके पर मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी कैलाशी देवी उर्फ कैलाश देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक परिवार मूल रूप से राजसमंद जिले का रहने वाला है और जयपुर के चित्रकूट क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी में रहकर झाड़ू बनाने का काम करता था। घटना वाले दिन पूरा परिवार अपने गांव लौटने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। रिश्तेदार की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ मामला मृतक चंद्रप्रकाश के साले पन्नालाल बागरिया की रिपोर्ट पर श्याम नगर थाने में मामला दर्ज किया गया। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विशेष टीम ने दबोचा आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त सत्येंद्र सिंह नेगी (RPS) के सुपरविजन में थाना प्रभारी रामकेश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी चालक सतवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वाहन मालिक से पूछताछ, जांच जारी पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रोला RJ19GF8085 को जब्त कर लिया है। वाहन मालिक को भी डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *