डॉक्टर को ब्लैकमेल कर 2 करोड़ हड़पे, महिला नर्स डिटेन:आरोप-डिजिटल अरेस्ट कर रखा था; झूठे रेप केस में फंसाने-जान से मारने की देती थी धमकियां
बाड़मेर में एक प्राइवेट हॉस्पिटल की महिला नर्स ने डॉक्टर को ब्लैकमेल कर 2 करोड़ रुपए हड़प लिए। आरोप है कि महिला अश्लील फोटो वायरल करने, झूठे रेप केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी देती थी। डॉक्टर का कहना है कि इज्जत के डर से वह रुपए देता रहा। सीसीटीवी कैमरों से हर समय नजर रखती थी, डिजिटल अरेस्ट कर रखा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला को डिटेन कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पढ़िए … सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. नाइट ड्यूटी के दौरान बढ़ाई नजदीकियां, मोबाइल से फोटो किए ट्रांसफर कोतवाली थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, डॉक्टर ने बताया कि महिला दिसंबर 2016 से उनके अस्पताल में फीमेल नर्स के पद पर काम कर रही है। वह नाइट ड्यूटी करती थी और चाय बनाने के बहाने चौथी मंजिल पर उनके कमरे में आती-जाती रहती थी। इसी दौरान उसने नजदीकियां बढ़ाईं और डॉक्टर के मोबाइल से निजी फोटो अपने मोबाइल में ट्रांसफर कर लिए। 2. रेप केस और फोटो वायरल करने की धमकी देकर 2 करोड़ वसूले डॉक्टर का आरोप है कि निजी फोटो मिलने के बाद महिला ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह फोटो सोशल मीडिया पर डालने, झूठे रेप केस में फंसाने और जान से मारने की धमकियां देती थी। डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल की साख और अपनी इज्जत बचाने के लिए वह अब तक करीब 2 करोड़ रुपए दे चुके हैं। इनमें से 35 लाख रुपए उन्होंने अपने निजी और अस्पताल के खातों से ट्रांसफर किए। महिला ने उनसे खाली चेक और स्टांप पेपर पर भी हस्ताक्षर करवा लिए, जिन्हें उसने बैंक और लॉकर में छिपाकर रखा है। 3. 1000 कॉल किए, घर पहुंची और हर गतिविधि पर रखी नजर डॉक्टर का आरोप है कि जब वह काम से अहमदाबाद गए तो महिला ने उन्हें करीब 1000 कॉल किए। उसने अस्पताल के स्टाफ को उनके निजी फोटो भी दिखाए। 3-4 अप्रैल 2025 की रात वह डॉक्टर के घर के बाहर आकर सो गई और अंदर आने की जिद करने लगी। यह पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड है। डॉक्टर ने बताया कि महिला ने अपने नाम की एक सिम उन्हें इस्तेमाल करने के लिए दी और उसे हमेशा चालू रखने के लिए मजबूर किया। उसने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों के पासवर्ड भी ले लिए थे, जिससे उनकी हर गतिविधि पर नजर रखती थी। डॉक्टर ने इसे अपने साथ ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसा व्यवहार बताया। 4. वेतन के अलावा हर महीने लाखों रुपए लेने का आरोप, महिला डिटेन डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में काम करने के लिए महिला नर्स को हर महीने 12 हजार रुपए ऑनलाइन वेतन दिया जाता था। इसके अलावा वह हर महीने लाखों रुपए जबरन वसूलती रही। डीएसपी रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि डॉक्टर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला को उसके घर से डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

