ब्रेकिंग न्यूज़
जर्मनी के ज्वेरेव पहली बार विंबलडन फाइनल में:ब्रिटेन के फेरी को सेमीफाइनल में हराया; सचिन और शुभमन ने रॉयल बॉक्स से देखा मुकाबला

जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने ब्रिटेन के वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी आर्थर फेरी को 7-6, 6-2, 6-4 से हराकर पहली बार विंबलडन फाइनल में जगह बना ली। फ्रेंच ओपन चैंपियन ज्वेरेव अब रविवार को होने वाले फाइनल में मौजूदा चैंपियन जैनिक सिनर और नोवाक जोकोविच के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेंगे। 29 साल के ज्वेरेव 1995 के बाद विंबलडन फाइनल में पहुंचने वाले पहले जर्मन खिलाड़ी बने हैं। साथ ही वे फ्रेंच ओपन जीतने के बाद अगले ही ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाले ओपन एरा के तीसरे खिलाड़ी भी बन गए। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ दो सेट गंवाए हैं। दूसरी ओर, 114वीं रैंकिंग के ब्रिटिश वाइल्ड कार्ड आर्थर फेरी का ऐतिहासिक सफर सेमीफाइनल में थम गया। इसके बावजूद शानदार प्रदर्शन के दम पर उनकी रैंकिंग 114 से छलांग लगाकर 36वें स्थान पर पहुंच जाएगी, जिससे उन्हें बड़े टूर्नामेंटों में सीधे एंट्री मिलेगी। सचिन, गिल और लारा ने रॉयल बॉक्स से देखा मैच सेंटर कोर्ट के रॉयल बॉक्स में भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर, टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा और फुटबॉलर वर्जिल वान डाइक समेत कई खेल सितारे मौजूद रहे। विंबलडन ने सचिन का स्वागत करते हुए उन्हें क्रिकेट रॉयल्टी बताया। फेरी का शानदार सफर खत्म ब्रिटिश वाइल्ड कार्ड फेरी ने इस टूर्नामेंट में दमीर जुमहुर, ओट्टो विर्टानेन, जिजू बर्ग्स, ग्रिगोर दिमित्रोव और फ्लावियो कोबोली को हराकर पहली बार ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। पहले सेट में कड़ा मुकाबला फेरी ने शुरुआती सेट में ज्वेरेव को कड़ी टक्कर दी और मुकाबला टाई-ब्रेक तक पहुंचा। हालांकि टाई-ब्रेक में ज्वेरेव ने लगातार सात अंक जीतकर से सेट अपने नाम कर लिया। इसके बाद उन्होंने दूसरे और तीसरे सेट में दमदार सर्विस और बेसलाइन गेम के दम पर मुकाबला आसानी से खत्म कर दिया। फाइनल में सिनर या जोकोविच से मुकाबला मैच के बाद ज्वेरेव ने कहा, विंबलडन हमेशा मेरे लिए सबसे मुश्किल ग्रैंड स्लैम रहा है। अब मैं फाइनल में हूं और खुद पर भरोसा है। चाहे सामने मौजूदा चैंपियन सिनर हों या सात बार के विजेता जोकोविच, मुकाबला आसान नहीं होगा। ———————–
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… पैराग्वे की मंत्री ने फ्रांसीसी फुटबॉल कप्तान को गाली दी:इंटरव्यू में ‘सन ऑफ बिच’ कहा; फुटबॉल वर्ल्डकप की 3 कंट्रोवर्सी फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे और पैराग्वे की सीनेटर सेलेस्टे अमारिला के बीच विवाद और गहरा गया है। अमारिला ने अब एम्बाप्पे को पिल्ला (सन ऑफ बिच) कहा है। उन्होंने अपने पहले दिए गए बयानों पर माफी मांगने से इनकार किया है। पूरी खबर पढ़ें…

80 सीटों वाला रॉयल बॉक्स विम्बलडन का सबसे बड़ा सम्मान:सिर्फ निमंत्रण से एंट्री और सख्त ड्रेस कोड; चेयरमैन भेजते हैं मेहमानों को आमंत्रण

अमेरिका के सुपर बाउल के लग्जरी सुइट, फॉर्मूला-1 के पेडॉक क्लब और ओलिंपिक के आईओसी फैमिली बॉक्सेस दुनिया के सबसे खास स्पोर्ट्स वीआईपी एरिया माने जाते हैं। यहां पहुंचने के लिए मोटी रकम, कॉर्पोरेट मेहमाननवाजी या विशेष पास की जरूरत होती है। लेकिन विम्बलडन का रॉयल बॉक्स इन सबसे अलग है। यहां प्रवेश न पैसे से मिलता है, न टिकट से। यह दुनिया के उन चुनिंदा स्थानों में है, जहां बैठना एक सुविधा नहीं, बल्कि सम्मान माना जाता है। सेंटर कोर्ट के ठीक सामने बनी करीब 80 सीटों वाली यह दीर्घा 1922 से विम्बलडन की परंपरा का हिस्सा है। हर साल कैमरे जितनी बार कोर्ट पर टिकते हैं, उतनी ही बार रॉयल बॉक्स पर भी जाते हैं, क्योंकि यहां बैठे लोग भी मैच जितने ही चर्चा में रहते हैं। कभी ब्रिटिश शाही परिवार, कभी किसी देश के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री तो कभी ओलिंपिक चैम्पियन यहां बैठे नजर आ जाते हैं। रॉयल बॉक्स की सबसे बड़ी खासियत इसकी चयन प्रक्रिया है। यहां बिक्री के लिए कोई टिकट उपलब्ध नहीं होती। मेहमानों का चयन ऑल इंग्लैंड लॉन टेनिस क्लब के चेयरमैन करते हैं और उन्हें व्यक्तिगत निमंत्रण भेजा जाता है। यानी यहां पहुंचना सामाजिक प्रतिष्ठा, उपलब्धि और योगदान का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि कई खिलाड़ी ग्रैंड स्लैम जीतने के बाद भी रॉयल बॉक्स में आमंत्रित होने को अपने करियर का बड़ा सम्मान मानते हैं। इस सम्मान के साथ प्रोटोकॉल भी उतना ही सख्त है। पुरुषों के लिए सूट, टाई और फॉर्मल जूते अनिवार्य हैं, जबकि महिलाओं के लिए एलिगेंट डे-ड्रेस या स्मार्ट ट्राउजर सूट की अपेक्षा की जाती है। बड़ी टोपी पहनने से भी बचने की सलाह दी जाती है, ताकि पीछे बैठे दर्शकों को मैच देखने में असुविधा न हो। नियमों का पालन इतना सख्ती से होता है कि 2015 में 7 बार के एफ-1 चैम्पियन लुईस हैमिल्टन को निर्धारित ड्रेस कोड के बिना पहुंचने पर रॉयल बॉक्स में प्रवेश नहीं मिला था। 4 करोड़ में 5 साल तक रिजर्व हो सकती है मैच सीट – विम्बलडन में करीब 4 करोड़ रुपए से ज्यादा में 5 साल तक हर दिन की सेंटर कोर्ट सीट खरीदी जा सकती है। इसमें मैच शुरू होने से पहले महंगी शैंपेन, बेहतरीन खाना और आम दर्शकों से अलग खास लाउंज की व्यवस्था होती है। – सिंगल्स फाइनल का सेंटर कोर्ट का एक टिकट 29 लाख तक मिल सकता है। लग्जरी लाउंज के 6 लाख अलग से खर्चने होते हैं। वहीं, सेंटर कोर्ट के सबसे खास स्काईव्यू सुइट का एक दिन का किराया करीब 1 करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकता है।

इंग्लैंड से टी-20 सीरीज हारने का परफॉर्मेंस रिव्यू करेगा BCCI:गंभीर की कोचिंग, श्रेयस की कप्तानी पर सवाल; भारत एक भी मैच नहीं जीता

इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज हारने के बाद BCCI भारतीय टीम के परफॉर्मेंस का रिव्यू करने जा रहा है। हेड कोच गौतम गंभीर का रोल और टीम की रणनीति भी रिव्यू का हिस्सा होगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी भी समीक्षा के दायरे में आएगी। यह दावा न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से किया है। रिपोर्ट के अनुसार आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार खराब प्रदर्शन के बाद बोर्ड यह समझना चाहता है कि रणनीति और टीम चयन के स्तर पर कहां कमी रही। फिलहाल गंभीर और अय्यर पर कोई फैसला नहीं हुआ है, लेकिन उनके कामकाज की समीक्षा तय मानी जा रही है। गंभीर का एग्रीमेंट 2027 तक है। अय्यर हाल ही में कप्तान बनाए गए हैं। भारतीय टीम को आयरलैंड दौरे में 0-2 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। जबकि, टीम इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज में 0-3 से पिछड़ रही है। एक मैच नो रिजल्ट रहा था। एक दिन पहले टीम सीरीज के चौथे मैच में 9 विकेट से हार गई थी। 12 साल बाद इंग्लैंड ने भारत को हराया
2014 के बाद पहली बार इंग्लैंड ने भारत को टी-20 सीरीज में हरा दिया। दोनों टीमों के बीच अब तक 10 सीरीज खेली गईं, जिनमें भारत ने 5 और इंग्लैंड ने 4 जीतीं। एक सीरीज ड्रॉ रही थी। अय्यर की कप्तानी में लगातार दूसरी सीरीज गंवाई BCCI ने हाल ही में टी-20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपी थी। हालांकि, यह फैसला अब तक टीम के पक्ष में नहीं गया है। भारत लगातार दूसरी टी-20 सीरीज हार चुका है। इंग्लैंड दौरे से पहले टीम को आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से सीरीज गंवानी पड़ी थी, जो भारत की आयरलैंड के खिलाफ पहली टी-20 सीरीज हार थी। ब्रिस्टल में 13.5 ओवर में हारे इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी-20 में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 158 रन बनाए। कप्तान अय्यर ने 49 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके। जवाब में इंग्लैंड ने 159 रन का लक्ष्य 13.5 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। इंग्लैंड ने पहली बार भारत के खिलाफ दो या उससे अधिक मैचों की बाइलेटरल टी-20 सीरीज जीती। पहली बार आयरलैंड से भी हारे इंग्लैंड से पहले आयरलैंड के खिलाफ भी 2 टी-20 मैचों की सीरीज में भारत को हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही भारतीय टीम को 2023 के बाद किसी टी-20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। 2023 में वेस्टइंडीज ने 3-2 से हराया था। ——————————– भारतीय क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… लॉर्ड्स पर 142 साल में पहला महिला टेस्ट, भारत-इंग्लैंड के बीच आज से मैच क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स पर पहली बार महिला टेस्ट खेला जाएगा। 21-23 जुलाई 1884 को यहां पहला मेंस टेस्ट मैच इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था। इसके 142 साल बाद अब इस मैदान पर महिला टेस्ट मैच होगा, जिसमें भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। यह महिला क्रिकेट इतिहास का 153वां टेस्ट मैच होगा। पढ़ें पूरी खबर

चेपॉक स्टेडियम में होगा बिग बैश का ओपनिंग मैच:12 दिसंबर को खेला जाएगा मैच, PM मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे में ऐलान किया

चेन्नई का एम.ए. चिदंबरम (चेपॉक) स्टेडियम ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL-16) के ओपनिंग मैच की मेजबानी करेगा। यह पहला मौका है, जब भारत किसी विदेशी क्रिकेट लीग का मैच होस्ट करने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे के तीसरे दिन यह ऐलान किया है। PM मोदी शुक्रवार 10 जुलाई को ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पहुंचे। इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ, पूर्व महिला क्रिकेटर लीसा स्टाल्कर भी मौजूद रहे। मोदी के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2026-27 सीजन का शेड्यूल जारी किया। इसके अनुसार BBL-16 का ओपनिंग मैच 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में मेलबर्न रेनेगेड्स और मौजूदा चैंपियन पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच होगा। रेनेगेड्स इस मैच में होस्ट टीम होगी। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2:40 बजे शुरू होगा। भारत पहली बार विदेशी क्रिकेट लीग का मैच कराएगा इसके अलावा, बिग बैश लीग के इतिहास में पहली बार कोई मैच ऑस्ट्रेलिया के बाहर होगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इसे दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बाजार भारत में अपनी पहुंच बढ़ाने और लीग को वैश्विक पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है। ऑस्ट्रेलिया में इसका सीधा प्रसारण चैनल सेवन, 7प्लस, कायो स्पोर्ट्स और फॉक्स क्रिकेट पर होगा, जबकि भारत में जियोस्टार इसका प्रसारण करेगा। 5 अधिकारियों ने चेपॉक का दौरा किया था BBL के भारत में आयोजन की तैयारी कई महीने पहले ही शुरू हो गई थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने IPL 2026 के दौरान चेपॉक स्टेडियम का दौरा किया था। टीम ने स्टेडियम की सुविधाओं, पिच, लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन पर चर्चा की गई। इसी दौरे के बाद दिसंबर में BBL का उद्घाटन मुकाबला चेन्नई में कराने की योजना को अंतिम रूप दिया गया। भारत में पहले भी हो चुके हैं विदेशी स्पोर्ट्स लीग के प्रमोशनल मैच यह पहला मौका नहीं है, जब किसी विदेशी स्पोर्ट्स लीग के मैच भारत में हो रहे हैं। भारतीय मैदान NBA, इंग्लिश प्रीमियर लीग और ला लिगा के मैच होस्ट कर चुके हैं। ——————————————– लीग क्रिकेट से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… मेजर लीग बेसबॉल ने सूर्यकुमार को एंबेसडर बनाया मेजर लीग बेसबॉल (MLB) ने भारत में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव को अपना एंबेसडर नियुक्त किया है। टी-20 वर्ल्ड 2026 के विश्व विजेता कप्तान सूर्या भारतीय फैंस को बेसबॉल से जोड़ने के लिए कई कार्यक्रम और कंटेंट्स का हिस्सा बनेंगे। पढ़ें पूरी खबर

लॉर्ड्स विमेंस टेस्ट: भारत 285 रन पर ऑलआउट:पहली पारी में मंधाना, हरमन और दीप्ति शर्मा की फिफ्टी; जवाब में इंग्लैंड- 21/1

लॉर्ड्स में खेले जा रहे पहले महिला टेस्ट में भारत की पहली पारी 285 रन पर सिमट गई। पहले दिन ओपनर स्मृति मंधाना, कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने फिफ्टी लगाई। इंग्लैंड के लिए स्पिनर सोफी एक्लेस्टन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जवाब में इंग्लैंड ने दिन की समाप्ति पर 1 विकेट खोकर 21 रन बना लिए हैं। अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेल रही टैमी ब्यूमोंट सिर्फ 2 रन बनाकर क्रांति गौड़ की गेंद पर LBW आउट हुईं। माया बाउशियर 17 रन और हीदर नाइट 1 रन बनाकर खेल रही हैं। भारत ने शुरुआती झटकों के बाद संभाली पारी टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही। शेफाली वर्मा दूसरे ओवर में बिना खाता खोले लॉरेन फिलर की बॉल पर आउट हुईं। इसके बाद यस्तिका भाटिया भी 12 रन बनाकर लॉरेन बेल की गेंद पर बोल्ड हो गईं। 37 रन पर दो विकेट गिरने के बाद स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स ने तीसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़कर पारी को संभाला। जेमिमा 38 गेंदों पर 35 रन बनाकर इजी वोंग की गेंद पर बोल्ड हुईं। जेमिमा के आउट होने के बाद कप्तान हरमन क्रीज पर उतरीं। उन्होंने स्मृति के साथ चौथे विकेट के लिए 89 रन जोड़े। इस साझेदारी की बदौलत टीम ने 2 विकेट पर 190 रन बना लिए थे। 300वें मैच में मंधाना का रिकॉर्ड 29 साल की स्मृति मंधाना ने अपने करियर का 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाली भारत की तीसरी और दुनिया की 12वीं महिला क्रिकेटर बनीं। साथ ही, सबसे कम उम्र में 300 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी भी बन गईं। उनकी 83 रन की पारी में 11 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। मंधाना इजी वॉन्ग की गेंद पर कैच आउट हुईं। दीप्ति ने टीम को 250 रन के पार पहुंचाया भारत को दूसरे सेशन के आखिरी ओवर बड़ा झटका लगा। कप्तान हरमनप्रीत कौर 58 रन बनाकर मैडी विलियर्स की गेंद पर बोल्ड हुईं। इसके बाद दीप्ति ने ऋचा घोष (13 रन) के साथ 27 रन की साझेदारी की। फिर सातवें विकेट के लिए स्नेह राना (13 रन) के साथ 45 रन जोड़कर टीम को 250 रन के पार पहुंचाया। दीप्ति ने 57 रन बनाए। इसके बाद 285 रन पर क्रांति गौड़ का आखिरी विकेट गिरा। टीम 274/6 के स्कोर से 285 रन पर ऑलआउट हो गई। एक्लेस्टन के अलावा इजी वॉन्ग, लॉरेन फिलर और मैडी विलियर्स ने 2-2 विकेट लिए। लॉरेन बेल को एक विकेट मिला। लॉर्ड्स में पहला महिला टेस्ट यह लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड के 142 साल के इतिहास का पहला महिला टेस्ट मैच है। भारत और इंग्लैंड के बीच यह 16वां महिला टेस्ट है। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 15 टेस्ट में भारत ने 3 और इंग्लैंड ने 1 मैच जीता, जबकि 11 मुकाबले ड्रॉ रहे। इंग्लैंड की ब्यूमोंट का आखिरी मैच इंग्लैंड की ओपनर टैमी ब्यूमोंट का यह आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच है। 35 साल की ब्यूमोंट 17 साल के करियर के बाद संन्यास ले रही हैं। उन्होंने 260 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने इंग्लैंड के लिए महिला वनडे में सबसे ज्यादा 12 शतक लगाए हैं। प्लेइंग-11 भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यस्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, सयाली सतघरे, श्री चरणी, क्रांति गौड़। इंग्लैंड: टैमी ब्यूमोंट, माया बाउशियर, हीदर नाइट, नैट सिवर-ब्रंट (कप्तान), एलिस कैप्सी, एमी जोन्स (विकेटकीपर), मैडी विलियर्स, सोफी एक्लेस्टोन, इजी वोंग, लॉरेन बेल, लॉरेन फिलर।

कप्तान श्रेयस ने कोहली की बराबरी की:इंग्लैंड ने पहली बार भारत से 2+ मैचों की टी-20 सीरीज जीती; वैभव फिर फ्लॉप रहे

इंग्लैंड ने चौथे टी-20 में भारत को 9 विकेट से हराकर 5 मैचों की सीरीज में 3-0 की बढ़त बना ली। इसके साथ ही इंग्लैंड ने पहली बार भारत को दो या उससे ज्यादा मैचों की टी-20 सीरीज में हराया। 2018 के बाद यह पहली बार है, जब भारत इंग्लैंड के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में सीरीज हारा है। ब्रिस्टल में कप्तान श्रेयस अय्यर ने लगातार छठा टॉस जीतकर विराट कोहली की बराबरी की, लेकिन उनकी नाबाद 80 रन की पारी भी टीम को हार से नहीं बचा सकी। वहीं 15 साल के वैभव सूर्यवंशी लगातार तीसरे मैच में फ्लॉप रहे और सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हुए। IND Vs ENG मैच के टॉप रिकॉर्ड्स-मोमेंट्स… 1. 12 साल बाद इंग्लैंड ने भारत को हराया 2014 के बाद पहली बार इंग्लैंड ने भारत को टी-20 सीरीज में हरा दिया। दोनों टीमों के बीच अब तक 10 सीरीज खेली गई हैं। इनमें भारत ने 5 और इंग्लैंड ने 4 जीती है। एक सीरीज ड्रॉ रही थी। 2. श्रेयस ने लगातार छठा टॉस जीता श्रेयस ने टी-20 में टॉस जीतने के मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली। उन्होंने लगातार छठवीं बार टॉस जीता। भारत के लिए लगातार सबसे ज्यादा टॉस जीतने का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम है। उन्होंने 2010 से 2012 के बीच 7 टॉस जीते थे। श्रेयस ने कप्तानी डेब्यू के बाद लगातार सबसे ज्यादा टॉस जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने बतौर कप्तान अपने सभी 6 मैचों में टॉस जीते। श्रेयस ने पाकिस्तान के शादाब खान का रिकॉर्ड तोड़ा। शादाब ने 2020 से 2023 के बीच बतौर कप्तान लगातार 5 टॉस जीते थे। 3. भारतीय इलेवन में 8 लेफ्ट हैंड बैटर खेले भारत ने 8 लेफ्टी बैटर को प्लेइंग-11 में खिलाया। टी-20 में तीसरी बार भारत 8 बाएं हाथ के बल्लेबाजों से खेला। इससे पहले एशियन गेम्स 2023 में भारत सेमीफाइनल और फाइनल में इसी कॉम्बिनेशन के साथ उतरा था। 4. श्रेयस ने राशिद के खिलाफ 44 रन बनाए श्रेयस ने आदिल राशिद के खिलाफ 16 गेंदों में 44 रन बनाए है। वे टी-20 में किसी एक गेंदबाज के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। इस लिस्ट में संजू सैमसन टॉप पर हैं। सैमसन ने 2024 हैदराबाद में बांग्लादेश के रिशाद हुसैन के खिलाफ 10 गेंदों में 45 रन बनाए थे। 6. इंग्लैंड ने 13.5 ओवर में टारगेट चेज किया इंग्लैंड ने 13.5 ओवर में 37 गेंद रहते 159 रन का टारगेट हासिल किया। यह 150 या उससे ज्यादा रन के टारगेट में तीसरा सबसे तेज रनचेज है। पहले स्थान पर भारत है। टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2024 में 60 गेंद रहते 150+ का रनचेज किया था। यह टी-20 में भारत की तीसरी सबसे बड़ी हार भी है। टीम को सबसे बड़ी हार 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली थी। तब ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न में 60 गेंद रहते भारत को हराया था। यहां से टॉप मोमेंट्स… 1. वैभव फिर फ्लॉप रहे वैभव सूर्यवंशी लगातार तीसरे मैच में फ्लॉप साबित हुए। वे तीसरे ओवर में ही जोफ्रा आर्चर की गेंद पर कैच आउट हुए। ओवर की चौथी गेेंद जोफ्रा ने ऑफ-स्टंप से बाहर शॉर्ट ऑफ लेंथ डाली। वैभव ने पुल करने का प्रयास किया। गेंद बल्ले के टॉप एज से लगकर हवा में खड़ी हो गई। मिड-ऑन पर खड़े सैम करन ने आसान कैच पकड़ लिया। 2. श्रेयस ने छक्के से फिफ्टी पूरी की कप्तान श्रेयस ने 15वें ओवर में आदिल राशिद की गेंद पर छक्का लगाकर फिफ्टी पूरी की। राशिद ने ओवर की पांचवी गेंद 85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से शॉर्ट पिच डाली। जिस पर कप्तान श्रेयस ने डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से पुल शॉट खेला और गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। 3. अक्षर आखिरी गेंद पर रनआउट हुए अक्षर पटेल पारी की आखिरी गेंद पर रनआउट हुए। आर्चर ने स्लोअर गेंद डाली। श्रेयस फ्लिक करने से चूके और गेंद थाई-पैड से लगकर पिच पर ही रुक गई। नॉन-स्ट्राइक पर खड़े अक्षर सिंगल के लिए दौड़े। इस दौरान आर्चर ने फुटबॉल की तरह गेंद को किक मारी। गेंद सीधे स्टंप्स पर जा लगी। रिप्ले में दिखा कि अक्षर का बल्ला क्रीज से रह गया। ————————————– भारत के इंग्लैंड दौरे की यह खबर भी पढ़िए… भारत 12 साल बाद इंग्लैंड से टी-20 सीरीज हारा, चौथा मैच 9 विकेट से गंवाया भारत 12 साल बाद इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज हार गया। ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेले गए चौथे टी-20 में इंग्लैंड ने 159 रन का टारगेट सिर्फ 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसी के साथ पांच मैचों की सीरीज में इंग्लैंड ने 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। पढ़ें पूरी खबर

स्पेन के खिलाफ कोई टीम गोल नहीं कर सकी:क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम से मुकाबला; फुटबॉल वर्ल्ड कप में तीसरी बार आमने-सामने

FIFA वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में स्पेन का मुकाबला बेल्जियम से होगा। दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी हैं। स्पेन के खिलाफ कोई टीम एक गोल भी नहीं कर सकी है। मुकाबला लॉस एंजिल्स स्टेडियम में आज रात 12:30 बजे से खेला जाएगा। वर्ल्ड कप में दोनों टीमें तीसरी बार आमने-सामने होंगी। स्पेन के 18 साल के लामिन यमाल पर नजरें होंगी। वे टूर्नामेंट में 1 गोल कर चुके हैं। मैच 98- स्पेन और बेल्जियम की वर्ल्ड कप में तीसरी भिड़ंत स्पेन और बेल्जियम के बीच 22 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें स्पेन का पलड़ा भारी रहा है। स्पेन ने 12 मैचों में जीतें हैं, जबकि बेल्जियम को 5 में जीत मिली है। वहीं 5 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। FIFA वर्ल्ड कप में दोनों टीमें तीसरी बार भिड़ेंगी। इससे पहले 1986 के वर्ल्ड कप में बेल्जियम ने पेनाल्टी में स्पेन को 5-4 से हराया था। वहीं 1990 में स्पेन ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। स्पेन ने 4 मुकाबले जीते स्पेन ने 5 मैचों में 4 जीत दर्ज की है। 1 मुकाबला ड्रॉ रहा है। ग्रुप स्टेज में स्पेन ने सऊदी अरब को 4-0 और उरुग्वे को 1-0 से हराया। वहीं काबो वर्डे से मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा। राउंड ऑफ 32 में टीम का सामना ऑस्ट्रिया से हुआ। इसमें टीम ने 3-0 से जीत दर्ज की। फिर राउंड ऑफ 16 में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंची। बेल्जियम भी अब तक कोई मैच नहीं हारी बेल्जियमभी इस वर्ल्ड कप में अब तक कोई मैच नहीं हारी है। टीम ने 5 मैचों में 3 जीत और 2 ड्रॉ दर्ज किए हैं। ग्रुप स्टेज में टीम ने न्यूजीलैंड को 5-1 से हराया। वहीं ईरान से 0-0 और मिस्र से 1-1 से ड्रॉ खेला। राउंड ऑफ 32 में बेल्जियम का सामना सेनेगल से हुआ। इसमें टीम ने 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की। इसके बाद राउंड ऑफ 16 में मेजबान अमेरिका को 4-1 से हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई। यमाल का अटैक Vs बेल्जियम का मिडफील्ड स्पेन की टीम युवा स्टार विंगर लामिन यमाल से आक्रामक खेल चाहेगी। उनपर बेल्जियम के डिफेंस को तोड़ने की जिम्मेदारी होगी। वे टूर्नामेंट में अब तक उम्मीद जितना परफॉर्मेंस नहीं दे पाए हैं। दूसरी ओर बेल्जियम स्टार मिडफील्डर केविन डी ब्रुइन और स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू के दम पर स्पेन के खिलाफ गोल का चांस बनाएगी। हालांकि मैच में स्पेन का पलड़ा भारी रहने की उम्मीद है। दोनों टीमों की पॉसिबल स्टार्टिंग-11: स्पेन: डेविड राया, डैनी कार्वहाल, रॉबिन ले नॉर्मैंड, अयामेरिक लापोर्टे, मार्क कुकुरेला, रोड्रि, फैबियन रुइज, पेड्रि, लामिन यमाल, अल्वैरो मोराटा, निको विलियम्स। बेल्जियम: कास्टील्स, फाएश, वर्तोंघेन, थीएट, कास्टाग्ने, ओनाना, मोंगाला, डोकू, डी ब्रुइन, ट्रोसार्ड, लुकाकू।

फ्रांस लगातार तीसरे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंचा:मोरक्को को 2-0 से हराया; एम्बाप्पे ने मेसी की बराबरी की, दोनों के 8-8 गोल

फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराकर फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। टीम ने लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में जगह बनाई। इससे पहले टीम 2018 और 2022 के फाइनल में पहुंची थी। पहले हाफ में पेनल्टी चूकने वाले कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने दूसरे हाफ के 60वें मिनट में गोल दागा। इसके 6 मिनट बाद उस्मान डेम्बेले ने दूसरा गोल कर फ्रांस की जीत पक्की कर दी। अब फ्रांस का सामना सेमीफाइनल में स्पेन और बेल्जियम के बीच होने वाले दूसरे क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। एम्बाप्पे के इस टूर्नामेंट में 8 गोल हो गए हैं। उन्होंने अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी की बराबरी कर ली है। हालांकि, 3 असिस्ट की बदौलत एम्बाप्पे गोल्डन बूट की दौड़ में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि मेसी के नाम 8 गोल और 1 असिस्ट है। सभी वर्ल्ड कप मिलाकर एम्बाप्पे अब 20 गोल कर चुके हैं। उनसे आगे सिर्फ मेसी हैं, जिनके नाम 21 गोल दर्ज हैं। वहीं, मोरक्को की हार के साथ टूर्नामेंट में अफ्रीका की आखिरी टीम भी बाहर हो गई। मैच के बाद की टॉप-3 तस्वीरें… पहले हाफ में गोल नहीं हुआ फ्रांस ने शुरुआत से ही मोरक्को पर दबाव बना दिया। 5वें मिनट में एम्बाप्पे के शॉट को गोलकीपर यासीन बूनू ने शानदार बचाया। इसके बाद दायो उपामेकानो का हेडर भी बूनू ने रोक दिया। उस्मान डेम्बेले, देजिरे डुए और माइकल ओलीसे ने भी लगातार शॉट मारे, लेकिन मोरक्को के डिफेंडर्स और गोलकीपर ने फ्रांस को बढ़त नहीं लेने दी। एम्बाप्पे पेनल्टी पर चूके 26वें मिनट में नौसैर मजराउई ने बॉक्स के अंदर एम्बाप्पे को गिरा दिया और फ्रांस को पेनल्टी मिली। एम्बाप्पे का शॉट बूनू ने सही दिशा में डाइव लगाकर रोक दिया। इसी वजह से पहले हाफ तक मुकाबला 0-0 से बराबरी पर रहा।

6 मिनट में मैच पलट गया ब्रेक के बाद फ्रांस ने अटैकिंग गेम जारी रखा और 60वें मिनट में एम्बाप्पे ने बॉक्स के बाहर से शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर गोल कर दिया। बूनू इस बार पूरी कोशिश के बावजूद गेंद तक नहीं पहुंच सके। इसके सिर्फ छह मिनट बाद फ्रांस ने बढ़त दोगुनी कर दी। डेम्बेले ने बॉक्स के बाहर से सटीक शॉट लगाया। बूनू ने हाथ लगाया, लेकिन गेंद को गोललाइन पार करने से नहीं रोक सके। FIFA वर्ल्ड कप में फ्रांस की मोरक्को पर जीत के बाद लंदन में हिंसा फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी सीट पक्की कर ली है। इस जीत के बाद जहां फ्रांस की राजधानी पेरिस में शांतिपूर्ण तरीके से जश्न हुआ, वहीं लंदन में हिंसा की घटना सामने आई। फुटबॉल फैंस की भारी भीड़ सड़कों पर आ गई, जिसके बाद हालात काबू से बाहर हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान मेट्रोपॉलिटन पुलिस का एक अधिकारी घायल हो गया। हालात संभालने के लिए पुलिस ने मार्च किया और इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया। ————————– स्पोर्ट्स की ये खबर भी पढ़ें… पैराग्वे की मंत्री ने फ्रांसीसी फुटबॉल कप्तान को गाली दी:इंटरव्यू में ‘सन ऑफ बिच’ कहा; फुटबॉल वर्ल्डकप की 3 कंट्रोवर्सी फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे और पैराग्वे की सीनेटर सेलेस्टे अमारिला के बीच विवाद और गहरा गया है। अमारिला ने अब एम्बाप्पे को पिल्ला (सन ऑफ बिच) कहा है। उन्होंने अपने पहले दिए गए बयानों पर माफी मांगने से इनकार किया है। पूरी खबर पढ़ें…

स्पोर्ट्स अपडेट:हर्षित-वरुण हैमस्ट्रिंग चोट से इंग्लैंड सीरीज से बाहर;एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम का ऐलान,सलीमा टेटे संभालेंगी कप्तानी

भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हैमस्ट्रिंग चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ चौथे और पांचवें टी-20 से बाहर हो गए हैं। दोनों खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट का अभी ऐलान नहीं किया गया है। दोनों खिलाड़ियों को ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी-20 के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। वरुण IPL 2026 के दौरान बाएं पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर के बावजूद खेलते रहे थे। इसके बाद उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज और आयरलैंड दौरा मिस किया था। बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब पूरा करने के बाद उन्होंने इंग्लैंड सीरीज से वापसी की थी। इस सीरीज में उन्होंने दो मैचों में 1 विकेट लिया। दूसरी ओर, हर्षित राणा को 2026 टी-20 वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में घुटने में चोट लगी थी। इसके चलते वे पूरा टूर्नामेंट नहीं खेल सके थे। सर्जरी और लंबे रिहैब के बाद उन्होंने आयरलैंड दौरे से टीम इंडिया में वापसी की थी। स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… एशियन गेम्स के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित हॉकी इंडिया ने जापान में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम का ऐलान कर दिया है। एफआईएच नेशन्स कप जिताने वाली सलीमा टेटे टीम की कप्तान होंगी। हाल ही में पद्मश्री से सम्मानित सविता और बिचू देवी खरीबाम को गोलकीपर के रूप में चुना गया है। मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने कहा कि टीम में सीनियर, अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है और सभी ने हाल के महीनों में अपनी फिटनेस व फॉर्म से प्रभावित किया है। नेशन्स कप में डेब्यू करने वाली लालथंटलुआंगी और शिल्पी डबास को भी शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। टीम:
गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खरीबाम।
डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू, लालथंटलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास।
मिडफील्डर: सलीमा टेटे (कप्तान), निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा, दीपिका सोरेंग।
फॉरवर्ड: लालरेम्सियामी, रितुजा पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग।
घुटने की चोट से मेजर लीग क्रिकेट से बाहर हुए अश्विन भारत के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन दाएं घुटने की चोट के कारण मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। उनकी टीम सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। उनकी जगह ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज पीटर सिडल को पूरे सीजन के लिए टीम में शामिल किया गया है। अश्विन की चोट के कारण अगस्त के अंत में शुरू होने वाली यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग (ETPL) में उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है। इस लीग में वे राहुल द्रविड़ की टीम डबलिन गार्डियंस के कप्तान और मेंटर की भूमिका निभाने वाले हैं। अश्विन ने इस सीजन MLC में सिर्फ एक मुकाबला खेला। टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने 2 ओवर में 24 रन दिए, लेकिन कोई विकेट नहीं ले सके। इससे पहले भी घुटने की इसी चोट के कारण उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी, जिसके चलते उनका पहला बिग बैश लीग (BBL) सीजन भी नहीं हो पाया था। मुस्तफिजुर जिम्बाब्वे दौरे से बाहर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान हैमस्ट्रिंग चोट के कारण जिम्बाब्वे दौरे से बाहर हो गए हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। पहले वनडे के दौरान चोटिल होने के बाद वे दूसरा मैच भी नहीं खेल सके थे। अब उनकी चोट के चलते द हंड्रेड 2026 के शुरुआती मुकाबले भी छूटने की संभावना है। मुस्तफिजुर को द हंड्रेड के पूरे सीजन (20 जुलाई से 20 अगस्त) में खेलने के लिए BCB ने नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) दिया था। उन्हें बर्मिंघम फीनिक्स ने 1 लाख पाउंड (लगभग 1.15 करोड़ रुपए) के बेस प्राइस पर साइन किया था। वे द हंड्रेड खेलने वाले पहले बांग्लादेशी क्रिकेटर बनने वाले थे। बांग्लादेश के टीम फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान ने बताया कि जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे में गेंदबाजी के दौरान मुस्तफिजुर की दाईं हैमस्ट्रिंग में दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।

जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश से वनडे सीरीज जीती:दूसरे मैच में 13 रन से हराया, बेन कुरेन ने नाबाद 111 रन बनाए

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को 13 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 6 विकेट पर 247 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 48.1 ओवर में 234 पर ऑल आउट हो गई। जिम्बाब्वे की जीत के हीरो सलामी बल्लेबाज बेन कुरेन रहे, जिन्होंने नाबाद 111 रन की पारी खेलकर जिम्बाब्वे ने पारी संभाली। आखिर में ब्रैड इवांस ने तेज बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 58 रन बनाए। दोनों ने सातवें विकेट के लिए अटूट 99 रन जोड़े। शुरुआती झटकों के बीच कुरेन ने संभाली पारी हरारे स्पोर्ट्स क्लब में सुबह 9:30 बजे शुरू हुए मैच में पिच पर नमी थी और गेंदबाजों को अच्छी मदद मिल रही थी। इसका फायदा उठाते हुए बांग्लादेश ने 32 रन तक जिम्बाब्वे के तीन विकेट गिरा दिए। इसके बाद बेन कुरेन ने जिम्मेदारी संभाली। शुरुआत में वह थोड़े संघर्ष करते नजर आए, लेकिन सेट होने के बाद उन्होंने संयम और आक्रामक बल्लेबाजी का अच्छा संतुलन दिखाया। उन्होंने नाबाद 118 रन बनाकर अपने वनडे करियर का दूसरा शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह जिम्बाब्वे के सातवें बल्लेबाज बने, जिन्होंने वनडे की एक पारी में पूरे 50 ओवर बल्लेबाजी की। कुरेन को 4 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान भी मिला। तौहीद हृदोय ने शॉर्ट कवर पर उनका मुश्किल कैच छोड़ दिया। इवांस और कुरेन के बीच 99* रन की साझेदारी जिम्बाब्वे की पारी के आखिर में ब्रैड इवांस ने तेजी से रन बटोरे। नंबर-8 पर उतरे इवांस ने पहली 7 गेंदों में सिर्फ 2 रन बनाए, लेकिन इसके बाद आक्रामक अंदाज अपनाया। पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने तस्कीन अहमद की लगातार तीन गेंदों पर तीन छक्के लगाए। इवांस 58 रन बनाकर नाबाद लौटे। जिम्बाब्वे की पारी में लगे सभी 5 छक्के उन्हीं के बल्ले से आए। इवांस और कुरेन की 99 रन की नाबाद साझेदारी ने जिम्बाब्वे को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। मधेवेरे और रजा अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके वेस्ली मधेवेरे ने नाहिद राना के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 13वें ओवर में 11 रन बटोरे, लेकिन कुछ देर बाद आउट हो गए। इसके बाद सिकंदर रजा ने बेन कुरेन के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। हालांकि वह अपनी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और मेहदी हसन मिराज की गेंद पर कवर में कैच दे बैठे। इसके बाद क्लाइव मदांडे भी जल्दी पवेलियन लौट गए। एक समय जिम्बाब्वे का स्कोर 148 रन पर 6 विकेट था, लेकिन कुरेन और इवांस ने टीम को संकट से निकालते हुए मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बांग्लादेश की रणनीति नहीं चली बांग्लादेश ने इस मैच में मुस्तफिजुर रहमान की जगह शरीफुल इस्लाम को मौका दिया। टीम ने अतिरिक्त स्पिन विकल्प के तौर पर मेहदी हसन मिराज, रिशाद हुसैन और मोसद्देक हुसैन को खिलाया, लेकिन यह रणनीति असरदार साबित नहीं हुई। शुरुआत में तस्कीन अहमद और नाहिद राना ने शानदार गेंदबाजी की, लेकिन बीच और आखिरी ओवरों में जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने स्पिनरों के खिलाफ आसानी से रन बनाए। खासकर आखिरी ओवरों में कुरेन और इवांस ने तेजी से रन जुटाकर मैच का रुख बदल दिया। 169 रन पर 3 विकेट से बिखरी बांग्लादेश की पारी 248 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने अच्छी शुरुआत की। एक समय टीम का स्कोर 3 विकेट पर 169 रन था और जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही थी। तंजीद हसन ने 70 गेंदों में 57 रन बनाए, जबकि तौहीद हृदोय ने 90 गेंदों पर 60 रन की पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 107 गेंदों में 84 रन जोड़कर पारी को संभाला। हालांकि, इसके बाद जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने मैच का रुख पलट दिया। बांग्लादेश ने 169 से 176 रन के बीच सिर्फ 7 रन जोड़कर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। टीम ने 211 रन पर छठा और 222 रन तक पहुंचते-पहुंचते आठवां विकेट भी गंवा दिया। यहीं से मुकाबला पूरी तरह जिम्बाब्वे के पक्ष में चला गया और बांग्लादेश लक्ष्य से दूर रह गया। कप्तान नगारवा ने आखिरी स्पेल में पलटा मैच जिम्बाब्वे के कप्तान रिचर्ड नगारवा ने अंतिम ओवरों में बांग्लादेश के निचले क्रम को संभलने का मौका नहीं दिया। बांग्लादेश के आखिरी छह विकेट सिर्फ 65 रन के भीतर गिर गए। नगारवा ने अपने तीसरे स्पेल में नूरुल हसन (38) और मोसद्देक हुसैन (7) के अहम विकेट लिए। इसके बाद अपने आखिरी ओवर की अंतिम गेंद पर उन्होंने मेहदी हसन मिराज को डीप स्क्वायर लेग पर कैच आउट कराकर बांग्लादेश की पारी समाप्त कर दी। इसी के साथ जिम्बाब्वे ने मैच के साथ सीरीज भी अपने नाम कर ली। DRS नहीं होने से अंपायरिंग पर उठा विवाद सीरीज में DRS की सुविधा नहीं होने से अंपायरिंग को लेकर भी विवाद देखने को मिला। बांग्लादेश को जीत के लिए 17 गेंदों में 17 रन चाहिए थे, तभी मेहदी हसन मिराज ने एक गेंद को वाइड नहीं दिए जाने पर अंपायर से नाराजगी जताई। हालांकि नए वनडे नियमों के तहत बल्लेबाज के क्रीज में मूव करने पर गेंदबाज को अतिरिक्त छूट मिलती है और मेहदी लेग स्टंप की ओर शिफ्ट हो गए थे, इसलिए अंपायर ने गेंद को वाइड नहीं माना। इससे पहले जिम्बाब्वे की दो कैच की अपील भी ठुकराई गई थीं, जिससे मेजबान टीम भी असंतुष्ट थी। ———————————————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… चेक टेनिस स्टार मुचोवा पहली बार विंबलडन फाइनल में:अमेरिका की गॉफ को हराया; डॉक्टरों ने कभी टेनिस छोड़ने की सलाह दी थी चेक गणराज्य की 29 साल की कारोलिना मुचोवा ने सातवीं वरीयता प्राप्त अमेरिका की कोको गॉफ को 6-2, 1-6, 7-6 (12-10) से हराकर पहली बार विंबलडन महिला सिंगल्स के फाइनल में जगह बना ली। पूरी खबर