ब्रेकिंग न्यूज़
रेलवे ट्रैक के पास मिला युवक का शव:दिल्ली निवासी के तौर पर हुई पहचान, ट्रेन से गिरने की आशंका

चूरू के राजलदेसर थाना क्षेत्र में रेलवे के पश्चिमी आउटर सिग्नल ट्रैक के पास एक युवक का शव मिला है। सूचना मिलने पर राजलदेसर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास किए। शव के पास मिले एक मोबाइल फोन की सहायता से मृतक की पहचान दिल्ली निवासी कमल कुमार (35) पुत्र रामस्वरूप के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, कमल कुमार बीकानेर से दिल्ली जा रहा था और कैटरिंग का काम करता था। प्रथम दृष्टया यह मामला दिल्ली सराय रोहिल्ला ट्रेन से गिरने का माना जा रहा है। घटना की सूचना पर एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को राजलदेसर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मंगलवार दोपहर परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:लेपर्ड से भिड़ा सेल्समैन, कार पर लटककर बदमाश को पकड़ा; IG से किसान बोला-मेरी भैंसे ढूंढवा दीजिए

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर जयपुर से है। सरकार ने हाईकोर्ट में पंचायत-निकाय चुनाव की तारीख बताई है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें 1.सरकार ने हाईकोर्ट में बताई पंचायत-निकाय चुनाव की तारीख
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद आज सरकार ने पंचायत और निकाय चुनाव की डेट और शेड्यूल को कोर्ट के सामने रखा। इसके अनुसार अगस्त में प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 17 अगस्त को निकाय चुनाव की घोषणा कर देंगे और 23 सितंबर को पंचायत चुनाव की घोषणा हो जाएगी। पूरी खबर पढ़ें 2. अलवर-भरतपुर में तेज बारिश, धौलपुर में सड़कों पर पानी भरा
भरतपुर, धौलपुर और कोटपूतली-बहरोड़ जिले में मानसून के लंबे ब्रेक के बाद सोमवार सुबह तेज बारिश हुई। धौलपुर में बाजार की सड़कों पर पानी भर गया। अलवर में भी दोपहर में बरसात हुई। मौसम विभाग ने आज 24 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें 3. खून की कमी से किडनी डैमेज हुई, प्रसूता की मौत
जोधपुर में एक प्रसूता की मौत हो गई। महिला की 24 जून को तिंवरी हॉस्पिटल में नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद खून नहीं रुका तो उसे उम्मेद हॉस्पिटल रेफर किया गया था। 4 दिन बाद 27 जून को महात्मा गांधी हॉस्पिटल में रेफर किया गया था। पूरी खबर पढ़ें 4. शराब की दुकान में घुसा लेपर्ड,3 लोगों पर किया हमला
टोंक के टोडारायसिंह आज सुबह लेपर्ड शराब की दुकान में घुस गया। लेपर्ड ने 3 लोगों पर हमला किया। आखिरकार सेल्समैन ने लेपर्ड को दुकान में बंद किया। जयपुर से पहुंची टीम ने 5 घंटे बाद लेपर्ड का रेस्क्यू किया। पूरी खबर पढ़ें 5. कार पर लटककर ग्रामीण ने बदमाश को पकड़वाया
अलवर में ग्रामीण ने कार पर लटककर हथियार तस्कर को पकड़वाया। पुलिस को देखकर आरोपी ने गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। इस पर एक ग्रामीण ने अपनी बाइक कार के आगे लगा दी। बदमाश ने बाइक को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की तो ग्रामीण कार का दरवाजा पकड़कर लटक गया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. वीडियो बनाने से टोका तो भीड़ पर चढ़ाई कैंपर
नागौर में खींवसर में सोमवार को सामाजिक बैठक के दौरान एक युवक ने भीड़ पर कैंपर वाहन चढ़ा दिया। कैंपर की टक्कर से एक महिला घायल हो गई और एक बच्ची को भी चोटें आई हैं। पूरी खबर पढ़ें 7. जेल में घुसा 5 फीट लंबा कोबरा
कोटा के बाल संप्रेषण गृह में रात एक बजे करीब 5 फीट लंबा ब्लैक कोबरा घुस गया। सांप को देखते ही कर्मचारियों ने केयरटेकर और सुरक्षा गार्ड को सूचना दी। स्नेक कैचर ने किचन के पास एक दीवार के किनारे छिपकर बैठै कोबरा को रेस्क्यू किया। पूरी खबर पढ़ें 8. आईजी से किसान बोला-6 भैंसें ढूंढवा दीजिए
पाली में किसान ने जनसुनवाई में आईजी सत्येन्द्र सिंह से कहा-4 महीने पहले मेरी 6 भैंसे चोरी हो गईं, उनको ढूंढवा दीजिए। आईजी ने अधिकारियों को मामले में उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. बारिश के लिए पुरुषों के वेश में निकलीं महिलाएं डूंगरपुर जिले में अच्छी बारिश की मनोकामना को लेकर अनूठी परंपरा ‘धाड़’ निभाई गई। इसके तहत मोरा सारण, डूंगरवाड़ा सहित आसपास के गांवों में महिलाओं ने पुरुषों का वेश धारण कर जुलूस निकाला। पूरी खबर पढ़ें कल क्या है खास 10. राज्य के 24 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
21 जुलाई को राजस्थान में मानसून फिर से जोर पकड़ेगा। राज्य के 24 जिलों में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनावों का पूरा शेड्यूल:5 नवंबर तक अलग-अलग पदों के लिए मतदान होगा, जानिए- कब आएगा रिजल्ट

राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनावों की तारीख तय हो गई है। इस बार राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव की घोषणा करने से पहले उसे हाईकोर्ट को चुनाव की तारीख बतानी पड़ी है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक राजस्थान में पंचायत चुनावों की घोषणा 23 सितंबर को होगी। पंचायत चुनाव के लिए 13 अक्टूबर से 5 नवंबर तक अलग-अलग चरणों में मतदान होगा और 12 नवंबर तक परिणामों की घोषणा होगी। वहीं, नगरीय निकाय चुनावों की घोषणा 17 अगस्त को होगी। 6 और 9 सितंबर को मतदान होगा और 11 सितंबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके बाद निकायों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। इन तारीखों का उल्लेख निर्वाचन आयोग ने हाईकोर्ट में पेश किए जवाब में किया है, इसलिए हो सकता है कि निर्वाचन आयोग जब तारीखों की घोषणा करें तो इनमें कुछ परिवर्तन हों। पढ़िए, निकाय और पंचायत चुनाव का पूरा शेड्यूल…. निकाय चुनाव का शेड्यूल निकाय चुनाव के एक चरण में लगेंगे 60,000 कर्मचारी नगरीय निकाय चुनाव दो चरण में करवाया जाना प्रस्तावित है। इसका कारण है कि नगरीय निकाय चुनाव के एक चरण के लिए 60,000 कर्मचारी और 50 हजार पुलिस कर्मी चाहिए। नगरीय चुनाव दो चरण में कुल 309 नगरीय निकायों के 10,245 वार्ड के 16,482 मतदान केन्द्रों पर होगा, जिसमें 14,375,806 मतदाता भाग लेंगे। नगरीय चुनाव प्रत्यक्ष रूप से केवल सदस्य पद के लिए होगा। इसके बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। पंचायत चुनाव के एक चरण में 80,000 कर्मचारी लगेंगे पंचायती राज चुनाव चार-चार चरण में होंगे। पंचायती राज चुनाव के एक चरण के लिए 80,000 कर्मचारी और 70,000 पुलिस कर्मी चाहिए । इसी प्रकार पंचायत में कुल 14,403 ग्राम पंचायतों, 457 पंचायत समितियों और 41 जिला परिषदों के कुल 45,316 मतदान केंद्रों पर होगा, जिसमे कुल 40,218,969 मतदाता भाग लेंगे। पंचायत चुनाव प्रत्यक्ष रूप से चार पदों वार्ड पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के लिए होगा। इसके बाद उपसरपंच, प्रधान, उप प्रधान, जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख के चुनाव होंगे। ….. ये भी पढ़ें… सरकार ने हाईकोर्ट में बताई पंचायत-निकाय चुनाव की तारीख:ओबीसी आयोग 5 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट देगा, जानें- कब से हो सकती है वोटिंग राजस्थान में लंबे समय से पंचायत-निकाय चुनाव की घोषणा को लेकर इंतजार किया जा रहा था। वो इंतजार आज खत्म हो गया है। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद आज सरकार ने पंचायत और निकाय चुनाव की डेट और शेड्यूल को कोर्ट के सामने रखा। इसके अनुसार अगस्त में प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। (पूरी खबर पढ़ें)

परिवार के 4-लोगों ने पिया जहर, पति-पत्नी, बेटे की मौत:छोटे बेटे की हालत गंभीर, बीमारी को लेकर डिप्रेशन में थे

करौली जिले में एक परिवार के 4 लोगों ने जहर पी लिया। इससे पति-पत्नी और बड़े बेटे की मौत हो गई। जबकि छोटा बेटा गंभीर हालत में जयपुर में भर्ती है। घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की सपोटरा उपखंड क्षेत्र के बालोती गांव की है। छोटे बेटे के बीमारी को लेकर परिवार डिप्रेशन में था। कैलादेवी डीएसपी मीना मीणा ने बताया- बालोती निवासी रामदयाल बैरवा (45), उनकी पत्नी राजबाई (40) और बड़े बेटे लक्ष्मीनारायण (25) और विजयराज बैरवा (23) ने जहर पी लिया। इससे उनकी तबीयत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने उन्हें सपोटर अस्पताल पहुंचाया। चारों को गंभीर हालत में सपोटर से पहले गंगापुर सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। गंगापुर सिटी से निकलते ही रास्ते में राजबाई और लक्ष्मीनारायण की मौत हो गई। इस कारण इनके शव सपोटरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। रामदयाल की मौत जयपुर पहुंचने से पहले होने पर उनके शव को जयपुर में रखवाया गया है। वहीं, विजयराज का जयपुर के अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बेटे के बीमार होने से परिवार डिप्रेशन में था डीएसपी मीना मीणा ने बताया- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार का छोटा बेटा विजयराज लंबे समय से बीमार था, जिसके कारण परिवार मानसिक तनाव में था। इसके चलते यह कदम उठाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके। घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतराम मीणा, थानाधिकारी अभिजीत कुमार और तहसीलदार दिलीप अग्रवाल मौके पर पहुंचे। ये खबर भी पढ़ें… बेटे को गोद में लेकर मां ट्रेन के आगे कूदी:घर से 500 मीटर दूर दोनों की दर्दनाक मौत; महिला का गुजरात में चल रहा था इलाज बाड़मेर में एक मां ने अपने 6 साल के मासूम बेटे के साथ ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। (पूरी खबर पढ़ें)

युवकों ने भीड़ पर चढ़ाई कैंपर, VIDEO:वीडियो बनाने से मना करने पर भड़के, महिला और एक बच्ची घायल

नागौर में ग्रामीणों की बैठक का वीडियो बनाने से मना करने पर तीन युवकों ने भीड़ पर कैंपर वाहन चढ़ा दिया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कैंपर की टक्कर से एक महिला घायल हो गई और एक बच्ची को भी चोट आई है। घटना घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी ग्रामीणों पर कैंपर चढ़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामला खींवसर थाना क्षेत्र के ताडावास गांव का सोमवार सुबह 11 बजे का है। ASI हरेन्द्र ने बताया- ग्रामीण नथूराम ने 3 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करवाया है। शाम को कैम्पर ड्राइवर को डिटेन कर लिया गया।
पहले देखिए- घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें वीडियो बनाने से रोका तो गुस्सा हुए, रौंदने का प्रयास किया ASI हरेन्द्र ने बताया कि सोमवार सुबह ताडावास गांव में विभिन्न समाजों के लोग समस्याओं को लेकर बैठक कर रहे थे। इसी दौरान धनश्याम पुत्र रामनिवास फिड़ौदा, सुरेश पुत्र पूसाराम और रामनिवास पुत्र डाबरराम फिड़ौदा कैंपर गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे। जान बचाने के लिए भागने लगे लोग ASI ने बताया- युवक गांव के मुख्य चौक पर हो रही बैठक का वीडियो बनाने लगे। ग्रामीणों ने वीडियो बनाने से रोका तो आरोपी गुस्सा हो गए। आरोपी युवक तेज रफ्तार में ग्रामीणों पर कैंपर दौड़ा दी। कैंपर पहले 5 से 7 बाइकों को टक्कर मारी, फिर बिजली के पोल से जा भिड़ी। पोल क्षतिग्रस्त होने के बाद मौके पर करंट फैलने की आशंका के चलते भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। कैंपर की टक्कर से छोटी पत्नी अमीर खां का एक हाथ टूट गया। एक बच्ची को भी चोटें आई हैं, जिसे हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि लोग समय रहते नहीं हटते तो बड़ा हादसा हो सकता था। तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाते हुए भागे आरोपी
ASI हरेंद्र ने बताया-नथूराम पुत्र भागीरथ जाट निवासी ताडावास ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शाम को पुलिस ने कैम्पर ड्राइवर घनश्याम पुत्र रामनिवास को डिटेन कर लिया।

भिवानी में ट्रक से टकराकर जिंदा जला डंपर ड्राइवर,VIDEO:धमाके के साथ फटे ऑयल टैंक, लगी आग; बचाओ-बचाओ चिल्लाकर बुलाई मदद, जेसीबी से बचाया ट्रक ड्राइवर

हरियाणा के भिवानी में सोमवार दोपहर ट्रक और डंपर की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इसमें डंपर और ट्रक के केबिन में सवार ड्राइवर अंदर ही फंस गए। खुद को आग से घिरा देख दोनों जोर-जोर से चिल्लाने लगे। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। मगर, आग की तेज लपटें देख वहां लोग उनके पास नहीं जा सके। इसके बाद लोगों ने जेसीबी मशीन की मदद से ट्रक के केबिन में फंसे ड्राइवर को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन डंपर का ड्राइवर जिंदा जल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक, टक्कर के बाद दोनों वाहनों के तेल टैंक फट गए थे, जिससे आग ने भीषण रूप ले लिया। ट्रक राजस्थान और डंपर हरियाणा निवासी मालिक के नाम पर है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया हे, जिसमें केबिन में फंसा ड्राइवर आग की लपटों में घिरा हुआ है और जाने बचाने की गुहार लगा रहा है। लोग उसकी ओर पड़ी बोरियां हटाकर मदद करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे है। ट्रक-डंपर में आग लगने की PHOTOS… यहां सिलेसिलवार ढंग से जानिए कैसे हुआ हादसा… प्रत्यक्षदर्शी बोले- टक्कर लगते ही दोनों वाहनों के तेल टैंक फट गए ईशरवाल गांव के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब ट्रक और डंपर की टक्कर हुई तो दोनों वाहनों का तेल टैंक भी फट गया। इस कारण आग और तेज भड़क गई। कुछ दूरी पर ही जेसीबी खड़ी थी, जिसकी सहायता से ट्रक चालक को तो आग की लपटों से बचाने का प्रयास हो गया था। मगर, डंपर का पूरा केबिन आग की चपेट में आ गया। सके कारण डंपर ड्राइवर अंदर ही जिंदा जल गया। ट्रक राजस्थान, डंपर हरियाणा निवासी मालिक के नाम पर तोशाम थाना प्रभारी विशेष कुमार के अनुसार ट्रक राजस्थान के मालिक का है, जबकि डंपर हरियाणा के बहादुगरगढ़ निवासी के नाम पर है। ट्रक का ड्राइवर जिंदा जल गया है, जिसकी शिनाख्त अभी नहीं हुई है। राजस्थान के ट्रक ड्राइवर को बुरी तरह से झुलसने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

RPSC में ओरिएन्टेशन कार्यक्रम, मेंबर्स ने समझी कार्यप्रणाली:अध्यक्ष ले.कर्नल केसरी सिंह ने कहा-हमारी निष्ठा, कार्यक्षमता ही हमारी पहचान

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) में सोमवार को सदस्यों के लिए विशेष ओरिएंटेशन और कार्यालय निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह की पहल पर हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य आयोग की कार्यप्रणाली, तकनीकी प्रक्रियाओं और विभागीय जिम्मेदारियों की बेहतर समझ विकसित कर पारदर्शिता, जवाबदेही और समन्वय को मजबूत करना था। कार्यक्रम की शुरुआत परिचयात्मक बैठक से हुई, जिसमें संयुक्त सचिव ने आयोग के संगठनात्मक ढांचे, विभिन्न अनुभागों की भूमिका, राजपत्रित-अराजपत्रित पदों की स्थिति और कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। इस दौरान नवाचारों के जरिए आयोग की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोग के सभी सदस्यों के साथ-साथ आयोग सचिव, मुख्य परीक्षा नियंत्रक, संयुक्त सचिव, विधि सलाहकार और वित्तीय सलाहकार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यालय का किया निरीक्षण बैठक के बाद आयोग सदस्यों ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण अनुभागों का निरीक्षण किया और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान अध्यक्ष केसरी सिंह ने अधिकारियों को कार्य में गति, गोपनीयता और सटीकता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समयबद्ध भर्ती और मजबूत फीडबैक सिस्टम पर फोकस निरीक्षण के बाद आयोजित संवाद सत्र में आगामी भर्ती परीक्षाओं और साक्षात्कारों को तय समय-सीमा में निर्बाध रूप से आयोजित करने, कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाने तथा प्रभावी फीडबैक सिस्टम विकसित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। हमारी निष्ठा, कार्यक्षमता ही हमारी पहचान-अध्यक्ष आयोग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह ने कहा कि आयोग की पहचान जाति, धर्म या वर्ग से नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में कार्य करने वाली टीम के रूप में है। उन्होंने कहा कि शुचिता, पारदर्शिता और समयबद्धता आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि ओरिएंटेशन का उद्देश्य सभी सदस्यों और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है, ताकि आयोग की आंतरिक प्रक्रियाओं, सुरक्षा मानकों और तकनीकी व्यवस्थाओं की बेहतर समझ विकसित हो और प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों का भरोसा और मजबूत हो। अध्यक्ष ने कहा कि हमारा स्पष्ट लक्ष्य है कि सभी भर्ती परीक्षाएं और साक्षात्कार तय समय-सीमा के भीतर और पूर्ण निष्पक्षता के साथ संपन्न हों, और इसके लिए तकनीक के अधिकतम उपयोग पर हमारा विशेष फोकस है। आयोग द्वारा हाल ही में 12 लाख से अधिक पंजीकृृत अभ्यर्थियों के लिए वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 का सुरक्षित एवं सफल आयोजन 12 से 18 जुलाई तक किया गया है। ………… पढें ये खबर भी… जेएलओ-भर्ती एग्जाम के 3 दिन पहले अपलोड होंगे एडमिट कार्ड:जयपुर विकास प्राधिकरण में 12 पदों पर होगी भर्ती; दो दिन होगा पेपर राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से कनिष्ठ विधि अधिकारी (जयपुर विकास प्राधिकरण) भर्ती-2025 का एग्जाम 26 एवं 27 जुलाई को होगा। 12 पदों पर होने वाली भर्ती के लिए सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक जयपुर जिला मुख्यालय दो पारियों में एग्जाम होगा। पूरी खबर पढें

सरकारी हॉस्पिटल में ऑपरेशन के मांगे 1800 रुपए, डॉक्टर गिरफ्तार:मरीज से एडवांस के बाद बकाया 1300 रुपए लेते जूनियर स्पेशलिस्ट को एसीबी ने पकड़ा

राजसमंद में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने आरके गर्वनमेंट जिला हॉस्पिटल के जूनियर स्पेशलिस्ट (सर्जरी) डॉ. पंकज जैन को 1300 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी के एएसपी हिम्मत सिंह चारण ने बताया कि डॉक्टर ने परिवादी की आंख के पास हुई फुंसी का माइनर ऑपरेशन करने की एवज में 2 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 1800 रुपए में सहमति बनी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने रिश्वत मांगने का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान परिवादी ने डॉक्टर को पहले 500 रुपए दिए। इसके बाद पूर्व नियोजित योजना के अनुसार शेष 1300 रुपए देते ही एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए डॉ. पंकज जैन को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके से 1300 रुपए की रिश्वत राशि के साथ सत्यापन के दौरान दिए गए 500 रुपए भी बरामद कर लिए। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी डॉक्टर से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन के समर्थन में हनुमानगढ़ से राष्ट्रपति को ज्ञापन:शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे लोकतांत्रिक प्रदर्शन के समर्थन में सोमवार को हनुमानगढ़ में माकपा और अन्य संगठनों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन बाद राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और प्रदर्शनकारियों की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की मांग की गई। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, फिर सौंपा ज्ञापन ज्ञापन सौंपने से पहले माकपा और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के प्रति समर्थन जताते हुए सरकार से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने की अपील की। शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, समान अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। साथ ही शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा पर जोर ज्ञापन में संविधान प्रदत्त अधिकारों—अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, शांतिपूर्ण प्रदर्शन और संगठन बनाने के अधिकार—की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। साथ ही लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने, जनता की आवाज का सम्मान करने और संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करने पर बल दिया गया। ‘लोकतंत्र में असहमति का सम्मान जरूरी’ प्रतिनिधिमंडल में शामिल माकपा नेता रघुवीर वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों की आवाज सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि असहमति लोकतांत्रिक व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है और शांतिपूर्ण आंदोलनों का सम्मान किया जाना चाहिए। राष्ट्रपति से शीघ्र कार्रवाई का आग्रह ज्ञापन में राष्ट्रपति से अनुरोध किया गया कि इन सभी मांगों को भारत सरकार तक शीघ्र पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। ज्ञापन सौंपने वालों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनभावनाओं और शांतिपूर्ण आंदोलनों का सम्मान होना चाहिए तथा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।

12 की उम्र में कटे दोनों पैर:14 साल बाद फिर से चलने लगी; जर्मन तकनीक से बने 3D पैर लगाए गए

उदयपुर के नारायण सेवा संस्थान ने उत्तर प्रदेश के बहराइच की 26 साल की चांदनी को जापानी और जर्मन तकनीक से बने 3D प्रिंटेड कृत्रिम पैर लगाकर नई जिंदगी दी है। 12 साल की उम्र में हुए एक दर्दनाक ट्रेन हादसे में घुटनों तक दोनों पैर गंवाने के बाद चांदनी पिछले 14 साल से बिना पैरों के ही जीवन जी रही थीं। अब संस्थान में कृत्रिम पैर लगने और सही ट्रेनिंग मिलने के बाद वह एक बार फिर से अपने पैरों पर चलने लगी हैं। दरअसल, घटना तब की है जब 12 साल की चांदनी अपने चाचा के साथ नाना के घर जा रही थीं। स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गईं। इससे पहले कि वह संभल पातीं, ट्रेन चल पड़ी और हादसे में घुटनों तक उनके दोनों पैर कट गए। अस्पताल में इलाज मिलने से जख्म तो भर गए, लेकिन इस हादसे ने उनकी पूरी जिंदगी बदलकर रख दी। उदयपुर का नारायण सेवा संस्थान बना सहारा हादसे के बाद चांदनी अगले 14 साल तक घर में ही कैद होकर रह गईं। बिना किसी सहारे के चलना तो दूर, वह अपने रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम भी खुद नहीं कर पाती थीं। दूसरों पर निर्भर रहने की वजह से वह काफी परेशान रहती थीं। जब भी वह बाहर लोगों को अपने पैरों पर चलते देखती थीं तो उनके मन में भी यही इच्छा होती थी कि काश वह भी एक बार फिर से चल पाती। करीब एक महीने पहले चांदनी के परिवार को उदयपुर के नारायण सेवा संस्थान के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद परिवार बिना देर किए उन्हें लेकर उदयपुर संस्थान पहुंचा। यहां डॉक्टरों की टीम ने चांदनी के पैरों का नाप लिया और जापानी व जर्मन तकनीक का इस्तेमाल करके 3D प्रिंटेड ‘नारायण मॉड्यूलर आर्टिफिशियल लिम्ब’ तैयार किए। कृत्रिम पैर लगाने के बाद अपने पैरों पर चलने लगी चांदनी कृत्रिम पैर लगाने के बाद चांदनी को संस्थान में ही कुछ दिनों तक चलने-फिरने का अभ्यास कराया गया। लगातार ट्रेनिंग और अपनी मेहनत के दम पर अब चांदनी बिना किसी सहारे के आत्मविश्वास के साथ अपने पैरों पर चलने लगी हैं। वह अपने ज्यादातर काम खुद ही कर रही हैं। 14 साल के लंबे इंतजार के बाद अपने पैरों पर दोबारा खड़ा होना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। सही समय पर संस्थान से मिले सहयोग ने उनके चेहरे पर फिर से मुस्कान लौटा दी है।