RPSC में ओरिएन्टेशन कार्यक्रम, मेंबर्स ने समझी कार्यप्रणाली:अध्यक्ष ले.कर्नल केसरी सिंह ने कहा-हमारी निष्ठा, कार्यक्षमता ही हमारी पहचान
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) में सोमवार को सदस्यों के लिए विशेष ओरिएंटेशन और कार्यालय निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह की पहल पर हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य आयोग की कार्यप्रणाली, तकनीकी प्रक्रियाओं और विभागीय जिम्मेदारियों की बेहतर समझ विकसित कर पारदर्शिता, जवाबदेही और समन्वय को मजबूत करना था। कार्यक्रम की शुरुआत परिचयात्मक बैठक से हुई, जिसमें संयुक्त सचिव ने आयोग के संगठनात्मक ढांचे, विभिन्न अनुभागों की भूमिका, राजपत्रित-अराजपत्रित पदों की स्थिति और कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। इस दौरान नवाचारों के जरिए आयोग की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोग के सभी सदस्यों के साथ-साथ आयोग सचिव, मुख्य परीक्षा नियंत्रक, संयुक्त सचिव, विधि सलाहकार और वित्तीय सलाहकार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यालय का किया निरीक्षण बैठक के बाद आयोग सदस्यों ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण अनुभागों का निरीक्षण किया और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान अध्यक्ष केसरी सिंह ने अधिकारियों को कार्य में गति, गोपनीयता और सटीकता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समयबद्ध भर्ती और मजबूत फीडबैक सिस्टम पर फोकस निरीक्षण के बाद आयोजित संवाद सत्र में आगामी भर्ती परीक्षाओं और साक्षात्कारों को तय समय-सीमा में निर्बाध रूप से आयोजित करने, कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाने तथा प्रभावी फीडबैक सिस्टम विकसित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। हमारी निष्ठा, कार्यक्षमता ही हमारी पहचान-अध्यक्ष आयोग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह ने कहा कि आयोग की पहचान जाति, धर्म या वर्ग से नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में कार्य करने वाली टीम के रूप में है। उन्होंने कहा कि शुचिता, पारदर्शिता और समयबद्धता आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने कहा कि ओरिएंटेशन का उद्देश्य सभी सदस्यों और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है, ताकि आयोग की आंतरिक प्रक्रियाओं, सुरक्षा मानकों और तकनीकी व्यवस्थाओं की बेहतर समझ विकसित हो और प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों का भरोसा और मजबूत हो। अध्यक्ष ने कहा कि हमारा स्पष्ट लक्ष्य है कि सभी भर्ती परीक्षाएं और साक्षात्कार तय समय-सीमा के भीतर और पूर्ण निष्पक्षता के साथ संपन्न हों, और इसके लिए तकनीक के अधिकतम उपयोग पर हमारा विशेष फोकस है। आयोग द्वारा हाल ही में 12 लाख से अधिक पंजीकृृत अभ्यर्थियों के लिए वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा-2025 का सुरक्षित एवं सफल आयोजन 12 से 18 जुलाई तक किया गया है। ………… पढें ये खबर भी… जेएलओ-भर्ती एग्जाम के 3 दिन पहले अपलोड होंगे एडमिट कार्ड:जयपुर विकास प्राधिकरण में 12 पदों पर होगी भर्ती; दो दिन होगा पेपर राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से कनिष्ठ विधि अधिकारी (जयपुर विकास प्राधिकरण) भर्ती-2025 का एग्जाम 26 एवं 27 जुलाई को होगा। 12 पदों पर होने वाली भर्ती के लिए सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक जयपुर जिला मुख्यालय दो पारियों में एग्जाम होगा। पूरी खबर पढें

