ब्रेकिंग न्यूज़
हॉस्टल में स्टूडेंट्स से मारपीट मामले में क्रॉस केस दर्ज:16 साल के नाबालिग को बंधक बनाकर पीटा था, वीडियो बनाकर रंगदारी मांगने का आरोप

सीकर में बाॅयज हाॅस्टल में बाउंसर्स के स्टूडेंट्स से मारपीट के मामले में क्रॉस केस दर्ज हो गया है। उसी हॉस्टल में रहने वाले एक स्टूडेंट के पिता ने पीड़ित दोनों स्टूडेंट्स समेत कुल 3 स्टूडेंट मारपीट करने, निर्वस्त्र कर वीडियो बनाने और फिर रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज करवाया है। पीड़ित छात्र के पिता ने रिपोर्ट में बताया कि बेटे की हालत बिगड़ने पर उसे नवलगढ़ के राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित के पिता ने रिपोर्ट दी है कि 25 जून की रात करीब 11 बजे हॉस्टल में रहने वाले 3 स्टूडेंट्स ने 16 वर्षीय नाबालिग का कपड़े से मुंह बंद कर दिया ताकि वह चिल्ला न सके और उसे जबरन उठाकर अपने कमरे में ले गए। रिपोर्ट के अनुसार कमरे में ले जाकर तीनों स्टूडेंट्स ने नाबालिग को निर्वस्त्र कर दिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। नाबालिग के सिर, पीठ, आंख और कान पर गंभीर वार किए, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं और पीठ पर चोट के गहरे निशान हैं। तीनों‌ स्टूडेंट्स ने मारपीट‌ का मोबाइल में वीडियो भी बना लिया। वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने नाबालिग को डराया-धमकाया और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसों (रंगदारी) की मांग की। मारपीट के बाद नाबालिग अगले दिन घर लौट आया। उसने परिजनों को तबियत खराब होने और चक्कर आने की बात कहकर खुद को कमरे में बंद कर लिया। रिपोर्ट के‌ अनुसार दिनों तक वह गहरे सदमे में रहा। जब उसकी तबीयत अत्यधिक बिगड़ गई और चक्कर आने बंद नहीं हुए, तब उसने रोते हुए अपने परिजनों को इस पूरी आपबीती की जानकारी दी। परिजन तुरंत उसे लेकर नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। नाबालिग के परिजनों की रिपोर्ट पर सीकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना का कथित वीडियो जुटाने में लगी है।

रामगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश:तापमान में गिरावट दर्ज, उमस से राहत मिली

रामगढ़ क्षेत्र में सोमवार शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दिनभर की उमस भरी गर्मी के बाद शाम करीब सात बजे तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली। लगभग आधे घंटे तक हुई इस बारिश से मौसम सुहाना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह से ही क्षेत्र में भीषण उमस और गर्मी का प्रभाव बना हुआ था। सुबह लगभग पांच बजे हल्की बारिश होने के बावजूद, दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकल आई, जिससे उमस और बढ़ गई। गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में चहल-पहल कम रही। शाम होते-होते आसमान में अचानक काले बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ मौसम ने करवट ली और कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। गोविंदगढ़ मोड़ पर बाबा लालदास मेले के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल भंडारे में पहुंचे श्रद्धालुओं को भी गर्मी के कारण काफी परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि स्थानीय मान्यता के अनुसार, बाबा लालदास मेले के दिन लगभग हर वर्ष बारिश होती है और इस बार भी शाम को अच्छी बारिश हुई, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया।बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों ने लंबे समय बाद राहतभरा मौसम महसूस किया।

सादुलपुर के सचिन पांडिया को किया सम्मानित:शिक्षा के क्षेत्र में योगदान की सराहना की, जयपुर में मिला सम्मान

सादुलपुर के सचिन पांडिया को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय भामाशाह पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में शिक्षा के विकास में सहयोग देने वाले भामाशाहों, प्रेरकों और दानदाताओं को सम्मानित किया गया। सीबीओ बबलेश शर्मा ने सचिन पांडिया को यह पुरस्कार प्रदान किया। सचिन पांडिया को दी बधाई पांडिया को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान, सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन और विद्यार्थियों के हित में किए गए कार्यों के लिए दिया गया है। इस उपलब्धि पर शिक्षा जगत, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। समारोह के दौरान, सम्मानित व्यक्तियों ने शिक्षा के विकास में समाज की भागीदारी को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज निर्माण में निरंतर योगदान देने का संदेश भी दिया।

रानी में होटल पर मारपीट मामला, व्यापारियों ने किया प्रदर्शन:मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की, थानाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

रानी में एक होटल पर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना को लेकर व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। इसके बाद रानी पुलिस थानाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा। व्यापारियों और समाजसेवियों ने मांग की कि मामले के मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ये घटना 23 जून को प्रताप बाजार स्थित काठियावाड़ी में हुई थी। दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार ज्ञापन में बताया गया कि इस मामले में तीन लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सहयोगी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी से बाजार के व्यापारियों और आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। व्यापारियों ने कानून व्यवस्था पर जताई चिंता व्यापारियों ने कहा कि यदि मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो इससे कानून व्यवस्था को लेकर गलत संदेश जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन का पुलिस और कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सौंपे गए ज्ञापन पर बड़ी संख्या में व्यापारियों और समाजसेवियों ने हस्ताक्षर किए। सभी ने एक स्वर में पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करने और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।

किशनगढ़ में बेकाबू पिकअप पलटी, 20 से ज्यादा घायल:गोवंश को बचाने के चक्कर में हुई बेकाबू, मायरा भरकर लौट रहे थे; पांच अजमेर रेफर

किशनगढ़ में हाईवे पर सोमवार रात को एक लोडिंग पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में मायरा भरकर लौट रहे 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर क्षेत्र से मायरा भरकर मरवा गांव जा रही लोडिंग पिकअप रलावता गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान अचानक सामने गोवंश आ जाने पर चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। हादसे के समय वाहन में महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे, जिससे बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत शुरू किया राहत कार्य दुर्घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल किशनगढ़ के राजकीय यज्ञनारायण (वाईएन) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया। पांच गंभीर घायलों को अजमेर किया गया रेफर वाईएन अस्पताल के पीएमओ डॉ. परसाराम चौधरी ने हादसे की सूचना मिलते ही मेडिकल टीमों को अलर्ट कर दिया। अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। जांच के दौरान पांच लोगों की हालत गंभीर पाई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार किशनगढ़ के वाईएन अस्पताल में जारी है। पुलिस ने पिकअप जब्त कर शुरू की जांच गांधीनगर थाने के एएसआई हनुमान राम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोवंश को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस मामले की विस्तृत पड़ताल कर रही है। इन लोगों को आईं चोटें हादसे में ओंकार (15), ममता (32), छोटूराम (35), खुशबू (7), हिमांशु (5), लाली देवी (40), मनभर (70), प्रेम (40), सुल्तान (45), बाबाराम (47), कोमल (12), सपना (12), गिरिराज (11), धोरी (35), लक्ष्मी (40), गौतम (19), तनराम (16), लक्ष्मी (16), हरकरण (60), सांगल देवी (55), सुरेंद्र (16), लिछमाराम (45), हंसा (21), राजा देवी (50), प्रिंसी (9), रामनाथ (45), प्रतीक (9), रेनू (22), रवि (49), मनभर (35), मोना (7) तथा परसराम (55) घायल हुए हैं। इनमें से पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें अजमेर रेफर किया गया है, जबकि बाकी घायलों का उपचार किशनगढ़ के वाईएन अस्पताल में जारी है।

शेखावाटी के तीन जिलों को मिलेगा यमुना का पानी:राजस्थान-हरियाणा समझौते के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

शेखावाटी के तीन जिलों तक यमुना का पानी पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय में राजस्थान और हरियाणा सरकार के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक विक्रमसिंह जाखल के नेतृत्व में मिंतर चौक पर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की। दशकों से यमुना के पानी का इंतजार था-विधायक विधायक विक्रमसिंह जाखल ने इस अवसर पर कहा कि शेखावाटी अंचल के लाखों परिवार कई दशकों से यमुना के जल की प्रतीक्षा कर रहे थे। पेयजल, सिंचाई और उद्योगों के लिए पानी की कमी ने क्षेत्र के विकास को बाधित कर रखा था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से आखिरकार यमुना जल परियोजना के निर्माण और क्रियान्वयन के लिए एमओए पर हस्ताक्षर हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और राजस्थान सरकार के अथक प्रयासों को भी श्रेय दिया। जाखल ने इसे केवल एक समझौता नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की वर्षों पुरानी आशाओं, विश्वास और संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक कदम राजस्थान के विकास, जल सुरक्षा और समृद्ध भविष्य का नया अध्याय लिखेगा, जिसे आने वाली पीढ़ियां एक स्वर्णिम क्षण के रूप में याद रखेंगी। ये रहे मौजूद इस मौके पर बीजेपी नगर मंडल अध्यक्ष गौमम खंडेलवाल, श्रीकांत मुरारका, महेश चौधरी, रविंद्र पारीक, कैलाश जांगिड़, रविंद्र पुरोहित, हितेश थोरी, जुगलकिशोर सैनी और रामेश्वर मील सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

पिलानी में रक्तदान शिविर, 96 यूनिट रक्त संग्रहण:श्री सैनी समाज धर्मार्थ सेवा संस्थान ने किया आयोजन

पिलानी में वट पूर्णिमा के अवसर पर श्री सैनी समाज धर्मार्थ सेवा संस्थान राजपुरा ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। समाजसेवी विकास सैनी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बिरला सार्वजनिक अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम द्वारा कुल 96 यूनिट रक्त का संग्रहण किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ श्री खेमनाथ जी महाराज आश्रम के महंत रामनाथ महाराज के सान्निध्य में हुआ। इस अवसर पर होशियार सिंह सैनी, डॉ. अर्जुन सिंह, भामाशाह रोहित कुमार, विश्वम्बर लाल सैनी और जवाहरलाल सैनी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर में जितेन्द्र सैनी, राहुल सैनी, पूर्णमल सैनी, इंद्राज सैनी, नवीन सैनी, तुषार सैनी, पंकज सैनी, चेतन सैनी सहित सैनी समाज के कई कार्यकर्त्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। गोपीनाथ जी मंदिर कमेटी के गोविन्द पाण्डे व अन्य सदस्यों के साथ-साथ हिन्दू क्रांति के अध्यक्ष विकास डूमोली और उनके साथियों व युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में युवाओं और नारी शक्ति का अभूतपूर्व योगदान रहा। बिरला सार्वजनिक अस्पताल के ब्लड बैंक की टीम ने रक्त संग्रहण का कार्य कुशलतापूर्वक संपन्न किया। रक्तदान शिविर के साथ ही, भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों को लू से बचाने के लिए आम पन्ना और ठंडे शर्बत की छबील लगाई गई। इस पहल से राहगीरों को राहत मिली और कार्यक्रम को लेकर आमजन में भी काफी उत्साह देखा गया।

ड्रेनेज कार्य से किसानों के रास्ते बंद:आवागमन बहाल करने और जल निकासी सुधारने की मांग

इटावा में भारतीय किसान संघ (भाकिसं) ने सिंचाई विभाग (सीएडी) के अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन पीपल्दा तहसील और गेंता ग्राम समिति के किसान कार्यकर्ताओं द्वारा दिया गया,जिसमें ड्रेनेज निर्माण कार्य के कारण किसानों को हो रही परेशानियों को उजागर किया गया। संघ ने मांग की है कि निर्माण कार्य के चलते अवरुद्ध हुए कृषि मार्गों को तुरंत ठीक किया जाए। किसानों केआवागमन और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।यह ज्ञापन तहसीलअध्यक्ष हुकम चन्द मीणा,जिला युवा प्रमुख धनराज पारेता और तहसील युवा प्रमुख जगदीश नागर गेंता के नेतृत्व में सहायक अभियंता विनय कुमार मीणा को सौंपा गया। किसानों के खेतों तक पहुंचने वाले रास्ते बंद हुए प्रचार प्रमुख उमाशंकर नागर ने बताया कि गेंता की मुख्य ड्रेनेज और नहर पर चल रहे निर्माण कार्य से किसानों के खेतों तक पहुंचने वाले रास्ते बंद हो गए हैं। इससे खेती-किसानी के कार्यों में भारी कठिनाई आ रही है। किसानों ने दोनों ओर के रास्तों को लगभग 15 फीट चौड़ा समतल कराने और लिंक ड्रेनेज पर आवश्यक स्थानों पर पाइप डालकर आवागमन सुचारु करने की मांग की है। भारतीय किसान संघ ने लाड़ीबाग के नाले वाली गड़ार के रास्ते को भी दुरुस्त करने और वहां पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, गेंता मेन रोड के नाले पर पाइप डालकर जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने की आवश्यकता भी जताई गई। ज्ञापन में खातोली रोड का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने बताया कि खातोली डिस्ट्रीब्यूटर से आगे मुख्य ड्रेनेज में रैम्प बनाकर पानी की निकासी रोक दी गई है, जिससे जलभराव हो रहा है। किसानों ने इस रैम्प को हटाने या पाइप डालकर ड्रेनेज का मार्ग पुनः सुचारु करने की मांग की है। सोभागपुरा ग्राम समिति अध्यक्ष युधिष्ठिर नागर ने सोभागपुरा माइनर ड्रेन की खुदाई और सफाई शीघ्र करवाने की आवश्यकता पर जोर दिया। भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष हुकमचंद मीणा और जगदीश नागर ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो किसान आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने विभाग से जनहित और किसान हित को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया। ये रहे मौजूद इस दौरान कोटा संभाग पर्यावरण प्रमुख गिरजा शंकर गुप्ता, तहसील युवा प्रमुख जगदीश नागर, लेखराज नागर, कृष्ण मुरारी नागर, ओम प्रकाश, भवानीशंकर, नेमीचंद, गजानंद, महावीर, भूपेन्द्र, हनुमान गोचर, जोधराज, बाबू लाल मीणा उम्मेदपूरा, रामहेत मीणा, रामेश्वर मीणा केशोपुरा, युधिष्ठिर नागर शोभागपुरा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उदयपुरवाटी के महेश अग्रवाल को मिला सम्मान:शिक्षा विभूषण से सम्मानित, सरकारी स्कूलों में 1.21 करोड़ के विकास कार्य कराए

उदयपुरवाटी के भामाशाह महेश कुमार अग्रवाल को सोमवार को राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में शिक्षा विभूषण अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान शहर की सरकारी स्कूलों में 1.21 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाने के लिए दिया गया है। कई स्कूलों में कराए काम जानकारी के अनुसार, भामाशाह अग्रवाल ने राजकीय पीएमश्री उच्च माध्यमिक विद्यालय सहित कई अन्य स्कूलों में कुल 1 करोड़, 21 लाख, 58 हजार रुपए के विकास कार्य करवाए हैं। इन कार्यों में कक्षा कक्षों का निर्माण, शौचालयों का निर्माण और टीनशेड लगवाना जैसे विभिन्न कार्य शामिल हैं। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने किया सम्मानित जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि थे। उन्होंने भामाशाह महेश अग्रवाल की ओर से उनके भाई सुभाष अग्रवाल को शिक्षा विभूषण अवार्ड प्रदान किया। इसी कार्यक्रम में पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीनारायण बड़ीवाल को भी सम्मानित किया गया। उन्हें भामाशाह महेश अग्रवाल को प्रेरित करने के लिए ‘भामाशाह प्रेरक’ के रूप में अतिथियों द्वारा अवार्ड दिया गया। महेश अग्रवाल के सम्मान पर स्थानीय विधायक भगवानाराम सैनी, विप्र समाज के अध्यक्ष गौतम मारवाल, पूर्व पार्षद राजेंद्र मारवाल, शिवप्रसाद चेजारा, सामाजिक कार्यकर्ता बद्रीप्रसाद तंवर, एडवोकेट मोतीलाल सैनी, रवि बड़ीवाल, सुमेर सिंह राव, संजय जांगिड़, प्रिंसिपल प्रदीप चौधरी और प्रिंसिपल संगीता मीणा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

केकड़ी में राजस्थान पेंशनर समाज की जिला स्तरीय बैठक:मतदाता सूचियां केवल केकड़ी शाखा को भेजने का किया फैसला

केकड़ी में सोमवार को राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा की जिला स्तरीय बैठक स्थानीय कोर्ट परिसर स्थित पेंशनर्स भवन में आयोजित हुई। बैठक में जिले की विभिन्न उपशाखाओं के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया और जिला शाखा के प्रति अपना विश्वास व समर्थन दोहराया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, अनुशासन बनाए रखने और पेंशनरों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कादेड़ा उपशाखा अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जांगिड़, सरवाड़ उपशाखा अध्यक्ष रूपचंद पांड्या, जूनिया उपशाखा अध्यक्ष मोहन सिंह राव, सावर उपशाखा के प्रतिनिधि कालूराम रेगर और भिनाय उपशाखा अध्यक्ष सुरेश कुमार जोशी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने संगठन की गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजना पर अपने विचार रखे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी उपशाखाएं आगे भी राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा केकड़ी के साथ जुड़ी रहेंगी और संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। साथ ही यह भी तय किया गया कि राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा अजमेर को कोई भी उपशाखा अपनी मतदाता सूची नहीं भेजेगी। सभी उपशाखाएं अपनी मतदाता सूचियां केवल जिला शाखा केकड़ी को ही उपलब्ध कराएंगी। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती आपसी विश्वास, पारदर्शिता और सामूहिक निर्णयों से ही संभव है। सभी पदाधिकारियों ने पेंशनरों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और संगठन के विस्तार के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया। बैठक के अंत में जिला शाखा के संरक्षक रामकरण चौधरी और जिला अध्यक्ष कैलाश चंद जैन ने सभी उपशाखा अध्यक्षों और प्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है और इसी भावना के साथ पेंशनरों के हितों के लिए आगे भी कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी से संगठन को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने में सहयोग की अपील की।