ब्रेकिंग न्यूज़
ट्रक-पिकअप की आमने-सामने की भिड़ंत,1 की मौत:दोनों वाहनों के परखच्चे उड़े, सीटों के बीच फंसे दोनों ड्राइवर,लिक्विड नाइट्रोजन के सिलेंडर बिखरे

सीकर में ट्रक और पिकअप के बीच आमने-सामने की भिड़ंत में पिअकप ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक ड्राइवर घायल हो गया। दुर्घटना में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और दोनों ड्राइवर केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस गए। पिकअप में लिक्विड नाइट्रोजन गैस के सिलेंडर भरे हुए थे। हादसा लोसल थाना क्षेत्र में कोटपूतली-कुचामन स्टेट हाईवे पर बामणी बस स्टैंड के पास सोमवार को हुआ, जहां हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गईं और ट्रैफिक जाम हो गया। करीब डेढ़ घंटे बाद ट्रैफिक खुला। पहले देखिए, घटना से जुड़ी ये PHOTO’S दोनों ड्राइवर सीटों के बीच फंसे रहे टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और दोनों ड्राइवर सीटों के बीच ही फंसे रह गए। लोगों की सूचना के बाद लोसल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन से दोनों वाहनों को अलग किया और केबिन को काटकर दोनों ड्राइवर को बाहर निकाला। हादसे के मृतक पिकअप ड्राइवर की पहचान चौमूं निवासी पृथ्वीराज सिंह के रूप में हुई। वहीं, दूसरी ओर घायल ट्रक ड्राइवर को एम्बुलेंस की मदद से लोसल उपजिला अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीकर जिला अस्पताल रैफर कर दिया। वहीं पुलिस ने मृतक पिकअप ड्राइवर पृथ्वीराज सिंह के शव को लोसल उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पिकअप में भरी थी लिक्विड नाइट्रोजन दुर्घटना में पिकअप में भरे लिक्विड नाइट्रोजन के सिलेंडर बिखर गए। कुछ सिलेंडर में से लिक्विड नाइट्रोजन गैस रिसने लगी, हालांकि, इससे कोई नुकसान नहीं हुआ। सीनियर वेटेनरी डॉ. गणेश सिंह ने बताया कि वेटेनरी मेडिकल (पशु चिकित्सा) के क्षेत्र में काम आने वाली बेहद ठंडी लिक्विड नाइट्रोजन गैस (Liquid Nitrogen Gas) है। गनीमत रही कि टक्कर के बाद गैस सिलेंडर में कोई बड़ा ब्लास्ट नहीं हुआ।

बीकानेर रेंज में हत्या 29% और दुष्कर्म 34% घटे:बॉर्डर जिलों में सुरक्षा, नशा तस्करी और गैंगस्टर्स के खिलाफ अभियान तेज होगा

बीकानेर रेंज में अपराध नियंत्रण और सीमा सुरक्षा को लेकर सोमवार को रेंज आईजी ओमप्रकाश की अध्यक्षता में हाईलेवल समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के पुलिस अधीक्षक, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), आर्मी इंटेलिजेंस और अन्य एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से ड्रोन के जरिए हो रही हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी, सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में रेंज के अपराध आंकड़ों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि वर्ष 2025 की तुलना में 2026 में हत्या के मामलों में 29.03 प्रतिशत, हत्या के प्रयास में 11.68 प्रतिशत, बालिकाओं से दुष्कर्म के मामलों में 33.83 प्रतिशत और अन्य अपराधों में 16.46 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। कुल मिलाकर रेंज में अपराधों में 11.33 प्रतिशत की गिरावट आई है। हालांकि आईजी ने चोरी और नकबजनी के मामलों में चालानी कार्रवाई और बरामदगी बढ़ाने के निर्देश दिए। महिला अपराधों की समीक्षा में भी राहत भरे आंकड़े सामने आए। महिला अत्याचार, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार के मामलों में भी पिछले वर्ष की तुलना में कमी दर्ज की गई है। सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में भी करीब 10 प्रतिशत की कमी आई है। इसके बावजूद अधिकारियों को दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आईजी ओमप्रकाश ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सक्रिय अपराधी गिरोहों पर कड़ी निगरानी, उनकी संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई और नशा तस्करों पर सख्त प्रहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के तहत अधिक से अधिक प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से तस्करी के 17 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 67.354 किलोग्राम हेरोइन, 985 ग्राम अफीम, दो ड्रोन, 11 पिस्टल, 397 कारतूस, दो कारें, 23 मोबाइल फोन और 1.61 लाख रुपए नकद जब्त किए गए। जनवरी से जून 2026 के बीच रेंज में एनडीपीएस एक्ट के 1005 मामले दर्ज कर 1279 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 9.2 टन से अधिक डोडा पोस्त, 133 किलोग्राम से अधिक अफीम, करीब 79 किलोग्राम हेरोइन/स्मैक, 157 किलोग्राम गांजा, 84 हजार से अधिक नशीली गोलियां और बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए। वहीं आर्म्स एक्ट में 262 मामलों में 248 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 200 अवैध हथियार और 2514 कारतूस जब्त किए गए। इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत भी बड़े पैमाने पर अवैध शराब जब्त की गई।

सरकारी हॉस्पिटल में 2 फायर-ब्रिगेड से पहुंचाया पानी:खुदाई करते टूटी पाइपलाइन; दर-दर भटके मरीज, टॉयलेट में गंदगी

श्रीगंगानगर के जिला हॉस्पिटल में सोमवार को पानी का संकट हो गया। मेन पानी की पाइपलाइन के टूट जाने से सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। वार्डों में भर्ती मरीज, उनके परिजन और स्टाफ घंटों तक पानी के लिए तरसते रहे। बाद में 2 फायरब्रिगेड से हॉस्पिटल में पानी पहुंचाया गया। जानकारी अनुसार- सुखाड़िया सर्किल के पास चल रही खुदाई के दौरान जिला हॉस्पिटल की मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते पूरे हॉस्पिटल में पानी की आपूर्ति बंद हो गई। हॉस्पिटल प्रशासन ने सुबह ही जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) को सूचना दे दी थी। तत्काल मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया। लेकिन देर शाम तक स्थायी समाधान नहीं निकला। पीएमओ डॉ. सुखपाल सिंह बराड़ ने मामले की जानकारी जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव को दी। कलेक्टर के निर्देश पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां हॉस्पिटल पहुंचाई गईं। दमकल वाहनों के जरिए वार्डों और जरूरी सेवाओं में पानी पहुंचाया गया। हॉस्पिटल प्रशासन ने बताया- पाइपलाइन की मरम्मत पूरी होने तक वैकल्पिक जलापूर्ति जारी रहेगी। टॉयलेट में गंदगी, बदबू से हाल खराब सोमवार को हॉस्पिटल में मरीजों की भीड़ सामान्य से कहीं ज्यादा थी। ठीक उसी समय अचानक पानी बंद हो जाने से व्यवस्था चरमरा गई। भर्ती मरीज बिस्तर पर लेटे-लेटे पानी मांगते रहे, जबकि उनके परिजन इधर-उधर दौड़ लगाते दिखे। टॉयलेटों में गंदगी फैल गई। बदबू उठने लगी और हालात इतने बिगड़ गए कि मरीजों को पानी के लिए हॉस्पिटल के बाहर भटकना पड़ा। एक समाजसेवी ने तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और जरूरी जगहों पर करीब 100 वाटर कैम्पर भिजवाए, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को कुछ राहत मिली।

गुमशुदा के लिए कलेक्ट्रेट पर भीम-आर्मी ने किया प्रदर्शन:पत्नी बोली-पति 15 महीने से लापता; हर बार अधिकारी देते आश्वासन

गुमशुदा व्यक्ति के लिए सोमवार को भरतपुर कलेक्ट्रेट पर भीम आर्मी ने धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि समाज के व्यक्ति की तलाश के लिए लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। लापता युवक की पत्नी ने कहा-पति 15 महीने से लापता हैं। प्रशासन हर बार आश्वासन दे देता है। भरतपुर के नगला हरिहर गांव की रहने वाली पूनम बैरवा ने बताया- मेरे पति प्रहलाद (37) ने 4 साल पहले दो परिचितों धर्मेंद्र धाकड़ और राजेश कुमार गर्ग को उधार पैसा दिया था। धर्मेंद्र को 4.5 लाख और राजेश को 15 लाख रुपए दिए थे। दोनों पैसा नहीं लौटा रहे थे। ढाई साल पहले पति प्रहलाद ने दोनों के खिलाफ वैर थाने धोखाधड़ी की FIR दर्ज करवाई। मुकदमा कोर्ट में चल रहा है। 26 मार्च 2025 को प्रहलाद मुक़दमे की तारीख पर कोर्ट गया था। वहां से दोनों आरोपियों ने प्रहलाद को किडनैप कर लिया। तब से पति का कुछ पता नहीं है। पुलिस नहीं कर पाई तलाश प्रहलाद के परिजन ने बताया- हमने गुमशुदगी की FIR वैर थाने में करवाई थी। 15 महीने बाद भी पुलिस खाली हाथ है। हमने अप्रैल महीने में वैर थाने पर धरना दिया था, 6 दिन धरना देने के बाद पुलिस ने आश्वासन देकर धरना खत्म करवा दिया था। हर बार अधिकारी आश्वासन देकर पलड़ा झाड़ लेते हैं। सोमवार को फिर से कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया गया है।

सरकारी जमीन पर बसी कॉलोनियों के नियमन पर रोक:हाईकोर्ट ने यूडीएच ACS से पूछा- किस अधिकार से ये गैर कानूनी आदेश जारी किया

हाईकोर्ट ने शहरी सेवा शिविर में सरकारी जमीन पर बसी कॉलोनियों और अवैध कब्जों के नियमन पर सोमवार को रोक लगा दी । कोर्ट ने यूडीएच विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और शासन सचिव से पूछा- आपने किस अधिकार से यह गैर कानूनी आदेश जारी किया। एसीएस यूडीएच और सचिव को व्यक्तिगत रूप से शपथ पत्र पेश करने के लिए भी कहा। यह अंतरिम आदेश कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा और जस्टिस मनीष शर्मा की खंडपीठ ने पब्लिक अगेंस्ट करप्शन संस्था की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए। कोर्ट ने नगरीय विकास और आवासन विभाग (यूडीएच) के 10 जून को जारी सर्कुलर पर रोक लगाई दी। सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों को नियमित करने के लिए 12 जून से शिविर लगाए जा रहे हैं। ये शिविर 15 जुलाई तक चलेंगे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का खुला उल्लंघन याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट पीसी भंडारी और डॉ. टीएन शर्मा ने कोर्ट को बताया- राज्य सरकार भू-माफिया के साथ मिलकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का खुला उल्लंघन कर रही है। सुप्रीम कोर्ट कह चुका है कि अनधिकृत निर्माणों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी गलत सहानुभूति होगी। नियमन योजनाएं केवल अपवादस्वरूप परिस्थितियों में, विस्तृत सर्वे के बाद, आवासीय मकानों के लिए केवल एक बार के उपाय (वन टाइम मेजर) के रूप में ही लाई जा सकती है। राजस्थान सरकार पहले ही 1 जनवरी 1999 तक के अतिक्रमणों के नियमन की एकमुश्त छूट दे चुकी है। ऐसे में बार-बार नियमन योजनाएं लाना अवैध कब्जाधारियों और भू-माफियाओं को संरक्षण देने जैसा है। कब्जा कर लो, सरकार नियमन कर देगी याचिका में कहा गया कि सरकार के ऐसे कदमों से आम जनता में यह गलत संदेश जाता है कि पहले सरकारी जमीन पर कब्जा कर लो। बाद में सरकार उसे वैध (रेगुलाइज) कर देगी। इस कारण ही आमजन बिना डर के जानबूझकर अतिक्रमण करने को प्रेरित होते हैं। इससे शहरों का नियोजित विकास बाधित होता है। प्रशासनिक व्यवस्था में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है। अवैध कब्जों को नियमित करने से कानून का पालन करने वाले ईमानदार नागरिकों के हितों की अनदेखी होती है। …………… जयपुर में जमीन और मकान खरीदना होगा महंगा:5 से 49% तक डीएलसी रेट बढ़ाने की तैयारी, 4 महीने में दूसरी बार हुई बढ़ोतरी जयपुर में जमीन और मकान खरीदना अब महंगा होगा। सरकार ने डीएलसी दरों में जुलाई महीने से ही 5 से लेकर 49 फीसदी तक बढ़ोतरी को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। (पूरी खबर पढ़ें)

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:ट्रेन के आगे कूदा युवक, सिर कटा; हॉस्पिटल में पंखा-प्लास्टर गिरा, डॉक्टर का सिर फटा; जयपुर में सड़कें धंसी

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर मानसून से जुड़ी है। जोधपुर में 1 घंटे तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। जयपुर में कई इलाकों में सड़कें धंस गई और पेड़ टूट गए। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. जयपुर में जमीन और मकान खरीदना होगा महंगा
जयपुर में जमीन और मकान खरीदना अब महंगा होगा। सरकार ने डीएलसी दरों में जुलाई महीने से ही 5 से लेकर 49 फीसदी तक बढ़ोतरी को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जयपुर कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में बढ़ोतरी के प्रस्ताव रखे गए। इससे पहले अप्रैल महीने में भी ये डीएलसी दरें बढ़ाई गई थी। पूरी खबर पढ़ें 2. जोधपुर में पानी में फंसी बस, जयपुर में सड़कें धंसी
जोधपुर में सोमवार को 1 घंटे तेज बारिश से सड़कें दरिया बन गई। यहां ड्राइवर की लापरवाही के कारण सवारियों से भरी बस पानी में फंस गई। जयपुर में तेज बारिश के कारण कई जगह सड़कें धंस गई और पेड़ टूट गए। सीकर जिले में भारी बरसात से हालात बिगड़े हैं। पूरी खबर पढ़ें 3. 5 लाख लूटने के लिए व्यापारी की गोली मारकर हत्या
भरतपुर में बदमाशों ने 5 लाख रुपए लूटने के लिए बर्तन व्यापारी को गोली मार दी। घायल व्यापारी खुद बाइक चलाकर भरतपुर के RBM हॉस्पिटल पहुंचे। हालत बिगड़ने पर उन्हें जयपुर के SMS हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार रात उनकी मौत हो गई। था। पूरी खबर पढ़ें 4. 20 साल बाद पांचना बांध से छोड़ा गया पानी
करौली जिले के पांचना बांध से 20 साल बाद सोमवार को पानी छोड़ा गया। बांध के 3 गेट खोलकर गंभीरी नदी में पानी की निकासी शुरू की गई। इसके बाद चाबी से गेट खोलकर नहरों में पानी छोड़ा गया। इसके साथ ही गुडला पांचना लिफ्ट में भी पानी छोड़ने की शुरुआत की गई। पूरी खबर पढ़ें 5. तस्करों की कार पेड़ से टकराई, एक की मौत
बालोतरा के गुड़ामालानी थाना इलाके में पुलिस से बचने के लिए भाग रहे शराब तस्करों की कार पेड़ से टकरा गई। तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई किलोमीटर तक पीछा किया। हादसे में 1 तस्कर की मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. सरकारी हॉस्पिटल में पंखा-प्लास्टर गिरा, डॉक्टर का सिर फटा
अलवर के सैटेलाइट हॉस्पिटल में सोमवार सुबह छत का प्लास्टर और पंखा डॉक्टर और महिला मरीज पर गिर गया। ओपीडी रूम में हुए हादसे में डॉक्टर का सिर फट गया, जबकि महिला के हाथ-पैर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसके नाक पर 3 टांके लगे हैं। पूरी खबर पढ़ें 7. ट्रेन के आगे कूदा युवक, सिर कटकर अलग गिरा
जालोर में सोमवार सुबह एक युवक ने भगत की कोठी-चेन्नई एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। हादसे में युवक का सिर कटकर धड़ से अलग हो गया। हादसे के बाद करीब 50 मिनट तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। पुलिस ने ट्रैक से सिर और धड़ के टुकड़े समेटकर मॉर्च्युरी में रखवाए। पूरी खबर पढ़ें 8. पति ने पत्नी की हत्या की, खुद भी फंदे से लटका
भीलवाड़ा के हमीरगढ़ थाना इलाके में पति ने कहासुनी होने पर पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद भी फंदे से लटक गया। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। युवक का साढ़ू और साली खेत से घर लौटकर आए तो दोनों के शव मिले। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. मूंग के दाने से भी छोटी भगवान जगन्नाथ की मूर्ति
उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय शिल्पकार डॉ. इकबाल सक्का ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के मौके पर दुनिया का सबसे छोटा सोने-चांदी का रथ बनाया है। इस रथ की साइज महज 1 गुना 1 सेंटीमीटर है। इसके अंदर जो मूर्ति विराजमान है, वह मूंग के दाने से भी छोटी है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. 371 पदों पर भर्ती के लिए कल तक भर सकेंगे फॉर्म
RPSC की सहायक लोक अभियोजक (गृह विभाग-अभियोजन) के 371 पदों पर भर्ती के लिए प्रोसेस जारी है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की लास्ट डेट 7 जुलाई है। इस भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 2 सितंबर को प्रस्तावित है।

चित्तौड़गढ़ बाईपास का रास्ता साफ, जमीन अधिग्रहण शुरू:शहर को जाम से मिलेगी राहत, उद्योग-पर्यटन को मिलेगा फायदा

चित्तौड़गढ़ शहर के बहुप्रतीक्षित बाईपास प्रोजेक्ट को बड़ा प्रशासनिक कदम मिल गया है। केंद्र सरकार ने परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही बाईपास निर्माण का रास्ता लगभग साफ हो गया है और जल्द ही आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। बाईपास बनने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-27 को राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से सीधा संपर्क मिलेगा। इससे शहर के बीच से गुजरने वाले भारी वाहनों का दबाव कम होगा, ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को जाम से राहत मिलेगी। साथ ही उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। कई गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित सांसद सी.पी. जोशी ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत गंगरार तहसील के डेट, भवानीपुरा, मेडीखेड़ा और शिवपुरा तथा बस्सी तहसील के आंवलहेड़ा बिलिया, नगरी और गुर्जरखेड़ा सहित कई गांवों की जमीन इस परियोजना में शामिल होगी। अधिसूचना जारी होने के बाद अब इन गांवों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, जिससे निर्माण कार्य शुरू करने का रास्ता आसान हो जाएगा। शहर की ट्रैफिक समस्या से मिलेगी राहत चित्तौड़गढ़ शहर से रोजाना बड़ी संख्या में ट्रक और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। इससे शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक का दबाव बना रहता है और लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। बाईपास बनने के बाद भारी वाहन शहर में प्रवेश किए बिना नए मार्ग से गुजर सकेंगे। इससे शहर के अंदर यातायात सुगम होगा, सड़क हादसों में कमी आने की संभावना रहेगी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वाले वाहनों का समय भी बचेगा। उद्योग, व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा बाईपास बनने से जिले के औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे माल परिवहन आसान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। वहीं विश्व धरोहर चित्तौड़गढ़ दुर्ग सहित जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी पहले से अधिक सुविधाजनक होगी, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कई सड़क परियोजनाओं के बाद अब बाईपास की बारी पिछले कुछ वर्षों में चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र में किशनगढ़-अहमदाबाद सिक्स लेन, देसूरी-भटेवर नेशनल हाईवे, प्रतापगढ़, देबारी और मंगलवाड़ बाईपास सहित कई सड़क परियोजनाएं पूरी हुई हैं। इसके अलावा सर्विस रोड, अंडरपास और ओवरब्रिज का भी निर्माण किया गया है। अब चित्तौड़गढ़ बाईपास के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने से लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद बढ़ गई है। तय समय पर निर्माण पूरा होने पर यह परियोजना जिले की यातायात व्यवस्था और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

अजमेर में सामान्य से 49% ज्यादा हुई बारिश:आधा घंटे की बारिश से सड़कों पर भरा पानी, गड्ढे में कार फंसी, घर का सोलर पैनल उड़ा

अजमेर में सोमवार शाम 5 बजे बाद दिनभर की गर्मी और उमस के बाद हुई तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। मानसून के सक्रिय होने के साथ जिले में सामान्य से 49 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई, जिससे तापमान में भी गिरावट आई। महज आधे घंटे की तेज बारिश से शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। जलभराव के बीच एक कार गड्ढे में फंस गई, पुलिस लाइन स्थित शिक्षा स्कूल के पीछे एक मकान की छत पर लगा सोलर पैनल तेज हवा के कारण उखड़कर सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही कि उस समय कोई उसकी चपेट में नहीं आया, लेकिन घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मकान मालिक को आर्थिक नुकसान हुआ है। सोमवार को रात 8:30 बजे तक 26.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। पहले देखिए बारिश के बाद की ये PHOTO’S शाम को बारिश के बाद तापमान में गिरावट मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी सुबह 88 प्रतिशत और शाम को 68 प्रतिशत रही। दिनभर बारिश नहीं हुई, लेकिन शाम के बाद हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सड़कों पर भर पानी, कार गड्ढे में गिरी शाम को कुछ देर की बारिश ने प्रशासन की पोल खोल दी। शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। खासकर शास्त्री नगर में एक सीवरेज चैंबर का ढक्कन खुल गया, जिसके कारण वहां से गुजर रही एक कार गहरे गड्ढे में गिर गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और कड़ी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया, जिससे इस इलाके में सुरक्षा और अव्यवस्था की गंभीर स्थिति उजागर हुई। 12 जुलाई तक मानसून एक्टिव रहने की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, अजमेर संभाग में 12 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। मंगलवार को भी जिले में बादल छाए रहने, तेज हवाओं के साथ बारिश होने और मौसम सुहावना बने रहने का अनुमान है। इधर, मानसून सीजन में अजमेर जिले में अब तक अच्छी बारिश दर्ज की गई है। 6 जुलाई तक सामान्य बारिश 91.6 मिमी के मुकाबले 136.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो सामान्य से 49 प्रतिशत अधिक है। पूरे मानसून सीजन (जून से सितंबर) में जिले में 510.5 मिमी वर्षा सामान्य मानी जाती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार जिले में सामान्य से बेहतर मानसून रहने के संकेत हैं, जिससे किसानों और जल स्रोतों के लिए भी स्थिति अनुकूल बनी हुई है।

क्रूड ऑयल पाइपलाइन लीकेज रिपेयर कर रही इंजीनियर-टेक्निकल टीमें:18 इंच पाइप काटकर नया लगाएंगे, बारिश-आंधी ने 20 मिनट रोका

बाड़मेर में क्रूड ऑयल पाइपलाइन में हुए लीकेज के दूसरे दिन सोमवार को केयर्न वेदांता कंपनी के इंजीनियरों और टेक्निकल टीमों ने काम शुरू कर दिया। लीकेज वाली 18 इंच की पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त हिस्से को दोनों तरफ से काटकर नया पाइप लगाया जा रहा है। मरम्मत के दौरान कुछ देर आंधी और बारिश भी आई, जिससे करीब 20 से 30 मिनट तक काम रोकना पड़ा। इसके बाद टीम ने दोबारा मरम्मत शुरू कर दी। लीकेज वाली पाइप काटकर लगाया जा रहा नया हिस्सा बता दें, रविवार (5 जुलाई) सुबह करीब 6 बजे भाग्यम वेलपैड-12 से मदर वेलपैड तक बिछी 18 इंच की क्रूड ऑयल पाइपलाइन में लीकेज हो गया था। इससे बोथिया गांव के दो खेतों की करीब एक बीघा जमीन पर क्रूड ऑयल फैल गया। ग्रामीणों की सूचना पर कंपनी प्रबंधन अलर्ट हुआ और एहतियात के तौर पर करीब एक किलोमीटर के दायरे में गुजर रही सभी पाइपलाइनों की सप्लाई बंद कर दी गई। रात करीब 10 बजे लीकेज पॉइंट का पता चल पाया था। क्रेन, जेसीबी और तकनीकी टीम मौके पर तैनात केयर्न वेदांता कंपनी ने लीकेज वाली जगह पर जेसीबी से करीब 8 से 10 फीट गहरा और 10 फीट चौड़ा गड्ढा खुदवाया। सोमवार सुबह इंजीनियर और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से पाइप को रस्सियों से सहारा दिया गया और क्षतिग्रस्त हिस्से को दोनों तरफ से काटकर नया पाइप जोड़ा गया। मौके पर क्रेन, जेसीबी, वैक्यूम टैंकर सहित करीब एक दर्जन इंजीनियर और तकनीकी कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुटे हैं। आंधी-बारिश से कुछ देर रुका काम, अब होगी टेस्टिंग दोपहर करीब 3 बजे आंधी और बारिश आने से मरम्मत कार्य करीब 20 से 30 मिनट तक रोकना पड़ा। मौसम सामान्य होने पर टीम ने दोबारा काम शुरू कर दिया। कंपनी के अनुसार मरम्मत पूरी होने के बाद पाइपलाइन की टेस्टिंग की जाएगी। इसके बाद ही क्रूड ऑयल की सप्लाई दोबारा शुरू की जाएगी। कंपनी बोली- लीकेज तुरंत रोका, किसानों को मिलेगा मुआवजा कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि 5 जुलाई 2026 को राजस्थान के भाग्यम क्षेत्र में एक वेल-पैड साइट के पास तरल पदार्थ का रिसाव हुआ था। ऑपरेशंस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लीकेज को सीमित क्षेत्र तक रोक दिया। प्रभावित इलाके की लगातार निगरानी की गई और फैलाव रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए। कंपनी ने बताया कि प्रभावित किसानों को सरकारी नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही समुदाय और पर्यावरण की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सभी उपाय किए जा रहे हैं। —– पढ़ें इससे जुड़ी खबर ….. 1. किसान बोले- क्रूड ऑयल से खेत बंजर हुए:पिछली बार 3 हजार मुआवजा मिला था, हकीकत में करोड़ों से भी भरपाई नहीं होगी
बाड़मेर जिले के बोथिया गांव में रविवार को क्रूड ऑयल की पाइपलाइन में लीकेज होने से 16 घंटे तक दो खेतों में तेल बहता रहा। क्रूड के रिसाव के कारण खेतों में तेल का तालाब बन गया। गड्ढा बनाकर 15 वैक्यूम (खाली) टैंकरों में तेल को भरा गया। (पढ़े पूरी खबर) 2. किसान के खेत में निकलने लगा क्रूड ऑयल:इलाके से गुजर रही पाइपलाइन में सप्लाई बंद की; वेलपैड से 1KM दूर मिला लीकेज पॉइंट बाड़मेर जिले के बोथिया गांव के एक खेत में रविवार सुबह 6 बजे क्रूड ऑयल का रिसाव होने लगा। क्रूड ऑयल 2 खेतों में 500 मीटर के दायरे में फैल गया। लीकेज की सूचना पर केयर्न वेदांता कंपनी के इंजीनियर और अधिकारी मौके पर पहुंचे। (पढ़े पूरी खबर)

पत्नी की हत्या कर फंदे पर लटका पति:कहासुनी होने पर गला घोंटा; साली-साढ़ू खेत से घर लौटे तो शव मिले

भीलवाड़ा जिले में पत्नी का मर्डर करने के बाद पति ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक अपनी पत्नी के साथ रविवार रात को साढ़ू के घर आया था। दोनों ने रात को साथ खाना खाया, फिर कमरे में सोने चले गए। सोमवार सुबह युवक का साढ़ू और साली फूल तोड़ने के लिए खेत गए तो पत्नी भी साथ चली गई। कुछ देर बाद युवक ने फोन कर उसे घर बुला लिया। यहां दोनों के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई तो गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फंदे पर लटक गया। घटना हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के बरडोद गांव में सोमवार की सुबह करीब 11 बजे हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मर्डर के बाद सुसाइड का मामला है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। साढ़ू के घर आए थे, सुबह दोनों के शव मिले
थाना प्रभारी सुनील बेड़ा ने बताया- कालू जाट (30) पुत्र देवीलाल निवासी बन का खेड़ा, थाना बड़लियास अपनी पत्नी दुर्गा देवी (27) के साथ रविवार की शाम को बरडोद गांव में अपने साढ़ू जगदीश जाट के घर मिलने आया था। रात को दोनों यहीं पर रुके थे। सोमवार सुबह जगदीश जाट और उनकी पत्नी खेत में फूल तोड़ने गए तो दुर्गा देवी भी उनके साथ चली गई थी, जिसे कालू जाट ने फोन करके वापस घर बुला लिया था। कुछ देर बाद जब जगदीश जाट और उनकी पत्नी घर लौटे तो गेट हल्का बंद था। दोनों जैसे ही कमरे में घुसे तो कालू जाट का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि दुर्गादेवी का शव बेड पर पड़ा था। शव देखते ही जगदीश और उसकी पत्नी चीखने लगे। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
थाना प्रभारी ने बताया- सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। FSL टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए। फिलहाल शवों को हमीरगढ़ के सरकारी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। थाना प्रभारी ने बताया- महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मर्डर के बाद सुसाइड का मामला लग रहा है। साढ़ू ने कहा- दोनों के बीच फोन पर हुई थी कहासुनी
साढ़ू जगदीश जाट ने बताया- पति-पत्नी रात को हमारे घर पर आए थे, सब कुछ नॉर्मल था। हमने साथ में खाना खाया था। कालू ने बताया था कि उनके बेटे की तबीयत थोड़ी खराब है, तो वे उसे सुबह उदयपुर चेक करवाने लेकर जाएंगे। आज सुबह जब हम उठे तो मेरी साली दुर्गा भी हमारे साथ खेत पर फूल तोड़ने चली आई। इसी दौरान कालू का फोन आ गया, उसने दुर्गा को काफी भला बुरा कहा। बोला कि जब हमें उदयपुर जाना है तो फूल तोड़ने क्यों चली गई, तुरंत घर पर आ। जगदीश ने बताया- मैं उसे लेकर घर छोड़ने पहुंचा। मैंने उसे गली के बाहर छोड़ा और वापस खेत पर चला गया। वहां पहुंचने पर मेरी पत्नी ने मुझे बोला कि कालू और दुर्गा लड़ नहीं ले, हम भी घर चलते हैं। करीब आधे घंटे बाद हम घर पहुंचे तो दोनों के शव कमरे में पड़े थे। बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि कालू अपनी पत्नी की जान लेकर सुसाइड कर लेगा। जगदीश ने बताया- कालू जाट खेती-किसानी का काम करता था। कालू और दुर्गा ने 11 साल पहले लव मैरिज कर ली थी। दोनों परिजनों ने अलग-अलग बाल विवाह करवाया हुआ था। ऐसे में, बालिग होने के बाद दोनों ने अपनी मर्जी से अलग से लव मैरिज कर ली थी। कालू और दुर्गा के 10 साल का बेटा है और 7 साल की बेटी है।