ब्रेकिंग न्यूज़
सरकारी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़, लेक्चरर APO:स्टूडेंट ने शिक्षा मंत्री को लिखा था लेटर, उसी दिन मुख्यालय भेजा; जांच टीम बनाई

झुंझुनूं के एक सरकारी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित लेक्चरर (व्याख्याता) को एपीओ कर दिया है। छात्रा ने शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर शिकायत की थी। शिकायत मिलते ही माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने कार्रवाई करते हुए लेक्चरर को तुरंत प्रभाव से स्कूल से हटाकर निदेशालय, बीकानेर में रिपोर्ट करने के आदेश जारी किए। मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने जांच के लिए उच्च स्तरीय टीम भी गठित की है। छात्रा ने शिक्षा मंत्री से की शिकायत छात्रा ने 2 जुलाई को शिक्षा मंत्री को लेटर भेजकर स्कूल के एक लेक्चरर (व्याख्याता) पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। छात्रा ने शिकायत में लेक्चरर के व्यवहार को लेकर गंभीर बातें लिखीं और कार्रवाई की मांग की। जांच के आदेश, सात दिन में रिपोर्ट तलब शिकायत शिक्षा मंत्री तक पहुंचने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। 5 जुलाई को विभाग ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए और सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश जारी किए। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए शिक्षा विभाग ने एक उच्च स्तरीय जांच टीम बनाई। यह टीम पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपेगी। मामला शिक्षा मंत्री के संज्ञान में आते ही माध्यमिक शिक्षा निदेशक, बीकानेर ने संबंधित व्याख्याता को तत्काल प्रभाव से एपीओ कर दिया। उन्हें स्कूल से हटाकर निदेशालय, बीकानेर में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानाचार्या बोलीं- पहले कभी ऐसी शिकायत नहीं मिली स्कूल की प्रिंसिपल ने कहा – व्याख्याता के एपीओ किए जाने की वजह की जानकारी नहीं है। उनके अनुसार 4 जुलाई तक स्कूल का माहौल पूरी तरह सामान्य था। पूरा स्टाफ रोज की तरह साथ में स्कूल से निकलता था और उस समय ऐसी कोई बात सामने नहीं आई थी। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले किसी छात्रा, स्टाफ सदस्य या गांव के लोगों की ओर से लेक्चरर के खिलाफ कोई शिकायत उनके संज्ञान में नहीं आई थी।

एसआई भर्ती री-एग्जाम: 2021 के सभी कैंडिडेट्स दे सकेंगे परीक्षा:आवेदन अपडेट करना जरूरी, ओटीपी वैरिफिकेशन नहीं किया तो रिजेक्ट होगा फॉर्म

राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने 20 सितंबर 2026 को प्रस्तावित एसआई भर्ती-2021 की री-एग्जाम में आवेदन करने वाले सभी कैंडिडेट्स को शामिल होने का मौका दिया है। 2021 की भर्ती में ऑनलाइन आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थी फिर एग्जाम दे पाएंगे। इसके लिए कैंडिडेट्स को 8 से 22 जुलाई तक अपने आवेदन में जरूरी जानकारी अपडेट करनी होगी। हालांकि, जिन कैंडिडेट्स ने 8 मई 2026 के प्रेस नोट के अनुसार पहले ही आवेदन अपडेट कर दिया है, उन्हें दोबारा संशोधन करने की जरूरत नहीं होगी। कैंडिडेट्स को आवेदन में ये अपडेट करने होंगे आयोग के अनुसार आवेदन अपडेट करने से पहले कैंडिडेट्स को अपने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) में केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसमें लाइव फोटो, अंगूठे का निशान और हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा। इसके बाद आवेदन में संशोधन कर स्वघोषणा पत्र स्वीकार करते हुए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से सत्यापन करना होगा। यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। कैंडिडेट्स एसएसओ आईडी से लॉगिन कर माय रिक्रूटमेंट सेक्शन में जाकर आवेदन अपडेट कर सकते हैं। जिनका ओटीआर नई एसएसओ आईडी में माइग्रेट हो चुका है, वे फेच एप्लीकेशन फॉर्म विकल्प का उपयोग कर सकेंगे। यदि आवेदन ट्रांसफर में तकनीकी समस्या आती है तो कैंडिडेट्स 15 जुलाई तक आयोग के कैंडिडेट ग्रीवेंस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती की पात्रता शर्तें 3 फरवरी 2021 के मूल विज्ञापन और 7 जून 2021 के शुद्धिपत्र के अनुसार ही लागू रहेंगी। परीक्षा का सिलेबस भी 22 मई 2026 को जारी प्रेस नोट के अनुसार रहेगा। आवेदन में केवल मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, पत्राचार का पता, लाइव फोटो, अंगूठे का निशान और हस्ताक्षर ही बदले जा सकेंगे। आयु, शैक्षणिक योग्यता और आरक्षण जैसी मूल जानकारी में कोई बदलाव नहीं होगा। यह निर्णय राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ के 2 जुलाई 2026 के अंतरिम आदेश के बाद लिया गया है। आयोग ने कहा है कि 2021 भर्ती के सभी कैंडिडेट्स को फिलहाल अनंतिम रूप से री-एग्जाम में शामिल होने की अनुमति दी गई है। हालांकि, ओटीआर में उपयोग किए गए फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान के उपयोग की सहमति देकर ओटीपी सत्यापन के साथ आवेदन फाइनल सब्मिट करना अनिवार्य होगा। ऐसा नहीं करने वाले कैंडिडेट्स का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। — ये खबर भी पढ़ें… एसआई भर्ती-2021 री-एग्जाम में याचिकाकर्ताओं को राहत:हाईकोर्ट ने कहा-मूल एग्जाम में फॉर्म भरने वालों को भी शामिल करें राजस्थान हाईकोर्ट ने सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती-2021 की पुन: परीक्षा को लेकर याचिकाकर्ताओं को अंतरिम राहत दी है। जस्टिस गणेशराम मीणा की अदालत ने आरपीएससी को गुरुवार को निर्देश दिए कि वे सभी याचिकाकर्ताओं को फॉर्म एडिट का मौका देकर प्रोविजनली परीक्षा में शामिल करें। (पूरी खबर पढ़ें)

प्रॉपर्टी के लिए बेटी ने करवाई मां की हत्या-VIDEO:जेठ के साथ प्लानिंग की, तेज स्पीड में गाड़ी से कुचलवा दिया; 7 गिरफ्तार

जयपुर में प्रॉपर्टी और नौकरी के लिए बेटी ने मां की हत्या करवा दी। बेटी ने जेठ के साथ मर्डर प्लान किया था। इसके बाद 7 लाख रुपए में सुपारी देकर मां को स्कॉर्पियो से कुचलवा दिया। स्कॉर्पियो से टक्कर का एक वीडियो भी सामने आया है। करीब 130 KM की स्पीड में आई XUV की टक्कर से महिला 100 फीट दूर उछलकर गिरी और मौके पर ही दम तोड़ दिया। मामले में बेटी और उसके जेठ समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्कॉर्पियो को भी बरामद कर लिया गया है। हादसा 3 जुलाई को प्रतापनगर थाने का है। बेटे को कोचिंग छोड़कर घर जा रही थी महिला DCP (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया- प्रताप नगर के रविन्द्र नगर में रहने वाली नीरज शर्मा (45) की हत्या हुई है। एक साल पहले उनके पति का निधन हो गया था। पिछले 8 महीने से पति की जगह उनकी एलडीसी की पोस्ट पर नौकरी लगी थी। वह अपने 16 साल के बेटे के साथ रहती थी। 3 जुलाई को शाम करीब 4:45 बजे वह बेटे को कोचिंग छोड़कर वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान ओवर स्पीड XUV ने उन्हें टक्कर मार दी। करीब 130 KM की स्पीड से टक्कर लगने से महिला 100 फीट दूर उछलकर गिरी। मौके पर मौत होने पर स्कॉर्पियों लेकर ड्राइवर फरार हो गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया था। CCTV में टक्कर मारते नजर आई स्कॉर्पियो घटना स्थल पर लगे CCTV फुटेज में XUV गाड़ी से महिला को उड़ाने की घटना कैद मिली। मृतका के भाई की ओर से भांजी सहित अन्य के खिलाफ हत्या करने का मामला दर्ज करवाया था। भरतपुर के बयाना निवासी राकेश कुमार शर्मा ने रिपोर्ट में बताया कि भांजी आयुषी ने उसे कॉल कर बताया था कि मामा, मम्मी का एक्सीडेंट हो गया है। मम्मी एक्सीडेंट में खत्म हो गई है। ऐसा कहकर उसने तुरंत ही कॉल काट दिया। मेरी बहन नीरज शर्मा पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रही थी। बहन ने पहले बताया भी था कि उसकी सास, जेठ का लड़का बलराम उर्फ रवि और बेटी आयुशी शर्मा मिलकर परेशान करते है। मेरी प्रॉपर्टी हड़पने के लिए कई बार जान से मारने की धमकी दे चुके है। मुझे शक है कि मेरी बहन की गाड़ी से कुचलकर हत्या करवाई गई है।
देखिए, हादसे से जुड़े 2 PHOTOS बेटी ने मां की रैकी करवाई फिर हत्या करवाई DCP (ईस्ट) ने बताया कि पिछले दो- तीन साल से महिला का अपनी ही बेटी से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। वह अपने पिता की नौकरी लगना चाहती थी। ऐसे में मां की हत्या कर नौकरी पाने का प्लान था। महिला के मर्डर की पूरी प्लानिंग उसकी बेटी आयुषी (24) ने अपने जेठ के साथ मिलकर की थी। इसमें मृतक महिला के ससुराल वाले भी शामिल थे। बेटी व उसके ताऊ ने 7 लाख रुपए में हत्या की सुपारी दी गई थी। बलराम उर्फ रवि (मृतका के जेठ का लड़का) और उसके पिता मोहन स्वरूप व मृतका की बेटी आयुषी ने सुपारी किलर हेमंत को घर बुलाया। कहा- आपको नीरज शर्मा की हत्या करनी है, जिसके बदले हम आपको 7 लाख रुपए देंगे। सुपारी लेने के बाद हेमंत ने बलराम की मदद से रेकी की। भरतपुर से एक थार गाड़ी रेंट पर ली। पैसा लेने के बाद भी काम नहीं हो सका, जिसके बाद एक महीने तक दोबारा रैकी कर स्कॉर्पियो गाड़ी से वारदात को अंजाम दिया। महिला की लगातार रैकी कर रहे थे और लगातार मौका देख रहे थे कि कैसे हत्या की जाए। 7 लाख रुपए में दी थी सुपारी पुलिस ने वारदात स्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में सामने आया कि एक सफेद कलर की स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर महिला की हत्या की गई। वारदात के दौरान मौके पर सड़क किनारे पिता-पुत्र बैठे थे। वो दोनों बाल-बाल बचे। हेड कॉन्स्टेबल दयाराम ने स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। सामने आया कि हत्या के समय आकाश स्कॉर्पियो चला रहा था। उसके पास वाली सीट पर अरविंद बैठा था। मोहित के जरिए महिला के आने-जाने के बारे में लगातार सूचना दी जा रही थी। बाइक पर रोहित कुछ दूरी पर खड़ा था। हत्या के बाद रोहित के साथ बाइक पर बैठकर मोहित नारायण सिंह सर्किल पहुंचे। मोहित को बस में बैठाने के बाद आकाश व अरविन्द बाइक से सेवर चले गए। स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली गई। मां ने बात नहीं मानी, इसलिए मारा पूछताछ में आरोपी बेटी ने बताया कि मेरे पापा विजय कुमार शर्मा की मौत के बाद मैंने मेरी मां नीरज को कहा कि मुझे पापा की जगह नौकरी लग जाने दो, लेकिन उन्होंने नहीं मानी और खुद नौकरी पर लग गई। इस वजह से मैं टेंशन में आ गई और अपने ताऊ के लड़के बलराम के साथ मिलकर मेरी मां को रास्ते से हटाकर उनकी जगह नौकरी लगने और उनके नाम की प्रॉपर्टी को हड़पने की प्लानिंग की। जिसमें उसके ताऊ मोहन शर्मा भी शामिल थे। इनको किया गिरफ्तार हत्या के मामले में आरेापी बेटी आयूषी (23) पुत्री विजय कुमार निवासी कल्याण नगर थर्ड सांगानेर, ताऊ मोहन स्वरूप (56) निवासी सेवर भरतपुर, सुपारी किलर मोहित शर्मा (21) निवासी गहनोली मोड भरतपुर, आकाश शर्मा (23) निवासी रुपवास भरतपुर, अरविन्द शर्मा (21) निवासी गहनोली मोड भरतपुर, हेमंत शर्मा (20) निवासी बयाना भरतपुर और रोहित जाटव (22) निवासी गहनोली मोड भरतपुर को अरेस्ट किया है। मामले में ताऊ का बेटा बलराम उर्फ रवि फरार चल रहा है।

अजमेर में तेज बारिश, अगले तीन दिन भी अलर्ट:पानी के बीच में से होकर स्कूल गए बच्चे; जिले में अब तक सामान्य से 76% ज्यादा बारिश

अजमेर में मंगलवार सुबह से एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया। शहर में सुबह से तेज बारिश का दौर जारी है, जबकि नांदला समेत कई ग्रामीण इलाकों में झमाझम बारिश हुई। लगातार हुई बारिश के बाद शहर की कई सड़कों पर जल भराव देखने को मिला। यहां वाहनों को आवाजही में परेशानी हुई। सोमवार को 26.2 मिमी बारिश दर्ज होने के बाद जिले में अब तक 162.8 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो 7 जुलाई तक की सामान्य बारिश (92.5 मिमी) से 76% अधिक है। मौसम विभाग ने मंगलवार से अगले तीन दिन तक जिले में मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। शहर में सुबह से रिमझिम, गांवों में झमाझम बारिश अजमेर शहर में मंगलवार सुबह अचानक मौसम बदला और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इससे मौसम सुहावना हो गया तथा लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। दूसरी ओर नांदला सहित आस-पास के गांवों में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश से नालों और रपटों में पानी का बहाव तेज हो गया तथा कई स्थानों पर पानी सड़क तक पहुंचने से कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा। भूडोल गांव में 10 मिनट की बारिश भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई। नागा जी महाराज मंदिर के पास पानी भर जाने से स्कूल जाने वाले बच्चों को पानी के बीच होकर निकलना पड़ा। ग्रामीणों ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए। सामान्य से 76% ज्यादा बारिश, जुलाई की शुरुआत रही बेहतर मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह 8:30 बजे तक 26.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही 1 जून से अब तक जिले में कुल 162.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है। 7 जुलाई तक सामान्य बारिश 92.5 मिमी मानी जाती है, जबकि इस बार 162.8 मिमी बारिश हो चुकी है, यानी सामान्य से करीब 76 प्रतिशत अधिक। जुलाई के शुरुआती सात दिनों में ही 78.4 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जो मानसून की अच्छी रफ्तार का संकेत है। अगले तीन दिन बारिश का अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मंगलवार से गुरुवार तक जिले में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने के आसार हैं। सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम सुहावना बने रहने के संकेत हैं।

पत्नी से मारपीट कर खुद फंदे पर लटका था पति:FSL की जांच में चेहरे-पेट पर चोट के निशान; जॉब के लिए उदयपुर शिफ्ट होने वाले थे

भीलवाड़ा में पत्नी की हत्या कर खुद भी सुसाइड करने वाले पति के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पति उदयपुर में नई जॉब की तलाश में उदयपुर शिफ्ट होने वाला था। इसके लिए उदयपुर में एक दोस्त के यहां जाने का प्लान था। वहीं मौके पर पहुंची FSL टीम की जांच में सामने आया है कि हत्या से पहले पति ने पत्नी के साथ मारपीट की थी। पत्नी के चेहरे और गले पर चोटों के निशान हैं। टीम ने गला दबा कर हत्या करने की आशंका जताई है। दोनों के जाने के बाद अब घर में बूढ़ी मां और दो मासूम ही बचे हैं। बहन देखा था छोटी बहन और जीजा का शव सोमवार को कालू जाट (30) ने अपनी पत्नी दुर्गा (29) की हत्या कर सुसाइड लिया। वह बन का खेड़ा गांव से अपनी साली के यहां हमीरगढ़ थाना इलाके से बरडोद गांव आया था। साढू जगदीश और साली निरमा के बाहर जाते ही दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसमें कालू ने अपनी पत्नी दुर्गा की हत्या कर दी। दोनों के शव सबसे पहले दुर्गा की बहन निरमा ने देखे। इसके बाद अपने पति को बताया और पुलिस बुला ली। जॉब की तलाश में उदयपुर जाने वाले थे चचेरे भाई गोपाल ने बताया- कालू और दुर्गा की शादी 11 साल पहले हुई थी। दोनों के 11 साल का बेटा और 7 साल की बेटी है। कालू को पिछले कुछ समय से काम की तलाश थी। इसके चलते वो उदयपुर में रहने वाले अपने एक मित्र के यहां रोजगार की तलाश में जा रहा था। पति-पत्नी ने अपने दोनों बच्चों को उनकी दादी के पास छोड़ा था। यह प्लान किया था कि अगर उन्हें उदयपुर में कुछ काम मिल जाता है तो फिर वो बच्चों को भी आकर ले जाएंगे। लेकिन इससे पहले ही साढू के घर पर दोनों की जिंदगी खत्म हो गई। बच्चों को साथ स्कूल छोड़ने गए थे चचेरे भाई गोपाल ने बताया- कालू और दुर्गा के बीच बेहद प्रेम था, दोनों ने अपनी मर्जी से लव मैरिज की थी। कुछ ही दिन पहले जब स्कूल खुली थी तो अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने दोनों साथ जाते हुए भी नजर आए थे। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी दोनों काफी एक्टिव रहते थे। अपने बच्चों के साथ रील बनाते थे। पत्नी ने भी सोशल मीडिया पर अपनी बेटी के नाम से प्रोफाइल बना रखी थी। जिस पर परिवार के साथ बिताए गए पल भी शेयर किए हैं। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से बरडोद गांव के साथ-साथ कालू के गांव बन का खेड़ा और दुर्गा के पीहर सालरिया (मंगरोप थाना क्षेत्र)में शोक की लहर है। FSL में हत्या से पहले मारपीट का अंदेशा एफएसएल टीम के मुताबिक मर्डर से पहले पत्नी के साथ काफी मारपीट की गई थी। उसके चेहरे, गले और पेट पर कई जगह चोटों के निशान थे। साथ ही उसके शरीर पर लोहे की क्लिप (फैट) के निशान भी मिले हैं। आशंका है कि पति ने गुस्से में आकर पत्नी के साथ में हाथापाई की उसके बाद कपड़े से गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद खुद ने भी सुसाइड कर लिया। बुजुर्ग महिला बोली: बाइक गिरी तो बाहर आया था कालू जगदीश ने बताया- वारदात स्थल के मकान के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला का दावा है कि हत्या के बाद कालू घर बाहर आया था। उसकी बाइक किसी जानवर ने गिरा दी थी। कालू जब बाइक उठाने आया तो वो काफी हड़बड़ाहट में था। उसने बाइक को खड़ा किया और उसके बाद वो घर के भीतर चला गया। बुजुर्ग महिला ने घर में किसी के चीखने चिल्लाने का शोर नहीं सुना। हत्या से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… पत्नी की हत्या कर फंदे पर लटका पति:कहासुनी होने पर गला घोंटा; साली-साढ़ू खेत से घर लौटे तो शव मिले भीलवाड़ा जिले में पत्नी का मर्डर करने के बाद पति ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक अपनी पत्नी के साथ रविवार रात को साढ़ू के घर आया था। (पढ़ें पूरी खबर)

नदी से 5-किमी दूर पहाड़ी पर मिला मगरमच्छ का बच्चा:वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट ने रेस्क्यू कर चंबल नदी में छोड़ा

कोटा के जवाहर सागर चंबल नदी से करीब पांच किलोमीटर दूर पहाड़ी पर सड़क पर मगरमच्छ का बच्चा घूमता मिला। वाइल्ड लाइफ टीम ने उसे रेस्क्यू कर सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। रेंजर राजपाल शर्मा ने दावा किया कि नदी से करीब चार से पांच किलोमीटर दूर मगरमच्छ मिलने का यह पहला मामला है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो उन्हें नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके। वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट आदिल सैफ ने बताया कि कई बार मगरमच्छ भोजन की तलाश में एक जलाशय से दूसरे जलाशय तक पहुंच जाते हैं। दरअसल, वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट आदिल सैफ को सोमवार रात 7 बजे के लगभग जवाहर सागर से लौटते समय सड़क पर करीब डेढ़ से दो फीट लंबा मगरमच्छ चलता हुआ दिखाई दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मगरमच्छ नदी किनारे से करीब चार से पांच किलोमीटर दूर पहाड़ी क्षेत्र में मिला, जहां आस-पास कोई तालाब, तलैया या जल स्रोत भी मौजूद नहीं था। मगरमच्छ को देखकर आदिल सैफ ने अपने साथी मोहम्मद शाहरुख की मदद से उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी राजपाल शर्मा को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट आदिल सैफ ने बताया कि कई बार मगरमच्छ भोजन की तलाश में एक जलाशय से दूसरे जलाशय तक पहुंच जाते हैं। वहीं बड़े मगरमच्छों के साथ क्षेत्रीय संघर्ष के कारण भी छोटे मगरमच्छ अपना इलाका छोड़ देते हैं और सड़क पर भटकते हुए दिखाई देते हैं। हालांकि यह पहला मौका है, जब किसी मगरमच्छ को पूरी पहाड़ी चढ़कर नदी से इतनी दूर देखा गया है।

जैसलमेर में एलडीसी परीक्षा केंद्र पर जड़ा ताला:पेपर बाहर भेजने की आशंका पर किया प्रदर्शन, कांग्रेस ने की SOG जांच की मांग

राजस्थान में एलडीसी (लिपिक ग्रेड द्वितीय) भर्ती परीक्षा के दौरान जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल केंद्र पर पेपर बाहर भेजने और नकल कराने की आशंका के मामले ने राजनीतिक रूप ले लिया है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने विवादित परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर ताला लगाकर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। दूसरी ओर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने मामले की एसओजी से जांच की मांग उठाई है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर को भेज दी गई है। केंद्र के मुख्य गेट पर ताला, बाहरी लोगों की एंट्री बंद एलडीसी भर्ती परीक्षा के दौरान स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल केंद्र पर पेपर बाहर भेजने और नकल कराने की आशंका सामने आने के बाद प्रशासन ने केंद्र के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इसके साथ ही बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई। मामले के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के रवैये पर भी सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उठाए सवाल संभावित पेपर लीक के मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया के जरिए राज्य सरकार पर सवाल उठाए। तीनों नेताओं ने मामले की एसओजी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद ने कहा कि छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है। बार-बार इस तरह की घटनाएं उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। रिलीवर ड्यूटी और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर सवाल शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश विश्नोई ने आरोप लगाया कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से पसंद के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाती है। उन्होंने मांग की कि इस साल हुई अलग-अलग परीक्षाओं में बार-बार रिलीवर बने लोगों की जांच कराई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिस परीक्षार्थी का पेपर परीक्षा कक्ष से बाहर ले जाने की बात सामने आई है, प्रशासन ने अब तक उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया है। सीसीटीवी और रिलीवर की तैनाती पर उठे सवाल पूर्व अल्पसंख्यक मामलात मंत्री सालेह मोहम्मद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर और स्थानीय संगठनों ने परीक्षा की प्रक्रिया पर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे चालू थे या नहीं। अगर कैमरे चालू थे तो उनकी फुटेज अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई। साथ ही यह भी सवाल उठाया गया कि जब मुख्य वीक्षकों की ड्यूटी लॉटरी प्रक्रिया से लगती है, तो रिलीवर की तैनाती किस आधार पर की गई। यह आशंका भी जताई गई कि परीक्षा केंद्र पर तैनात कुछ कर्मचारियों के सगे-संबंधी परीक्षा में शामिल थे। एडीएम बोले- तथ्यात्मक रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी मामले में अतिरिक्त जिला कलेक्टर परसाराम सैनी ने बताया कि रविवार को आयोजित एलडीसी द्वितीय परीक्षा के दौरान छात्रा का पेपर परीक्षा कक्ष से बाहर ले जाने के मामले में तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर को भेज दी गई है। अब आगे की कार्रवाई बोर्ड के निर्देशों के अनुसार होगी। कांग्रेस और एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन संभावित पेपर लीक के मामले को लेकर सोमवार को जैसलमेर में कांग्रेस और एनएसयूआई ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एसओजी से निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार और परीक्षा प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए गए। ……………………… ये खबर भी पढ़ें…. जैसलमेर में LDC भर्ती परीक्षा विवाद पर कांग्रेस-NSUI का प्रदर्शन:SOG जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, बोले-अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर… राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की लिपिक ग्रेड द्वितीय (LDC) भर्ती परीक्षा में संभावित पेपर लीक के मामले को लेकर जैसलमेर में सोमवार को कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मामले की SOG से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार और परीक्षा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। (पूरी खबर पढ़ें)

निम्बाहेड़ा में बिजली गिरने से तीन की मौत:खेत पर बनी झोपड़ी में सोए थे दादा-दादी और पोता, बेटा-बहू ने शरीर से धुआं निकलते देखा

चित्तौड़गढ़ जिले के कनेरा थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दादा, दादी और पोता शामिल हैं। ये तीनों फसल की रखवाली के लिए खेत पर बने झोपड़े में सोए हुए थे। हादसा सोमवार रात करीब 9 बजे कनेरा थाना क्षेत्र के लुनखन्दा गांव में हुआ। कनेरा थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया – मृतकों की पहचान बद्रीलाल (40) उनकी पत्नी चंद्री बाई (38) और पोता विशाल (5) के रूप में हुई है। तीनों गांव से करीब दो किलोमीटर दूर अनोपपुरा-सुखानंदजी मार्ग स्थित अपने खेत पर बने झोपड़े में रुके हुए थे। क्षेत्र में सोमवार सुबह से ही बारिश हो रही थी। पास की झोपड़ी में थे बेटा-बहू
मृतक बद्रीलाल और उनका बेटा उसी खेत पर अलग-अलग झोपड़ियों में रहते थे। हादसे के समय बद्रीलाल, पत्नी चंद्रीबाई और पोता विशाल एक ही झोपड़े में सोए हुए थे, जबकि बेटा-बहू पास की झोपड़ी में सोए थे। तेज धमाके की आवाज सुनकर दोनों दौड़कर वहां पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो तीनों के शरीर से धुआं निकल रहा था।
बेटे ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। सूचना मिलने पर ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और तीनों को तुरंत कनेरा सीएचसी ले गए, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव मॉर्च्युरी में रखवाए, आज होगा पोस्टमाॅर्टम
सूचना मिलते ही कनेरा थाने के एएसआई महेंद्र सिंह मय जाप्ता मौके और अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने तीनों के शव कनेरा सीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाए हैं। मंगलवार को तीनों का पोस्टमाॅर्टम किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग ने निकाय-पंचायत चुनाव करवाने का समय बताया:पंचायती-राज विभाग को लिखा लेटर, कहा- चुनाव करवाने में कम से कम 90 दिन लगेंगे

प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों 31 जुलाई तक नहीं हो सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को पंचायती राज विभाग को लिखे एक पत्र में दोनों संस्थाओं (पंचायत और नगरीय निकाय) के चुनाव करवाने के लिए कम से कम 90 दिन का समय लगने की बात कही है। ये तब है जब राज्य सरकार अपने स्तर या ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के आधार पर एससी, एसटी, ओबीसी और महिला के आरक्षण का निर्धारण करके देती है। 14 अगस्त तक आएगी ओबीसी आरक्षण की रिपोर्ट दरअसल राजस्थान हाईकोर्ट ने 22 मई को आदेश देते हुए आयोग को 31 जुलाई तक दोनों संस्थाओं के चुनाव करवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन राज्य में अब तक इन चुनावों में ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षण का निर्धारण नहीं हो सका है। पिछले दिनों पंचायती राज विभाग ने एक पत्र निर्वाचन आयोग को लिखा, जिसमें बताया कि ओबीसी आयोग ने अपनी ​आरक्षण संबंधि रिपोर्ट 14 अगस्त 2026 तक तैयार करके सौंपने के लिए कहा है। अगर रिपोर्ट 14 अगस्त तक आ जाती है तो पंचायती राज विभाग 31 अगस्त तक सभी वर्गो के पदों का आरक्षण निर्धारित कर देगा। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद आयोग कितने समय में चुनाव करवा सकता है। चार और दो चरणों में करवाने पड़ेंगे चुनाव आयोग ने इस पत्र के जवाब में बताया- अगर आरक्षण का निर्धारण हो जाता है तो विभाग जिस दिन भी चुनाव संबंधि प्रेस विज्ञप्ति जारी करेगा उसके 90 दिवस के अंदर चुनाव संपादित हो जाएंगे। इसमें 50 दिन का समय पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में लगेगा और 40 दिन का समय नगरीय निकाय चुनाव में। आयोग ने बताया- बढ़ी हुई पंचायतें और संसाधनों को देखते हुए पंचायत चुनाव 4 चरण में करवाए जाने संभावित है, ज​बकि नगरीय निकाय चुनाव 2 चरणों में पूरे होंगे। ———— ये खबर भी पढ़िए… पंचायत चुनाव जुलाई तक होना भी संभव नहीं:OBC आयोग के पास आरक्षण के लिए स्पष्ट आंकड़े नहीं, सुप्रीम कोर्ट जा सकती है सरकार राजस्थान में पंचायत चुनाव 31 जुलाई तक होंगे या नहीं? हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद इस पर संशय बरकरार है। बड़ा सवाल यह है कि इस बार भी ओबीसी आयोग 20 जून तक आरक्षण का डेटा नहीं दे पाता है तो एक फिर पंचायत चुनाव टल जाएंगे? या फिर राज्य निर्वाचन आयोग सुप्रीम कोर्ट के मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव पर दिए निर्णय को आधार बनाकर बिना आरक्षण के चुनाव कार्यक्रम जारी करेगा? (पढ़िए पूरी खबर)

जयपुर में परिवार पर चढ़ा ट्रेलर, 4 की मौत:बच्चों के शव टुकड़ों में नाले में गिरे, मां के पैर टूटे; ट्रेलर के 5 चालान पेंडिंग

जयपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार के 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन बच्चों और पिता की मौत हो गई। मां के दोनों पैर टूट गए। हादसा इतना भीषण था कि बच्चों के शवों के चिथड़े उड़ गए। एक बच्चे के शव के दो टुकड़े हो गए। सभी लोग नाले में गिर गए। हादसा श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाइपास पर कमला नेहरू नगर में मंगलवार सुबह 8:46 बजे हुआ। मृतकों की पहचान राजसमंद के जैतपुरा निवासी चंद्रप्रकाश (40) और उनके बेटों रमेश (11), रतन (10), दीपक (8) के रूप में हुई है। चंद्रप्रकाश की पत्नी कैलाशी (35) गंभीर रूप से घायल है। कैलाशी के दोनों पैर टूट गए हैं। एसएमएस हॉस्पिटल के ट्रॉमा में इलाज चल रहा है। गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था परिवार हादसे का शिकार बागरी समाज का परिवार वैशाली नगर में किराए के मकान में रहता था। फुटपाथ पर झाड़ू बनाकर बेचता था। आज सुबह गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान ट्रेलर रेलिंग को तोड़ते हुए माता-पिता और तीनों बच्चों को कुचल दिया। तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल माता-पिता को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर और खलासी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायलों को नाले से निकाला। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाया गया। हादसे की 3 PHOTOS… हादसे की चश्मदीद कैलाशी से भास्कर रिपोर्टर ने बातचीत की… सवाल- हादसा कैसे हुआ ? जवाब – हम लोग गाड़ी के इंतजार में सड़क किनारे बैठे थे, मेरे बच्चे भी साथ थे। तेज गति से एक ट्रेलर आया और हम सबको कुचलते हुए निकल गया। हम लोगों को बचने का भी मौका नहीं मिला। सवाल- ट्रेलर कितना तेज आ रहा था, क्या आपको बचने का मौका मिला था? जवाब – गाड़ी बहुत तेज आई थी, बचने का भी मौका नहीं मिला। सवाल- ट्रेलर को रफ्तार में आता देखा, तो आपको क्या लगा था? जवाब – हमें लगा था, हम लोग नहीं बचेंगे। सवाल- हादसे के बाद आपको होश कब आया? जवाब -अस्पताल में आने के बाद होश आया। पति और तीन बेटों को खोने के बाद कैलाशी सदमे में है। कैलाशी का एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। उसके दोनों पैर टूट गए।
हादसे के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…