ब्रेकिंग न्यूज़
वासा में स्कूल के गेट पर छात्राओं ने लगाया ताला:टीचर्स की कमी को लेकर फूटा आक्रोश, टीसी लेने की चेतावनी

सिरोही जिले के पिंडवाड़ा तहसील के वासा गांव स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्राओं ने मंगलवार को स्कूल के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन किया। छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर स्कूल परिसर के बाहर बैठकर रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की। छात्राओं ने बताया कि स्कूल में कुल 203 छात्राएं नामांकित हैं, लेकिन स्वीकृत 13 शिक्षकों के पदों में से केवल 4 शिक्षक ही कार्यरत हैं। इस कारण नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई विषयों की कक्षाएं नहीं लग पा रही हैं, जिससे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर भी असर पड़ रहा है। 203 छात्राओं पर मात्र 4 टीचर
धरने पर बैठी छात्राओं ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे स्कूल से स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) लेकर अन्य विद्यालयों में प्रवेश लेने को मजबूर होंगी। स्कूल गेट पर तालाबंदी कर दिया धरना
प्रिंसिपल सोनू कंवर ने बताया कि जब वे स्कूल पहुंचीं, तो छात्राओं ने गेट पर तालाबंदी कर रखी थी और बाहर खड़ी थीं। छात्राओं ने स्पष्ट किया कि जब तक नए शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होती, वे स्कूल में प्रवेश नहीं करेंगी और ताला नहीं खोलेंगी। प्रिंसिपल ने यह भी बताया कि इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को पहले भी सूचित किया जा चुका है, लेकिन अभी तक किसी भी शिक्षक की नियुक्ति नहीं हुई है।
छात्राओं के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। छात्राओं ने दोहराया कि जब तक शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

डूंगरपुर में रात में हल्की और सुबह तेज बारिश:आज बरसात का ऑरेंज अलर्ट जारी, चिखली में सर्वाधिक 35 एमएम बारिश रिकॉर्ड

डूंगरपुर शहर समेत जिले के कई हिस्सों में रात के समय हल्की बरसात हुई। मंगलवार सुबह से आसमान में बादलों का डेरा रहा। 9.30 बजे बाद घने काले बादल छा गए और फिर बरसात का दौर शुरू हो गया। रुक रुककर झमाझम बरसात हुई। बारिश की वजह से मौसम सुहावना ओर ठंडा हो गया। मौसम विभाग की ओर से डूंगरपुर जिले मे मंगलवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। रात को हल्की बरसात के बाद से सुबह आसमान में बादल छाए रहे। लेकिन दिन बढ़ने के साथ घने काले बादल छा गए। 9.50 बजे अचानक तेज बरसात का दौर शुरू हो गया। रुक रुक कर झमाझम और हल्की बरसात का दौर चल रहा है। इससे सड़कों पर पानी बहने लगा। डूंगरपुर जिले मंगलवार सुबह 8 बजे तक सबसे ज्यादा बारिश चिखली में 35 एमएम रिकॉर्ड की गई है, जबकि गलियाकोट में 29 एमएम, सागवाड़ा में 23 एमएम, निठाउवा में 13 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है़।

अधिवक्ता अपहरण मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार:1 जुलाई को किया था अपहरण, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी

छोटीसादड़ी पुलिस ने अधिवक्ता अभिषेक सोलंकी के अपहरण और मारपीट मामले में दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी हरिओम तेली को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। पुलिस अब शेष फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में गठित टीम ने 5 जुलाई को जसपाल तेली (22) पुत्र दिनेशचंद्र तेली और दिलीप लौहार (20) पुत्र राजू लौहार, दोनों निवासी खेरोट को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, नाइयों की गली, छोटीसादड़ी निवासी अधिवक्ता अभिषेक सोलंकी ने 2 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे बालाजी मंदिर से घर लौटते समय एक वैन में सवार लोगों ने उनका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर गणेशपुरा, बड़ीसादड़ी, प्रतापगढ़ और खेरोट ले जाकर मारपीट की। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। बाद में मुख्य आरोपी हरिओम उन्हें प्रतापगढ़ थाना ले गया और उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने विशेष टीमें गठित की थीं। घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी हरिओम तेली को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस शेष फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

निमज-केजड़ को जोड़ने वाली सड़क बारिश के कारण जर्जर:शिकायत के बाद भी समाधान नहीं, एसडीएम बोले- जल्द कार्रवाई कर मरम्मत की जाएगी

सराड़ा उपखंड से निमज-केजड़ को जोड़ने वाली सड़क बारिश के कारण जर्जर हो गई है। जगह-जगह गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। इसी रास्ते से प्रतिदिन स्कूली छात्र-छात्राएं, किसान, व्यापारी, मरीज और अन्य ग्रामीण सराड़ा कस्बे तक पहुंचते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ है। विभागीय अनदेखी के कारण आमजन को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान जलभराव से हालात और गंभीर हो जाते हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए इस मार्ग की तत्काल मरम्मत कर गहरे गड्ढों को भरा जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। इस संबंध में सराड़ा एसडीएम और सराड़ा तहसीलदार ने बताया- सड़क की खराब स्थिति की जानकारी प्राप्त हुई है। संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग से समन्वय कर जल्द से जल्द मरम्मत कार्य कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

शैलेश लोढ़ा की बेटी की शादी, PHOTOS:एक्टर विक्की कौशल ने दुल्हन को दी बधाई, कुमार विश्वास समेत कई कवि और नेता पहुंचे

जोधपुर में कवि, लेखक और अभिनेता शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा की शादी शाही और मारवाड़ी रीति-रिवाज के साथ हुई। शादी में बॉलीवुड से लेकर साहित्य और राजनीति से जुड़े लोग इसमें शामिल हुए। शादी समारोह उम्मेद भवन में 6 जुलाई को हुई। बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल भी शादी में पहुंचे और दुल्हन को बधाई दी। राकेश बेदी, रजा मुराद के अलावा सिंगर सुदेश भोसले,मनोज मुंतशिर, गुरुदीप मेहंदी, बाबा रामदेव, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर, कवि सुरेंद्र शर्मा, कुमार विश्वास समेत कई नामी हस्तियों ने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया। मेहमानों ने समारोह के दौरान मारवाड़ी संस्कृति, संगीत का भी आनंद लिया। शादी संपन्न होने के बाद शादी की रस्मों का एक वीडियो दिखाया गया। इसे देखकर दूल्हा-दुल्हन समेत पूरा परिवार भावुक नजर आया। देखिए- शादी की PHOTOS …… ये खबर भी पढ़ें… 1. जोधपुर में कवि शैलेश लोढ़ा की बेटी की शादी, VIDEO:संगीत कार्यक्रम में परिवार ने बॉलीवुड गानों पर किया डांस, फोटो शूट करवाया कवि और एक्टर शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा लोढ़ा सोमवार को जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में सात फेरे लेंगी। रविवार (5 जुलाई) को आईटीसी के वेलकम होटल में संगीत कार्यक्रम हुआ। सिंगर सुदेश भोसले के गानों पर कवि, उनकी पत्नी और बेटी ने भी खूब डांस किया। पूरी खबर पढ़ें… 2. कवि शैलेश लोढ़ा की बेटी की मेहंदी की रस्म हुई:कल जोधपुर में होंगे फेरे; सीएम भजनलाल ने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया कवि और अभिनेता शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा की शादी 6 जुलाई को जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में होगी। 5 जुलाई की शाम को मेहंदी की रस्म हुई। इसके बाद रात को शहर की एक होटल में संगीत कार्यक्रम भी हुआ। पढ़ें पूरी खबर 3. जोधपुर में कवि शैलेश लोढ़ा की बेटी की शादी:तीन दिन तक चलेंगे कार्यक्रम; कवि और बॉलीवुड सितारे भी आएंगे कवि और अभिनेता शैलेश लोढ़ा की बेटी स्वरा की शादी 6 जुलाई को जोधपुर में होगी। आज शाम से शादी की रस्में शुरू हो गई हैं। ‘संस्कृति स्वर’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी पहुंचे। पढ़ें पूरी खबर

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे नितिन गडकरी:सोहना से रतलाम तक जाएंगे; बस अग्निकांड घटनास्थल भी पहुंचेंगे, तैयारियों में जुटा NHAI

दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस-ट्रेलर अग्निकांड में 8 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 8 जुलाई को एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे। एनएचएआइ के परियोजना निदेशक (पीडी) गजेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री गडकरी दिल्ली से कार द्वारा रवाना होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के रास्ते कोटा-रतलाम तक पहुंचेंगे। दोपहर करीब 2 बजे दौसा जिले से गुजरेंगे। इस दौरान वे बस अग्निकांड घटनास्थल का जायजा ले सकते हैं। इसके साथ ही एक्सप्रेस-वे मेंटिनेन्स, निर्माण कार्य, सुरक्षा व्यवस्थाओं और कोटा में मुकुंदरा हिल्स स्थित दरा टनल का जायजा लेंगे। इसके बाद एमपी-गुजरात राज्यों में भी जायजा लेंगे। तैयारियों में जुटा NHAI मंत्री के प्रस्तावित दौरे की सूचना मिलते ही एनएचएआई और संबंधित अधिकारियों में हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों ने निरीक्षण को देखते हुए एक्सप्रेस-वे पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि हाल ही में दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण बस-ट्रेलर अग्निकांड में 8 लोगों की मौत हुई थी। इस हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता को लेकर कई सवाल उठे हैं। हाईवे पर हुए हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… दौसा बस-अग्निकांड: ‘मेरी आंखों के सामने पत्नी जल गई साहब’:किसी ने मदद नहीं की; पैसेंजर बोलीं- मालूम नहीं पति कहां गिरे, लोग सीटों में फंसे थे अचानक सोकर उठे थे, झटका लगा और बच्ची का सिर आगे टकराया। मैंने देखा मेरे पति वहां नहीं थे। (पढ़ें पूरी खबर) राजस्थान- बस-ट्रेलर भिड़े, 8 की मौत, 6 जिंदा जले:MLA बोले- इमरजेंसी गेट नहीं खुला; दावा- डिक्की में भरे थे सिगरेट के बॉक्स राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात बस-ट्रेलर की भिड़ंत हो गई। एक्सीडेंट में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें 6 लोगों की मौत आग में झुलसने से और 2 की सिर पर चोट लगने के कारण हुई है। एसपी ने बताया कि एक्सीडेंट कोलवा थाना क्षेत्र में हुआ है। बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी स्लीपर में मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 40 पैसेंजर्स थे। पढ़ें पूरी खबर… बस में लोगों का मांस तक जल गया, हड्डियां बची:पैर पकड़कर पति को ढूंढने की गुहार लगाती रही पत्नी; देखिए दौसा बस अग्निकांड की तस्वीरें दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बस आगे चल रहे ट्रेलर से भिड़ गई। मिनटों में ही दोनों वाहनों में आग लग गई। बस में सो रहे यात्रियों में भगदड़ मच गई। लोग चिल्लाने लगे भागो-भागो आग लग गई है। जान बचाने के लिए लोग उतरकर भागने लगे, लेकिन कुछ लोग अंदर फंस गए। देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पूरी खबर पढ़ें…

ANM-पत्नी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, पति को उम्रकैद:साले से कहा था- उसे तो मार दिया, अगला नंबर तेरा है; तलाक के बाद पीछा करता था

बीकानेर में तलाक के बाद ANM पत्नी का पीछा कर हत्या करने वाले पति को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। पति ने पत्नी के सिर पर पत्थर मार कर उसकी हत्या की थी। हत्या के बाद आरोपी ने अपने साले विकास को फोन कर कहा, “सुमन को तो मैंने मार दिया है, अब अगला नंबर तेरा है।” 3 साल पुराने मामले में बीकानेर की अपर सेशन न्यायालय संख्या-5 ने मंगलवार को यह फैसला सुनाया है। सुमन चौधरी की हत्या के मामले में झुंझुनूं निवासी कृष्णपाल सिंह को दोषी माना है। ANM पत्नी की हत्या पीड़ित पक्ष के वकील के अनुसार, कृष्णपाल सिंह और सुमन चौधरी की शादी साल 2003 में हुई थी। सुमन साल 2011 में एएनएम के पद पर लगीं। उनकी पहली पोस्टिंग घीगासर गांव में हुई थी, बाद में उनका तबादला बरसिंहसर हो गया। इसी दौरान पोस्ट ऑफिस में कार्यरत कृष्णपाल गबन के एक मामले में फंस गया था और उसे जेल भी जाना पड़ा। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। कृष्णपाल ने साल 2019 में तलाक की अर्जी लगाई और उसी साल दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बाद भी आरोपी लगातार सुमन का पीछा करता था, उनके साथ मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देता था। इस संबंध में परिजनों ने पहले भी शिकायतें की थीं। साले को भी देता था धमकी पीड़ित पक्ष के वकील के अनुसार, 22 अगस्त 2023 को कृष्णपाल सिंह ने सुमन चौधरी पर पीछे से पत्थर से हमला किया। सिर पर पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उनका निधन हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना पत्थर और अन्य साक्ष्य जब्त किए थे। सुनवाई के दौरान गवाहों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने अपने साले विकास को फोन कर कहा, “सुमन को तो मैंने मार दिया है, अब अगला नंबर तेरा है। तुझे भी मार दूंगा। ” अदालत ने माना कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड से यह भी पुष्ट हुआ कि घटना के बाद आरोपी ने विकास को फोन किया था। डीएनए रिपोर्ट और टी-शर्ट बने सबूत जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहनी गई खून से सनी टी-शर्ट बरामद की। घटनास्थल से मिले पत्थर और टी-शर्ट पर मिले रक्त के नमूनों की एफएसएल जांच में डीएनए प्रोफाइल मृतका से मेल खाई। आरोपी के हाथ पर मिले चोट के निशानों को भी अदालत ने अन्य साक्ष्यों के साथ महत्वपूर्ण माना। कोर्ट ने कहा- सभी सबूत आरोपी के खिलाफ अदालत ने अपने फैसले में कहा कि तलाक के बाद लगातार प्रताड़ना, हत्या से पहले दी गई धमकियां, घटना के बाद किया गया फोन, खून से सनी टी-शर्ट, घटनास्थल से बरामद पत्थर और वैज्ञानिक साक्ष्य मिलकर ऐसी पूरी श्रृंखला बनाते हैं, जिससे संदेह से परे साबित होता है कि हत्या कृष्णपाल सिंह ने ही की। इसी आधार पर अदालत ने उसे भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दोषी करार दिया।

कोटला मोहल्ले में दिनदहाड़े फायरिंग:पत्थरबाजी के बाद अवैध तमंचों से ताबड़तोड़ गोलियां चलाने का वीडियो आया सामने

धौलपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कोटला मोहल्ले में मंगलवार को 2 पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। पहले दोनों पक्षों में पत्थरबाजी हुई, जिसके बाद कुछ लोगों ने अवैध तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में छिप गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक हथियार लहराते हुए फायरिंग करते दिख रहे हैं। हालांकि इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। मामले की जांच अभी जारी है।

राजकीय BDM अस्पताल में कोबरा सांप घुसा:सर्प मित्र ने पकड़कर जंगल में छोड़ा; मरीजों, परिजनों में दहशत

कोटपूतली के राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर के अंदर एक कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सर्प मित्र एवं जीव रक्षक सुरेश को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने तुरंत पहुंचकर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद कोबरा सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के बाद सांप को पास के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। जब तक सांप को सुरक्षित नहीं पकड़ा गया, तब तक मौजूद लोगों में तनाव बना रहा।

RCA में चुनाव का रास्ता साफ:सुप्रीम कोर्ट ने कहा- कब तक चुनाव नहीं कराओगे, एडहॉक कमेटी की याचिका को बताया बेतुका

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) में चुनाव कराने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए याचिका को बेतुका बताया। इसके बाद पूर्व एडहॉक कमेटी के सदस्यों की ओर से दायर विशेष अनुमति याचिका (SLP) वापस ले ली गई है।हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने का प्रयास पूरी तरह विफल हो गया। अब RCA में चुनाव प्रक्रिया प्रशासक की निगरानी में आगे बढ़ेगी। एडहॉक कमेटी के कुछ सदस्यों ने खुद को राजस्थान क्रिकेट संघ का प्रतिनिधि बताते हुए सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका दायर की थी। उनकी ओर से अधिवक्ता नरेंद्र सिंह यादव ने पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा- ऐसे कब तक चुनाव नहीं कराओगे सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस केवी विश्वनाथन और जस्टिस आलोक आराधे की खंडपीठ ने नाराजगी जताते हुए एडहॉक कमेटी के सदस्यों की ओर से दायर याचिका को बेतुका बताया। कोर्ट ने कहा- एडहॉक कमेटी को अस्थायी तौर पर चुनाव कराने के लिए गठित किया गया था। लेकिन बार-बार एडहॉक कमेटी का समय बढ़ाकर उसे ही संचालन का जिम्मा दे दिया गया। ऐसे कब तक चुनाव नहीं कराओगे। एसोसिएशन के नाम से याचिका दायर करने का अधिकार नहीं मंगलवार को सुनवाई के दौरान सरकार ने कहा कि एडहॉक कमेटी को एसोसिएशन के नाम से याचिका दायर करने का कोई अधिकार नहीं है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के नाम से दायर विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) को प्रशासक और उनके निर्देश पर दायर याचिका नहीं माना जा सकता है। कोर्ट और सरकार के रुख देखते हुए पूर्ववर्ती एडहॉक कमेटी ने अपनी याचिका वापस लेने की अनुमति मांगी। जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। हाईकोर्ट का आदेश प्रभावी रहेगा सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब हाईकोर्ट का 1 जुलाई 2026 का आदेश पूरी तरह प्रभावी रहेगा। इसके तहत प्रशासक भास्कर ए. सावंत की निगरानी में राजस्थान क्रिकेट संघ के चुनाव कराए जाएंगे। प्रशासक को मतदाता सूची को अंतिम रूप देना, निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति करना, चुनाव कार्यक्रम जारी करना और निर्धारित समय-सीमा में पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न करानी होगी। साथ ही 29 जुलाई 2026 तक चुनाव कार्यक्रम हाईकोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करना होगा। राजस्थान के क्रिकेट पर एक एडहॉक कमेटी थोपी गई थी कोर्ट में याचिका लगाने वाले राजीव प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि राजस्थान के क्रिकेट पर एक एडहॉक कमेटी थोप दी गई थी। जबकि जिला क्रिकेट संघ को यह काम करना चाहिए था। इसलिए मैंने कोर्ट में याचिका लगाई थी। ताकि राजस्थान के क्रिकेट और खिलाड़ियों को राहत मिल सके।
जब कोर्ट ने इन्हें सस्पेंड कर दिया, तब एडहॉक कमेटी के सदस्य सुप्रीम कोर्ट चले गए। लेकिन वहां भी इनके पास कोई तथ्य नहीं था। इसके बाद अब कोर्ट के फैसलों के अनुरूप काम किया जाएगा। अगले 3 महीने में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव संपन्न होंगे। इस दौरान क्रिकेट गतिविधियों का संचालन नियमित चलता रहेगा। लेकिन बारिश के मौसम में वैसे भी क्रिकेट गतिविधियां नहीं होती है। ऐसे में मुझे नहीं लगता कि राजस्थान के खिलाड़ियों को किसी तरह का नुकसान आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा। इसलिए चर्चा में कमेटी दरअसल, राजनीतिक रूप से भी यह कमेटी चर्चा में थी। क्योंकि इसके अधिकांश सदस्य प्रदेश के प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों से जुड़े हैं। मोहित यादव भाजपा विधायक जसवंत यादव के पुत्र हैं। धनंजय सिंह स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पुत्र हैं। आशीष तिवाड़ी भाजपा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के पुत्र हैं। अरिष्ट सिंघवी पूर्व मंत्री चंद्रराज सिंघवी के पोते हैं, जबकि अर्जुन बेनीवाल भादरा विधायक संजीव बेनीवाल के पुत्र हैं। इनके साथ ही डूंगरपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुशील जैन भी कमेटी में सदस्य हैं। इसे पहले भाजपा विधायक जयदीप बिहानी और राजस्थान भाजपा पदाधिकारी रहे दीनदयाल कुमावत भी एडहॉक कमेटी के कन्वीनर रह चुके हैं। राजस्थान हाईकोर्ट ने पहले ही निर्देश दिए थे कि तीन महीने के भीतर RCA को नई निर्वाचित कार्यकारिणी मिलनी चाहिए। ऐसे में अब चुनाव प्रक्रिया तय समय-सीमा के भीतर पूरी होने की संभावना है। अलग-अलग अदालतों में कई याचिकाएं दायर बता दें कि राजस्थान क्रिकेट संघ पिछले कई सालों से प्रशासनिक विवादों, चुनाव संबंधी मतभेदों और कानूनी चुनौतियों से घिरा रहा है। राजस्थान क्रिकेट संघ के संचालन को लेकर अलग – अलग अदालतों में कई याचिकाएं दायर होती रही हैं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए हाईकोर्ट ने पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से प्रशासक नियुक्त करने और समयबद्ध चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। ऐसे में अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी सभी प्रमुख कानूनी बाधाएं खत्म हो गई हैं। अब प्रशासक की देखरेख में चुनाव कराकर राजस्थान क्रिकेट संघ को नई निर्वाचित कार्यकारिणी सौंपने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। ये भी पढ़ें… राजस्थान हाईकोर्ट ने RCA की एडहॉक कमेटी निलंबित की:IAS भास्कर ए. सावंत बने इंचार्ज; अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट स्थगित राजस्थान हाईकोर्ट ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। लंबे विवाद के बीच हाईकोर्ट ने बुधवार को बड़ा फैसला सुनाया। कोर्ट ने होम सेक्रेटरी (IAS) भास्कर ए. सावंत को RCA का इंचार्ज नियुक्त किया है। मामले की सुनवाई कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एस.पी. शर्मा की खंडपीठ ने की। (पूरी खबर पढ़ें)