ब्रेकिंग न्यूज़
3 विभागों के समन्वय से फाइनल होगी नीति:53 हजार गांवों को हर दिन एक घंटा पानी देने की बनेगी नीति

राजस्थान के 41 जिलों के 53 हजार गांवों को रोज एक घंटा पानी सुनिश्चित करने, सप्लाई को निर्बाध चलाने को लेकर नई संशोधित नीति लाई जा रही है। इसके तहत ग्रामीण इलाकों की सारी पेयजल योजनाओं को इस नीति के तहत ही संचालित किया जाएगा। हर घर को बाहर से पानी लाने की बजाय सीधे नल से पानी सुनिश्चित करने को नीति बनाने पर काम हो रहा है। इसके तहत उपलब्ध जल का घर घर तक संधारण, प्रसारण रोजाना कैसे हो, इस पर फोकस है। इसके तहत करीब 95 लाख से अधिक ग्रामीण घरों को शुद्ध नल का जल सप्लाई सुनिश्चित करने का प्रस्ताव है। सीएस ने पेयजल योजनाओं के संचालन एवं संधारण की व्यापक नीति को शीघ्र अंतिम रूप देने के लिए अफसरों को कहा है। इधर, प्रदेश के 95 लाख घरों तक नल का जल पहुंचाने के लिए नई नीति को 3 विभाग अंतिम रूप देंगे। इनमें पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, जलदाय विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को मिलकर फाइनल करना है। तीनों के समन्वय से संशोधित नीति को आगे बढ़ाने पर सीएस का फोकस है। 25 लाख आदिवासी परिवारों को पानी का अलग प्लान प्रदेश के करीब 25 आदिवासी परिवारों को घर घर पानी को लेकर सीएस अलग प्लान बनवा रहे हैं। उन्होंने जनजाति विकास मंत्रालय से लेकर जलदाय विभाग को मिलकर अलग प्लान बनाने को कहा है। ग्रामीण परिवार होने के बावजूद आदिवासी बेल्ट की भौगोलिक परिस्थितियां अलग होने और नल कनेक्शन में आ रही परेशानियों को दूर करने का प्लान बन रहा है। 100 करोड़ से बड़ी योजना को खुद सीएस देखेंगे राजस्थान में 970 करोड़ रुपए का जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाला होने के बाद अब राजस्थान की जेजेएम की 100 करोड़ रुपए या इससे अधिक लागत की योजनाओं पर मुख्य सचिव वी श्रीनिवास सीधे नजर रखेंगे। सीएस ने अफसरों से 100 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं की नियमित मानिटरिंग करने को कहा। सीएस ने जेजेएम अफसरों से हर घर जल कनेक्शन के प्रमाणित डेटा मांगे। कितने घरों के कनेक्शन जांच के बाद प्रमाणित हुए कि पानी पहुंच रहा है, इसकी रिपोर्ट मांगी है।

बरसों बाद जमाबंदी में नाई से बना मीणा शुद्धिकरण होते ही खुशी से खिल उठा चेहरा

भास्कर न्यूज | चकेरी भारत निर्माण सेवा केंद्र चकेरी पर ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता कार्यवाहक प्रशासक रामपति देवी ने की। शिविर प्रभारी ब्रज लाल मीणा ने शिविर में आए सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज की। नायब तहसीलदार पुष्पेंद्र शर्मा ने उपस्थित लोगों से तकासमा, खेत का रास्ता, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं करने की बात कही। शिविर में फसल बुआई का समय होने के बावजूद लोगों की भीड़ रही। ग्रामीण सेवा शिविर चकेरी में 5 नामांतरण, 1 तकासमा, 38 नाम-शुद्धि के प्रकरण आए। बरसों से रामसहाय को जमाबंदी में मीणा की जगह नाई जाति दर्ज कर रखा था। शिविर में शुद्धिकरण कर मूल मीणा दर्ज किया गया। पीड़ित पुखराज ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद नामांतरण नहीं खुल रहा था। चिकित्सा विभाग की डॉ. शिवानी गुर्जर ने बताया कि 52 टीबी मरीजों की जांच हुई। बीपी-शुगर के 21 मरीजों की जांच हुई। पीएमजेवाई के 14 कार्ड वितरित किए गए। खाद्य विभाग में 10 केवाईसी हुए। 2 खाद्य सुरक्षा आवेदन आए। 15 उपभोक्ताओं की आधार सीडिंग की गई। रसद विभाग ने संचालित योजनाओं की जानकारी दी। पंचायत राज में 7 पट्टे वितरित किए गए। 2 पट्टों के आवेदन आए। कुल 20 परिवाद प्राप्त हुए। लोगों ने गंभीर नदी की पुलिया निर्माण की मांग की। बरसात में वैकल्पिक व्यवस्था के लिए सीमेंट के पाइप, मोरम डालने की मांग की। शिविर में आए विकास अधिकारी जगदीश मीणा, पंचायत समिति सवाईमाधोपुर, ने पट्टा वितरण ज्यादा से ज्यादा करने पर जोर दिया। बरसात से पहले जिन रास्तों पर निर्माण स्वीकृत किए गए हैं, उन्हें तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। शिविर में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। भूरी पहाड़ी में भी ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। पांचना बांध प्रकरण के कारण नेटवर्क नहीं आने से लोगों के कार्य नहीं हो सके। एक भी आवेदन ऑनलाइन नहीं हो सका। नेट नहीं आने के कारण विभाग के अधिकारियों ने असमर्थता व्यक्त की। लोगों ने पुनः शिविर आयोजित करने की मांग की है। सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग में 6 पालनहार के आवेदन तैयार किए गए, एक व्यक्ति का वार्षिक सत्यापन कराया गया। बिजली निगम द्वारा 7 आवेदन आए, दो लूज पोल सही किए गए, एलटी केबल रिपेयर की गई। प्रमाण पत्र नहीं बनाने की शिविर प्रभारी से शिकायत राजस्व विभाग द्वारा किसानों के नोशनल शेयर प्रमाण पत्र नहीं बनाने की शिविर प्रभारी से शिकायत की। दो लोगों को पोष्टिक कीट का वितरण किया गया। जलदाय विभाग के 4 परिवाद प्राप्त हुए। महिला बाल विकास विभाग के बेटी-बचाओ 330 लोगों को जागरूक किया,कालीबाई भील योजना में 320, पन्नाधाय सुरक्षा योजना में 330 लोगों को जानकारी दी गई। सार्वजनिक निर्माण विभाग में 4 परिवाद आये जिसमें ग्रामीणों ने सड़क निर्माण पर जोर दिया। पशुपालन विभाग में 68 रोगी पशुओं की जांच की गई,540 पशुओं का टीकाकरण किया।650 पशुपालकों को लाभान्वित किया गया। सहकारिता विभाग के चरत लाल मीणा ने 20 किसानों का सत्यापन किया गया। कृषि विभाग द्वारा 386 किसानों को मिट्टी जांच, उर्वरक मात्रा,फसल गुड़ाई के बारे में बताया।

सर्राफा संस्थान का स्नेह मिलन 16 को

बारां | सर्राफा संस्थान का स्नेह मिलन समारोह और पूल पार्टी 16 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक पुलिस लाइन रोड पर स्थित निजी फार्म हाउस में होगा। मीडिया प्रवक्ता आशीष सोनी ने बताया कि अध्यक्ष कपिल पोरवाल की अध्यक्षता में आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों के हितों पर चर्चा करना, बाजार से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर बात करना तथा व्यापारियों की सलाह से संस्थान को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महामंत्री गिरीश मूंदड़ा, पीयूष गर्ग, कोषाध्यक्ष जितेंद्र सोनी, रविंद्र जैन, देवेंद्र नागर, विवेक सोनी, आशीष शर्मा, कपिल सोनी जस्टाना, कमलेश नागर, गोविंद सुमन, राजकुमार सोनी, हरीश सोनी, नकुल सोनी, प्रवीण मराठा आदि जुटे हुए हैं।

आमजन को सर्पदंश से जागरूक और सतर्क रहने की अपील

बारां | जिले में मानसून की शुरूआत के साथ सर्पदंश के मामले सामने आने की संभावना को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने आमजन से जागरूक व सतर्क रहने की अपील की है। ताकि समय रहते सर्पदंश वाले व्यक्ति की जान बचाई जा सके। क्योंकि बारिश के मौसम में बहता हुआ पानी बिलों और निचले इलाकों में पहुंचता है। इससे सर्प व अन्य जीव बाहर आ जाते हैं। इस दौरान मनुष्य के संपर्क में आने पर सर्पदंश की घटनाएं होती हैं। सीएमएचओ डॉ. जगदीश कुशवाह ने बताया कि सर्पदंश के बाद समय पर उपचार नहीं मिलने से पीड़ित की मौत हो सकती है। सर्पदंश की स्थिति में 30 मिनट से एक घंटे का समय महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान पीड़ित अस्पताल पहुंच जाए और उचित चिकित्सा मिल जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। सर्पदंश के पीड़ित को तुरंत नजदीकी पीएचसी, सीएचसी या अस्पताल लेकर पहुंचे। झाड़-फूंक, टोटका या अन्य अंधविश्वासों में नहीं पड़ना चाहिए। सर्पदंश के मामलों में उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप जिला अस्पताल, जिला अस्पताल में विष रोधी इंजेक्शन (एंटी स्नैक वेनम) पर्याप्त मात्रा उपलब्ध करवा दिए गए हैं। इनसे पूरी तरह से उपचार संभव है। सर्पदंश की परिस्थिति में सबसे पहले नजदीकी चिकित्सा केंद्र पर पहुंच कर चिकित्सक से परामर्श लें। जिससे सही समय पर उपचार किया जा सके।

दोस्ती का खूनी अंजाम:बाइक को धक्का लगाने की मामूली बात पर भिड़े दोस्त, नर्सिंग छात्र की चाकू मारकर हत्या

अब दोस्ती भी चाकू की धार पर टिक गई है। बाइक को धक्का लगाने की मामूली कहासुनी में एक दोस्त ने दूसरे की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि सवीना खेड़ा निवासी छात्र दिनेश मीणा (23) डाकन कोटड़ा स्थित वागड़ नर्सिंग कॉलेज में सेकंड ईयर का छात्र था। उसकी बाइक का क्लच वायर टूट गया था। वह बुधवार शाम 5 बजे घर से बाइक ठीक कराने के लिए निकला था। फिर दोस्त ललित गमेती व एक अन्य साथी के साथ सेक्टर-14 गया। इस बीच रात 9 बजे मां सूरज देवी ने उसे फोन कर पूछा कि घर कब आओगे। दिनेश ने कुछ देर में आने की बात कही। रात 10 बजे तीनों दोस्त घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक फिर खराब हो गई। सेक्टर-14 स्थित श्रीराम अपार्टमेंट के पास दिनेश ने ललित को बाइक को धक्का लगाने लिए कहा। ललित के मना करने पर दोनों में कहासुनी हो गई। ललित ने गाली-गलौज की तो मामला झगड़े में बदल गया। इस पर ललित ने दिनेश पर चाकू से हमला कर दिया। इससे दिनेश गंभीर घायल हो गया। आरोपी वहां से भाग गया। तीसरे साथी ने दिनेश को एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी पकड़ाया, तब परिजनों ने लिया शव हत्या की सूचना पर दिनेश के पिता दौलाराम और मां सूरज देवी हॉस्पिटल पहुंचे। दोनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने आरोपी ललित को तुरंत पकड़ने की मांग की। फिर गुरुवार को मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए और शव लेने से मना कर दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया। फिर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंपा। मां ने कहा कि उन्हें न्याय में सिर्फ बेटा वापस चाहिए और कुछ नहीं। बुधवार रात 9 बजे बेटे ने आखिरी बार कहा था कि कुछ ही देर में घर पहुंच जाएगा। देर रात पता चला कि उसकी मौत हो गई। पिता दौलाराम मीणा ने बताया कि रात को हॉस्पिटल से फोन आया कि बेटा यहां भर्ती है। हॉस्पिटल पहुंचे तो बेटा मृत अवस्था में मिला। बेटे ने बाइक को धक्का लगाने के लिए कहा था। इस पर ललित ने उससे गाली-गलौज की। फिर चाकू मारकर हत्या कर दी। भास्कर एक्सपर्ट राजेश जाजोदिया, वरिष्ठ अधिवक्ता धार लगे तलवार और छुरी की बिक्री पर लगे पाबंदी
धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को चरणबद्ध और नियमित सघन जांच अभियान चलाने की आवश्यकता है। छुरी, तलवार आदि के विक्रेताओं को पाबंद किया जाए कि वे धार लगे हथियारों का विक्रय नहीं करें। ऐसे दुकानदारों का पुलिस रिकॉर्ड तैयार कर समय-समय पर जांच हो। बड़े चाकू बेचते समय खरीदार का नाम, मोबाइल नंबर और पहचान पत्र दर्ज कराया जाए। इससे अपराध होने पर हथियार की ट्रेसिंग आसान होगी।

7 सूत्रीय मांगों को लेकर शिक्षक संघ आज देगे ज्ञापन

राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष शेरसिंह चौहान के आह्वान पर तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण सहित 7 सूत्रीय मांगों को लेकर सवाई माधोपुर जिले के सभी उपखंड मुख्यालयों पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारियों को ज्ञापन दिया जाएगा। प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिंह गुर्जर ने बताया कि सवाई माधोपुर में ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र फागना, चौथ का बरवाड़ा में प्रदीप भारद्वाज, खंडार में मदरूप सिंह गुर्जर, बौंली में जहीर अली, बामनवास में सियाराम गुर्जर तथा गंगापुर सिटी में समय सिंह गुर्जर के नेतृत्व में ज्ञापन दिया जाएगा। ज्ञापन में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के लंबित स्थानांतरण, पदोन्नति (डीपीसी), वेतन संरक्षण (पे प्रोटेक्शन) आदि सहित सात प्रमुख मांगें शामिल है।

5 मौतों के बाद जागा प्रशासन:डेढ़ किमी में न स्पीड लिमिट, ना ही ट्रैफिक मर्ज के संकेत; बसों के अवैध स्टॉपेज से हादसों का खतरा

जयपुर-अजमेर एक्सप्रेस-वे पर दो दिन में 5 मौतों के बाद प्रशासन सड़क सुरक्षा की खामियां तलाशने में जुटा है। कलेक्टर ने पांच विभागों की संयुक्त टीम बनाकर हादसों के कारणों और सुधार के सुझावों पर पांच दिन में रिपोर्ट मांगी है। इस बीच भास्कर ने गुरुवार को पीडब्ल्यूडी के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर और रोड इंजीनियरिंग एक्सपर्ट सीताराम शर्मा के साथ 200 फीट चौराहे से कमला नेहरू पुलिया तक करीब डेढ़ किमी हिस्से का पैरेलल निरीक्षण किया। पड़ताल में सामने आया कि जिस हिस्से पर रोज हजारों वाहन गुजरते हैं, वहां बुनियादी सड़क सुरक्षा इंतजाम तक अधूरे हैं। न स्पीड लिमिट के बोर्ड हैं, न ट्रैफिक मर्ज के संकेत। कई जगह सर्विस रोड और मुख्य सड़क के बीच गैप इतना चौड़ा है कि वाहन अचानक हाई-स्पीड ट्रैफिक के सामने आ जाते हैं। बस संचालकों ने सड़क किनारे अवैध स्टॉपेज बना लिया है, जहां सवारियां उतारी-बैठाई जा रही हैं। भास्कर ने रोड इंजीनियरिंग एक्सपर्ट के साथ किया घटनास्थल का निरीक्षण, 200 फीट चौराहे से कमला नेहरू पुलिया तक मिली ये 5 बड़ी तकनीकी खामियां 1. जंक्शन पर अचानक सामने आ रहे वाहन 200 फीट चौराहे और एक्सप्रेस-वे के जंक्शन पर दोनों सड़कों का ट्रैफिक मिल रहा है। यहां ट्रैफिक मर्ज का साइन बोर्ड और ब्लिंकर नहीं। वाहनों के लिए सड़क का मार्जिन काफी चौड़ा है। 2. डेढ़ किमी क्षेत्र में वाहन स्पीड के साइन बोर्ड ही नहीं डेढ़ किमी लंबे पूरे हिस्से में कहीं भी वाहनों की स्पीड लिमिट का बोर्ड नहीं है, जबकि यह घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां एक्सप्रेस-वे से उतरने के बाद वाहनों की गति कम कराना आवश्यक है। 3. होटल अमारा के सामने गैप ज्यादा, हादसे हो रहे होटल अमारा पैलेस और हाईवे किंग के सामने सर्विस रोड और मुख्य सड़क के बीच अत्यधिक चौड़ा गैप भी हादसों की वजह बन रहा है। 4. बीच रास्ते में ही बसें रुक रही, सवा​री बैठा रहे क्षेत्र में दुर्घटना संभावित क्षेत्र, नो-पार्किंग और नो-स्टॉपेज चेतावनी बोर्ड नहीं हैं। बस संचालकों ने अवैध स्टॉपेज बना लिया है। सड़क किनारे सवारियां बैठाई और उतारी जा रही हैं। 5. कट नहीं, फिर भी साइन बोर्ड, यूटर्न निषेध एक्सप्रेस-वे पुलिया से उतरते ही कट का साइन बोर्ड लगा है, जबकि पुलिया से कमला नेहरू पुलिया तक कोई कट नहीं है। ऐसे में बोर्ड वाहन चालकों को भ्रमित करता है। यहीं यू-टर्न निषेध का बोर्ड भी है, लेकिन हर मिनट वाहन टर्न ले रहे। }

छबड़ा में 59 व बारां में 20 एमएम बारिश, तापमान गिरने से लोगों को गर्मी से मिली राहत

भास्कर न्यूज| बारां जिले में बुधवार देररात को बारां और छबड़ा समेत कई जगहों पर बारिश हुई। इसके कारण तापमान में गिरावट के साथ ही उमस से भी लोगों को राहत मिली। बारां शहर में देररात करीब 12 बजे बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब डेढ़ घंटे तक तेज व मध्यम बारिश का दौर जारी रहा। इसके कारण कई जगहों पर जलभराव हो गया। इसके बाद गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहे और कुछ देर बूंदाबांदी हुई। इससे दिनभर उमस का असर बढ़ा रहा। हालांकि दोपहर में अंता, छीपाबड़ौद समेत आदि जगहों पर बारिश दर्ज की गई। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार गुरुवार सुबह 8 बजे तक छबड़ा में 59, अंता व छीपाबड़ौद में 23-23, बारां व अटरू में 20, किशनगंज में 15 व शाहाबाद में 2 एमएम बारिश दर्ज की गई। साथ ही गुरुवार शाम 4 बजे तक अंता में 28, छबड़ा में 6, बारां व छीपाबड़ौद में 5-5, अटरू में 4, किशनगंज में 3 व शाहाबाद में 2 एमएम बारिश दर्ज की गई। डॉ. राधेश्याम शर्मा, मौसम केंद्र निदेशक मौसम केंद्र जयपुर निदेशक ने बताया कि प्रदेश में गुरुवार को दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर उत्तर पश्चिम मध्यप्रदेश व आसपास के उत्तरप्रदेश क्षेत्र के ऊपर अवस्थित है। इसके आगामी 24 घंटों में उ.प.उ. दिशा में आगे बढ़ने व वेल मार्क लो प्रेशर बने रहने की संभावना है। इसके कारण राज्य के कुछ भागों में मानसून सक्रिय रहने व 11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में गिरावट होने की प्रबल संभावना है। शुक्रवार को बारां समेत कोटा संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी व कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। शेष अधिकांश भागों में भी मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है।

बारिश और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर निकाली घास भैरुजी की सवारी

छीपाबड़ौद| तहसील क्षेत्र के गोरधनपुरा गांव में अच्छी बारिश, खुशहाली और समृद्धि की कामना को लेकर गुरुवार को घास भैरुजी की सवारी निकाली गई। जिसमें गांव के बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद घास भैरुजी का फूल-मालाओं और सिंदूर से शृंगार किया गया। इसके बाद उन्हें लकड़ी के आसन पर विराजमान कर रस्सियों की सहायता से ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। सवारी के दौरान महिलाओं ने भजन-कीर्तन किए, जबकि बच्चों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सवारी गांव की चारों दिशाओं से होकर निकली। अंत में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से अच्छी बारिश, अच्छी फसल और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

अनुपयोगी व नकारा सामानों की हुई खुली नीलामी

बारां | अतिरिक्त कलेक्टर भंवरलाल जनागल की अध्यक्षता व लेखाधिकारी, कलेक्ट्रेट, कोषाधिकारी व नाजिर की सदस्यता में गुरुवार दोपहर 3 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्ट्रेट के अनुपयोगी एवं नकारा सामानों की खुली नीलामी बोली लगाई गई। जिसकी बोली 2 लाख 38 हजार 500 रुपए से शुरू हुई। 7वें राउंड की नीलामी बोली राशि 2लाख 43 हजार 500 रुपए पर समाप्त हुई। खुली नीलामी बोली में 46 जीएसटी फर्मों ने भाग लिया।