ब्रेकिंग न्यूज़
उदयपुर में 45 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त:तस्कर छोड़ भागे कार; ANTF की सूचना पर प्रताप नगर थाना पुलिस की कार्रवाई

उदयपुर में प्रताप नगर थाना पुलिस ने 45.420 किलोग्राम डोडा चूरा सहित एक कार जब्त किया। थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया- एएनटीएफ (एंटी नार्कोटिक्स टाक्स फोर्स) की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट कार जब्त की गई। इसमें 3 प्लास्टिक के कट्टों में अवैध डोडा चूरा भरा था। पुलिस ने बताया- आशापुरा घाटा माताजी स्थित जिंक कॉलोनी देवारी में संदिग्ध वाहनों की निगरानी की जा रही थी। इस दौरान एक स्विफ्ट कार में दो व्यक्ति बैठे हुए दिखे। ड्राइवर साइड का ग्लास पीछे से टूटा हुआ था। पीछे की सीट का विंडो ग्लास भी टूटा होने से मामला संदिग्ध लग रहा था। टीम ने कार का पीछा किया तो कार ड्राइवर तेज गति से भगाते हुए जिंक कॉलोनी की तरफ ले गया। आगे रेलवे लाइन की पटरियां होने से रास्ता नहीं मिला और कार से उतरकर आरोपी गली में भागने लगे। कार की तलाशी ली तो भारी मात्रा में डोडा-चूरा बरामद किया गया। मामले दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश जारी है।

गुरु मंत्र दीक्षा से लेकर सामाजिक सरोकारों का होगा संगम:जयश्रीमन्नारायण परिवार का गुरु पूर्णिमा महोत्सव-2026 के पोस्टर का हुआ विमोचन

जयपुर में 29 जुलाई को जयश्रीमन्नारायण परिवार की ओर से गुरु पूर्णिमा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। बी-1, कृष्णा नगर द्वितीय, लाल कोठी स्थित आयोजन स्थल पर होने वाले इस महोत्सव में हजारों श्रद्धालु गुरु मंत्र दीक्षा प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम में धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ कन्या भ्रूण हत्या रोकने, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा जैसे विषयों पर भी विशेष संदेश दिया जाएगा। रविवार को महोत्सव के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। पोस्टर का हुआ विधिवत विमोचन रविवार, 12 जुलाई 2026 को आयोजित समारोह में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर जय श्रीमन्नारायण के पूज्य गुरुदेव इन्द्रमणि महाराज, गुरुमाता अम्मा, राजेश कुमार शर्मा (अतिरिक्त निदेशक, पर्यटन विभाग), ओम प्रकाश राजपुरोहित (पूर्व अधिकारी, दूरदर्शन), पी.एस. कलवानिया (संस्थापक, अंतरराष्ट्रीय जाट संसद), हंसा राठौड़ (श्रीपा फैशन डिज़ाइनर एवं सेलिब्रिटी) और आदित्यवर्धन पंचोली (अधिवक्ता, राजस्थान उच्च न्यायालय) सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। गुरु मंत्र दीक्षा के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश पूज्य गुरुदेव इन्द्रमणि महाराज ने बताया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को गुरु मंत्र दीक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही कन्या भ्रूण हत्या रोकने, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संकल्प भी दिलाए जाएंगे, ताकि आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व भी मजबूत हो। उत्कृष्ट प्रतिभाओं का होगा सम्मान महोत्सव के दौरान शिक्षा, संस्कृति, समाज सेवा, खेल, कृषि, पर्यावरण तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को दादा गुरुदेव श्यामसुंदराचार्य सम्मान एवं गुरुमाता अम्मा शारदादेवी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। महाप्रसाद में शामिल होंगे हजारों श्रद्धालु कार्यक्रम के समापन पर हजारों श्रद्धालु महाप्रसाद (भंडारे) का लाभ प्राप्त करेंगे। जयश्रीमन्नारायण परिवार ने सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होकर गुरु कृपा एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

ऑटो में सस्ते किराए का झांसा देकर लूटने वाला गिरफ्तार:रास्ते में रोककर सवारियों से गहने लूटता था; पुलिस ने 6 घंटे में ही पकड़ा

बीकानेर के जेएनवीसी थाना पुलिस ने लूट के एक मामले का महज 6 घंटे में खुलासा कर आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कम किराए का झांसा देकर ऑटो में बैठाता था और सुनसान जगह ले जाकर मारपीट कर नकदी, जेवरात व अन्य सामान लूट लेता था। जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस के थानाधिकारी परिवादी मेवराज ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे वह ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने रामपुरा छोड़ने की बात कहकर उसे बैठा लिया। रास्ते में गलियों से घुमाते हुए मेडिकल कॉलेज ग्राउंड के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई। आरोपी ने सोने की मुकरिया (कान की बाली), हाथ का चांदी का कड़ा, अंगूठी और मोबाइल फोन लूट लिया। मामले में जेएनवीसी थाने में मामला दर्ज किया गया। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा आईपीएस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन एवं सहायक पुलिस अधीक्षक (वृत सदर) अनुना कोलिया के सुपरविजन में थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घटना के मात्र 6 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अनिल उर्फ लावा पुत्र लालचंद नायक (29) निवासी गली नंबर-5, अंबेडकर कॉलोनी, थाना जेएनवीसी, बीकानेर को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। शहर के विभिन्न थानों में उसके विरुद्ध कुल 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

झुंझुनूं में उपभोक्ता आयोग ने एक दिन में निपटाए 35-मामलें:33 उपभोक्ताओं को कल मिलेंगे चेक, बीमा कंपनी ने भी जमा करवाई क्लेम राशि

झुंझुनूं जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने एक दिन में 35 मामलों(परिवाद) का निस्तारण किया। ​इस दौरान बीमा कंपनी ने भी आयोग के निर्णय का सम्मान करते 33 उपभोक्ताओं की अवॉर्ड राशि (क्लेम) रिकॉर्ड आयोग ऑफिस में जमा करवा दी है। उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार मील वकीलों की मौजूदगी 33 उपभोक्ताओं को अवार्ड राशि के चेक सौंपेंगे, जो लंबे समय से अपने क्लेम का इंतजार कर रहे थे। अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए एक ही दिन में 35 मामलों में फैसले लिखवाकर सुना दिए। ​बीमा कंपनी ने भी क्लेम जमा करवाया
​कानूनी मामलों में फैसलों के बाद उनकी पालना में लंबा समय लग जाता है, लेकिन आयोग की कार्यप्रणाली को देखते हुए बीमा कंपनी ने हाथोंहाथ फैसले लिए। आयोग के निर्णय का सम्मान करते हुए कंपनी ने 33 परिवादों से संबंधित क्लेम राशि आयोग में जमा करवा दी।

पाली में मधुमक्खियों के डंक से बुजुर्ग घायल:ट्रेन से गिरने से यात्री का पैर कटा; दोनों का बांगड़ हॉस्पिटल में इलाज जारी

पाली में रविवार को दो अलग-अलग हादसों में एक बुजुर्ग और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां उनका इलाज किया। पहली घटना बांगड़ हॉस्पिटल परिसर की है। ट्रोमा वार्ड के पास बनी चाय की केबिन के बाहर पेड़ के नीचे विजयराज(66) बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक पेड़ पर लगा मधुमक्खियों का छत्ता उनके ऊपर गिर गया। छत्ता गिरते ही मधुमक्खियों ने उनके सिर और चेहरे पर कई जगह डंक मार दिए। दर्द से परेशान होकर वे इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद एम्बुलेंस चालक सिकंदर खान ने उनके ऊपर कंबल डालकर मधुमक्खियों से बचाया। इसके बाद उन्हें तुरंत ट्रोमा वार्ड पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। वहीं दूसरी घटना में करीब 35 वर्षीय एक युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका एक पैर कट गया। गंभीर हालत में उसे भी बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल युवक अपनी पहचान स्पष्ट नहीं बता पा रहा है। ऐसे में पुलिस उसकी पहचान करने और परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

वेल्डिंग मिस्त्री निकला नकली नोटों का मास्टरमाइंड:13 लाख से ज्यादा की फेक करेंसी के साथ आरोपी को दबोचा, नोटों की प्रिंटिंग शीटें भी बरामद

अजमेर की गंज थाना पुलिस ने नकली नोट तैयार करने वाले मास्टरमाइंड वेल्डिंग मिस्री को गिरफ्तार किया। पुलिस ने नोटों से भरा थैला लेकर खड़े आरोपी को पकड़ने के लिए घेर लिया और उसके बैग की तलाशी ली। बैग से 13 लाख 6 हजार रुपए के नकली नोट और नोटों की प्रिंटिंग में इस्तेमाल होने वाली शीटें बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने की तैयारी में था। आरोपी प्रिंस हिल्स कॉलोनी, बड़ी नागफणी(अजमेर) निवासी विक्रम जोन (27) पेशे से वेल्डिंग का काम करता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह नकली नोट कहां से लाता था और इन्हें किसे सप्लाई करने वाला था। आरोपी कितने समय से इस अवैध गतिविधि में शामिल था और उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस, अजमेर रेंज राजेंद्र सिंह और एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(ASP) (शहर एवं मुख्यालय) हिमांशु जांगिड़ के सुपरविजन और सीओ (दरगाह) लक्ष्मण राम चौधरी के निर्देशन में गंज थाना प्रभारी महावीर सिंह राठौड़ के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। जबकि मामले की जांच दरगाह थाना प्रभारी दिनेश जीवनानी को सौंपी गई है। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी शनिवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि विक्रम जोन (27) घी मंडी स्थित सरकारी स्कूल के पास आसमानी रंग का बैग लेकर खड़ा है और उसके पास नकली नोट है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। बैग से मिले नकली नोट और प्रिंटेड शीटें तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 500-500 रुपए के नकली नोट और नोटों की छपी हुई शीटें बरामद हुईं। इनकी कुल अंकित कीमत 13 लाख 6 हजार रुपए पाई गई। पूछताछ में आरोपी ने बरामद नोटों के नकली होने की बात स्वीकार की। बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज पुलिस ने बरामद नकली नोट और प्रिंटेड शीटें जब्त कर आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 178, 179 और 180 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या नहीं और नकली नोटों की छपाई व सप्लाई का नेटवर्क कहां तक फैला है। इस कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(एएसपी) (शहर एवं मुख्यालय) हिमांशु जांगिड़ के सुपरविजन और सीओ (दरगाह) लक्ष्मण राम चौधरी के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। गंज थाना पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जिले में जाली नोटों की बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की। ————— ये खबरें भी पढ़िए… पहली बार कैमरे पर नकली नोट गिरोह : 1 लाख के बदले 10 लाख के नोट, दावा- एटीएम भी नहीं पकड़ सकता, पार्ट-1
पहली बार कैमरे पर देखिए आपके पर्स तक नकली नोट पहुंचने वाले गैंग के चेहरे। इंस्टाग्राम की एक रील से शुरू हुई इन्वेस्टिगेशन नकली नोटों के उस सिंडीकेट तक ले गई, जो रील्स में काउंटिंग मशीन में डालकर दावा करते हैं- ये नोट न मशीन पकड़ पाएगी न एटीएम। पूरी खबर पढ़िए… नकली नोट में गांधीजी का वाटरमार्क, सिल्वर लाइन भी:एक पेपर पर छपते 500 के 3 नोट, इंडस्ट्री की तरह गैंग में प्रोडक्शन दैनिक भास्कर एप की स्पेशल सीरीज के पहले पार्ट में आपने ऑन कैमरा नकली नोट माफिया के चेहरे देखे। भास्कर रिपोर्टर ने ग्राहक बनकर पूरे नेटवर्क को एक्सपोज किया। भास्कर की पड़ताल में नकली नोट बनाने वाले एक और गैंग का सच सामने आया। ये गैंग किसी इंडस्ट्री की तरह ही नेटवर्क चला रहा था। प्रोडक्शन, मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन का जिम्मा गैंग के अलग-अलग सदस्यों के पास। पूरी खबर पढ़िए…

आरपीएससी वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा शुरू:पहली पारी में 63.18%, दूसरी में 62.23% उपस्थिति दर्ज

राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा रविवार को चूरू के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई। यह परीक्षा 12 से 18 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। पहले दिन सुबह से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रवेश से पूर्व दस्तावेजों का सत्यापन और सुरक्षा जांच की गई, जिसके बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। चूरू मुख्यालय के साथ-साथ रतननगर, खांसोली और रतनगढ़ के सरकारी व निजी विद्यालयों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। महिला पुलिसकर्मियों सहित पुलिस बल ने हैंड हेल्ड मशीनों से जांच कर अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर केंद्रों के द्वार बंद कर दिए गए थे। पहली पारी में सामान्य ज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित हुई। इसके लिए पंजीकृत 10,789 अभ्यर्थियों में से 6,817 ने परीक्षा दी, जबकि 3,972 अनुपस्थित रहे। इस पारी में 63.18 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। दूसरी पारी में ऐच्छिक विषय का प्रश्नपत्र हुआ। इसमें भी 10,789 अभ्यर्थियों में से 6,715 ने परीक्षा दी और 4,074 अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में 62.23 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में साइबर कैफे और ई-मित्र केंद्र बंद रहे। सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों ने धर्मशालाओं और होटलों में भी विशेष निगरानी रखी, ताकि किसी भी अनुचित गतिविधि को रोका जा सके। सोमवार को 41 केंद्रों पर 11,397 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पंजीकृत हैं।

मेगा हाईवे पर तेज रफ्तार कार का कहर:बाइक सवार दंपती गंभीर घायल, ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार

बूंदी के केशवरायपाटन मेगा हाईवे पर रविवार शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपत्ति को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें कोटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। दुर्घटना के बाद कार ड्राइवर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैसे हुआ हादसा एएसआई हरिशंकर शर्मा ने बताया कि कोटा निवासी छीतरलाल बैरवा अपनी पत्नी सावित्री बाई के साथ कापरेन जा रहे थे। खेराड़ी फाटक के पास कापरेन की ओर से आ रही उत्तराखंड नंबर की कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भागा हादसे के बाद कार ड्राइवर अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को कोटा अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर फरार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है। तीन दिन पहले भी हुआ था बड़ा हादसा गौरतलब है कि इसी मेगा हाईवे पर तीन दिन पहले गुड़ला टोल नाके के पास एक अन्य सड़क हादसे में कापरेन निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक दंपत्ति की ट्रोले की चपेट में आने से मौत हो गई थी। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सेवा भारती समिति ने दो बाल संस्कार केंद्र शुरू किए:बोले- शिक्षा और संस्कार पर दिया जाए जोर

सेवा भारती समिति जालोर द्वारा रविवार को शहर की विभिन्न बस्तियों में दो नए बाल संस्कार केंद्रों का शुभारंभ किया गया। शांति नगर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सेवा प्रमुख नटवरराज नागौर ने दीप प्रज्वलित कर केंद्रों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सेवा भारती देशभर में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सेवा के क्षेत्र में शिक्षा केंद्र, छात्रावास, एम्बुलेंस, चल चिकित्सा केंद्र तथा सिलाई केंद्र जैसे अनेक सेवा प्रकल्प संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को शिक्षित, स्वावलंबी, स्वाभिमानी और स्वस्थ बनाना ही सेवा भारती का उद्देश्य है। उन्होंने बच्चों की शिक्षा और संस्कारों के महत्व पर बल देते हुए कहा कि नव प्रारंभ हुए बाल संस्कार केंद्र बस्ती विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में विभाग सेवा प्रमुख भूपेंद्र, जिला सेवा प्रमुख मीठालाल, नगर सेवा प्रमुख जितेश, सेवा भारती जालोर के कोषाध्यक्ष जीतू भाई सोनी, केंद्र संचालिका रिंकू और बस्ती के अनेक लोग उपस्थित रहे।

राजसमंद के ट्रांसपोटर्स भी कल हड़ताल में होंगे शामिल:चक्का जाम को समर्थन दिया, ट्रक- ट्रेलर्स भी नहीं चलेंगे; कलेक्ट्रेट पर करेंगे प्रदर्शन

13 जुलाई को होने वाली प्रदेशव्यापी हड़ताल और चक्का जाम में राजसमंद के ट्रांसपोटर्स के साथ साथ ट्रक व ट्रेलर्स एसोसिएशन भी शामिल हो गई है। रविवार को राजसमंद ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और द राजसमंद ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की संयुक्त बैठक
हुई। श्याम सुन्दर काबरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए आंदोलन को सर्वसम्मति से पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजस्थान में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस लागू करने की प्रक्रिया अभी स्पष्ट एवं व्यवहारिक नहीं है। अधिकांश स्थानों पर अधिकृत एजेंसियों द्वारा जीपीएस फिटमेंट शुरू नहीं होने के बावजूद इसकी अनिवार्यता के कारण हजारों व्यावसायिक वाहनों के परमिट जारी एवं नवीनीकरण प्रभावित हो रहे हैं। इससे वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही ई-चालान व्यवस्था, अव्यावहारिक नियमों और समस्याओं के समाधान में हो रही देरी से परिवहन व्यवसाय गंभीर संकट का सामना कर रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 जुलाई को सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद राजस्थान ट्रक ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति द्वारा घोषित प्रदेशव्यापी हड़ताल एवं चक्का जाम को जिले के सभी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी और वाहन मालिक पूर्ण समर्थन देंगे। बैठक में श्याम सुन्दर काबरा, हिम्मत सिंह राठौड़, अरविन्द शर्मा, बनाराम चौधरी, जितेन्द्र श्रीमाली, विपिन सेन, जमीर अहमद सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी उपस्थित रहे।