ब्रेकिंग न्यूज़
कोटा में दोस्त को मारकर डैम में फेंका था शव:लड़की से बातचीत को लेकर चल रहा था विवाद, पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 6 को पकड़ा

कोटा: कोटा के रानपुर थाना क्षेत्र में 15 साल के किशोर प्रिंस की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। आलनिया डैम से बरामद प्रिंस के शव का मामला आखिरकार हत्या का निकला। पुलिस ने इस ‘ब्लाइंड मर्डर केस’ की गुत्थी सुलझाते हुए 6 आरोपियों को पकड़ा है। इनमें पांच नाबालिग और एक बालिग आरोपी आकाश शामिल है। डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि प्रिंस 8 जुलाई की सुबह अपने छह दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बाद 9 जुलाई को उसका शव आलनिया डैम से बरामद हुआ था। शव पर चोट के निशान होने और नाक से खून बहने के कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। लड़की से बातचीत के विवाद में रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि एक लड़की से बातचीत करने को लेकर प्रिंस और मुख्य आरोपी आकाश के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से साजिश रची। वे प्रिंस को बहला-फुसलाकर अपने साथ आलनिया डैम ले गए। वहां पहले प्रिंस के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर उसे डैम के गहरे पानी में धक्का दे दिया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। गुमराह करते रहे आरोपी, तकनीकी साक्ष्यों से खुली पोल डीएसपी के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सभी आरोपी पुलिस को गुमराह करने के लिए अलग-अलग बयान देते रहे। लेकिन पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्यों (कॉल डिटेल्स व लोकेशन) और कड़ाई से पूछताछ का सहारा लिया, तो आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने पांचों नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी आकाश को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

बीमार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी पर भड़के सांसद हनुमान बेनीवाल:सुरक्षा जवान लौटाया, अमित शाह और CM को लिखा लेटर, बोले- मेरे खिलाफ हो रहा षड्यंत्र

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शनिवार को अपनी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को हटा दिया है। बेनीवाल ने आरोप लगाया कि नागौर में पुलिस व्यवस्था संभाल रहे अधिकारी लगातार गंभीर बीमारियों से पीड़ित पुलिसकर्मियों को उनकी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात कर रहे हैं। इससे न केवल मेरी सुरक्षा प्रभावित हो रही है, बल्कि यह मेरी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की एक सुनियोजित कोशिश भी है। इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
बेनीवाल के लेटर में लिखी 4 बातें… 1. ‘छवि खराब करने के लिए जानबूझकर बीमार जवानों को ड्यूटी पर भेजा जा रहा’
सांसद हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को लिखे लेटर में नागौर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बेनीवाल ने लेटर में लिखा- यह केवल मेरी व्यक्तिगत सुरक्षा का मामला नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। बिना पुलिस अधीक्षक (एसपी) वाले नागौर जिले में पुलिस व्यवस्था संभाल रहे अधिकारी और रिजर्व पुलिस लाइन के जिम्मेदार कार्मिक जानबूझकर गंभीर बीमारियों से ग्रसित पुलिसकर्मियों को मेरी सुरक्षा में तैनात कर रहे हैं। इसके पीछे एक बड़ा षड्यंत्र है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या पुलिसकर्मी की तबीयत बिगड़ने की स्थिति में मुझे ही जिम्मेदार ठहराया जा सके और मेरी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। 2. न्यूरो और हार्ट के मरीजों को लगाया सुरक्षा में, खुद लेकर गए अस्पताल’
बेनीवाल ने अपने लेटर में हाल ही में हुए 3 गंभीर मामलों का विशेष रूप से उल्लेख किया है। बेनीवाल ने लेटर में लिखा- 11 जुलाई को मेरी सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल सुनील विश्नोई (जो न्यूरोलॉजी की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे) जयपुर में अचानक अस्वस्थ हो गए, जिन्हें मैं स्वयं देर रात सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल लेकर गए। इसके बाद, 15 जुलाई को कांस्टेबल बलबीर गुर्जर की जयपुर से लौटते समय तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें नागौर से एम्स (AIIMS) जोधपुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके हार्ट संबंधी पुरानी बीमारी से पीड़ित होने की आशंका जताई। वहीं, शनिवार को मेरी सुरक्षा में भेजे गए तीसरे कांस्टेबल सीताराम भी पूरी तरह अस्वस्थ थे। बेनीवाल ने कहा- मैं किसी भी बीमार पुलिसकर्मी के स्वास्थ्य को जोखिम में नहीं डालना चाहते, इसलिए उन्होंने अपनी सुरक्षा में तैनात जवान को तत्काल प्रभाव से वापस रिजर्व पुलिस लाइन भेज दिया है। 3. ‘इंटेलिजेंस इनपुट के बावजूद बिना बताए क्यों हटाई अतिरिक्त सुरक्षा?’
सांसद ने लेटर में अपनी सुरक्षा में की गई कटौती पर भी तीखे सवाल उठाए हैं। लेटर में लिखा- पूर्व में राजस्थान पुलिस की इंटेलिजेंस शाखा से मिले सुरक्षा संबंधी इनपुट के आधार पर मुझे पुलिस एस्कॉर्ट और हथियारबंद कमांडो उपलब्ध कराए गए थे। लेकिन बाद में बिना किसी पूर्व सूचना या कारण बताए इस अतिरिक्त सुरक्षा को अचानक हटा लिया गया। बेनीवाल ने सरकार से सवाल पूछा – यदि उस समय मेरी सुरक्षा को लेकर खतरे के गंभीर इनपुट थे, तो वर्तमान में उन इनपुट की क्या स्थिति है? क्या सरकार उन्हें इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी देगी या उनकी सुरक्षा को लेकर जानबूझकर लापरवाही बरती जा रही है? 4. डीजीपी को फोन करने पर भी नहीं हुआ सुधार बेनीवाल ने दावा किया कि पूरे घटनाक्रम और सुरक्षा में बरती जा रही लापरवाही की जानकारी फोन पर राजस्थान पुलिस के महानिदेशक (DGP) और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG – इंटेलिजेंस) को भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद जिला स्तर पर कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया। नागौर में तैनात कुछ पुलिस अधिकारी निष्पक्ष प्रशासनिक दायित्व निभाने के बजाय राजनीतिक प्रभाव में काम कर रहे हैं। मेरी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। बेनीवाल ने केंद्र और राज्य सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उनकी सुरक्षा व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा करने की मांग की है।

सोनम वांगचुक को जबरदस्ती उठाने पर भड़के स्टूडेंट्स:SFI ने गृह मंत्री का पुतला जलाया, बोले-स्टूडेंट्स के साथ भी कर रहे बदसलूकी

दिल्ली में चल रहे धरने से आज सुबह सोनम वांगचुक को जबरदस्ती उठाने पर शनिवार को सीकर में स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया(SFI) ने आक्रोश जताया। जिन्होंने शाम को देश के गृह मंत्री अमित शाह के पुतले की ढाका भवन से लेकर कल्याण सर्किल तक शवयात्रा निकाली। इसके बाद कल्याण सर्किल पर पुतला दहन किया गया। पुलिस ने वांगचुक को जबरन उठाया स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के विजेंद्र ढाका ने बताया कि कई दिनों से दिल्ली में सोनम वांगचुक NTA को भंग करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। जिन्हें आज सुबह दिल्ली पुलिस के द्वारा जबरन उठाकर डिटेन किया गया। इतना ही नहीं वहां मौजूद अन्य स्टूडेंट्स के साथ भी बदसलूकी गई। 20 जुलाई को स्टूडेंट्स करेंगे दिल्ली कूच उन्होंने कहा कि इसके विरोध में स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के द्वारा गृहमंत्री अमित शाह का पुतला जलाया गया है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे रहे और अब सरकार बदसलूकी करने पर उतर आई है। लेकिन हम किसी भी हाल में पीछे हटने वाले नहीं है। 20 जुलाई को दिल्ली में होने वाले संसद मार्च में सीकर से भी बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स मौजूद रहेंगे। जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते तब तक हमारा यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

121-फीट लंबे रस्से से भक्तों ने खींचा जगन्नाथ का रथ:'हरे रामा, हरे कृष्णा' की गूंज रही, शहरवासियों ने बरसाए फूल

इस्कॉन की ओर से पाली में शनिवार शाम को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। शहर के अग्रसेन भवन से रवाना हुई रथयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अमरनाथ नगर, बापूनगर विस्तार स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे रास्ते जोश से लबरेज़ कृष्ण भक्त भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। रास्ते में जगह-जगह रथयात्रा के स्वागत में रंगोलियाँ बनाई गईं। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भक्तों को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। 121 फीट लंबे रस्से से भक्तों ने खींचा रथ शहर के अग्रसेन भवन से रवाना होकर रथयात्रा पानी दरवाजा, सर्राफा बाजार, धान मंडी, सोमनाथ मंदिर, सूरजपोल, नहर चौराहा और शिवाजी सर्कल से होते हुए बांगड़ कॉलेज ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। 15 फीट ऊंचे रथ पर भगवान जगन्नाथ की तस्वीर रखी गई थी। रास्ते में दर्शन के लिए लोगों की कतारें नजर आईं। 121 फीट लंबे रस्से से महिला और पुरुष भक्त पूरे रास्ते रथ को खींचते हुए ले जाते नजर आए। महिलाओं ने रास्ते में जगह-जगह सजाई रंगोली रथयात्रा के स्वागत में यात्रा मार्ग पर जगह-जगह महिलाओं ने मनमोहक रंगोलियां बनाई। रास्ते में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया गया। श्री जगन्नाथ जी के रथ को दिल्ली से विशेष पुष्प मंगवाकर सजाया गया। इसमें पाली, जोधपुर, मुंबई, बीकानेर और जयपुर से आए वैष्णव मंडलों ने मधुर हरिनाम संकीर्तन किया। अब देखिए- रथयात्रा की तस्वीरें

कोटा में ट्रांसफर कराने का झांसा देकर ऐंठे रुपए:शिक्षा मंत्री दिलावर को की गई शिकायत के बाद हुई कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख का एक और मामला सामने आया है। कोटा में तबादलों के नाम पर पैसे वसूलने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला सांगोद पंचायत समिति से जुड़ा है, जहां पदस्थापित ग्राम विकास अधिकारी(VDO) मंजुला बैरागी ने मंत्री मदन दिलावर के आवास पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि बारां निवासी नरोत्तम बड़ारिया ने उनका तबादला करवाने के नाम पर उनसे पैसों की मांग की और राशि भी ली। शिक्षा मंत्री दिलावर ने जीरो एफआईआर दर्ज करने के दिए निर्देश शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री मदन दिलावर ने तत्काल महावीर नगर थाना प्रभारी को बुलाकर आरोपी के खिलाफ नामजद जीरो एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद महावीर नगर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसे सांगोद पुलिस को भेजा गया। सांगोद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी नरोत्तम बड़ारिया को बारां से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने कितने लोगों से तबादलों के नाम पर ठगी की है। इस मामले में केवल मंजुला बैरागी ही नहीं, बल्कि दो अन्य ग्राम विकास अधिकारियों भूपेंद्र सिंह और संदीप सिंह चौहान ने भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी के नेटवर्क तथा उसके संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।

तीन प्रसूताओं की किडनी में इन्फेक्शन:एक प्रसूता 24 दिन से एमजी हॉस्पिटल में एडमिट; पांच नहीं 8 का चल रहा इलाज

जोधपुर का मेडिकल प्रशासन लगातार सिजेरियन डिलीवरी के बाद बिगड़ रही प्रसूताओं की तबीयत को लेकर पर्दा डाल रहा है। अब बताया जा रहा है कि तीन प्रसूताओं की किडनी में इन्फेक्शन हुआ है। अब मेडिकल कॉलेज की ओर से जारी की जानकारी में बताया गया है कि 5 नहीं 8 प्रसूताओं का इलाज चल रहा है। इनमें से एक प्रसूता की गलत खून चढ़ाने के बाद तबीयत बिगड़ी थी। ये सभी हॉस्पिटल में एडमिट है। इनमें से 5 प्रसूताओं का इलाज उम्मेद हॉस्पिटल में चल रहा है, जब​कि 3 प्रसूताएं महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एडमिट हैं। यहां पर एक प्रसूता पिछले 24 दिन से एडमिट है, जो वेंटिलेटर पर है और उसका डायलिसिस भी चल रहा है। उम्मेद हॉस्पिटल में इन प्रसूताओं का चल रहा है इलाज प्रसूता सरोज को ओसियां से रेफर किया गया था। सरोज को कार्डियक प्रॉब्लम हुई थी, जिससे सिजेरियन डिलीवरी करने पड़ी। अभी सरोज वेंटिलेटर पर है। हालत में सुधार होने पर एमआरआई करवाई जाएगी। प्रसूता रेखा को शुक्रवार को पाली के प्राइवेट हॉस्पिटल से रेफर किया गया था। उसे ब्लीडिंग और हेल्प सिंड्रोम की दिक्कत थी। वह अभी ऑक्सीजन पर है। ब्लीडिंग ज्यादा होने पर शुक्रवार को एक बार उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था, अब हटा दिया गया है।
प्रसूता पूजा को शेरगढ़ से उम्मेद हॉस्पिटल लाया गया था। ज्यादा ब्लीडिंग होने के बाद अभी आईसीयू में है। रोशनी को नागौर से रेफर किया गया था। वह भी नागौर के प्राइवेट हॉस्पिटल से उम्मेद हॉस्पिटल रेफर हुई थी। उसे पहले से बीपी की समस्या थी। बीपी बढ़ गया था। इसके साथ ही बच्चा उल्टा हुआ था। अभी ऑक्सीजन सपोर्ट पर आईसीयू में है। प्रसूता बज्जू को जैतारण के प्राइवेट हॉस्पिटल से रेफर किया गया था। उसके WBC चढ़ाया गया है। प्लेटलेट्स कम है, इसके लिए हॉस्पिटल ने डोनर की व्यवस्था की जा रही है।
महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एक प्रसूता उम्मेद से रेफर धापू की बावड़ी में नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। इसके बाद एनीमिया के कारण उसे उम्मेद हॉस्पिटल रेफर किया गया था। लेकिन, 12 जुलाई को O पॉजिटिव की जगह B पॉजिटिव ब्लड चढ़ा दिया था। इसके बाद 13 जुलाई को उसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया। अभी उसकी हालत में सुधार है। दूसरी महिला तिंवरी निवासी समू है, जो पिछले 24 दिनों से महात्मा गांधी हॉस्पिटल में है। इसके गर्भाशय और पेशाब की थैली फट गई थी। इसी हालत में 24 जून को इसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल लाया गया था। अभी ये वेंटिलेटर पर है और डायलिसिस चल रहा है। तीसरी प्रसूता बावड़ी निवासी उषा है। जिसे 18 जुलाई शनिवार को उम्मेद हॉस्पिटल से महात्मा गांधी रेफर किया गया था। इस महिला के ज्यादा खून बहने के कारण किडनी पर असर आया। इसके बाद उसे रेफर किया गया। इधर, अधिकारी पहुंचे निरीक्षण करने, प्रिंसिपल बोले- बीपी और तान आने से बिगड़ी तबीयत इधर, इस मामले को लेकर एडीएम जवाहर चौधरी महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके साथ ही एसडीएम (दक्षिण) पंकज जैन ने भी अस्पताल पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं देखी। संभागीय आयुक्त केएल स्वामी भी उम्मेद हॉस्पिटल पहुंचे थे और यहां की सारी व्यवस्थाओं का जायता लेने के साथ रिव्यू भी किया। वहीं इस मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा ने बताया कि तीन प्रसूताओं की किडनी में इन्फेक्शन है, जो महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एडमिट है। जबकि उम्मेद हॉस्पिटल में एडमिट प्रसूताओं में बीपी और तान आने की शिकायत है। ———— मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… जोधपुर में फिर 5 प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ी:तीन ICU में; 1 वेंटिलेटर पर, उम्मेद हॉस्पिटल का दावा-सभी रेफर होकर आईं जोधपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद फिर प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आय है। पिछले दो दिन में 5 प्रसूताओं की ​तबीयत बिगड़ी है। इन सभी का इलाज उम्मेद हॉस्पिटल में चल रहा है। (पूरी खबर पढ़ें…)

उदयपुर में 3 ड्रग तस्कर गिरफ्तार:ट्रॉली बैग से 40 किलो डोडा चूरा बरामद, ट्रेन के जरिए मुंबई भेजने की फिराक में थे नशीले पदार्थों की खेप

उदयपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सीबीएन की टीम ने राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी करके तीन शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन तस्करों के पास से तीन ट्रॉली बैगों में छिपाकर ले जाई जा रही 40.730 किलोग्राम पोस्ता भूसी (डोडा चूरा) बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपी इस खेप को ट्रेन के जरिए मुंबई ले जाने की फिराक में थे। खुफिया सूचना पर सीबीएन ने बिछाया जाल सीबीएन के अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि विभाग को एक पुख्ता खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ लोग भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन से मुंबई जाने वाले हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 जुलाई की शाम को सीबीएन उदयपुर के अधिकारियों की एक स्पेशल टीम का गठन किया गया और उसे तुरंत रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। टीम ने स्टेशन परिसर में पहुंचकर संदिग्ध लोगों पर पैनी नजर रखनी शुरू कर दी। भीड़ का फायदा उठाकर भागने की कोशिश, पीछा कर दबोचा स्टेशन पर निगरानी के दौरान जैसे ही टीम ने हुलिए के आधार पर तीन संदिग्ध युवकों को पहचान कर पूछताछ के लिए रोकने की कोशिश की, तो वे घबरा गए। आरोपी स्टेशन पर मौजूद यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर भागने लगे, लेकिन सीबीएन के अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उनका पीछा किया और तीनों को मौके पर ही दबोच लिया। रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ और सुरक्षा कारणों की वजह से वहां बैग खोलना उचित नहीं था, इसलिए टीम कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी कर तीनों को सामान समेत सीबीएन ऑफिस ले आई। ऑफिस में बैग खोले तो खुली पोल, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज सीबीएन ऑफिस लाकर जब तीनों ट्रॉली बैगों की बारीकी से तलाशी ली गई, तो उनके अंदर से 40 किलो 730 ग्राम पोस्ता भूसी बरामद हुई। इसके बाद सीबीएन ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल सीबीएन की टीम पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों का पता लगाया जा सके।

उदयपुर के ऐतिहासिक गुलाब बाग का बदलेगा स्वरूप:आवारा कुत्तों और चूहों के आतंक से मिलेगी मुक्ति, अब रात 9 बजे तक खुला रहेगा पार्क

उदयपुर: उदयपुर के ऐतिहासिक गुलाब बाग का अब जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। शहर विधायक ताराचंद जैन और नगर निगम आयुक्त (कमिश्नर) अभिषेक खन्ना ने शनिवार को गुलाब बाग का औचक दौरा किया। इस दौरान वहां सुबह-शाम सैर करने आने वाले शहरवासियों ने अधिकारियों को घेर लिया और पार्क की कई बड़ी समस्याओं को उनके सामने रखा। विधायक और आयुक्त ने लोगों की सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत काम शुरू करने के कड़े निर्देश दिए। आवारा कुत्तों का आतंक होगा खत्म, पार्क बनेगा प्लास्टिक मुक्त गुलाब बाग में घूमने आने वाले बुजुर्गों और बच्चों के लिए आवारा कुत्ते (स्ट्रीट डॉग्स) इस समय सबसे बड़ा खतरा बन चुके हैं। स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि पार्क में कुत्तों की संख्या बहुत ज्यादा बढ़ गई है और वे आए दिन सैर करने वालों पर झपट पड़ते हैं। कई बच्चों और बुजुर्गों को कुत्ते काट भी चुके हैं। इस पर कमिश्नर अभिषेक खन्ना ने अधिशाषी अभियंता अखिल अरोड़ा को निर्देश दिए कि इन कुत्तों को पकड़कर तुरंत दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। कमिश्नर ने लोगों से भी अपील की कि वे पार्क के अंदर कुत्तों को खाने-पीने की चीजें न डालें। इसके साथ ही पार्क को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने और सफाई व्यवस्था को तुरंत सुधारने के आदेश दिए गए। पक्षियों को दाना डालने के लिए तय होगा निश्चित स्थान पार्क में लोग जगह-जगह पक्षियों को दाना डाल देते हैं, जिससे वहां चूहों का आतंक बहुत बढ़ गया है। ये चूहे जमीन में गहरे बिल बनाकर बड़े-बड़े ऐतिहासिक पेड़ों की जड़ों को खोखला कर रहे हैं। इस समस्या को खत्म करने के लिए अब पार्क में पक्षियों को दाना डालने का एक निश्चित स्थान (फिक्स जगह) तय किया जाएगा। इसके अलावा सालों से पार्क में गिरकर सड़ रहे सूखे और टूटे पेड़ों को भी तुरंत बाहर निकालने के निर्देश दिए गए हैं। कमल तलाई का पानी होगा साफ, बंद पड़े फव्वारे फिर होंगे शुरू लोगों ने शिकायत की कि गुलाब बाग की प्रसिद्ध ‘कमल तलाई’ का पानी सड़ रहा है और उससे तेज बदबू आ रही है। इस पर विधायक और कमिश्नर ने खुद तलाई के पास जाकर हालातों का जायजा लिया। कमिश्नर ने अधिकारियों को तलाई की तुरंत सफाई करने और वहां सालों से बंद पड़े फव्वारों को दोबारा चालू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पार्क में सीवरेज का गंदा पानी आने से रोकने के लिए भी सख्त हिदायत दी गई है। श्रद्धालुओं के लिए रात 9 बजे तक खुलेगा पार्क, अवैध कब्जे हटेंगे
गुलाब बाग के मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की मांग पर पार्क के बंद होने का समय रात 8 बजे से बढ़ाकर अब 9 बजे कर दिया गया है। लोगों का कहना था कि रात 8 बजे मंदिरों में आरती होती है, जिससे बाहर निकलते-निकलते 9 बज जाते हैं। इसके साथ ही पार्क में हो रहे नए अवैध कब्जों को हटाने और वहां अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध लोगों की जांच करने के आदेश पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी को दिए गए। पार्क की पुरानी नहर वाली सिंचाई पद्धति को भी फिर से जिंदा किया जाएगा।

BJP संगठन महामंत्री बोले- संगठन- सत्ता एक साथ रहें:पार्टी से बड़ा कोई नहीं, गुटबाजी के लिए यहां कोई जगह नहीं

सीकर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में भारतीय जनता पार्टी के जयपुर संभाग के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार ने पहली बार कार्यकर्ताओं से परिचय लिया और संगठन की रीति-नीति को लेकर अपनी बात बेहद स्पष्ट तरीके से रखी। संगठन महामंत्री ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पार्टी से बड़ा कोई व्यक्ति नहीं है; सत्ता (सरकार) और संगठन को हमेशा एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना चाहिए। अनुशासन सर्वोपरि, आगामी स्थानीय चुनावों में दिखाएंगे दमखम अजय कुमार ने अनुशासन पर जोर देते हुए कहा- भाजपा एक अनुशासित पार्टी है, जहाँ सबके सहयोग से आगे बढ़ने की परंपरा है। यहाँ पन्ना प्रमुख और राष्ट्रीय अध्यक्ष एक जगह बैठकर पार्टी के लिए नीतियां तय करते हैं।” उन्होंने आगामी निकाय और पंचायती राज चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी पूरे दमखम के साथ सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने साफ किया कि पार्टी में गुटबाजी जैसी चीजों के लिए कोई जगह नहीं है; यहाँ कोई व्यक्ति विशेष नहीं है, बल्कि सभी की एकमात्र पहचान ‘कमल का फूल’ है। खाली पदों को जल्द भरने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा मंडल व जिलों की कार्यकारिणियों में खाली पड़े पदों को शीघ्र भरने पर विशेष जोर दिया गया। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने मीडिया को बताया कि यह पूरी तरह से एक संगठनात्मक बैठक थी। इसके पहले सत्र में वर्तमान जनप्रतिनिधियों, पूर्व प्रत्याशियों, प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठन के कार्यों की समीक्षा की गई और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर विस्तार से चर्चा हुई। जहाँ भी संगठन का काम अधूरा है, उसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। चुनावों के लिए अलग से तैयारी की जरूरत नहीं
श्रवण सिंह बगड़ी पंचायती राज और निकाय चुनावों की तैयारियों के सवाल पर प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन पूरे सालभर सक्रिय रहता है, इसलिए चुनाव की घोषणा होने पर हमें अलग से तैयारी करने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य केवल चुनावी रणनीति बनाना नहीं, बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक और ज्यादा मजबूत व सक्रिय बनाना है।

सीकर के खाटूश्यामजी में भारतीय जनता पार्टी की जयपुर संभाग के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्त्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक हुई। प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार ने पहली बार कार्यकर्त्ताओं से परिचय लिया और अपनी बात भी स्पष्ट तरीके से कह दी। संगठन महामंत्री अजय कुमार ने कहा कि पार्टी से कोई बड़ा नहीं है। सत्ता और संगठन एक-दूसरे के साथ रहें। अजय कुमार ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है, यहां सबके सहयोग से आगे बढ़ने की परंपरा है। पन्ना प्रमुख और राष्ट्रीय अध्यक्ष एक जगह बैठकर पार्टी के लिए रीति-नीति बनाते हैं। आगामी निकाय और पंचायती राज चुनावों में पार्टी पूरे दमखम से सभी वर्गाें को साथ लेकर आगे बढ़ेगी। पार्टी में गुटबाजी जैसी चीजों के लिए कोई जगह नहीं है। यहां कोई व्यक्ति विशेष नहीं है, सबकी पहचान कमल का फूल है। भाजपा की संगठनात्मक बैठक में संगठन को ज्यादा मजबूत बनाने और मंडल-जिलों की कार्यकारिणियों में खाली पदों को को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि यह पूरी तरह संगठनात्मक बैठक है। पहले सत्र में वर्तमान जनप्रतिनिधियों, पूर्व प्रत्याशियों, प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों ने हिस्सा लिया। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि बैठक में संगठन के कार्यों की समीक्षा की गई और जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। जहां संगठन का काम अधूरा है, वहां संगठन महामंत्री अजय कुमार ने उसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। पंचायत राज व निकाय चुनावों की तैयारियों के सवाल पर श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन पूरे सालभर सक्रिय रहता है। इसलिए चुनाव की घोषणा होने पर अलग से तैयारी करने की जरूरत नहीं पड़ती। बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनावी रणनीति नहीं बल्कि संगठन को बूथ स्तर तक और ज्यादा मजबूत बनाना है।

पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे डोडा पोस्त तस्कर पकड़े:कार से मिला बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ

बालोतरा जिले के मजल गांव के पास डीएसटी, डीसीआरबी और समदड़ी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत संयुक्त कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। हालांकि, पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को काबू में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों की कार से बड़ी मात्रा में डोडा पोस्ट भी बरामद किया है। यह कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों ने बताया कि सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस पूरी कार्रवाई का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।