ब्रेकिंग न्यूज़
जोधपुर में चेन स्नेचिंग की तीन वारदातें हुईं:बाइक सवार बदमाशों ने की वारदात; पुलिस खंगाल रही CCTV

जोधपुर कमिश्नरेट में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पिछले 24 घंटों में महानगर के पूर्व और पश्चिम जिले के थानों में लूटपाट, अवैध कब्जे, धोखाधड़ी, मारपीट और मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामले दर्ज किए गए हैं। बाइक सवारों ने छीनी महिला की चेन जोधपुर में महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग के मामले सामने आए। उदयमंदिर थाना क्षेत्र में अभय कमांड कंट्रोल रूम के पास 19 जुलाई की शाम दो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने राह चलती महिला के गले से सोने की चेन पर झपट्टा मारा और फरार हो गए। महिला के पुत्र राहुल सोनी की ओर से इसको लेकर मामला दर्ज करवाया गया है। टैक्सी सवार महिला से कंठी लूटी महामंदिर क्षेत्र के सनसिटी अस्पताल के पास टैक्सी सवार महिला की मौसी के साथ कंठी लूट की वारदात सामने आई है। महिला ने इसे लेकर थाने में रिपोर्ट दी है। बाइक पर सवार आरोपियों ने लूटी चैन महामंदिर थाना क्षेत्र के चन्द्रमंगल हॉस्पिटल के पास बाइक पर सवार होकर आए आरोपियों ने महिला के गले में पहनी सोने की चेन लूट ली। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। महिला रश्मि दाधीच (48) बेंगलुरु से जोधपुर में अपने पीहर भाई के घर आई हुई थी।

कोटा में 24 बदमाश गिरफ्तार:BGMI आईडी के नाम पर साइबर ठग भी चढ़ा पुलिस के हत्थे, जनसुनवाई में आईजी-एसपी ने सुनीं समस्याएं

कोटा में पुलिस ने अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों पर कार्रवाई और आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर एक साथ कई अहम कदम उठाए। उद्योग नगर थाना क्षेत्र में चलाए गए ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान के तहत पुलिस ने छह स्थायी वारंटियों समेत कुल 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, साइबर थाना पुलिस ने BGMI गेमिंग आईडी सस्ते दामों में उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उद्योग नगर क्षेत्र में एडिशनल एसपी सुभाष मिश्रा के निर्देशन में नौ पुलिस टीमों का गठन किया गया। इनमें उद्योग नगर, गुमानपुरा, रेलवे कॉलोनी, महावीर नगर, विज्ञान नगर, जवाहर नगर, अनंतपुरा, कोतवाली, आरके पुरम और रानपुर थाना पुलिस शामिल रही। ड्रोन टीम और घुड़सवार पुलिस की निगरानी में मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया और विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर सघन दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान छह स्थायी वारंटियों सहित कुल 24 आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की गई। वहीं, साइबर थाना कोटा शहर ने सवाई माधोपुर निवासी 28 वर्षीय नासिर खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फेसबुक के जरिए पुणे निवासी युवक को BGMI गेमिंग आईडी सस्ते में दिलाने का झांसा दिया और कोटा निवासी इरफान के बैंक खाते का क्यूआर कोड हासिल कर 68 हजार रुपए की ठगी की रकम उसमें जमा करवाई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 हजार रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं। मोबाइल की जांच में अन्य लोगों से साइबर ठगी के साक्ष्य भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है। इधर, आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कोटा रेंज आईजी और एसपी तेजस्विनी गौतम ने थाना कुन्हाड़ी में जनसुनवाई आयोजित की। यह जनसुनवाई विशेष रूप से कुन्हाड़ी, नांता और नयापुरा क्षेत्र के परिवादियों की सुविधा के लिए आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही राजकॉप सिटीजन ऐप, महिला हेल्पलाइन “नीड हेल्प”, साइबर हेल्पलाइन और पुलिस विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा सीएलजी बैठक आयोजित कर सदस्यों की समस्याओं पर चर्चा की गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन गरुड़व्यूह-2” के तहत किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना कोटा शहर पुलिस के व्हाट्सएप नंबर 9530443141 पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

टोंक में सुलभ इंटरनेशनल का मेला, महिलाओं ने लगाई स्टॉल्स:नित्या पाठक बोलीं- यह महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता का अभियान

सुलभ इंटरनेशनल की ओर से टोंक में ‘नई दिशा’ मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुलभ इंटरनेशनल की कार्यकारी संयोजक नित्या पाठक ने कहा कि ‘नई दिशा’ केवल एक मेला नहीं, बल्कि देश की महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तिकरण का एक राष्ट्रीय अभियान है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। नित्या पाठक ने कहा कि सुलभ इंटरनेशनल इस अभियान को देश के प्रत्येक जिले और गांव तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 में अलवर में आयोजित पहले ‘नई दिशा’ मेले की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सही अवसर और प्रशिक्षण मिलने पर महिलाएं समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। डॉ. विंदेश्वर पाठक को दी श्रद्धांजलि
संस्थापक स्वर्गीय डॉ. विंदेश्वर पाठक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में शुरू की गई इस पहल ने मैला ढोने की अमानवीय प्रथा से मुक्त कराकर महिलाओं को सम्मानजनक जीवन दिया है। आज कई महिलाएं सफल उद्यमी बन चुकी हैं। उन्होंने पद्मश्री उषा चोमर का उदाहरण देते हुए कहा कि सही सहयोग से महिलाएं हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू सकती हैं। स्टॉल लगाकर प्रदर्शित किए उत्पाद
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न खाद्य पदार्थों और अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों की आकर्षक स्टॉलें भी लगाई गईं। नित्या पाठक ने बताया कि संस्था देशभर में ‘नई दिशा’ केंद्रों का विस्तार जारी रखेगी।

नियम तोड़कर चलने वाली बसों पर एक्शन:जोधपुर में जजों के निरीक्षण में हुई कार्रवाई, 6 प्राइवेट बसें सीज

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों के सुरक्षित सफर को सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को भी जोधपुर में लग्जरी व स्लीपर बसों के खिलाफ अभियान चलाया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (जयपुर) के निर्देश पर की गई इस औचक कार्रवाई में नियमों की धज्जियां उड़ा रही 6 लग्जरी व स्लीपर बसों के चालान काटकर उन्हें जब्त कर लिया गया। चेकिंग में सामने आईं यह गंभीर अनियमितताएं जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम-1988 और स्लीपर कोच बसों के लिए तय सरकारी मानकों (AIS-119) का बड़े पैमाने पर उल्लंघन पाया गया। कई बसों में इमरजेंसी एग्जिट ही गायब थे। अवैध मॉडिफिकेशन: बसों में पीछे से चेसिस काटकर नियम विरुद्ध लगेज स्पेस बनाया गया था। बसों की छत पर अवैध रूप से लगेज कैरियर लगाए गए थे। इसके अलावा बैठने की क्षमता में फेरबदल और स्लीपर बर्थ की लंबाई-ऊंचाई तय मापदंडों के विपरीत पाई गई। अभियान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश त्यागी (अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर) और जिला एवं सत्र न्यायाधीश पूरण कुमार शर्मा (अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर जिला) के नेतृत्व में चलाया गया। जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर जिला ओर महानगर के सचिव जज डॉ मनीष हरजाई, राकेश रामावत शामिल रहे।

पाली में शुरू हुई पैकिंग थैलियों की कटिंग मशीन:250 महिलाओं को मिलेगा रोजगार; रोज तैयार हो सकेंगे 2 लाख प्लास्टिक पाउच

टेक्सटाइल हब पाली की कपड़ा इंडस्ट्रीज में रोजाना होने वाली प्लास्टिक पैकिंग पाउच (थैलियों) की भारी मांग को देखते हुए शहर में आधुनिक कटिंग-स्लिटिंग मशीन स्थापित की गई है। इस पहल से स्थानीय उद्यमियों को गुजरात से कम दामों पर पैकिंग सामग्री मिलेगी, साथ ही करीब 250 महिलाओं को रोजगार भी मिलेगा। सोमवार शाम मंडिया रोड स्थित सरस्वती स्कूल में लघु उद्योग भारती, पाली की ओर से हुए कार्यक्रम में इस मशीनरी का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने 28 इंच पीवीसी कटिंग मशीन और 63 इंच नॉन-वूवन स्लिटिंग मशीन की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। रोजाना 3 लाख पाउच की जरूरत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख ने बताया कि पाली की कपड़ा इंडस्ट्रीज में सलवार-सूट और अन्य तैयार वस्त्रों की पैकिंग के लिए रोजाना करीब 3 लाख प्लास्टिक थैलियों की जरूरत होती है। अब तक स्थानीय उद्यमी इन्हें सूरत और बड़ौदा (गुजरात) से मंगवाते थे। पाली में ही मशीन स्थापित होने से अब उद्यमियों को गुजरात की तुलना में भी कम दरों पर पैकिंग मैटेरियल स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा। 250 महिलाओं को मिलेगा रोजगार
पूर्व विधायक पारख ने बताया कि मशीन से रोजाना लाखों पाउच की कटिंग की जाएगी, जिनकी सिलाई और जिप (चैन) लगाने का कार्य महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इससे एक ही मशीन के माध्यम से करीब 250 महिलाओं को रोजगार मिलेगा। भविष्य में मांग बढ़ने पर शहर में ऐसी और भी मशीनें लगाई जाएंगी। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन महामंत्री प्रकाशचंद गुप्ता, समाजसेवी भगवती महेश बल्दवा, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, राजू भाई मेड़तिया, विनय बम्ब, रामकिशोर साबू, नारायण कुमावत, महावीरसिंह टेवाली, रमेश परिहार, राजेंद्रसिंह धुरासनी, तिलोक चौधरी, जितेन्द्र भाटी, मानवेन्द्र सिंह भाटी, मुकेश प्रजापत, मुकेश गोस्वामी और रणवीरसिंह राजपुरोहित सहित कई लोग मौजूद रहे।

जयपुर में घर में सिलेंडर भभका, टीचर 90% झुलसी:पड़ोसी ने छत कूदकद बचाया; पुलिस ने कहा- चूल्हे से पाइप-रेगुलेटर हटा हुआ था

जयपुर में एक मकान में सिलेंडर भभकने से एक महिला 90% झुलस गई। यह हादसा मोतीडूंगरी थाना क्षेत्र स्थित मोतीडूंगरी रोड के आनंदपुरी इलाके में सोमवार शाम साढे़ 6 बजे हुआ। गली नंबर-1 स्थित मकान संख्या P-12 की दूसरी मंजिल पर हुए हादसे में गंभीर घायल महिला स्वाति सैनी (40) को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। हादसे के बाद स्वाति को पड़ोसी ने बचाया। घटना की सूचना मिलते ही मोतीडूंगरी थाना प्रभारी मोहन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शुरुआती जांच में पुलिस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मोतीडूंगरी थानाधिकारी मोहन सिंह ने बताया- घर में महिला स्वाति सैनी अकेली थी। दूसरे फ्लोर पर रखे सिलेंडर में से गैस चूल्हे से पाइप और रेगुलेटर को हटाया गया था। सूचना पर पहुंचकर महिला को 112 पुलिस गाड़ी से SMS इलाज के लिए रवाना किया गया। इसके बाद परिजन महिला को इलाज के लिए दुर्लभजी हॉस्पिटल ले गए। घायल स्वाति सैनी एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनकी शादी हरीश सैनी से हुई है। दंपती की दो बेटियां हैं। दूसरी मंजिल के हॉल में लगी आग पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई कि सिलेंडर किचन में नहीं, बल्कि हॉल में रखा था। दूसरी मंजिल पर स्वाति सैनी अपने पति हरीश सैनी के साथ रहती थीं, जबकि हॉल के आगे किचन बना हुआ है। मौके पर हॉलनुमा कमरे में आग लगने के कारण कमरे में काले धुएं के निशान दिखाई दिए। वहीं कमरे में लगी एक तस्वीर का शीशा भी टूटा हुआ मिला। पड़ोसी बचाने पहुंचा हादसे के बाद मकान के पीछे रहने वाले पड़ोसी सबसे पहले पहुंचे। छत के रास्ते गेट तोड़कर जिस कमरे में स्वाति थी, वहां पहुंचे। इस दौरान स्वाति काफी झुलस चुकी थी। पड़ोसियों की सूचना के बाद में मौके पर अन्य लोग भी एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। एक ही मकान में रहता है परिवार जानकारी के अनुसार- मकान की पहली मंजिल पर स्वाति के जेठ गोविंद और जेठानी रीना रहते हैं। परिवार में सास गीता देवी और ससुर सत्यनारायण सैनी भी निवास करते हैं। मकान का ग्राउंड फ्लोर किराए पर दिया हुआ है। पुलिस ने जुटाए सबूत पुलिस और एफएसएल टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग वास्तव में सिलेंडर ब्लास्ट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य सिलेंडर दुर्घटना से अलग दिखाई देने के कारण पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट और एफएसएल की राय के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

दोस्त को लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी:6 महीने से फरार आरोपी को अजमेर से दबोचा, अकाउंट से लोन की किस्त कटी तो खुला राज

जोधपुर में दोस्त को लोन दिलाने के नाम पर आरोपी दोस्त ने लाखों रुपए की धोखाधड़ी कर दी। आरोपी ने पीड़ित के डॉक्यूमेंट लगाकर उसके फर्जी साइन कर क्रेटा कार समेत लाखों का इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान लोन पर उठा लिया। जब पीड़ित के अकाउंट से लोन की किस्तें कटी तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। बासनी थाना पुलिस ने 6 महीने से फरार आरोपी सुनील राव (34) पुत्र साबूराम निवासी मेलाणा खेड़ापा को अजमेर से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है। लोन के नाम पर आरोपी ने लिए पीड़ित के डॉक्यूमेंट्स बासनी थानाधिकारी गजेंद्र कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित हेमराज सोलंकी को पैसों की जरूरत थी। उसने अपने दोस्त सुनील राव से मदद मांगी। सुनील ने हेमराज को पर्सनल लोन दिलवाने का झांसा दिया और उससे आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो, बैंक पे-स्लिप और खाली चेक ले लिए। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के फर्जी साइन कर बजाज फाइनेंस, आईडीएफसी फाइनेंस और एचडीएफसी बैंक से क्रेटा कार, एलईडी टीवी, मोबाइल और वाशिंग मशीन फाइनेंस करवा ली और खुद यूज करने लगा। जब हेमराज के खाते से लोन की किस्तें कटने लगीं, तब उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। 6 महीने बाद पुलिस ने अजमेर से आरोपी को दबोचा उन्होंने बताया कि घटना के बाद जब पीड़ित ने कोर्ट के जरिए बासनी थाने में मामला दर्ज कराया तो आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट्स का तकनीकी विश्लेषण किया। करीब 6 महीने की तलाश के बाद पुलिस टीम ने उसे अजमेर से गिरफ्तार कर लिया। फाइनेंस कंपनी पहले ही जब्त कर चुकी है क्रेटा कार थानाधिकारी गजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी सुनील राव काफी शातिर किस्म का है। लोन चुकता न करने के कारण फाइनेंस कंपनी ने पहले ही क्रेटा कार जब्त कर ली थी। उन्होंने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि फर्जी तरीके से खरीदे गए अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की बरामदगी की जा सके। कार्रवाई में एएसआई नैनाराम, कॉन्स्टेबल शंकरलाल और जितेंद्र सिंह शामिल रहे।

जोधपुर में डिलीवरी से पहले प्रसूता की तबीयत बिगड़ी:4 प्रसूताओं में से दो वेंटिलेटर और दो डायलिसिस पर; एक दिन में हुईं 68 डिलीवरी

जोधपुर में डिलीवरी से पहले एक और प्रसूता की ​तबीयत बिगड़ गई। महिला को रविवार को उम्मेद हॉस्पिटल रेफर किया गया था, जिसे दौरे आने लगे थे। हालांकि उसकी हालत में सुधार है, लेकिन उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं इससे पहले एक प्रसूता समू की रविवार को महात्मा गांधी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इधर, मथुरादास माथुर और उम्मेद हॉस्टिपल में सोमवार को 68 डिलीवरी हुईं। इनमें 33 सिजेरियन डिलीवरी थी। अभी महात्मा गांधी और उम्मेद हॉस्पिटल में दो-दो प्रसूताएं ए​डमिट हैं। महात्मा गांधी में भर्ती दो प्रसूताएं डायलिसिस पर हैं, जबकि उम्मेद में भर्ती दोनों महिलाएं वेंटिलेटर पर हैं। रेफर होकर आई थी एक प्रसूता डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा ने बताया- एक प्रसूता रेफर होकर रविवार शाम को उम्मेद हॉस्पिटल आई थी। डिलीवरी से पहले उसे दौरे आने लगे थे। वहीं डिलीवरी के बाद भी उसे दौरे आए थे। इसके बाद उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। वहीं इससे पहले यहां भर्ती एक और प्रसूता सरोज भी वेंटिलेटर पर है। उसे ​डिलीवरी के दौरान कॉर्डिक प्रॉब्लम हुई थी। हालांकि दोनों की स्थिति में सुधार है। वहीं गलत खून चढ़ाने से धापू की 13 जुलाई को तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था। ऐसे में उसका लगातार डायलिसिस चल रहा है। एक दिन में हुई 68 डिलीवरी, 33 सिजेरियन डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा ने बताया- अभी तक सभी केस जो आए हैं, वे रेफरल हैं। इसकी भी रिपोर्ट हमने भेजी है। उन्होंने बताया- मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में 19 डिलीवरी हुई थी। इनमें 9 सिजेरियन थे। जबकि उम्मेद हॉस्पिटल में 49 डिलीवरी हुई थी। इसमें से 24 सिजेरियन और 25 नॉर्मल थी। दोनों हॉस्पिटल में 33 सिजेरियन हुए हैं और सभी की हालत सामान्य है। गलत खून चढ़ाने वाले मामले में अब तक नहीं सौंपी रिपोर्ट इधर, गलत खून चढ़ाने के मामले में अभी तक पूरी रिपोर्ट नहीं सौंपी है। दरअसल, उम्मेद हॉस्पिटल की ओर से प्रारंभिक रिपोर्ट दे दी गई थी, लेकिन इनमें लापरवाही बरतने वालों के नाम नहीं थे। इस पर मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा ने सभी के नाम मांगे थे। डॉ. बीएस जोधा ने बताया- इनमें नाम मांगे गए थे। ये रिपोर्ट अभी सब्मिट नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह खबर भी पढ़ें… डिलीवरी के बाद खून नहीं रुका तो बच्चेदानी निकाली,अब मौत:महिला की किडनी डैमेज हुई; जोधपुर में 25 दिन से वेंटिलेटर पर थी कोटा, बीकानेर, बांसवाड़ा के बाद अब जोधपुर में भी एक प्रसूता की मौत हो गई। महिला की 24 जून को तिंवरी हॉस्पिटल में नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद खून नहीं रुका तो उसे उम्मेद हॉस्पिटल रेफर किया गया था। (पूरी खबर पढ़ें)

जोधपुर में टैक्सी में मोबाइल लूटकर भागे 2 बदमाश:पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा, पाली के रहने वाले हैं आरोपी

जोधपुर के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित रोटरी चौराहे पर एक टैक्सी चालक से मोबाइल छीनकर भागने की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है। मामले।में किशोर कुमार (25) पुत्र लक्ष्मणराम, अर्जुन (22) पुत्र लक्ष्मणराम, निवासी जगदंबा कॉलोनी नया गांव पाली को गिरफ्तार कर लिया। क्या है पूरा मामला कापरड़ा निवासी प्रमोदपुरी पुत्र छोटूपुरी रातानाडा इलाके में टैक्सी चलाता है। 19 जुलाई की शाम करीब 5:45 बजे वह रोटरी चौराहे के पास सरकारी स्कूल के सामने अपनी टैक्सी खड़ी कर पिछली सीट पर बैठा था। उसका वन प्लस मोबाइल टैक्सी के डैशबोर्ड पर रखा हुआ था। इसी दौरान रिक्तिया भैरूजी चौराहे की तरफ से एक बाइक पर दो युवक आए। उनमें से एक युवक बाइक से उतरा और डैशबोर्ड से मोबाइल उठाकर बाइक पर बैठकर भागने लगा। जब प्रमोदपुरी ने हिम्मत दिखाकर बदमाशों का पीछा किया, तो आरोपियों ने उसे धक्का दे दिया और मेडिकल चौराहे की तरफ फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित की शिकायत पर शास्त्रीनगर थानाधिकारी दिनेश लखावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस आउट कर पाली जिले के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र से दबोच लिया। कार्रवाई में थानाधिकारी दिनेश लखावत, एएसआई थानाराम, एएसआई घेवरराम, कांस्टेबल महेन्द्र, राजूराम और राजेन्द्र शामिल रहे।

ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने किया था सुसाइड:कॉल रिकॉर्डिंग से 2 महीने बाद पता चला; 2 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

बांसवाड़ा जिले के तलवाड़ा क्षेत्र में गत दिनों हुई एक युवक के सुसाइड मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि सुसाइड से एक दिन पहले 8 मई को मृतक मोहनराम ने अपने गांव के एक युवक को फोन किया था। कॉल रिकॉर्डिंग में मृतक रोते और घबराते हुए बता रहा था कि हीराराम और पाबूराम उसके अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर रहे हैं। उसने परेशान होकर कहा था कि ‘यह उसका आखिरी कॉल है।’ इसके अगले ही दिन उसने जान दे दी। मोबाइल में मिली कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र के हीराराम (37) पुत्र तेजाराम जाट और बाबूराम उर्फ पाबूराम (36) पुत्र रूपाराम जाट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फंदे से लटका मिला था शव
सदर थानाधिकारी रूपसिंह ने बताया कि गत 9 मई को तलवाड़ा से आगे डूंगरपुर रोड स्थित सामागढ़ा मोड़ के पास मोहनराम का शव सड़क किनारे खड़े ट्रक से रस्सी के सहारे लटका मिला था। सूचना पर पहुंची तलवाड़ा थाना पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाकर पोस्टमॉर्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। उस समय परिजनों ने बिना किसी संदेह के गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया था। अंतिम संस्कार के बाद अश्लील फोटो-वीडियो की जानकारी मिली
अंतिम संस्कार के कुछ दिनों बाद क्षेत्र में मृतक के कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सामने आने लगे। इसके बाद पुलिस की कस्टडी में मौजूद मृतक के मोबाइल की डिजिटल और तकनीकी जांच की गई, तो ब्लैकमेलिंग का खुलासा हुआ था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर मृतक को आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर वायरल करने की धमकी देने और रुपयों के लेन-देन को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।