ब्रेकिंग न्यूज़
अलवर काले बादलों से दिन में अंधेरा हुआ:तेज बारिश हुई, अगले 3 दिन आंधी-बरसात का अलर्ट जारी किया गया

अलवर में मंगलवार को तेज बारिश हुई। शहर में घने काले बादल छाए, जिससे दिन में अंधेरा हो गया। लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, रात में भी रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश हुई है। अकबरपुर,अहमदपुर,नटनी का बारा समेत सिलीसेढ़ की तरफ बारिश हुई है। कई ग्रामीण इलाकों में सड़कों व खेतों में पानी भर गया। दोपहर बाद हुई बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। 10 जुलाई तक आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की संभालना मौसम विभाग के अनुसार 7 से 10 जुलाई तक अलवर जिले में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली गिरने की आशंका के समय खुले स्थानों व पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी है। वहीं 11 और 12 जुलाई के लिए जिले में किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। पिछले दो दिन उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। बारिश की कमी का सबसे ज्यादा असर किसानों पर दिखाई दे रहा था। जिले के अधिकांश किसानों ने खरीफ फसलों की बुआई पूरी कर ली है और कई क्षेत्रों में बाजरे के पौधे भी निकलने लगे हैं। इन फसलों की अच्छी पैदावार के लिए अब नियमित बारिश बेहद जरूरी है। बारिश होने से किसानों ने भी कुछ राहत की सांस ली हैं।

बचकर भाग रहे शराब तस्कर की मौत, शव रखकर प्रदर्शन:SDM के समझाने पर बॉडी मॉर्च्युरी रखवाई, धरने पर मांगों को लेकर अड़े

बालोतरा में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस से बचकर भाग रहे शराब तस्करों की कार खेजड़ी के पेड़ से टकराने से एक तस्कर की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने शव को गुड़ामालानी थाने में रखकर प्रदर्शन किया। देर रात समझाइश के बाद शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट किया गया, लेकिन परिजन एफआईआर और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही पोस्टमॉर्टम कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। पढ़िए … सिलसिलिवार पूरा घटनाक्रम 1. पुलिस से बचकर भाग रही कार पेड़ से टकराई, एक तस्कर की मौत
बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में सोमवार (6 जुलाई) को एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस से बचकर भाग रहे शराब तस्करों की कार आमलियाला-भैडाणा रोड पर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। पुलिस टीम करीब 20 किलोमीटर तक कार का पीछा कर रही थी। हादसे में रावली नाड़ी निवासी पुनेश (22) पुत्र लाधुराम गंभीर घायल हो गया, जिसकी सांचौर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं 20 वर्षीय प्रवीण पुत्र मेघाराम निवासी रावली नाड़ी को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने शराब से भरी क्षतिग्रस्त कार भी जब्त कर ली। कार पर केरल की नंबर प्लेट लगी थी, जबकि उसमें गुजरात की नंबर प्लेट भी मिली। 2. हादसे के बाद पोस्टमार्टम को लेकर विवाद, शव गुड़ामालानी लाया गया
हादसे के बाद सांचौर अस्पताल में पोस्टमार्टम को लेकर पुलिस और मृतक के परिजनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद परिजन शव को गुड़ामालानी ले आए। यहां भी पुलिस और परिजनों के बीच बहस हुई, जिसके चलते थाने के बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात करना पड़ा। 3. थाने में शव रखकर प्रदर्शन, एफआईआर दर्ज करने की मांग
मृतक के परिजन और समाज के लोगों ने गुड़ामालानी थाना परिसर में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि मामले में एफआईआर दर्ज की जाए और रिपोर्ट की कॉपी उपलब्ध कराई जाए। पुलिस ने उन्हें समझाया कि यदि वे अतिरिक्त रिपोर्ट देंगे तो उसे पहले से दर्ज रिपोर्ट में शामिल कर लिया जाएगा, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। 4. आधी रात तक चली समझाइश, फिर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा शव
गुड़ामालानी एसडीएम भंवरलाल विश्नोई और पुलिस अधिकारियों ने देर रात तक कई दौर की वार्ता कर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। आखिर रात करीब 12 बजे परिजन माने और शव को गुड़ामालानी अस्पताल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट कराया गया। देर रात करीब 1 बजे शव को मोर्चरी में रखवाया गया, लेकिन वहां भी परिजन धरने पर बैठे रहे। 5. एफआईआर और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही पोस्टमॉर्टम की जिद
मृतक के परिजनों का कहना है कि उनकी बालोतरा एएसपी से बात हुई थी। उन्हें आश्वासन दिया गया था कि मंगलवार को एफआईआर और जांच रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाएगी। परिजनों का कहना है कि रिपोर्ट मिलने और उसे देखने के बाद ही वे शव का पोस्टमॉर्टम करवाएंगे। फिलहाल दूसरे दिन भी परिजन अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। —– घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें … पेड़ से टकराई तस्करों की कार, एक की मौत:20KM पीछा कर एक साथी पकड़ा; पुलिस से धक्का-मुक्की, थाने पर प्रदर्शन बालोतरा में शराब तस्करों की कार खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई।हादसे में एक तस्कर की मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया। पढ़ें पूरी खबर

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टैंपो को टक्कर मारी,2 की मौत:3 गंभीर घायल, शिफ्ट पूरी कर फैक्ट्री से घर लौट रहे थे

अलवर जिले के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र में टैंपो-ट्रैक्टर की टक्कर में 2 युवकों की मौत हो गई। जबकि 3 लोग घायल हैं। घटना सहजपुर पेट्रोल पंप के पास सोमवार रात करीब ड़ेढ़ बजे की है। सभी मजदूर अशोक लीलैंड फैक्ट्री में काम कर घर लौट रहे थे। रोजाना की तरह काम खत्म कर लौट रहे थे घर जानकारी के अनुसार, जयसिंहपुरा निवासी सुनील जाटव (32) पुत्र मोतीलाल और नरेश जाटव (28) पुत्र उदयराम अपने ही गांव के साथी मुकेश, प्रेम और मिथलेश के साथ उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित अशोक लीलैंड फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार देर रात करीब 1 बजे फैक्ट्री से शिफ्ट खत्म होने के बाद सभी रोजाना की तरह टेंपो में सवार होकर अपने गांव जयसिंहपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान सहजपुर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टेंपो को टक्कर मार दी। मौके पर ही तोड़ा दम, तीन अस्पतालों में भर्ती चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील और नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टेंपो में सवार मुकेश, प्रेम और मिथलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही बगड़ तिराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत अलवर के तीन अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, गांव में मातम पुलिस ने शनिवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। इस हादसे के बाद जयसिंहपुरा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दर्दनाक बात यह है कि हादसे का शिकार हुए सुनील और नरेश दोनों ही शादीशुदा थे। दोनों के दो-दो बेटी है। नरेश के घर 8 महीने पहले ही बेटी ने जन्म लिया था।

जालंधर में एक्टिवा के लिए खरीदा ₹8.52 का VIP नंबर:इसमें 8 एक्टिवा आ सकती हैं; ई-ऑक्शन में 25 लाख के बिके 9 नंबर

जालंधर में फैंसी नंबरों का क्रेज किसी से छिपा नहीं है। रीजनल परिवहन कार्यालय (RTO) की ओर से आयोजित ऑनलाइन ई-ऑक्शन में इस बार PB 08 GA सीरीज के 0001 नंबर के लिए सबसे अधिक 8 लाख 52 हजार 500 रुपए की बोली लगी। यह नंबर किसी लग्जरी कार नहीं, बल्कि एक्टिवा के लिए खरीदा गया है। अभी एक्टिवा का ऑन रोड प्राइस करीब 1.10 लाख रुपए है। यानी बोली लगी रकम से करीब 8 एक्टिवा खरीदी जा सकती थीं। वहीं, ई-ऑक्शन में 0007 नंबर 3 लाख 11 हजार रुपए, 0005 नंबर 2 लाख 83 हजार रुपए, 0008 नंबर 2.50 लाख रुपए, जबकि 0002, 0003, 0006 और 0009 नंबर 2-2 लाख रुपए में बिके। 000 सीरीज के नंबर लाखों रुपए में बिक रहे पिछले महीनों से लगातार 000 सीरीज के नंबर लाखों रुपए में बिक रहे हैं। हालांकि ऑक्शन में 8 लाख रुपए से ज्यादा कीमत में भी नंबर बिके हैं, लेकिन पिछले महीनों के मुकाबले यह ऑक्शन सबसे बेहतर रहा। इससे पहले PB 08 FZ सीरीज का 0001 नंबर 8 लाख 61 हजार रुपए में नीलाम हुआ था। 0001 नंबर 8,500 रुपए कम कीमत पर बिका मौजूदा सीरीज का 0001 नंबर उससे महज 8,500 रुपए कम कीमत पर बिका। आरटीओ अधिकारियों के अनुसार, इच्छुक वाहन मालिक पोर्टल पर बोली लगाते हैं। सबसे अधिक बोली लगाने वाले को संबंधित नंबर आवंटित किया जाता है। तीन दिन ऐसे होती है ई-ऑक्शन… हर सप्ताह शनिवार, रविवार और सोमवार तक फैंसी नंबरों के लिए ऑनलाइन आवेदन लिया जाता है। मंगलवार और बुधवार को आवेदक परिवहन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन बोली लगाते हैं। हर क्लिक के साथ बोली 500 रुपए बढ़ती है। 0001 से 0010 तक के नंबरों का रिजर्व प्राइस 5 लाख रुपए है। रिजर्व प्राइस 1 लाख रुपए है इनमें भाग लेने के लिए 1 लाख रुपए सिक्योरिटी अमाउंट और 2,000 रुपए आवेदन शुल्क जमा करना होता है। 0011 से 0099 तक के नंबरों का रिजर्व प्राइस 1 लाख रुपए है। नीलामी पूरी होने के बाद सफल बोलीदाता को निर्धारित समय सीमा के भीतर पैसे जमा कराने होते हैं।

अमरनाथ गुफा में शिवलिंग पूरी तरह पिघला:अभी यात्रा के 5 दिन ही हुए; करीब 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं का दर्शन करना बाकी

अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक बर्फ का शिवलिंग लगभग पूरी तरह पिघल गया है। अभी यात्रा के पांच दिन ही बीते हैं। 57 दिन चलने वाली यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी। यात्रा के पहले चार दिनों में करीब 86 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में दर्शन किए। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को पांचवें दिन यह संख्या 1 लाख के पार पहुंचने की उम्मीद है। यात्रा के लिए इस साल 4 लाख श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। यानी कि अभी 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं का दर्शन करना बाकी है। 23 मई को 7 फीट का था शिवलिंग 23 मई को BSF के जवानों ने जो तस्वीर जारी की थी, उसमें शिवलिंग का आकार करीब 7 फीट था। 29 जून को पहली पूजा के दिन भी हिमलिंग की ऊंचाई 5 फीट से ज्यादा थी। 6 जुलाई को सामने आई तस्वीर में हिमलिंग लगभग 90% गायब हो चुका है। 48 किमी लंबे नुनवान-पहलगाम रूट और 14 किमी वाले छोटे, लेकिन कठिन बालटाल रूट से लगातार यात्री दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन खत्म होगी। यात्रा से जुड़ी 3 तस्वीरें… अमरनाथ के बाबा बर्फानी प्राकृतिक बनते हैं, तराशा नहीं जाता अमरनाथ का हिम शिवलिंग किसी बर्फ के ब्लॉक को तराशकर नहीं बनाया जाता, बल्कि यह प्राकृतिक आइस स्टैलेग्माइट है। जैसे चूना-पत्थर की गुफाओं में जमीन से खनिज जमा होकर स्टैलेग्माइट बनते हैं, उसी तरह अमरनाथ गुफा में छत से टपकने वाला पानी जमकर बर्फ का शिवलिंग बनाता है। इसका आकार हर साल मौसम, तापमान और पानी की उपलब्धता के अनुसार अलग-अलग होता है। यही इसकी सबसे अनोखी विशेषता है।
शिवलिंग गायब होने से यात्रा पर क्या असर पड़ेगा, समझिए सवाल-जवाब में… 1.सवाल: क्या शिवलिंग फिर से बन सकता है? जवाब: इसकी संभावना बहुत कम है। ताजा बर्फबारी या तापमान शून्य से नीचे जाने पर ही दोबारा बन सकता है। 2. सवाल: प्राकृतिक शिवलिंग कैसे बनता है? जवाब: सर्दियों और वसंत में गुफा के अंदर पानी की बूंदें जमकर धीरे-धीरे बर्फ का शिवलिंग बनाती हैं। 3. सवाल: क्या शिवलिंग पिघलने से अमरनाथ यात्रा रुक जाएगी? जवाब: फिलहाल ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं है। यात्रा पहले की तरह जारी है। 4. सवाल: अब तक कितने श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं? जवाब: यात्रा शुरू होने के बाद अब तक 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। 5. सवाल: इस साल यात्रा के लिए कितने लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है? जवाब: इस साल करीब 4 लाख श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। यात्रा के 2 रूट, एक 48km लंबा लेकिन सरल, दूसरा 14km का लेकिन कठिन चढ़ाई अमरनाथ यात्रा दो रास्तों से की जाती है। पारंपरिक रास्ता 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम से है। दूसरा रास्ता गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल से है। यात्रा 28 अगस्त को खत्म होगी।

नौकरी दिलाने के नाम पर 24.37 लाख की ठगी, गिरफ्तार:फर्जी नियुक्ति-पत्र बांटे; जमानत पर बाहर आते ही पुलिस ने फिर पकड़ा

जालोर में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 24.37 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में शिवगंज (सिरोही) पुलिस ने तखतगढ़ निवासी राकेश जीनगर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने डीएलबी की 2018 की एलडीसी भर्ती में पुराने रिकॉर्ड के आधार पर स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर सितंबर 2024 से जून 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में शिकायतकर्ता से 24.37 लाख रुपए वसूल लिए। इसके बाद 11 मार्च 2025 को जालोर नगर परिषद ले जाकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिया और फर्जी जॉइनिंग का नाटक भी कराया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की, आरोपी को गिरफ्तार कर जालोर नगर परिषद में दस्तावेजों की जांच कराई, जहां नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी पाए गए। पढ़िए… सिलसिलेवार पूरा घटनाक्रम 1. नौकरी दिलाने के नाम पर 24.37 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
नगर निकायों में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए ठगने के मामले में शिवगंज (सिरोही) पुलिस ने तखतगढ़ (पाली) निवासी राकेश जीनगर को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ 3 जनवरी 2026 को शिवगंज थाने में 24 लाख 37 हजार 583 रुपए की ठगी का मामला दर्ज हुआ था। आरोपी को इससे पहले जालोर पुलिस भी गिरफ्तार कर चुकी है। 2. पुराने रिकॉर्ड का झांसा देकर रुपए लिए, फर्जी जॉइनिंग भी कराई
शिवगंज निवासी निर्मल कुमार ने पुलिस को बताया – राकेश जीनगर ने अपने साथियों के साथ मिलकर डीएलबी की 2018 की एलडीसी भर्ती के पुराने रिकॉर्ड के आधार पर स्थायी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसने जयपुर के अधिकारियों से पहचान और विभाग में सीधी पहुंच होने का दावा कर भरोसा जीता। इसके बाद दस्तावेज लेकर रिकॉर्ड तैयार करने, फाइल आगे बढ़ाने और नियुक्ति पत्र जारी कराने के नाम पर सितंबर 2024 से जून 2025 के बीच नकद, बैंक ट्रांसफर और फोन-पे के जरिए कुल 24.37 लाख रुपए ले लिए। 11 मार्च 2025 को वह शिकायतकर्ता को जालोर नगर परिषद लेकर गया, वहां ढाई लाख रुपए नकद लेने के बाद एक नियुक्ति पत्र दिया और शहरी आजीविका मिशन कार्यालय में रजिस्टर पर हस्ताक्षर करवाकर फर्जी जॉइनिंग तक करा दी, ताकि उसे नौकरी लगने का विश्वास हो जाए। 3. नौकरी नहीं मिली तो खुला राज, जांच में नियुक्ति पत्र फर्जी निकले
जब काफी समय बाद भी नौकरी की पुष्टि नहीं हुई तो शिकायतकर्ता ने अपने रुपए वापस मांगे। आरोप है कि राकेश जीनगर टालमटोल करता रहा और धमकियां देने लगा। इसके बाद मामला दर्ज कराया गया। जांच के दौरान सोमवार (6 जुलाई) को शिवगंज पुलिस आरोपी को जालोर नगर परिषद लेकर पहुंची और उसके दिए गए नियुक्ति पत्रों की जांच कराई। नगर परिषद के अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि नियुक्ति पत्र विभाग की ओर से जारी नहीं किए गए थे और पूरी तरह फर्जी हैं। 4. जमानत पर बाहर आने के बाद फिर पकड़ा गया आरोपी
जालोर पुलिस की गिरफ्तारी के बाद आरोपी 3 जुलाई को जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद शिवगंज पुलिस ने इस मामले में जांच तेज की और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस उसे नगर परिषद ले गई, जहां दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित पीड़ितों की भी जांच कर रही है। 5. कई और युवकों से भी ठगी, किसी ने प्लॉट बेचा तो किसी ने गहने गिरवी रखे
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने कई अन्य युवकों से भी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर रुपए लिए। शिकायतकर्ता निर्मल कुमार ने 24.37 लाख रुपए जुटाने के लिए अपना प्लॉट बेच दिया, बाद में केसीसी और गोल्ड लोन भी लेना पड़ा। आहोर थाना क्षेत्र के रणछोड़ और मुकेश ने जमीन गिरवी रखकर 3-3 लाख रुपए दिए। तखतगढ़ के पारसमल ने दादी के गहने गिरवी रखकर 5.5 लाख रुपए दिए, जबकि लालाराम ने जमीन बेचकर लाखों रुपए दिए। पारसमल और लालाराम ने तखतगढ़ थाने में अलग-अलग मामले दर्ज कराए हैं, जिनमें आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। — यह खबर भी पढ़े… लाखों में सरकारी नौकरी बांटने वाला ठग कोर्ट में पेश:हंसते हुए आया, 3 दिन के रिमांड पर भेजा; पैसे लेकर दिए थे फर्जी नियुक्ति पत्र जालोर में 4 साल से बांट रहा था फर्जी नौकरियां:अब तक 30 पीड़ितों को ठगा, 200 लोगों से करोड़ों रुपए वसूले फर्जी सरकारी नौकरियां बांटने वाला पकड़ा:जयपुर नगर निगम की फर्जी मेल से भेजता था जॉइनिंग लेटर

ससुराल में घर-जमाई की पीट-पीटकर हत्या, पत्नी डिटेन:घरेलू विवाद के बाद बच्चों के साथ मिलकर मारा, गंभीर हालत में हॉस्पिटल लेकर गए

बीकानेर में पत्नी ने बच्चों के साथ मिलकर पति की पीट पीटकर हत्या कर दी। युवक ससुराल में ही रहता था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी को डिटेन किया है। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है। घटना लूणकरणसर थाना क्षेत्र के हंसेरा गांव में सोमवार रात करीब 9 बजे हुई। घर में विवाद हुआ, मारपीट का आरोप
लूणकरणसर SHO गणेश विश्नोई के अनुसार, मूलाराम (50) पुत्र हिराराम, श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कुन्तासर गांव का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से हंसेरा गांव में अपने ससुराल में घर-जमाई के रूप में रह रहा था। सोमवार रात करीब 9 बजे घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान मूलाराम के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी पक्ष ही अस्पताल लेकर पहुंचा
मारपीट के बाद घायल मूलाराम को आरोपी पक्ष ही हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवा दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी गई। पत्नी डिटेन, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया मृतक की पत्नी विद्या देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच कर रही है। मृतक के हाथ-पैरों पर चोटों के निशन मिले हैं। वारदात में आरोपी महिला की भूमिका भी सामने आई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों के आने, उनके बयान दर्ज होने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

मंत्री के तोते पर MLA भतीजा 'फिदा':SDM के लेटर में नहीं सुधरी 'स्थिति'; खंभे वाली 'नायाब' सड़क

नमस्कार सुजानगढ़ वाले SDM साहब अपनी हिंदी को लेकर मशहूर हो गए। मंत्री चाचा के तोते पर विधायक भतीजे का दिल आ गया और झुंझुनूं में सड़क का नायाब नमूना देखने को मिला। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. SDM साहब के लेटर की ‘स्थिति’ सुजानगढ़ के SDM साहब का गोले वाला लेटर तो आपने देख ही लिया होगा। बुरा हो ऐसे चेक करने वालों का जो सरकारी आदेश को भी इतना गौर से देखते हैं और मीन-मेष निकालते हैं। बात की गहराई में जाना चाहिए, वर्तनी में क्या रखा है? बात इतनी सी है कि बालाजी के मंदिर में कैमरानुमा ऐसी कोई चीज लेकर नहीं जा सकते जिससे अंदर संभावित मारपीट को रिकॉर्ड किया जा सके। हाल की घटना से प्रेरित होकर मंदिर पदाधिकारियों ने यह फैसला किया और सुजानगढ़ के SDM साहब ने आदेश जारी कर दिया। हो न हो, आदेश की कॉपी किसी छिद्रान्वेषी के हाथ लग गई। उसने लेटर को गौर से पढ़ा और जगह-जगह गोले लगा दिए। फिर आदेश की कॉपी को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। कॉपी वायरल हो गई। कॉपी में गोले लगाने वाले से भी एक मिस्टेक हुई। उसने ‘स्थिति’ पर भी गोला लगा दिया। जबकि स्थिति बिल्कुल ठीक लिखा था। हो सकता है कि स्थिति पर गोला लगाने के पीछे उसका मकसद उस ‘स्थिति’ से था जो पूरे पत्र में झलक रही थी। खैर, सोशल मीडिया पर भद्द पिटी तो फौरन नया आदेश जारी कर दिया गया। जहां-जहां गोले लगे थे उन सब शब्दों को ठीक कर दिया गया। इस बीच ठीक करने वाले की नजर ‘स्थिति’ पर गई। स्थिति पर गोला लगे देख उसने सोचा कि गलत लिखा है। नए आदेश में उसने स्थिति को ‘स्थिती’ लिख दिया। हिंदी दिवस आने में 2 महीने बाकी हैं। हिंदी मातृभाषा है। लेकिन सरकारी कार्यालयों में इसकी ‘स्थिति’ क्या है, आप भी समझते होंगे। 2. मंत्रीजी का तोता 2013 में कोयला ब्लॉक आवंटन घोटाले की सुनवाई के दौरान तत्कालीन जस्टिस आर.एम. लोढ़ा की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा था- CBI पिंजरे में बंद ऐसा तोता है जो अपने मालिक की बोली बोलता है। यह वाक्य कहावत बन गया। CBI का तो पता नहीं लेकिन मंत्रीजी का तोता आजाद है। वह कंधों पर बैठकर जनसुनवाई देखने का अभ्यस्त हो चुका है। तोते को मालिक पर भरोसा हो जाए तो उसे पिंजरे की जरूरत नहीं। कुछ बातें तोता मंत्रीजी से सीखता है तो कुछ बातें मंत्रीजी तोते से सीखते हैं। मंत्रीजी को लेकर विरोधी तीखी बयानबाजी करते हैं। तोते को तीखी मिर्ची पसंद है। तोते की तरह मंत्रीजी भी तीखापन पचा जाते हैं। तोते को रटने की आदत होती है। कुछ बातें मंत्रीजी बार-बार दोहराते हैं। हो सकता है कि बोलने का इल्म सीखने के बाद तोते से अहम जानकारियां निकलें। हालांकि मंत्रीजी नहीं चाहते कि उनका प्यारा तोता उड़ जाए। लेकिन उन्होंने खाद-बीज का घपला करने वालों के तोते उड़ा रखे हैं। मंत्रीजी की महत्वकांक्षाएं ऊंची रहीं, गाहे-बगाहे वे व्यक्त भी करते रहे। लेकिन पार्टी-संगठन उनके लिए सबसे ऊपर है। तो कह सकते हैं कि महत्वकांक्षा के मर्ज को वे तोते की तरह पाल रहे हैं। बाकी उनका पालतू तोता है बड़ा भाग्यवान। मंत्रीजी से फुरसत मिलती है तो विधायक भतीजे का प्यार बरसने लगता है। 3. चलते-चलते.. पाकीजा में कैफी आजमी साहब ने बहुत खूबसूरत गीत लिखा। गीत था- चलते चलते यूं ही कोई मिल गया था। अगर आजमी साहब झुंझुनूं की सड़कों पर चलते तो उन्हें चलते-चलते खंभा जरूर मिल जाता। शहर के चूरू बाइपास पर सड़क के बीचों बीच खंभा है। सड़क के बीच खंभा देख आजमी साहब आनंद बख्शी की तरह लिखने लगते- चलते चलते यूं ही रुक जाता हूं मैं। सड़क के साइड में तो खंभा हर जगह होता है। बात तो तब है जब खंभा सड़क के बीचों बीच हो। चलने वाले का सिर जब तक खंभे से न टकराए, तब तक कैसे पता चलेगा कि गांव में बिजली भी है। वैसे खंभे को लेकर जनप्रतिनिधि व्यंजना में बात करते हैं। कहते हैं कि मेरा कार्यकाल तो 6 महीने पहले ही खत्म हो चुका। मैं तो निवर्तमान हूं। उनकी बात सुनकर लगता है कि अब तक स्कूल में काल गलत पढ़ाए गए। भूत-भविष्य तो ठीक है, लेकिन वर्तमान में निवर्तमान भी होता है। लोगों का कहना है कि बार-बार उन्होंने गुहार लगाई। लेकिन ठेकेदार नक्शे से टस से मस नहीं हुआ। यकीनन वह भी उस स्कूल से पास-आउट होगा जिसमें बोर्ड पर ध्येय वाक्य लिखा जाता था- राह में कोई बाधा आए, रुकना नहीं। किसी की कोई गलती नहीं। खंभा ही जिद्दी है जो इतनी मजम्मत के बाद भी बेशर्मी से खड़ा है। सड़क भी कुछ कम नहीं। बनते वक्त ही उसे कहना चाहिए था- जरा सा झूम लूं मैं, जरा सा घूम लूं मैं। खैर, गांव में सेल्फी पॉइंट की कमी थी, अब प्रदर्शन के बहाने लोग उस कमी को पूरा कर रहे हैं। इनपुट सहयोग- सुनील स्वामी (सुजानगढ़, चूरू), इम्तियाज भाटी (झुंझुनूं), राघवेंद्र गुर्जर (दौसा)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल सुबह 7 बजे मुलाकात होगी।

भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीदेगा इंडोनेशिया:ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल अस्त्र मिसाइल की भी डील; मोदी को इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान

पीएम मोदी के इंडोनेशिया दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच डिफेंस और बिजनेस से जुड़े कई अहम समझौते हुए। इसमें सबसे अहम ब्रह्मोस डील है। डील को लेकर दोनों देशों के बीच पिछले 4 महीने से चर्चा चल रही थी। भारत इंडोनेशिया को ब्रह्मोस मिसाइल की अतिरिक्त यूनिट देगा। इसी के साथ फिलीपींस, वियतनाम के बाद इंडोनेशिया ब्रह्मोस खरीदने वाला तीसरा देश बन गया है। इंडोनेशिया ने ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल भारतीय ‘अस्त्र’ एयर-टू-एयर मिसाइल खरीदने का भी फैसला किया है। इसके अलावा भारत इंडोनेशिया के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) विकसित करने में मदद करेगा। पीएम मोदी के इंडोनेशिया दौरे का मंगलवार को दूसरा दिन है। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उन्हें इंडोनेशिया का सर्वोच्च सम्मान दिया गया। पीएम शाम को जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। वे बुधवार को इंडोनेशिया के सबसे बड़े हिंदू मंदिर प्रम्बानन जाएंगे। यह मंदिर 1000 साल से ज्यादा पुराना है। मोदी की इंडोनेशिया दौरे से जुड़ी 5 तस्वीरें… पीएम मोदी के इंडोनेशिया दौरे से जुड़ी पल-पल की अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…

तेलंगाना में पति को ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर डालकर मारा:पत्नी नर्स, एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था; छत से धक्का भी दिया था, लेकिन बच गया

तेलंगाना में एक नर्स ने प्रेमी के साथ मिलकर 35 साल के पति की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, महिला ने 30 जून को पति को छत से धक्का देकर मारने की कोशिश की थी। जब वह बच गया तो अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी नस में लगी ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर इंजेक्ट कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला 32 साल की संध्या, उसके प्रेमी अनिल और उसके दोस्त वेंकट साई को गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह हत्या पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी, जिसकी वजह संध्या का एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था। यह पूरी घटना निजामाबाद जिले के मोपाल मंडल के न्यालाकल गांव की है। इसकी खबर सोमवार को सामने आई। पहले छत से धक्का दिया, लेकिन प्रशांत बच गया था पुलिस के मुताबिक, प्रशांत हाल ही में खाड़ी देश से लौटा था। वह किस देश में था, यह जानकारी नहीं मिली। वापस आने पर उसे संध्या के अफेयर के बारे में पता चला तो उनमें झगड़े होने लगे। 30 जून को तीनों आरोपियों ने प्रशांत को पहले खूब शराब पिलाई। फिर मारपीट कर घर की छत से नीचे धक्का दे दिया। हालांकि, गंभीर चोटों के बावजूद प्रशांत की जान बच गई। आरोपियों ने उन्हें यह कहकर अस्पताल पहुंचाया कि वह नशे की हालत में खुद गिर गए थे। इलाज के दौरान टॉयलेट क्लीनर लगाया जांच में सामने आया कि संध्या एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम कर चुकी है। पुलिस का आरोप है कि उसने अपने मेडिकल नॉलेज का इस्तेमाल करते हुए इलाज के दौरान पति की ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया इंजेक्ट कर दिया। मां को हुआ शक, शिकायत के बाद खुला मामला प्रशांत की मौत के बाद उनकी मां को घटना पर संदेह हुआ। उन्होंने 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें साजिश का खुलासा हुआ। असली राज तब खुला जब शव का पोस्टमॉर्टम हुआ। पुलिस की पूछताछ में संध्या ने सच कबूल कर लिया। पुलिस ने पत्नी संध्या और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में वेंकट साई ने भी पहली हत्या की कोशिश में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस ने संध्या, अनिल और वेंकट साई को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। ———————– ये खबर भी पढ़ें… पति की हत्या करके बाथरूम में दफनाया, फर्श बनवाया: उसी पर नहाती रही, 45 दिन बाद खुलासा; बोली- पीटता था, इसलिए मार डाला आगरा में महिला ने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। ऊपर से फर्श बनवा दिया और उसी बाथरूम में रोज नहाती रही। 45 दिनों तक पुलिस और घरवालों को गुमराह किया। जांच के दौरान महिला पुलिस के साथ CCTV फुटेज देखती रही और रोने का नाटक करती रही। पढ़ें पूरी खबर…