ब्रेकिंग न्यूज़
खेत में करंट लगने से किसान की मौत:गायों के लिए कुट्टी ले जाते समय चपेट में आए; 5 साल पहले हुई थी पिता की मौत

राजसमंद के आमेट थाना क्षेत्र के जाटों का दुदालिया गांव में खेत पर कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से किसान योगेश शर्मा(38) पुत्र सत्यनारायण शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई। परिजन गंभीर हालत में उन्हें आमेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार- योगेश खेत पर गायों के लिए कुट्टी और चारा डालने जा रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण खेत में करंट फैल गया और वे उसकी चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 5 साल पहले योगेश के पिता सत्यनारायण शर्मा का निधन हो चुका था। इसके बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी योगेश के कंधों पर थी। वे परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। परिवार में मां, दो बेटे कौस्तुभ और यज्ञनेश और बेटी माधवी को छोड़ गए हैं। सूचना पर आमेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों ने बिजली निगम और कृषि विभाग से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा व आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

महिला सुरक्षा-जागरुकता में उल्लेखनीय काम करने वाली महिलाएं सम्मानित:एसपी बोलीं- महिला सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी, महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत आयोजन

उदयपुर पुलिस की ओर से संचालित ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को नगर निगम के टाउन हॉल में महिला सम्मान समारोह हुआ। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा और जागरुकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाली 35 महिलाओं को सम्मानित किया गया। उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कहा- महिलाओं को अपने अधिकार पता होने चाहिए। आपराधिक चंगुल में फंसने पर कहां और कैसे तुरंत शिकायत करनी है, ये आपको पता होना चाहिए। उन्होंने कहा- अगर कोई स्कूल जाती बच्चियों को छेड़ता है। बस में जाती महिलाओं को बेड टच करता है तो ऐसी सूचना हमें दें। ताकि मामले में जांच कर कार्रवाई कर सकें। एसपी ने महिला सुरक्षा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न महिला सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, राजकोप एप, महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण, महिला बीट अधिकारी योजना, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के बारे में भी बताया। साइबर अपराध से बचाव और हेल्पलाइन की जानकारी भी दी साइबर थाने के डीएसपी विनय चौधरी ने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी, डिजीटल सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया। डीएसपी छवि शर्मा ने महिलाओं से राजकोप एप और पुलिस की नागरिक हितैषी सेवाओं की अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में एएसपी चेतना भाटी, एएसपी माधुरी वर्मा और पुलिस निरीक्षक पूनाराम मौजूद थे। इसके अलावा इस अवसर पर जिलेभर से महिला वॉलंटियर्स, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, जनप्रतिनिधि, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, महिला एडवोकेट सहित विभिन्न विभागों की महिला अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

उच्च शिक्षा मंत्री बैरवा से मिले ABVP के पदाधिकारी:छात्रसंघ चुनाव कराने समेत कई मांगें रखीं

जयपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधिनंडल ने उपमुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा से मिलकर उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय मंत्री हर्षित ननोमा के नेतृत्व में परिषद के सदस्यों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के मुताबिक सिलेबस बनाकर उसे लागू करने और मूल्यांकन में प्रभावी समन्वय स्थापित करने, प्रदेशभर में एकेडमिक कैलेंडर लागू करने, नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, राज्य शिक्षा आयोग के गठन, फीस स्ट्रक्चर, निजी विश्वविद्यालय निगरानी आयोग के गठन करने, अगले सत्र से छात्रसंघ चुनाव कराने समेत कई मांगें रखीं। इसके अलावा हॉस्टल्स के जर्जर भवन के निर्माण और मरम्मत कराने की मांग भी उठाई गई। राष्ट्रीय मंत्री हर्षित ननोमा ने कहा- परिषद का उद्देश्य केवल समस्याओं को सामने रखना नहीं, बल्कि उनके व्यवहारिक और सकारात्मक समाधान भी कराना है। सरकार उनकी मांगें पूरी करे, जिससे राजस्थान की उच्च शिक्षा व्यवस्था अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं विद्यार्थी केंद्रित बन सके। इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अश्वनी शर्मा, जयपुर प्रांत मंत्री शुभेन्द्र सिंह, जोधपुर प्रांत मंत्री दशरथ गर्ग, चित्तौड़ प्रांत मंत्री जितेन्द्र लोधा और जयपुर प्रांत सह मंत्री उमा सैनी उपस्थित रहे।

ट्रॉलियों का अलग होगा रजिस्ट्रेशन, RC रिन्यूअल में मिलेगी छूट:जैसलमेर DTO बोले- 30 सितम्बर तक मिल सकेगी राहत, गाइडलाइन जारी

राज्य सरकार ने किसानों और गाड़ियों के मालिकों को राहत देते हुए कृषि ट्रैक्टरों और दुपहिया वाहनों की आरसी रिन्यू कराने में देरी पर लगने वाली लेट फीस में विशेष छूट की घोषणा की है। जैसलमेर के जिला परिवहन अधिकारी (DTO) टीकू राम ने बताया कि परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा जारी नई गाइडलाइन के तहत यह राहत आगामी 30 सितम्बर तक प्रभावी रहेगी। इसके साथ ही, माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पालना में अब कॉमर्शियल उपयोग में आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के लिए नए व सख्त नियम लागू कर दिए गए हैं, जिससे अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर लगाम कसी जा सकेगी। डीटीओ टीकू राम ने कहा कि इस छूट का उद्देश्य उन वाहन स्वामियों को एक मौका देना है जो भारी जुर्माने के डर से अपने वाहनों का नवीनीकरण नहीं करवा पा रहे थे। 30 सितम्बर के बाद सामान्य नियम लागू हो जाएंगे। ग्राफिक में समझिए नए नियम

लिव-इन पार्टनर हत्या मामले में दो बेटियों सहित महिला गिरफ्तार:लाठी-डंडों से पीटने के बाद हॉस्पिटल लेकर गए थे

बीकानेर के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में लिव-इन पार्टनर की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला के साथ उसकी दोनों बेटियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले में आरोपी महिला के बेटे की भूमिका की भी जांच की जा रही है। थानाधिकारी बोले- कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेंगे
लूणकरणसर थानाधिकारी गणेश बिश्नोई ने बताया कि घटना के बाद पहले महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। जांच और साक्ष्यों के आधार पर उसकी दोनों बेटियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी। बता दें कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र निवासी मूलाराम (50) पिछले कुछ समय से लूणकरणसर क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। सोमवार रात दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान महिला और उसके बच्चों ने मूलाराम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मूलाराम को आरोपी पक्ष ही निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
मृतक के भाई हेमाराम की रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि पहली पत्नी की मौत के बाद मूलाराम आरोपी महिला के साथ लिव-इन में रह रहा था। महिला का अपने पति से तलाक हो चुका था। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और महिला की ओर से मूलाराम को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। एफआईआर के अनुसार 6 जुलाई की शाम मूलाराम अपने बेटे को लेने के लिए महिला के खेत पर पहुंचा था। आरोप है कि वहां महिला, उसकी दोनों बेटियों और बेटे ने एक राय होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के बेटे के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह खबर भी पढ़िए… प्रेमिका ने लिव-इन पार्टनर की पीट-पीटकर हत्या की:बच्चों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला किया; महिला को पकड़ा बीकानेर में महिला ने बच्चों के साथ मिलकर लिव-इन पार्टनर (प्रेमी) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। पूरी खबर पढ़िए

जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर पाई फ्लाइट:रनवे टच कर वापस उड़ान भरनी पड़ी; 10 मिनट बाद सुरक्षित लैंडिग हुई

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो की नवी मुंबई से जयपुर आने वाली फ्लाइट पहली कोशिश में लैंड नहीं कर सकी। फ्लाइट ने रनवे को छूने के बाद तत्काल दोबारा उड़ान भर ली। पायलट ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ‘गो-अराउंड’ प्रक्रिया अपनाई और करीब 10 मिनट बाद दूसरी कोशिश में फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराई। घटना में किसी भी पैसेंजर्स या क्रू मेंबर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट 6E-5238 नवी मुंबई से निर्धारित समय पर उड़ान भरकर बुधवार शाम जयपुर पहुंची थी। रात करीब 8 बजे फ्लाइट ने जयपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग की एप्रोच शुरू की। फ्लाइट रनवे तक पहुंची और रनवे को टच भी किया, लेकिन अंतिम क्षणों में लैंडिंग एप्रोच स्थिर नहीं होने के कारण पायलट ने फ्लाइट को दोबारा हवा में ले जाने का फैसला लिया। दोबारा ऊंचाई पर ले जाकर किया लैंडिंग का प्रयास एविएशन की भाषा में इस प्रक्रिया को गो-अराउंड कहा जाता है। यह सामान्य और पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया होती है, जिसे तब अपनाया जाता है। जब पायलट को लगता है कि फ्लाइट की लैंडिंग निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं हो रही है। ऐसी स्थिति में फ्लाइट को दोबारा ऊंचाई पर ले जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद फिर से लैंडिंग का प्रयास किया जाता है। करीब 10 मिनट तक फ्लाइट जयपुर एयरपोर्ट के आसपास हवा में रही। इस दौरान पायलट ने फ्लाइट को दोबारा लैंडिंग के लिए तैयार किया। सभी आवश्यक मानकों के अनुरूप एप्रोच मिलने के बाद दूसरी कोशिश में फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग करा दी गई। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार- यह पूरी प्रक्रिया सुरक्षा मानकों के तहत अपनाई गई थी। गो-अराउंड जैसी स्थिति को आपातकाल नहीं माना जाता, बल्कि यह विमानन सुरक्षा प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य पैसेंजर्स, क्रू और फ्लाइट की सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है। हालांकि जयपुर एयरपोर्ट पर हुई इस घटना ने फ्लाइट में मौजूद पैसेंजर को कुछ वक्त के लिए परेशानी में डाल दिया। गो राउंड के दौरान फिर से टिकाऊ अपने काफी पैसेंजर को डरा दिया। फिर फ्लाइट की सफल लैंडिंग के बाद सबने राहत की सांस ली।

पाली में कथित एनर्जी ड्रिंक की 21800 बोतलें जब्त:खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कारवाई; 6 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे

राजस्थान में चल रहे कैफीनेटेड कथित एनर्जी ड्रिंक के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान चल रहा है। इसके तहत पाली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को विभिन्न ब्रांडों के कथित एनर्जी ड्रिंक की 21,800 बोतलें जब्त की। जांच के लिए 6 नमूने जोधपुर खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप सिंह यादव और सुरेश चन्द्र शर्मा ने महेश ट्रेडिंग कम्पनी, खेरवा रोड तथा साई दीप एंटरप्राइजेज, रीको औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। FSSI के दिशा निर्देश के तहत जब्त की जांच के दौरान स्टिंग, आफ्टर शॉक, ट्रॉपिकाना फ्रूट्ज और कैंपा एनर्जी ड्रिंक सहित विभिन्न ब्रांडों की कुल 21,800 बोतलें एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के तहत जब्त की गईं। अधिकारियों ने बताया- नमूनों को जांच के लिए जोधपुर खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरी चेतावनी अंकित होना जरूरी सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया- एफएसएसएआई के अनुसार कैफीनेटेड एनर्जी ड्रिंक के लेबल पर कैफीन की मात्रा, आवश्यक चेतावनी और अन्य अनिवार्य जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधिक कैफीन युक्त पेय पदार्थ गर्भवती महिलाओं, बच्चों, स्तनपान कराने वाली माताओं और कैफीन के प्रति संवेदनशील लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए जिले में यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप सिंह यादव, सुरेश चन्द्र शर्मा एवं ऑपरेटर ओम प्रकाश प्रजापत मौजूद रहे।

व्यापारियों को गोली मारने वाले बदमाश की पुलिस से मुठभेड़:2 राउंड फायर किए, जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगी; 2 साथी अब भी फरार

भरतपुर में व्यापारियों को गोली मार कर लूट करने वाले एक ही गैंग के लोग थे। पुलिस ने आज मुठभेड़ में एक आरोपी को पकड़ा है। बदमाश ने पुलिस को देखते ही 2 राउंड फायरिंग की और जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। उसे RBM अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले में 2 और आरोपियों की तलाश की जा रही है, उनकी पहचान भी की जा चुकी हैं। ऐसे में, दोनों पर 25 हजार का इनाम भी रखा गया है। जवाबी फायरिंग में पैर में लग गोली एसपी राजेश मीणा ने बताया- 2 व्यापारियों को गोली मार कर लूट करने के मामले में एक आरोपी महेश (28) निवासी कासौट (डीग) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को लेकर मिले इनपुट के आधार पर सेवर थाना इलाके में छानबीन चल रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को देख कर 2 राउंड फायर किए। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। इसका RBM में इलाज चल रहा है। 2 और साथी; एक पर मर्डर केस इसके साथ 2 और आरोपी हैं, उनकी तलाश की जा रही है। दूसरा आरोपी प्रवीण उर्फ बॉबी निवासी कासौट (डीग) है। इस पर हत्या का मुकदमा दर्ज है। साथ ही एक और आरोपी है। फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम रखा गया है। अभी तक की जांच में यह पता लगा है दोनों व्यापारियों को गोली मारने वाले एक ही आरोपी थे। अलग-अलग समय पर दोनों व्यापारियों से लूट हुई। दो व्यापारियों को मारी थी गोली पढ़ें व्यापारियों पर फायरिंग की ये खबर भी… भरतपुर में आधे घंटे में 2 व्यापारियों को गोली मारी:व्यापारी से कैश से भरा बैग लूटा, विरोध करने पर बर्तन व्यवसायी को अधमरा किया भरतपुर में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने महज आधे घंटे के भीतर दो अलग-अलग जगहों पर व्यापारियों को निशाना बनाया। (पूरी खबर पढ़ें) 5 लाख लूटने के लिए व्यापारी की गोली मारकर हत्या:धरने पर बैठे लोग कलेक्ट्रेट में घुसने लगे तो पुलिस से धक्का-मुक्की हुई; बिलखती रही पत्नी-बेटी भरतपुर में शनिवार रात बदमाशों ने 5 लाख रुपए से भरा बैग लूटने के लिए बर्तन व्यापारी को गोली मार दी थी। (पूरी खबर पढ़ें)

XUV 5 बार बेचने वाले शातिर ने उगले राज:शौर्य फाउंडेशन में प्रोजेक्ट मैनेजर था; नौकरी का झांसा देकर 200 लोगों से करोड़ों ठगे

अपनी महिंद्रा XUV कार को 5 बार बेचकर ठगी करने वाला शातिर बदमाश जिगर भट्‌ट (28) बांसवाड़ा पुलिस की गिरफ्त में है। बुधवार को पीसी रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में उनके ठगी और झांसा देने की कई वारदातें कबूल की हैं। उसने बताया कि वह शौर्य फाउंडेशन में प्रोजेक्ट मैनेजर भी रहा। इस दौरान उसने युवक-युवतियों को नौकरी का झांसा देकर करोड़ों रुपए ठगे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार- शौर्य फाउंडेशन में प्रोजेक्ट मैनेजर रहते हुए उसने करोड़ों की ठगी की और राशि लेकर फरार हो गया। ठगी के इस मामले में भी पुलिस उसे तलाश रही थी। मूल रूप से जिगर बांसवाड़ा के गढ़ी थाना इलाके के खेड़ा गांव का रहने वाला है। वह जयपुर के जगतपुरा इलाके में इंक्लेव रामनगरिया में परिवार के साथ छुपकर रह रहा था। XUV मामले में गढ़ी पुलिस ने पकड़ा था बता दें कि बांसवाड़ा के गढ़ी थाने में एक पीड़ित ने जिगर भट्‌ट के खिलाफ 18 लाख में महिंद्रा XUV कार बेचने और फिर बहाने से कार ले जाने का मामला दर्ज कराया था। इसी केस की पड़ताल करते-करते जिगर भट्‌ट की कई करतूतें खुली। उसने एक ही XUV को कई बार बेचा और लोगों से ठगी की। गढ़ी पुलिस ने इसी केस में मंगलवार को उसे बांसवाड़ा के खेड़ा गांव से गिरफ्तार किया था। नौकरी का झांसा देकर 200 लोगों को ठगा शौर्य फाउंडेशन में प्रोजेक्ट मैनेजर रहते जिगर भट्‌ट ने लोगों को संस्था में नौकरी का झांसा दिया। उसने 200 लोगों से करोड़ों रुपए ठग लिए। इस मामले की जांच कर रहे बांसवाड़ा डिप्टी एसपी मनीष चारण ने जिगर भट्ट पुत्र नरेन्द्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक- 11 अक्टूबर 2025 को बांसवाड़ा के केलियापाडा फैफर गांव के अर्जुनलाल पुत्र कालू ने दानपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। अर्जुन ने बताया कि शौर्य फाउंडेशन संस्था के नाम पर अध्यापक मणीलाल, डायरेक्टर दिलीप कुमार दवे और प्रोजेक्ट मैनेजर जिगर भट्ट ने लगभग 200 युवक-युवतियों को नौकरी देने का झांसा दिया। इन आरोपियों ने बेरोजगार अभ्यर्थियों से 40 हजार, 60 हजार और 1 लाख रुपए तक ले लिए और नौकरी का वादा किया। करोड़ों रुपए जुटने के बाद सभी फरार हो गए। BNS की धाराओं में मामला दर्ज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिगर लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस कस्टडी (पीसी) रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसने किस अभ्यर्थी से कितना पैसा लिया और वारदात में उसके साथ और कौन-कौन शामिल हैं। यह खबर भी पढ़ें शातिर ने 5 बार बेची एक ही XUV कार:लाखों रुपए ठगे, गिरवी रखा, चोरी की; NGO में जॉब का झांसा भी दिया बांसवाड़ा की गढ़ी पुलिस ने 6 महीने से फरार एक ऐसे शातिर ठग को पकड़ा है जिसने एक ही लग्जरी कार 5 बार बेचकर लाखों की ठगी की। इससे पहले वह युवाओं को एक NGO में नौकरी दिलाने के नाम पर भी ठग चुका है। जिसका मामला जिले के दानपुर थाने में दर्ज है। (पढ़ें पूरी खबर)

पिता के साथ जली तीन बेटों की चिता:अंतिम संस्कार में गांव की हर आंख नम हुई; जयपुर में बेकाबू ट्रेलर के रौंदने से हुई थी मौत

राजसमंद के जेतपुरा गांव में बुधवार को पिता के साथ 3 बेटों की चिता जली तो गांव में हर किसी की आंखें नम हो गईं। हालात ऐसे थे कि किसी घर में चूल्हा तक नहीं जला। जो भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचा, वह खुद अपने आंसू नहीं रोक सका। मंगलवार को जयपुर के अजमेर रोड स्थित 200 फीट चौराहे के पास बेकाबू ट्रेलर ने सड़क किनारे बैठे चंद्रप्रकाश बागरिया (40) और उनके बेटे गोपाल (11), रमेश (10) और दीपक (8) को कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पिता ने हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में चंद्रप्रकाश की पत्नी कैलाशी देवी के दोनों पैर कुचले गए। दर्दनाक हादसे के बाद चारों के शव जेतपुरा पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। कोहराम के बीच पूरा गांव परिजनों को संभालने पहुंचा। नम आंखों और भारी मन से लोगों ने चारों को अंतिम विदाई दी। मृतक के बड़े भाई मीठालाल ने बताया- चंद्रप्रकाश जयपुर में झाड़ू बनाने का काम करता था। वह परिवार के साथ वापस राजसमंद लौटने के लिए बस का इंतजार कर रहा था, तभी हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि चंद्रप्रकाश के परिवार में 3 बेटों को खोने का गम है। अब उसके परिवार में एक 17 साल का बेटा दिव्यांग है, जबकि दूसरा 15 साल का है। हादसे से मिले गम को भूल पाना नामुमकिन है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी मृतक के बड़े भाई मीठालाल से फोन पर बात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। अब देखिए- वो तस्वीरें, जिसने हर आंख को नम कर दिया अब पढ़िए… हादसे की टाइमलाइन गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था परिवार हादसे का शिकार बागरी समाज का परिवार वैशाली नगर में गांधी पथ पर फुटपाथ पर रहता था। फुटपाथ पर झाड़ू बनाकर बेचता था। मंगलवार की सुबह गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान ट्रेलर रेलिंग को तोड़ते हुए माता-पिता और तीनों बच्चों को कुचल दिया। तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल माता-पिता को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर और खलासी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायलों को नाले से निकाला। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाया गया। हादसे की 5 PHOTOS… हादसे से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… जयपुर में परिवार पर चढ़ा ट्रेलर, 4 की मौत:बच्चों के शव टुकड़ों में नाले में गिरे, मां के पैर टूटे; ट्रेलर के 5 चालान पेंडिंग जयपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार के 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन बच्चों और पिता की मौत हो गई। मां के दोनों पैर टूट गए। पूरी खबर पढ़िए लिफ्ट मांगी, उसी ट्रेलर ने कुचला, 4 की मौत, VIDEO:घर जाने के लिए हाईवे पर बने डिवाइडर पर खड़े थे, जानें- हादसे की 3 वजह जयपुर के कमला नेहरू नगर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार के 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन बच्चों और पिता की मौत हो गई। मां के दोनों पैर टूट गए। पूरी खबर पढ़िए