ब्रेकिंग न्यूज़
रेवाड़ी-रींगस की 2 स्पेशल ट्रेनों की बढ़ाई ट्रिप:10 से 14 जुलाई तक अतिरिक्त चक्कर बढ़ाए गए, खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत

हरियाणा के रेवाड़ी, नारनौल, अटेली, कुंड और आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने आज से रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी मार्ग पर चलने वाली 2 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे खाटूश्यामजी और रींगस की ओर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। जिसका लाभ दक्षिणी हरियाणा के लोगों विशेषकर गुरुग्राम, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिले को होगा। आज से ये ट्रेन लगाएगी अतिरिक्त फेरे उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09633/09634 रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल रेलसेवा का संचालन आगे भी जारी रहेगा। यह ट्रेन रेवाड़ी से 10 जुलाई और 13 जुलाई 2026 को 2 अतिरिक्त ट्रिप संचालित करेगी। वहीं, रींगस से 11 जुलाई और 14 जुलाई 2026 को 2 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। इस ट्रेन का भी किया गया विस्तार इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09637/09638 रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि का भी विस्तार किया गया है। यह ट्रेन रेवाड़ी से 10 जुलाई और 13 जुलाई 2026 को2 अतिरिक्त ट्रिप चलाएगी। जबकि रींगस से भी 10 जुलाई और 13 जुलाई 2026 को 2 अतिरिक्त ट्रिप संचालित की जाएंगी। भीड़ को देखते लिया निर्णय रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे चलाने का उद्देश्य यात्रियों की सुविधा बढ़ाना और त्योहारों व धार्मिक स्थलों की ओर बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए यात्रा को सुगम बनाना है। खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत इन ट्रेनों के संचालन से दक्षिण हरियाणा के यात्रियों को रींगस और खाटूश्यामजी की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और संचालन की जानकारी रेलवे के अधिकृत माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मोदी बोले-ऑस्ट्रेलियाई टी-20 लीग का ओपनिंग मैच भारत में होगा:चेन्नई में खेला जाएगा, भारत में पहली बार विदेशी क्रिकेट लीग का मुकाबला; पीएम न्यूजीलैंड रवाना

ऑस्ट्रेलिया की टी-20 लीग बिग बैश लीग (BBL) का ओपनिंग मैच भारत में खेला जाएगा। मुकाबला चैन्नई के चेपॉक स्टेडियम में 12 दिसंबर को होगा। यह पहली बार होगा, जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का मैच भारत में होगा। पीएम मोदी ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के तीसरे और आखिरी दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे। पीएम इंडोनेशिया और आस्ट्रेलिया दौरे के बाद न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो गए हैं। वे न्यूजीलैंड सरकार के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके बाद 40 हजार भारतीयों को संबोधित करेंगे। पीएम के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड दौरे की 3 तस्वीरें… BBL पहली बार ऑस्ट्रेलिया से बाहर होगा BBL के 15 साल के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब लीग का कोई मैच ऑस्ट्रेलिया के बाहर आयोजित होगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इसे दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बाजार भारत में अपनी पहुंच बढ़ाने और लीग को वैश्विक पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम मान रही है। पीएम के ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे के पल-पल अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से 1000 लोग फंसे:यूपी में बारिश से 10 की मौत; राजस्थान में 6 ट्रेन रद्द, मकान ढहा

मानसून के पूरे देश को कवर करने के बाद कई राज्यों में बारिश जारी है। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को 30 शहरों में बारिश हुई। बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई। बुलंदशहर में मस्जिद की पुरानी दीवार गिरने से एक ही परिवार के 2 लोगों की जान गई। हरदोई में 2 बहनें नदी में बह गईं। राजस्थान के धौलपुर में बारिश के चलते मकान ढह गया और 6 लोग मलबे में दब गए। अजमेर के किशनगढ़ में भी कच्चा मकान ढहने से माता-पिता और बच्चा दब गया। राज्य में 6 ट्रेनें कैंसिल हुई हैं। कई ट्रेनें लेट भी हैं। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री हाईवे और नालूपानी के पास गंगोत्री हाईवे लैंडस्लाइड से बंद हैं। यमुनोत्री मार्ग बंद होने से करीब 1000 यात्री फंसे हैं। 10 जिलों में बारिश के कारण आज स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई। पिथौरागढ़ में आदि कैलाश मार्ग चट्टानें गिरने से बंद है। हरिद्वार में सड़कों पर 3-4 फीट पानी भर गया। दिल्ली में बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। कई जगह पेड़ गिरने से ट्रैफिक जाम लगा। देशभर से मौसम की 7 तस्वीरें… मानसून ने पूरे देश को कवर किया मानसून ने गुरुवार को पूरे देश को कवर कर लिया। इसे पूरे देश को कवर करने में 38 दिन लगते हैं, लेकिन इस बार 36 दिन में ही कवर कर लिया। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक दो दिन बाद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। देशभर के मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…

पंजाब- खेड़ी वाले बाबा का दावा, अफीम खानी छोड़ी:कहा- अगर मेरी सरदारनी पर गलत कमेंट किया तो उसके घर का कुत्ता भी जिंदा नहीं छोडूंगा

पंजाब के चर्चित खेड़ी वाले बाबा यानी बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी पत्नी पर कमेंट करने वालों पर भड़क गए। बाबा ने धमकी दी कि अगर किसी ने मेरी सरदारनी का माइंड अपसेट किया तो उनके घर का कुत्ता भी जिंदा नहीं छोडूंगा। वहीं बाबा ने दावा किया कि उन्होंने अफीम खानी छोड़ दी है। इससे पहले वे अफीम की खेती का समर्थन करते थे। बाबा ने कहा कि यह बदलाव उनकी दूसरी पत्नी की वजह से आया है, जिससे उन्होंने 5 महीने पहले लव मैरिज की थी। बाबा ने फरीदकोट से निर्दलीय सांसद सर्बजीत सिंह के बयान पर भी गुस्सा जताया और कहा कि सारी पार्टियां मेरे पीछे टिकट देने के लिए घूमती हैं। अब बाबा के वायरल हो रहे वीडियो के बारे में जानिए बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी से जुड़े विवाद:- **************** ये खबरें भी पढ़ें… खेड़ी वाले बाबा बोले- पत्नी की सैलरी सवा ₹2 लाख:पूरी फिट, सुंदर इतनी कि मिस यूनिवर्स बना दो संगरूर के रहने वाले बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी एक बार फिर चर्चा में हैं। अपने घोड़े ‘पंजाब श्रृंगार’ के कारण पहचान बनाने वाले बाबा ने लव मैरिज करने के बाद हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई खुलासे किए हैं। उन्होंने अपनी पत्नी की सुंदरता, फिटनेस और सैलरी का जिक्र करते हुए बताया कि उनकी पत्नी की महीने की इनकम सवा दो लाख रुपए है। हमारी पत्नी इतनी सुंदर है कि उसे मिस यूनिवर्स बना दो। उसे किसी तरह के फेम की जरूरत नहीं है। वह केवल मुझसे प्यार करती है। वह फोटो खिंचवाने से बचती है। वह मेरे साथ रिश्तेदारी में शादी में तक नहीं जाती, ताकि कोई फोटो न खींच ले (पढ़ें पूरी खबर)

भास्कर अपडेट्स:राम मंदिर दान चोरी मामले में CBI जांच की मांग, सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को करेगा सुनवाई

अयोध्या राम मंदिर के दान में चोरी के मामले में CBI जांच की मांग वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट 13 जुलाई को सुनवाई करेगा। भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय बेंच इस मामले से जुड़ी तीन याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। एक याचिका में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन की CAG से ऑडिट कराने और CBI जांच की मांग की गई है। दूसरी याचिका में भी CBI जांच की मांग की गई है। वहीं, RJD सांसद सुधाकर सिंह ने ट्रस्ट के पूरे वित्तीय रिकॉर्ड का फोरेंसिक ऑडिट, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में CBI जांच और सभी बैंक रिकॉर्ड, UPI ट्रांजैक्शन और डिजिटल दस्तावेज सुरक्षित रखने के निर्देश देने की मांग की है। आज की अन्य बड़ी खबरें… तमिलनाडु सरकार को करूर भगदड़ पीड़ितों के परिजनों को नौकरी देने पर हाईकोर्ट की अंतरिम मंजूरी मद्रास हाईकोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को करूर भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र जारी करने की अनुमति दे दी है। हालांकि, कोर्ट ने साफ किया कि ये नियुक्तियां अस्थायी होंगी और मामले में आगे आने वाले अदालत के आदेशों के अधीन रहेंगी। मामले की अगली सुनवाई 21 जुलाई को होगी। इस मामले में एक वकील ने मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै बेंच में याचिका दाखिल कर मांग की थी कि करूर भगदड़ से जुड़ी कार्यवाही पर सुप्रीम कोर्ट का अंतिम फैसला आने तक सरकार नियुक्ति आदेश जारी न करे और न ही उन्हें लागू करे। करूर में 27 सितंबर 2025 में एक्टर विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) की पहली चुनावी रैली के दौरान भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 41 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस साल तमिलनाडु में TVK की सरकार बनी। राज्य के मुख्यमंत्री बने विजय ने मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी देने का फैसला किया। इसी फैसले को चुनौती देते हुए मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई, जबकि मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में भी लंबित है। पाकिस्तानी ISI हैंडलर से लिंक का शक, महाराष्ट्र ATS की कई शहरों में छापेमारी महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने शुक्रवार को पाकिस्तान में बैठे ISI हैंडलर शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के जरिए जुड़े लोगों के खिलाफ राज्यभर में कई जगह छापेमारी की। यह कार्रवाई मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, बांद्रा, कुर्ला, जोगेश्वरी, मीरा रोड, भायंदर, सांगली, सतारा और छत्रपति संभाजीनगर समेत कई शहरों में की गई। ATS के मुताबिक, जिन लोगों के ठिकानों पर छापे मारे गए, उन पर सोशल मीडिया के जरिए शहजाद भट्टी के संपर्क में रहने का आरोप है। मामले में फिलहाल तलाशी अभियान जारी है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा हाल ही में छह संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद की गई है। जांच में सामने आया था कि आरोपी शहजाद भट्टी के निर्देश पर दिल्ली में पेट्रोल बम हमलों की साजिश रच रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने राजधानी के कई संवेदनशील इलाकों की रेकी की थी और उनके वीडियो प्रतिबंधित मैसेजिंग ऐप के जरिए पाकिस्तान भेजे थे। मामले की जांच जारी है। कर्नाटक के हॉस्टल में खाना खाने के बाद 50 स्टूडेंट्स बीमार, कई बच्चों की हालत गंभीर कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के दंडोटी स्थित मुरारजी देसाई हॉस्टल में रात का खाना खाने के बाद 50 स्टूडेंट्स की तबीयत बिगड़ गई। सभी छात्रों को पेट दर्द की शिकायत होने पर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें 31 छात्रों को चित्तापुर अस्पताल, 10 को गुंडगुर्ती अस्पताल, 5 को मलखेड़ अस्पताल और 1 छात्र को दंडोटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई छात्रों की हालत गंभीर है। मामले की जानकारी मिलने पर कलबुर्गी के डिप्टी कमिश्नर इकरामुल्ला शरीफ और जिला स्वास्थ्य अधिकारी शरणबसप्पा चित्तापुर अस्पताल पहुंचे। पानी के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। वायनाड लैंडस्लाइड में मरने वालों की संख्या 7 हुई, एक और शव मिला; एक व्यक्ति अब भी लापता केरल के वायनाड में हुए लैंडस्लाइड के मलबे से शुक्रवार को एक और शव बरामद किया गया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। जिला प्रशासन के मुताबिक, राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है और एक व्यक्ति अब भी लापता है। सर्च टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं। नासिक के धर्मांतरण केस में गर्भवती TCS कर्मचारी निदा खान को जमानत; कोर्ट ने फैसले में श्रीकृष्ण जन्म का दिया हवाला महाराष्ट्र के नासिक में धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले की आरोपी पूर्व TCS कर्मचारी निदा खान को अदालत ने जमानत दे दी है। अदालत ने कहा कि निदा पांच महीने की गर्भवती हैं और जेल में बच्चे को जन्म देने का मानसिक आघात किसी भी महिला के लिए असहनीय होता है। अदालत ने भगवान श्रीकृष्ण के जेल में जन्म का भी जिक्र किया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश केजी जोशी ने कहा कि नवजात के भविष्य और मां की स्थिति को देखते हुए आरोपी को जमानत देना सही है। अदालत ने यह भी माना कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है और चार्जशीट दाखिल हो गई है, इसलिए आरोपी को जेल में रखने की जरूरत नहीं है। निदा खान को 7 मई को छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार किया गया था। वह करीब 25 दिन से फरार थीं। निदा खान पर आरोप है कि उन्होंने अपनी एक सहकर्मी पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया। IVF क्लीनिकों की निगरानी सख्त, NCW ने विशेषज्ञ समिति बनाई देश में तेजी से बढ़ रहे असिस्टेड रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी (ART) सेक्टर में अनियमितताओं की बढ़ती घटनाओं के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने IVF क्लीनिकों से जुड़े कानूनों की समीक्षा के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया है। इस समिति की अध्यक्षता दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) आशा मेनन करेंगी। समिति में न्यायपालिका, चिकित्सा, फॉरेंसिक विज्ञान, कानून प्रवर्तन, स्त्री रोग विशेषज्ञों, सार्वजनिक नीति और स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं। बंगाल सरकार ने ASHA कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया, 1 अगस्त से ₹11,250 मिलेंगे पश्चिम बंगाल सरकार ने मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (ASHA) के मासिक मानदेय में बड़ी बढ़ोतरी की है। राज्य सरकार ने ASHA कार्यकर्ताओं का मासिक निश्चित मानदेय 6,250 रुपए से बढ़ाकर 11,250 रुपए कर दिया है। नई दरें 1 अगस्त 2026 से लागू होंगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से गुरुवार को जारी ज्ञापन में कहा गया है कि ASHA कार्यकर्ताओं के मासिक निश्चित मानदेय में वृद्धि का प्रस्ताव लंबे समय से राज्य सरकार के विचाराधीन था। सरकार का यह फैसला ASHA कार्यकर्ताओं के लंबे आंदोलन और लगातार उठाई जा रही मांगों के बाद आया है। दिल्ली में 1.08 करोड़ वोटरों तक पहुंचे SIR फॉर्म, 5.75 लाख आवेदन डिजिटाइज दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत अब तक 1.08 करोड़ से अधिक मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं। वहीं, 5.75 लाख से अधिक भरे हुए फॉर्म का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो गया है। गुरुवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 9 जुलाई तक राजधानी के कुल 1,45,10,298 मतदाताओं में से 1,08,39,896 मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। यह कुल मतदाताओं का 74.70 प्रतिशत है। TRS अध्यक्ष के. कविता ने कहा- पिता की पार्टी में नहीं जाऊंगी। तेलंगाना रक्षा सेना (TRS) की अध्यक्ष के. कविता ने अपने पिता के. चंद्रशेखर राव (KCR) की अगुवाई वाली भारत राष्ट्र समिति (BRS) में वापसी की सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह जीवनभर BRS में वापस नहीं जाएंगी। कोठागुडेम में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कविता ने कहा, “मैं जब तक जिंदा हूं, BRS में दोबारा शामिल नहीं होऊंगी। उनके साथ हाथ मिलाने का कोई सवाल ही नहीं है।” कविता ने आरोप लगाया कि BRS ने उनकी पार्टी के नाम के संक्षिप्त रूप ‘TRS’ को लेकर चुनाव आयोग में एक हजार शिकायतें भेजी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के नाम को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है।

खबर हटके- ₹1.10 लाख के सिक्कों से बाइक खरीदी:भेड़िए से बचाने भेड़ को पहनाई कांटे वाली ड्रेस; अंडा खाते ही उम्र बढ़ने का दावा

जापान में एक ऐसा अंडा मिल रहा है जिसके लिए दावा किया जा रहा है कि उसे खाने से 7 साल तक उम्र बढ़ जाती है। वहीं, ऑस्ट्रिया में एक शख्स ने भेड़ियों से बचाने के लिए भेड़ों के लिए कांटे वाली ड्रेस बना दी। उधर, तेलंगाना में एक शख्स ने ₹1.10 लाख की बाइक ₹10 के सिक्कों से खरीदी। भारतीय शादियों में शामिल होने के लिए कई विदेशी टिकट खरीद रहे हैं। वहीं, अर्जेंटीना में एक फ्लाइट इंस्ट्रक्टर ने उड़ते विमान से अचानक छलांग लगाकर जान दे दी, इसके बाद 22 साल की स्टूडेंट ने अकेले ही प्लेन को सुरक्षित लैंड करा दिया। आज खबर हटके में जानेंगे ऐसी ही 5 रोचक खबरें… तो ये थी आज की रोचक खबरें, कल फिर मिलेंगे कुछ और दिलचस्प और हटकर खबरों के साथ… खबर हटके को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…

जगन्नाथ पुरी के राजा का राष्ट्रपति और पीएम को लेटर:कहा- ISKCON का अलग समय पर रथयात्रा आयोजित करना गलत; परंपरा की रक्षा करने की अपील

ओडिशा के पुरी के गजपति महाराज दिव्यसिंह देव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी को लेटर लिखकर जगन्नाथ मंदिर की प्राचीन परंपरा की रक्षा की मांग की है। 8 जुलाई को लिखे लेटर में गजपति ने ISKCON की तरफ से अलग समय पर रथयात्रा और स्नान यात्रा आयोजित करने की आलोचना की। गजपति महाराज दिब्यसिंह देब श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति (SJTMC) के अध्यक्ष भी हैं। उनका कहना है कि ISKCON रथयात्रा का आयोजन ऐसी तारीखों पर कर रहा है, जो शास्त्रों के अनुसार नहीं हैं। इससे भक्तों की भावनाएं आहत हो रही हैं। महाराज दिव्यसिंह देव का 17 वर्ष की आयु में राज्याभिषेक हुआ पुरी के वर्तमान गजपति महाराज हैं, जिन्हें जगन्नाथ संस्कृति में ‘ठाकुर राजा’ का दर्जा प्राप्त है। परंपरा के अनुसार, वे भगवान जगन्नाथ के प्रमुख सेवक माने जाते हैं। रथ यात्रा के दौरान रथों पर सोने की झाड़ू से बुहारने की पवित्र सेवा (जिसे ‘छेरा पंहरा’ कहा जाता है) उन्हीं के द्वारा संपन्न की जाती है। 1970 में मात्र 17 वर्ष की आयु में उनका राज्याभिषेक हुआ था। कानून की उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले महाराज दिव्यसिंह देव श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति के स्थायी अध्यक्ष भी हैं। मुख्य रथयात्रा 16 जुलाई को, ISKCON ने विदेशों में पहले मनाया उत्सव दरअसल, ISKCON ने 21 जून को लंदन, 14 जून को न्यूयॉर्क सिटी और 5 जुलाई को सिडनी में रथयात्रा निकाली थी। लेकिन इस साल, स्नान पूर्णिमा 29 जून को थी और पुरी में मुख्य रथयात्रा 16 जुलाई को होगी। ISKCON का कहना है कि भगवान जगन्नाथ पूरी दुनिया के श्रद्धालुओं के हैं। विदेशों में मौसम, स्थानीय परिस्थितियों और भक्तों की सुविधा को देखते हुए रथयात्रा की तारीखें अलग-अलग होती हैं ताकि ज्यादा लोग उत्सव में शामिल हों और जगन्नाथ संस्कृति का वैश्विक प्रसार हो। मध्य प्रदेश में प्रस्तावित रथयात्राओं पर भी जताई आपत्ति गजपति महाराज ने उज्जैन स्थित ISKCON मंदिर की ओर से 16 से 25 जुलाई के बीच मध्य प्रदेश के 66 स्थानों पर रथयात्रा आयोजित करने की योजना पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि धार्मिक ग्रंथों के अनुसार रथ यात्रा केवल आषाढ़ शुक्ल द्वितीया से शुरू होने वाला 9 दिवसीय उत्सव है। उन्होंने कहा कि महर्षि वेदव्यास रचित स्कंद पुराण में भी भगवान जगन्नाथ ने स्वयं स्नान यात्रा और रथयात्रा की निर्धारित तिथि बताई हैं। ऐसे में मनमानी तिथियों पर आयोजित करना प्राचीन परंपराओं और शास्त्रों के विपरीत है। ISKCON का तर्क- विदेशों में हर जगह एक ही दिन आयोजन संभव नहीं पुरी मंदिर की पिछली आपत्तियों का जवाब देते हुए ISKCON ने कहा कि हर देश में जलवायु परिस्थितियों, सरकारी नियमों और स्थानीय सांस्कृतिक कारकों बड़ा असर डालते हैं। इसके कारण शास्त्रों में बताई गई तारीख पर रथयात्रा आयोजित करना हमेशा संभव नहीं होता है। ISKCON ने पुरी मंदिर को बताया था- रूस में वहां का मौसम, सरकार और स्थानीय संस्कृति अक्सर शास्त्रों में बताई गई तारीखों पर रथयात्रा निकालने के अनुकूल नहीं होती है। 2024 में भी रथयात्रा पर विवाद हुआ रथयात्रा को लेकर विवाद नया नहीं है। 2024 और 2025 में भी पुरी के गजपति महाराजा ने ISKCON से अनुरोध किया था कि विदेशों में भी पुरी के धार्मिक पंचांग के अनुसार रथयात्रा आयोजित की जाए। 2026 में यह विवाद इसलिए ज्यादा चर्चा में आया क्योंकि कई देशों में रथयात्रा पुरी की तिथि से कई हफ्ते पहले आयोजित की गई, जिसके बाद औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई गई। ——————————– ये खबर भी पढ़ें… पुरी रथयात्रा: 200 से ज्यादा लोग 58 दिनों में तैयार करते हैं रथ, जानिए यात्रा के बाद इन रथों का क्या होता है हर साल भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के 45 फीट ऊंचे तीनों रथ 200 से ज्यादा लोग सिर्फ 58 दिनों में तैयार करते हैं। ये रथ 5 तरह की खास लकड़ियों से पूरी तरह हाथों से बनाए जाते हैं। शुरुआत अक्षय तृतीया से हो जाती है और गुंडिचा यात्रा के दो दिन पहले रथ बन कर तैयार हो जाते हैं। यात्रा खत्म होने के बाद रथों को तोड़ दिया जाता है। पढ़ें पूरी खबर…

रास्ते के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला किया:जयपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ा, पिता ने मर्डर का मामला दर्ज करवाया

सीकर के सदर थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर आधा दर्जन लोगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। जयपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान घायल युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना सदर थाना इलाके में गुरुवार सुबह की है। 44 वर्षीय सनाकत अली पर रोशन ठेकेदार, खादिम, तौफीक सहित अन्य लोगों ने अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने खेती में काम आने वाले किसी तीखे औजार (कृषि उपकरण) से सनाकत के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में सनाकत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सीकर के एसके (SK) अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में तोड़ा दम जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में इलाज के दौरान सनाकत अली ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद पुलिस की मौजूदगी में जयपुर में ही उनके शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और फिर शव परिजनों को सौंप दिया गया। सनाकत अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। विदेश से नौकरी छोड़कर आए थे विदेश की नौकरी छोड़ गांव में करने लगे थे खेती ग्रामीणों ने बताया कि मृतक सनाकत अली पहले विदेश में नौकरी करते थे। कुछ समय पहले ही वह विदेश की नौकरी छोड़कर अपने वतन वापस लौटे थे और गांव में ही रहकर खेती-बाड़ी का काम करने लगे थे। लेकिन रास्ते के इस खूनी विवाद ने उनके हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।

निगम के पूर्व चेयरमैन के मामा की हाथ-पैर बांधकर हत्या:80 साल के दिनेश अग्रवाल घर में अकेले रहते थे, पूर्व CMHO के चचेरे भाई थे

अलवर शहर में बुजुर्ग दिनेश चंद अग्रवाल की घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने बुजुर्ग के हाथ-पैर और मुंह बांधकर वारदात को अंजाम दिया और घर में लूटपाट की। यह वारदात गुरुवार शाम करीब 7 बजे खदाना मोहल्ले में हुई। दिनेश चंद अग्रवाल (80) नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अजय अग्रवाल के सगे मामा और पूर्व सीएमएचओ (CMHO) डॉ. सुबोध अग्रवाल के चचेरे भाई थे। बुजुर्ग की हत्या की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दिनेश चंद का एक बेटा विकास अग्रवाल हैं, वे एमआर हैं। वे स्कीम चार में रहते हैं। पिता खदाना मोहल्ले के मकान में अकेले रहते थे। रोजाना खाना खाने आते थे बेटे के घर, नहीं पहुंचे तो किया फोन मृतक की पुत्रवधू रीमा अग्रवाल ने बताया- मेरे ससुर दिनेश चंद अग्रवाल खदाना मोहल्ले वाले मकान में अकेले रहते थे। वे स्वाभिमानी थे और बुढ़ापे में भी अपना सारा काम खुद करते थे। वे रोजाना दोपहर और रात का खाना खाने के लिए खदाना मोहल्ले से स्कीम नंबर 4 स्थित बेटे के घर आते थे। जब वे काफी देर तक गुरुवार को खाना खाने नहीं पहुंचे तो बेटे विकास ने फोन किया। उनका लैंड लाइन नंबर बंद आया। इसके बाद बेटा खदाना मोहल्ले वाले घर आया तो घर में पिता मृत पड़े मिले। पूरा सामान बिखरा हुआ मिला। पिता के हाथ पैर और मुंह भी बंधा हुआ था। चारपाई पर बंधा मिला शव परिजनों ने बताया कि देर शाम करीब साढ़े 7 बजे घर के अंदर दाखिल हुए तो उनके होश उड़ गए। कमरे में चारपाई पर दिनेश चंद अग्रवाल का शव पड़ा था। बदमाशों ने उनके हाथ, पैर और मुंह को कपड़ों से कसकर बांध रखा था, ताकि वे चिल्ला न सकें। पूरे घर की अलमारियां टूटी हुई थीं और सारा सामान बिखरा पड़ा था। लाख-डेढ़ लाख कैश रखते थे पास, बदमाशों को लग गई थी भनक! घटना की सूचना मिलते ही पूर्व चेयरमैन अजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे और तुरंत अलवर एसपी को मामले की जानकारी दी। अजय अग्रवाल ने बताया- दिनेश जी रिश्ते में मेरे सगे मामा थे। वे बेहद स्वाभिमानी व्यक्ति थे। बुढ़ापे में भी वे बैंक से नए नोट लाकर जरूरतमंदों को देने का छोटा-मोटा काम करते थे। उनके पास हमेशा लाख-डेढ़ लाख रुपए कैश रहता था। ऐसा लगता है कि किसी नजदीकी या बदमाश को इस कैश की भनक लग गई थी। इसी वजह से बदमाशों ने रेकी कर घर में प्रवेश किया और उनकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में जुटी सूचना मिलते ही अलवर पुलिस के मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने आसपास के लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके।

हाईकोर्ट ने PTI भर्ती-2022 में नियुक्ति रोकने से किया इनकार:स्थायी डिबार आदेश पूर्व प्रभाव से लागू नहीं होगा, सत्यापन कर दें नियुक्ति

राजस्थान हाईकोर्ट ने पीटीआई ग्रेड-3 भर्ती 2022 के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने कहा- भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी स्थायी डिबार आदेश को पूर्व प्रभाव से लागू कर उम्मीदवारों की नियुक्ति नहीं रोकी जा सकती। जस्टिस कुलदीप माथुर की बेंच ने राज्य सरकार और राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) को निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा- अभ्यर्थियों के वर्तमान शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाए और दस्तावेज सही पाए जाने पर मेरिट के अनुसार नियुक्ति दी जाए। ये था पूरा मामला याचिकाकर्ताओं की वर्ष 2018 की पीटीआई भर्ती में प्रस्तुत बी.पी.एड. डिग्रियां सत्यापन में वास्तविक नहीं पाई गई थीं। इसके कारण उन्हें नियुक्ति नहीं मिली थी। इसके बाद उन्होंने मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों से नई बी.पी.एड. डिग्रियां हासिल कीं और वर्ष 2022 की भर्ती परीक्षा में चयनित हो गए। हालांकि साल 2024 में उन्हें भविष्य की सभी आरएसएसबी परीक्षाओं से स्थायी रूप से डिबार कर दिया गया था। कोर्ट ने पाया कि डिबार करने से पहले अभ्यर्थियों को सुनवाई का अवसर नहीं दिया गया और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन भी नहीं हुआ। इसलिए यह डिबार आदेश वर्ष 2022 की भर्ती पर लागू नहीं किया जा सकता। हाईकोर्ट ने चार माह के भीतर दस्तावेजों का सत्यापन पूरा कर योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के निर्देश दिए हैं।