ब्रेकिंग न्यूज़
शरद पवार ने महाराष्ट्र सरकार की तारीफ की:NDA में जाने की अटकलें; चार दिन पहले पवार-शिंदे की मुलाकात हुई थी

NCP(SCP) के अध्यक्ष शरद पवार ने महाराष्ट्र सरकार की किसान कर्जमाफी योजना में हुए बदलाव की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से लाखों किसानों को फायदा मिलेगा। पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का धन्यवाद भी किया। शरद पवार की पार्टी NCP के NDA में शामिल होने या कांग्रेस में विलय की अटकलें भी हैं। हालांकि, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने इन सभी चर्चाओं को अफवाह बताया है। सूत्रों के मुताबिक, पवार की पार्टी के नेता NDA में शामिल के फेवर में नहीं हैं। कुछ नेताओं ने इस पर असहमति जताई है। दरअसल, इन अटकलों को उस समय और बल मिला, जब शरद पवार ने महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर 8 जुलाई को मुंबई में विधानभवन में मीटिंग हुई थी। इसके बाद पवार ने डिप्टी CM शिंदे के कमरे में अपनी पार्टी के विधायकों से मुलाकात की। शरद पवार बोले- सरकार फैसला नहीं लेती तो लाखों किसानों को नुकसान होता शरद पवार ने कहा कि राज्य सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं और कृषि उपज के दामों में गिरावट को देखते हुए कर्जमाफी योजना की घोषणा की थी। हालांकि, योजना में शुरू में कुछ ऐसी शर्तें रखी गई थीं, जिनसे बड़ी संख्या में किसानों को लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि पहले 2019 की महात्मा ज्योतिराव फुले किसान कर्जमाफी योजना का लाभ लेने वाले किसानों के लिए अधिकतम 50 हजार रुपये तक की ही राहत का प्रावधान था। इसके अलावा, नियमित रूप से कर्ज चुकाने वाले किसानों के लिए वर्ष 2025-26 और 2026-27 के फसल ऋण का भुगतान करना अनिवार्य रखा गया था। पवार ने कहा कि इन दोनों शर्तों के कारण लाखों किसान योजना के दायरे से बाहर हो जाते। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सरकार का इन शर्तों को वापस लेने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यह फैसला राज्य के किसानों की भावनाओं के अनुरूप है। कांग्रेस से अलग होकर बनाई थी NCP राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की स्थापना 10 जून 1999 को शरद पवार, पीए संगमा और तारिक अनवर ने की थी। तीनों नेताओं ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा उठाते हुए पार्टी नेतृत्व पर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। इसके बाद तीनों ने NCP का गठन किया। ——————————— ये खबर भी पढ़ें… शरद पवार बोले-अजित चाहते थे कि दोनों NCP एक हों:सब कुछ तय था, 12 फरवरी को ऐलान होना था; बारामती में घर पर बैठक हुई महाराष्ट्र में एनसीपी के दोनों गुटों के विलय पर शरद पवार ने शनिवार को कहा, ‘यह अजित पवार की भी इच्छा थी। इसे जरूर पूरा होना चाहिए।’ शरद ने कहा कि अजित, शशिकांत शिंदे और जयंत पाटिल ने दोनों गुटों के विलय के बारे में बातचीत शुरू की थी। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को विलय का ऐलान होना था लेकिन दुर्भाग्य से, अजित उससे पहले हमें छोड़कर चले गए। पढ़ें पूरी खबर…

विधिक प्राधिकरण ने बसों का किया औचक निरीक्षण:चेसिस काटकर बनाया लगेज स्पेस; छत पर लगेज कैरियर बने पाए गए, बसों को किया जब्त

प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने एक माह तके विशेष अभियान चला है। सरकार की तरफ से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के लिए प्राधिकरण ने की तरफ से राज्यव्यापी विशेष निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जोधपुर में संचालित स्लीपर बसों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बसों की जांच करते हुए मोटर वाहन अधिनियम, 1988, AIS-119 (Rev.1): 2016 एवं राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाली बसों को जब्त किया गया एवं उनके चालान भी बनाए गए। इन बिंदुओं पर की गई विशेष जांच चेकिंग के दौरान यह भी जांच की गई कि स्लीपर बसों द्वारा AIS-119 के प्रावधानों की पालना की जा रही है अथवा नहीं। निरीक्षण में वाहनों में पर्याप्त इमरजेंसी गेट का अभाव, बैठक क्षमता में परिवर्तन, वाहन के पीछे चेसिस काटकर नियम विरुद्ध बनाए गए लगेज स्पेस, छत पर लगेज कैरियर का निर्माण, वाहनों का ओवरहैंग तथा बसों में लगे स्लीपर की लंबाई एवं फर्श से ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होना आदि बिंदुओं की जांच की गई। ये संयुक्त निरीक्षण दल रहा उपस्थित
इस कार्रवाई के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महानगर अध्यक्ष दिनेश त्यागी,सचिव राकेश रामावत और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष पूरण कुमार शर्मा और सचिव डॉ. मनीष हरजाई ने जोधपुर क्षेत्र में संचालित लग्जरी, स्लीपर बसों के लिए गठित संयुक्त निरीक्षण दल को साथ औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संयुक्त निरीक्षण के दल के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपाल सिंह लखावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पुष्पेन्द्र सिंह, परिवहन निरीक्षक मोहम्मद फिरोज और उड़नदस्ता (फ्लाईंग) टीम शामिल रहे।

फायरमैन की 26-लाख की ज्वेलरी थाने से गायब,कॉन्स्टेबल पर FIR:दावा- CCTV फुटेज में बैग ले जाते हुए दिखा था; कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दिल्ली में तैनात फायरमैन राजेश कुमार के 26 लाख रुपए के सोने के जेवरात पुलिस थाने से गायब होने के मामले में कोर्ट के इस्तगासे पर कार्रवाई हुई है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली थाने में सदर थाने के कॉन्स्टेबल संदीप कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 30 मई को ज्वेलरी खरीदकर घर लौटते समय हादसे में गई थी जान
जानकारी के अनुसार, कुलौद खुर्द निवासी राजेश कुमार 30 मई 2026 को मातेश्वरी ज्वैलर्स से दो सोने की हमेल और 10 सोने के सिक्के खरीदकर घर लौट रहे थे। खाजपुर पुराना के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद उनका बैग पुलिस की कस्टडी में पहुंचा, जिसमें सोने के जेवरात रखे हुए थे। एफआईआर के मुताबिक, क्रेन ड्राइवर शक्ति सिंह ने बैग और हेलमेट महिला कॉन्स्टेबल संतोष को सौंपा था। बैग को सदर थाने में स्टील की बेंच पर रखा गया, लेकिन बाद में उसमें रखे जेवर गायब मिले। परिजनों ने आरोप लगाया कि जेवर पुलिस कस्टडी से चोरी हुए हैं। दावा- सीसीटीवी फुटेज में दिखा था बैग ले जाते हुए
मामले में पीड़ित पक्ष ने दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज में सदर थाने का कॉन्स्टेबल संदीप कुमार बैग उठाकर थाने से बाहर ले जाता हुआ दिखाई दिया था। इसी आधार पर कोर्ट के आदेश पर अब उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि कॉन्स्टेबल संदीप कुमार 30 जून 2026 से बिना सूचना ड्यूटी से गैरहाजिर था। इसके कारण उसे निलंबित किया जा चुका है। उसने 10 जुलाई को ही अपनी आमद दर्ज करवाई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। बता दें कि यह मामला पहले बगड़ थाने में दर्ज हुआ था, लेकिन क्षेत्राधिकार के कारण एफआर लगा दी गई। इसके बाद मृतक राजेश कुमार के मौसेरे भाई कैलाश डांगी ने कोर्ट की शरण ली। इसके बाद कोर्ट के इस्तगासे से कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, 2008 बैच का कॉन्स्टेबल संदीप जिले के कई थानों में तैनात रह चुका है, ऐसे में मामला दर्ज होते ही पुलिस ने उसके खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

चिकित्सा विभाग संयुक्त निदेशक का दलाल घूस लेते गिरफ्तार:डॉक्टर की पंजीयन स्वीकृति की एवज में मांगी 30 हजार रिश्वत; बांसवाड़ा एसीबी टीम की उदयपुर में कार्रवाई

उदयपुर चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक के लिए रिश्वत लेते एक दलाल को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। बांसवाड़ा की एसीबी टीम ने दलाल अब्दुल कादिर को 30 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वहीं कार्रवाई की भनक लगने पर संयुक्त निदेशक डॉ. रतन बिलवाल कार्यालय से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। एसीबी के अनुसार- परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी लैब में सोनोग्राफी मशीन के संचालन के लिए रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर का नाम जोड़ना है। इसकी पंजीयन स्वीकृति जारी करने की एवज में 1.30 लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। एसीबी उपमहानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन और पुलिस उपअधीक्षक रतनसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में एसीबी टीम ने ये कार्रवाई की। जांच के दौरान डॉ. रतन बिलवाल की ओर से दलाल अब्दुल कादिर के माध्यम से 30 हजार रुपए रिश्वत लेने पर सहमति जताई गई। डॉक्टर ऑफिस छोड़कर हुए फरार ट्रैप कार्रवाई के दौरान अब्दुल कादिर ने 30 हजार रुपए गिनकर प्राप्त किए। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी अब्दुल ने रिश्वत की राशि कार्यालय में रख दी और मौके से भागने का प्रयास किया। एसीबी ने उसका पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं, डॉ. रतन बिलवाल कार्रवाई की सूचना मिलते ही कार्यालय छोड़कर फरार हो गए। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरवीजन में आरोपी दलाल से पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे जांच जारी है।

स्कूल लेक्चरर्स के प्रमोशन पर हाईकोर्ट का फैसला:रद्द की कॉमन सीनियरिटी लिस्ट, कहा- 4 महीने में पूरी प्रक्रिया संपन्न की जाए

राजस्थान हाईकोर्ट ने स्कूल लेक्चरर्स से वाइस प्रिंसिपल पद पर होने वाली पदोन्नति के मामले में फैसला सुनाया है। कोर्ट ने राज्य सरकार की ओर से जारी कॉमन सीनियरिटी लिस्ट को निरस्त कर दिया है। हाईकोर्ट ने निर्देश दिए हैं कि साल 2015 की भर्ती प्रक्रिया से चयनित सभी व्याख्याताओं की नई कॉमन सीनियरिटी लिस्ट समान आधार पर तैयार की जाए और उसी के आधार पर चार महीने के भीतर वाइस प्रिंसिपल पद पर पदोन्नति की पूरी प्रक्रिया संपन्न की जाए। जस्टिस इंद्रजीत सिंह और जस्टिस रवि चिरानिया की खंडपीठ ने आदेश में कहा- साल 2015 की एक ही चयन प्रक्रिया के तहत नियुक्त सभी व्याख्याताओं को समान चयन वर्ष का लाभ मिलना चाहिए। राज्य सरकार को निर्देश दिया कि साल 2018 की भर्ती में अपनाए गए सिद्धांतों के अनुरूप नई कॉमन सीनियरिटी सूची तैयार कर राजस्थान शिक्षा सेवा नियम, 2021 के तहत पदोन्नति की कार्रवाई पूरी की जाए। प्रक्रिया में कोई प्रशासनिक या कानूनी बाधा आती है, तो सरकार आवश्यक आदेश या अधिसूचना जारी कर उसका समाधान करे। समानता के अधिकार का उल्लंघन: अधिवक्ताओं की दलील याचिकाकर्ताओं के सीनियर वकील मनोज भंडारी, डॉ. विकास बालिया, अध हनुमान सिंह चौधरी और विवेक श्रीमाली सहित अन्य वकीलों ने दलील दी कि साल 2015 की एक ही भर्ती प्रक्रिया से चयनित व्याख्याताओं के लिए अलग-अलग वरिष्ठता मानदंड अपनाना संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 में निहित समानता के अधिकार का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने कहा- समान चयन प्रक्रिया से नियुक्त सभी अभ्यर्थियों की एक ही कॉमन वरिष्ठता सूची बनाई जानी चाहिए। याचिकाकर्ताओं ने यह भी तर्क दिया कि त्रुटिपूर्ण वरिष्ठता सूची के आधार पर की गई पदोन्नतियां अनेक वरिष्ठ एवं पात्र व्याख्याताओं के वैधानिक अधिकारों को प्रभावित करेंगी। इसलिए पहले विधिसम्मत और समान सिद्धांतों पर आधारित नई वरिष्ठता सूची तैयार करना आवश्यक है। हाईकोर्ट ने दिए नई सूची बनाने के निर्देश दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने विवादित कॉमन वरिष्ठता सूची को रद्द करते हुए राज्य सरकार को चार महीने के भीतर नई सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि इसी नई सूची के आधार पर उपप्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति की पूरी प्रक्रिया संपन्न की जाए।

गौशालाओं में पेयजल संकट पर हाईकोर्ट सख्त:कहा- बजट घोषणा के बावजूद हजारों गौशालाएं पानी से वंचित रहना प्रशासन की गंभीर विफलता

राजस्थान हाईकोर्ट ने गौशालाओं में पेयजल संकट पर गहरी चिंता जताते हुए इसे प्रशासन की गंभीर विफलता माना है। हाईकोर्ट ने कहा-साल 2023-24 के बजट में ट्यूबवेल स्थापना की घोषणा के बावजूद हजारों गौशालाएं आज भी बुनियादी पेयजल सुविधा से वंचित हैं। ‘गौ ग्राम सेवा संघ’ की अवमानना याचिका पर जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी और जस्टिस प्रवीर भटनागर की खंडपीठ ने सुनवाई की। हाईकोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया है कि 21 जुलाई तक एक विस्तृत टाइम-बाउंड शेड्यूल प्रस्तुत किया जाए, जिसके अनुसार 1 अक्टूबर तक हर हाल में कार्य शुरू किया जा सके। इसके साथ ही अदालत ने सुझाव दिया कि जिन क्षेत्रों में भूजल उपलब्ध नहीं है, वहां वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था पर विचार किया जाए। कोर्ट ने आदेश दिया कि मानसून तक सभी गौशालाओं में अस्थायी पेयजल व्यवस्था निर्बाध रूप से जारी रखी जाए। इस मामले की अगली सुनवाई अब 27 जुलाई 2026 को होगी।
गौशालाओं का हाल वकील मोती सिंह राजपुरोहित ने पैरवी करते हुए बताया- राजस्थान में कुल 3,861 पंजीकृत गौशालाएं संचालित हैं। इनमें से 1,641 गौशालाओं में ट्यूबवेल उपलब्ध हैं, जबकि 2,220 गौशालाओं में अब भी पेयजल के लिए ट्यूबवेल की जरूरत है। इनमें से भी 740 गौशालाओं में तत्काल स्थायी पेयजल व्यवस्था करने की आवश्यकता है। बेंच ने क्या कहा खंडपीठ ने कहा – साल 2022 से लगातार आदेश दिए जाने के बावजूद धरातल पर उम्मीद के अनुसार प्रगति (प्रोग्रेस) नहीं दिखी। सरकार की ओर से अस्थायी जलापूर्ति के दावे किए गए हैं, लेकिन कोर्ट ने माना कि यह व्यवस्था पूरे प्रदेश की वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाती। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य केवल अस्थायी राहत देना नहीं, बल्कि सभी जरूरतमंद गौशालाओं के लिए स्थायी पेयजल ढांचा विकसित कराना है। सुनवाई के दौरान अतिरिक्त महाधिवक्ता ने कोर्ट को तीन चरणों में तैयार कार्ययोजना की जानकारी दी। इसके तहत सरकारी भूमि पर स्थित 387, निजी भूमि पर संचालित 234 तथा दान या किराए की भूमि पर स्थित 323 गौशालाओं में क्रमवार पेयजल अवसंरचना विकसित की जाएगी। अधिकारियों ने वित्त विभाग से बजट स्वीकृति लेकर शीघ्र कार्य शुरू करने का भरोसा दिया। हाईकोर्ट ने कहा कि चार वर्षों से काम शुरू नहीं होना चिंताजनक है और प्रथम दृष्टया यह अवमानना का मामला बनता है। हालांकि, अधिकारियों के आश्वासन को देखते हुए कोर्ट ने फिलहाल अवमानना की कार्रवाई स्थगित रखी है। ये खामियां बनीं हाईकोर्ट की सख्ती की वजह साल 2022 के विस्तृत आदेश के बाद भी सरकार ने इस दिशा में ध्यान नहीं दिया। दूसरी तरफ, सरकार हर साल शराब (लिकर) और स्टांप ड्यूटी पर ‘गौ सेवा’ के नाम पर करीब 3 हजार करोड़ रुपए का सरचार्ज जमा कर रही है। लेकिन इस राशि का उपयोग सरकार के अन्य खर्चों में किया जाने लगा। यानी गायों के नाम पर आने वाला पैसा उनकी सुविधाओं पर खर्च नहीं हो रहा है। साल 2022 में ‘गौ ग्राम सेवा संघ’ ने इन सभी गौशालाओं में गायों के पीने के पानी और अन्य सुविधाओं के लिए प्रयास शुरू किया था, जिस पर हाईकोर्ट ने गायों की इस गंभीर समस्या और संवेदना को समझा।

जजेज ने जांची लग्जरी बसें, 6बसें सीज, 16 के चालान:बस अग्निकांड की घटनाओं के बाद रालसा चला रहा अभियान

प्रदेश में बस अग्निकांड की बढ़ती घटनाओं के बाद राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) ने प्रदेश में लग्जरी बसों की चैकिंग का एक महीने का अभियान चला रखा है। इसमें जयपुर सहित 7 प्रमुख शहरों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (जज) लंबी दूरी की लग्जरी बसों में सुरक्षा मानकों की जांच कर रहे हैं। जयपुर में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महानगर प्रथम और द्वितीय के सचिवों ने अपने-अपने क्षेत्र में लग्जरी बसों की जांच की। डीएलएसए मेट्रो-1 के सचिव (जज) किशोर कुमार तालेपा ने आगरा रोड पर रिंग रोड के पास लग्जरी बसों की जांच की। इसमें उन्होंने सुरक्षा मानकों की पालना नहीं करने वाली 4 बसों को सीज किया। वहीं 9 बसों के चालान किए। उन्होंने करीब 5 लाख 26 हजार के चालान किए। बसों के निरीक्षण की देखें PHOTOS परमिट और फिटनेस सस्पेंड वहीं, जयपुर विधिक सेवा प्राधिकरण महानगर द्वितीय की सचिव (जज) पल्लवी शर्मा ने भांकरोटा बस स्टैंड पर बसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में बसों के इमरजेंसी गेट और विंडो के सामने अतिरिक्त सीट-बर्थ लगाई गई थी। सचिव ने मौके पर ही ऐसी 2 बसों को सीज किया और 7 बसों के चालान किए। उन्होंने परिवहन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों पर केवल जुर्माना ही नहीं लगाया जाए। ऐसी बसों के परमिट और फिटनेस सर्टिफिकेट तुरंत निलंबित किए जाए और मॉडिफाइड बसों को जब्त किया जाए।

सुनसान मकानों की रेकी कर चोरी की, आरोपी गिरफ्तार:नशे की लत के लिए करता था वारदातें; खंडहर में छिपाकर रखे मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त

बिंदायका थाना पुलिस ने 24 घंटे में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी सुनसान और बंद मकानों की रेकी कर चोरी करता था। वारदात के बाद सुनसान स्थानों पर बने खंडहरों में छिपकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखता था। पुलिस ने आरोपी मनोज जसमेरा उर्फ राहुल (23) निवासी सिरसी को पकड़ा। आरोपी मनोज की निशानदेही पर सुनसान खंडहर में छिपाकर रखे चोरी के दो महंगे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ ईयरफोन, ईयरबड्स और पावर बैंक बरामद किए। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया- परिवादी हंसराज वर्मा ने बिंदायका थाने में 6 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह जयपुर में ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी पार्टनर के रूप में कार्य करते हैं और सिरसी क्षेत्र में किराए के कमरे में रहते हैं। 4 जुलाई को ड्यूटी से लौटने पर कमरे का दरवाजा खुला मिला और अंदर रखा सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर दो मोबाइल फोन, ब्लूटूथ ईयरफोन, ईयरबड्स, 35 वॉट का पावर बैंक और 3,500 रुपए चोरी होना पाया गया। परिवादी ने बताया- दोनों मोबाइल फोन उसकी आजीविका का मुख्य साधन थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। सीसीटीवी-मुखबिर की सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी मनोज को सुनसान स्थान पर बने एक खंडहर से गिरफ्तार कर लिया। नशे की लत के लिए करता था चोरी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे की लत पूरी करने के लिए बंद मकानों की रेकी कर मौका मिलने पर चोरी करता था। चोरी का सामान सस्ते दामों में बेचकर नशा करता था। आरोपी ने बताया- चोरी के 3,500 रुपए उसने खाने-पीने और नशे में खर्च कर दिए। वारदात के बाद वह हुलिया बदल लेता और घटनास्थल के आसपास रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखता था। शक होने पर वह सुनसान खंडहरों में छिप जाता और बाद में नई वारदात की रेकी शुरू कर देता था।

आर्टिस्ट ने कैनवास पर अपने चेहरे के 24 भाव बनाए:नवीन स्वामी ने दो साल में बनाए आर्टवर्क; प्रदर्शनी में दिखे ज्यामितीय आकृतियों में अलग अंदाज

जयपुर के जवाहर कला केंद्र की सुरेख आर्ट गैलरी में शुक्रवार से चित्रकार नवीन स्वामी की एकल चित्र प्रदर्शनी ‘भाव’ की शुरुआत हुई। 13 जुलाई तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में कलाकार ने अमूर्त (Abstract) चित्रों के माध्यम से मानवीय भावनाओं, मनोस्थितियों और भारतीय सांस्कृतिक प्रतीकों को बेहद सरल रंगों और ज्यामितीय आकृतियों में अभिव्यक्त किया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन वरिष्ठ चित्रकार विद्यासागर उपाध्याय, नाथूलाल वर्मा, जगमोहन माथोडिया, मीनू श्रीवास्तव, मनीष शर्मा ने किया। इस मौके पर चित्रकार विनय शर्मा, पवन शर्मा, सोहन जाखड़, डॉ रजनीश हर्ष, संगीता सिंह, चन्द्रशेखर सेन सहित कई कलाकार मौजूद रहे। प्रदर्शनी के लिए 2 साल से जुटे बीकानेर के रहने वाले चित्रकार नवीन स्वामी करीब दो दशक से कला साधना में जुटे हैं। उन्होंने बताया- इस प्रदर्शनी की तैयारी में उन्हें लगभग दो साल का समय लगा। प्रदर्शनी में प्रदर्शित सभी चित्र उनके व्यक्तिगत अनुभवों, मनोभावों और जीवन के अलग-अलग मूड्स का कलात्मक रूप हैं। उन्होंने कहा- यह उनके भीतर के भावों की यात्रा है, जिन्हें उन्होंने रंग, आकृतियों और प्रतीकों के माध्यम से कैनवास पर उतारा है। शृंखला में सादगीपूर्ण अभिव्यक्ति को प्रमुखता नवीन स्वामी ने बताया- मैंने पूरी शृंखला में सरल रंगों और सादगीपूर्ण अभिव्यक्ति को प्रमुखता दी। चित्रों में किसी भी रंग की मिक्सिंग नहीं की गई है, बल्कि प्रत्येक रंग को उसकी मूल अवस्था में इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने बताया- हर रंग किसी विशेष भाव का प्रतिनिधित्व करता है और उसी भाव के अनुरूप चित्रों की आकृतियां तथा संरचना तैयार की गई है। उन्होंने बताया- प्रदर्शनी के कई चित्रों में उन्होंने शब्दों और छोटे-छोटे टेक्स्ट का प्रयोग किया है। वहीं कुछ चित्रों में पशु-पक्षियों के प्रतीकों को शामिल किया गया है। कुछ कैनवास पूरी तरह सादे रखे गए हैं, ताकि दर्शक स्वयं अपने भावों के अनुसार उन्हें महसूस कर सकें। उनका मानना है कि कला केवल देखने की नहीं बल्कि महसूस करने की प्रक्रिया है। सभी भावों का किया उपयोग प्रदर्शनी की विशेषता यह भी है कि इसमें प्रयुक्त ज्यामितीय आकृतियां भारतीय पारंपरिक संस्कृति और लोक स्थापत्य से प्रेरित हैं। कलाकार ने इन आकृतियों के माध्यम से आधुनिक अमूर्त कला और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के बीच एक सुंदर संवाद स्थापित करने का प्रयास किया है। प्रदर्शनी में दर्शकों को प्रेम, करुणा, हास्य, क्रोध, भय, आशावाद, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प, भ्रम, संवेदनशीलता, आक्रामकता, आध्यात्मिक ज्ञान और अन्य मानवीय भावनाओं को अमूर्त रूप में देखने का अवसर मिल रहा है। इन भावों को सरल रंगों, रेखाओं और प्रतीकात्मक संरचनाओं के जरिए प्रस्तुत किया गया है, जिससे प्रत्येक चित्र दर्शकों को अपने भीतर झांकने के लिए प्रेरित करता है।

राह चलती महिला से हैंडबैग छीनने वाला बदमाश गिरफ्तार:आईफोन और वनप्लस बरामद, नाबालिग साथी भी डिटेन; पूछताछ में बड़े खुलासे की उम्मीद

उदयपुर शहर की भूपालपुरा थाना पुलिस ने राह चलती महिला से मोबाइल और नकदी से भरा हैंडबैग छीनने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए 2 महंगे मोबाइल बरामद किए हैं। भूपालपुरा थानाधिकारी सुनील चारण ने बताया कि आरोपी हसमुख (20) पुत्र हीरालाल वडेरा, निवासी पारेवी नालघाटी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया एक एप्पल (Apple) कंपनी का आईफोन और दूसरा वनप्लस (OnePlus) फोन बरामद किया गया है। इस वारदात में शामिल उसके एक सहयोगी नाबालिग को भी पुलिस ने डिटेन (निरुद्ध) किया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। होटल से खाना खाकर लौट रही थी महिला
थानाधिकारी ने बताया कि 16 मई 2026 को पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया था कि वह भूपालपुरा स्थित रामबाग होटल से खाना खाकर अपने निवास की तरफ जा रही थी। जैसे ही वह शास्त्री सर्किल के पास पहुंची, पीछे से एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। उन्होंने महिला के कंधे पर लटका हैंडबैग झपट्टा मारकर छीन लिया और तेजी से फरार हो गए। बैग में थे दो मोबाइल और नकदी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि छीने गए हैंडबैग में उसके दो कीमती मोबाइल, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और करीब 2500 रुपए नकद थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया।