ब्रेकिंग न्यूज़
20 तक बढ़ा एलईडी वितरण कैंप

भरतपुर | प्रधानमंत्री ग्रामीण उजाला योजना के तहत भरतपुर इलेक्ट्रिसिटी सर्विसेज लिमिटेड के बिजली घर कार्यालय पर एलईडी बल्ब वितरण कैंप की अवधि बढ़ा दी गई है। कैंप 1 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक चलना था। अब यह 20 जुलाई तक चलेगा। यहां लिब्रोटेक एलईडी बल्ब का वितरण होगा। बीइएसएल के पीआरओ सुधीर प्रताप सिंह ने बताया कि योजना में 200 रुपए में 5 एलईडी बल्ब दिए जाएंगे। इनमें 2 बल्ब 12 वॉट के होंगे। 3 बल्ब 9 वॉट के होंगे। 200 रुपए में एक चार्जिंग वाला बल्ब भी मिलेगा। 150 रुपए में 1 चार्जिंग टॉर्च मिलेगी। टॉर्च 1 साल की गारंटी पर दी जाएगी।

1376 किलोवाट का संयंत्र लगाया:उम्मीद की सौर ऊर्जा; गांधीनगर स्टेशन सूरज से बनाएगा सालाना 25 लाख यूनिट तक बिजली

कायाकल्प के बाद गांधीनगर रेलवे स्टेशन का आधुनिक रूप नजर आने लगा है। ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा के साथ तैयार यह स्टेशन अपनी जरूरत की बिजली का बड़ा हिस्सा सूरज की रोशनी से खुद बनाएगा। इसके लिए बिल्डिंग की छत पर सौर संयंत्र प्लांट लगाया हैं। यह सालाना 23 से 25 लाख यूनिट स्वच्छ बिजली पैदा कर सकता है।

हलवाई संघ के चुनाव अधिकारी नियुक्त

भरतपुर | भरतपुर जिला हलवाई मजदूर सोसायटी की कार्यकारिणी की बैठक में आगामी चुनावों के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए। बैठक में संरक्षक मंडल के रामेश्वर दयाल सिंघल, मोतीलाल हलवाई तथा अध्यक्ष मोहन सिंह एवं महासचिव रामकुमार वर्मा, उपाध्यक्ष राजेश शर्मा, साहब सिंह, सचिव कल्ला कश्यप, पुष्पेन्द्र हलवाई एवं सलाहकार प्रदीप शर्मा, कोषाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह, विशाल कश्यप, संगठन मंत्री अजय कश्यप तथा नत्थी सिंह डागुर प्रचार मंत्री, राम निवास, महेश चंद अग्रवाल ओडीटर, दीपचंद मित्तल व गिर्राज सिंह की उपस्थिति में चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी गुलाब सिंह कुंतल एडवोकेट एवं आरके सिंह एडवोकेट को नियुक्त किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया है।

बुटाटी धाम में समिति ने किया 22 करोड़ का गबन:फर्जी बिल लगाकर पैसे उठाए, गोशाला के नाम पर फर्जीवाड़ा; चढ़ावा, सोने-चांदी का रिकॉर्ड भी नहीं

नागौर के बुटाटी स्थित संत श्री चतुरदासजी महाराज मंदिर विकास समिति के वित्तीय कामकाज की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। कलेक्टर के आदेश पर गठित जांच कमेटी ने मंदिर समिति के लेखा अभिलेखों, बैंक लेनदेन, वाउचर और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी है। रिपोर्ट में सोना-चांदी के लेखांकन से लेकर भोजनशाला निर्माण, रसोई, किराया आय, सीसीटीवी, सुरक्षा, गौशाला, मरम्मत कार्यों, वेतन, ऑडिट, पेट्रोल-डीजल के खर्च आदि में गबन और निधि का दुरुपयोग माना है। समिति ने 146 दिन तक पड़ताल के बाद 23 जून 2026 को अपनी रिपोर्ट सौंपी। जांच रिपोर्ट के अनुसार 2023-24 और 2024-25 में 15.16 करोड़ का प्रमाणित गबन सामने आया। वहीं 2025-26 के रिकॉर्ड जांच दल को उपलब्ध नहीं कराने पर प्रतिकूल अनुमान पर 7.58 करोड़ का गबन जोड़ते हुए कुल 22.74 करोड़ की कथित गबन का आकलन किया गया है। जांच में खुलासा; भामाशाह ने बनवाई भोजनशाला, समिति ने अपना खर्च बताया जांच रिपोर्ट में खर्च और भुगतान की विभिन्न मदों में 5 करोड़ 68 लाख 15 हजार 633 रुपए की वित्तीय अनियमितताओं पर सवाल उठाए गए हैं। इसके अलावा सुलभ कॉम्प्लेक्स की 18.12 लाख रुपए की किराया आय खातों में दर्ज नहीं मिली, जबकि करीब 2.60 करोड़ के सोना-चांदी के लेखांकन पर भी आपत्ति जताई गई है। खर्च-भुगतान, आय और संपत्ति के मूल्य को मिलाकर रिपोर्ट में कुल 8 करोड़ 46 लाख 27 हजार 633 रुपए का कथित घोटाला माना गया है। उल्लेखनीय है कि तत्कालीन कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने 29 जनवरी 2026 को पहले 6 सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। बाद में इसमें 7 और सदस्य जोड़े गए और समिति 13 सदस्यीय हो गई। डेगाना के तत्कालीन एसडीएम मोहन चौधरी ने 146 दिन बाद, 23 जून 2026 को जांच रिपोर्ट कलेक्टर देवेंद्र कुमार को सौंप दी। 2.60 करोड़ के जेवर का रिकॉर्ड नहीं पुरानी समिति के पास 36 किलो चांदी, 250 ग्राम सोना था। नई समिति ने कार्यभार ग्रहण करते समय 35.5 किलो चांदी, 280 ग्राम सोना बताया। वर्तमान में 2.60 करोड़ मूल्य की संपत्ति है, लेकिन लेखा में दर्ज ही नहीं है। ग्राम विकास में 1.28 करोड़ का खेल
2024-25 में ग्राम विकास पर 31.37 लाख खर्च दर्शाए गए, न ठेकेदारों का रिकॉर्ड न भौतिक प्रमाण। कंप्यूटर, फर्नीचर के नाम पर 97.48 लाख बिना बिल, वर्क ऑर्डर के खर्च दिखाए। 82.41 लाख के सीसीटीवी का खर्च: सीसीटीवी कैमरों पर 82.41 लाख खर्च किए गए, लेकिन कोई निविदा नहीं मिली। एम जंक्शन सर्विसेज के नाम 58.14 लाख का भुगतान दर्ज। वाउचर रानाबाई ट्रेडर्स के नाम मिले। इसे भी गड़बड़ी माना गया। दान पेटी व खातों में लाखों का अंतर: दान पेटी की आय ऑडिट रिपोर्ट व रोकड़ बही में अलग-अलग दर्ज मिली। 2023-24 और 2024-25 की आय में अंतर। ग्राम सेवा सहकारी बैंक खाते में 3.40 लाख, ग्रामीण बैंक खाते में 1.75 लाख रुपए का अंतर मिला। रसोई में 49.49 लाख का फर्जी खर्च: भोजनशाला निर्माण पर 49.49 लाख खर्च दिखाए, जबकि ग्राउंड फ्लोर का पूरा निर्माण एक भामाशाह ने कराया था। समिति ने फर्जी बिल लगा मंदिर निधि से राशि निकाल ली। रसोई खर्च 1 साल में 335 प्रतिशत बढ़ गए। गोशाला में भी अनियमितता: सुलभ कॉम्प्लेक्स से प्राप्त 18.12 लाख का किराया मुख्य लेखा पुस्तकों में दर्ज नहीं। गोशाला रखरखाव के नाम पर 17.87 लाख खर्च दिखाए, जबकि समिति ने राशि मिलने से इनकार किया। सुरक्षा व्यवस्था में 31.33 लाख रुपए खर्च दर्शाए गए। अध्यक्ष देवेंद्र सिंह सहित 11 पदाधिकारियों पर FIR की सिफारिश एसडीएम ने रिपोर्ट में अध्यक्ष देवेंद्र सिंह सहित तत्कालीन व वर्तमान 11 सदस्यों के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी, खातों के मिथ्याकरण और साक्ष्य नष्ट करने जैसी धाराओं में एफआईआर की सिफारिश की है। निजी संपत्तियां कुर्क करने की भी मांग की गई है। जब भी डॉक्यूमेंट मांगे, हमने 3 दिन में दिए। आगे भी अगर वापस मांगे जाते हैं तो हम देने के लिए तैयार हैं। हमारी तरफ से कोई गड़बड़ नहीं है। – देवेंद्र सिंह, समिति अध्यक्ष

हरियालो राजस्थान अभियान में फलदार- छायादार पौधे रोपे

बमूलिया माताजी| राज्य सरकार के हरियालो राजस्थान अभियान के तहत कलेक्टर के निर्देश पर चल रहे वृक्ष कुंज अभियान के तहत शनिवार को कस्बे के माताजी मंदिर परिसर में पौधरोपण का शुभारंभ किया गया। ग्राम विकास अधिकारी जितेंद्र सेन ने बताया कि परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए यहां करीब 200 फलदार और छायादार पौधे लगाए जाएंगे। इससे परिसर की सुंदरता बढ़ेगी। इस दौरान कनिष्ठ सहायक कौशल कुमावत, दुर्गाशंकर सुमन, दीनदयाल सेन, रामेश्वर मालव, रामभरोस वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पौधे लगाए और देखभाल का संकल्प लिया।

अंता-मांगरोल के लिए नहर में पानी छोड़ने की मांग उठी

भास्कर न्यूज | बारां अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने मानसून की बेरूखी, बारिश में हो रही देरी को देखते हुए कोटा के संभागीय आयुक्त सीएडी को पत्र भेजा है। पत्र में चंबल की दांयी मुख्य नहर में तुरंत सिंचाई पानी प्रवाहित करने की मांग की है। विधायक भाया ने लिखा है कि बारां जिले के अंता विधानसभा क्षेत्र में अंता, मांगरोल तहसील के हजारों किसानों ने धान, सोयाबीन, मक्का सहित खरीफ फसलों की बुवाई समय पर कर दी। अपेक्षित बारिश नहीं हुई। फसलों के विकास पर संकट है। खेतों की नमी लगातार घट रही है। किसानों की मेहनत, आजीविका पर असर की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि चंबल की दांयी मुख्य नहर इस इलाके में सिंचाई का प्रमुख स्रोत है। समय रहते नहर में पानी नहीं छोड़ा गया तो हजारों किसानों की फसलें प्रभावित होंगी। किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है। विधायक ने सीएडी प्रशासन से कहा है कि किसानों की स्थिति, क्षेत्र की जरूरत को गंभीरता से लिया जाए। दांयी मुख्य नहर में जल्द पर्याप्त मात्रा में सिंचाई पानी छोड़ने के निर्देश जारी किए जाएं। इससे अंता, मांगरोल के किसानों की खरीफ फसल सुरक्षित रहेगी। किसानों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन संवेदनशीलता, प्राथमिकता के आधार पर जल्द सकारात्मक फैसला ले। उन्होंने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। फसलों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

अंकुरित सोयाबीन में कर रहे खरपतवार नाशक स्प्रे

भास्कर न्यूज | सकतपुर कस्बे सहित आसपास के कई गांवों में प्री-मानसून की बारिश के दौर के बाद कई खेतों में किसानों ने सोयाबीन की बुवाई कर दी थी। कई किसानों ने मानसून की बारिश के बाद बुवाई की। इस समय खेतों में सोयाबीन की फसल अंकुरित होने लगी है। जिससे खेत हरे-भरे नजर आने लगे हैं। खेतों में सोयाबीन की फसल में उग रही खरपतवार को नष्ट करने के लिए किसान दवाइयों का स्प्रे कर रहे हैं।

बाबा अब्दुल गफूर शाह नक्शबंदी का उर्स संपन्न

बारां | कोटा जिले के कनवास कस्बे में बालापुरा स्थित बाबा अब्दुल गफूर शाह नक्शबंदी का 19वां उर्स उल्लास के साथ मनाया गया। दरगाह के गद्दी नशीन अब्दुल हकीम नक्शबंदी ने बताया कि दूर दराज से आए जायरीनों ने आस्ताने पर फूल, इत्र, चादर पेश कर दुआएं मांगी। दरगाह सदर अब्दुल आसिफ खान ने बताया कि महफिले कव्वाली में हिफजुर रहमान व मोहम्मद हुसैन ने हम्दे पाक, नाते पाक और कौमी एकता के कलाम सुनाकर जायरीनों को मंत्रमुग्ध किया। मुख्य अतिथि अमीन पठान, एमडी चोपदार, जूनियर अन्नू कपूर उर्फ इकबाल मंसूरी, सदर जावेद जेड, अरबाज खान, सदर कालू भाई, इकबाल मंसूरी, मुमताज मंसूरी, असरार भाई हरीश इंद्राणी, समाजसेवी रईस सिद्दीकी का स्वागत किया। साथ ही लंगर बनवाकर जायरीनों को खिलाया गया। उर्स की व्यवस्थाओं में कमेटी के सदर अब्दुल आसिफ खान, सरपरस्त अब्दुल शकूर कुरैशी, सदर जावेद जेड, सदर लियाकत अली आदि ने सहयोग किया।

आयुर्वेद विभाग में डॉ. उदय सिंह ने संभाला कार्यभार

भरतपुर। आयुर्वेद विभाग में उप निदेशक पद पर नियुक्त किए गए डॉ. उदय सिंह धाकड़ ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वे आरबीएम अस्पताल में पदस्थापित थे। इस अवसर पर डॉ. धाकड़ ने कहा कि राज्य सरकार की आयुर्वेद एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।साथ ही विभागीय सेवाओं को प्रभावी बनाया जाएगा।

एमएसजे में नए प्राचार्य ने संभाला पदभार

भरतपुर| वनस्पति शास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ.संजय कुमार ने महारानी श्री जया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को कार्यभार संभाल लिया है। डॉ. संजय ने राजस्थान सरकार उच्च शिक्षा ग्रुप-3 विभाग के शासन उप सचिव के आदेशानुसार प्राचार्य के पद पर कार्यभार ग्रहण किया है। डॉ. संजय कुमार इससे पूर्व राजकीय महाविद्यालय पहाड़ी में प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे। मीडिया प्रभारी डॉ.अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि डॉ.संजय कुमार इससे पूर्व भी महारानी श्री जया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वनस्पति शास्त्र विभाग में 27 वर्षों तक संकाय सदस्य के रूप में कार्य कर चुके हैं।