ब्रेकिंग न्यूज़
विनिता कोका बनी बांगड़ कॉलेज की नई प्रिंसिपल:महेंद्रसिंह राजपुरोहित का सोजत ट्रांसफर, विधायक-प्रिंसिपल में चल रहा था विवाद

आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा जयपुर ने 16 सरकारी कॉलेजों के प्रिंसिपल के तबादलों की सूची जारी की है। इस सूची में पाली के बांगड़ कॉलेज के प्रिंसिपल महेंद्रसिंह राजपुरोहित का नाम भी शामिल है। उनका ट्रांसफर बांगड़ कॉलेज से सोजत सरकारी कॉलेज में प्रिंसिपल पद पर किया गया है। वहीं पाली के भंसाली गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल विनिता कोका को बांगड़ कॉलेज का नया प्रिंसिपल बनाया गया है। पाली विधायक भीमराज भाटी और बांगड़ कॉलेज प्रिंसिपल के बीच पिछले कुछ समय से चल रहे विवाद के बीच हुए इस तबादले को उसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। पिछले कई दिनों से चल रही थी बयानबाजी पाली विधायक भीमराज भाटी और बांगड़ कॉलेज के प्रिंसिपल महेंद्रसिंह राजपुरोहित के बीच पिछले कुछ दिनों से बयानबाजी चल रही थी। इसकी शुरुआत बाड़सा रिसोर्ट में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। कार्यक्रम में विधायक भीमराज भाटी ने बांगड़ कॉलेज प्रिंसिपल को लेकर टिप्पणी की थी। इसके बाद राजपुरोहित समाज की ओर से सूरजपोल पर विधायक का पूतला फूंककर विरोध जताया गया था। एनएसयूआई ने भी किया था विरोध प्रदर्शन इसके बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भी कलेक्ट्रेट के सामने बांगड़ कॉलेज प्रिंसिपल का पूतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं विधायक भीमराज भाटी ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि उन्होंने कॉलेज प्रिंसिपल पर जो आरोप लगाए हैं, वे सही हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके पास आरोपों से जुड़े सबूत मौजूद हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें सार्वजनिक भी किया जाएगा।

श्रीगंगानगर में हजारों लोग सड़कों पर उतरे:नरसिंहपुरा में प्रस्तावित कचरा प्लांट का विरोध, बड़ा आंदोलन करने की तैयारी

श्रीगंगानगर जिले के नरसिंहपुरा बारानी-मांझूवास में कचरा प्लांट लगाने के विरोध में सोमवार को हजारों ग्रामीणों ने विशाल आक्रोश रैली निकाली। मांझूवास से शुरू हुई यह रैली 6 किलोमीटर दूर नरसिंहपुरा बारानी स्थित गौशाला पहुंची। रैली में करीब 2 हजार लोग शामिल हुए, जिसमें बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरीं। प्रदर्शनकारियों ने कहा- अधिकारी अभी भी सोए हुए हैं। अगर समय रहते कचरा प्लांट का प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया तो यह छोटी आक्रोश रैली जल्द ही बड़े आंदोलन का रूप ले लेगी। ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट से उनके खेतों, पशुओं और पूरे इलाके के पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचेगा। रैली में शामिल ग्रामीणों ने नारेबाजी की और प्रशासन से मांग की कि गांव के पास कचरा प्लांट न लगाया जाए। उन्होंने कहा- हमारी जमीन, पानी और हवा सब खतरे में है। कचरा प्लांट से बदबू, मक्खी-मच्छर और प्रदूषण फैलेगा, जिससे हमारे बच्चों और पशुओं की सेहत बिगड़ जाएगी और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होगी। यह पहला मौका नहीं है जब ग्रामीण कचरा प्लांट के विरोध में सड़क पर उतरे हैं। पहले भी लोगों ने कई बार बैठकें कीं और प्रशासन को ज्ञापन सौंपे थे। लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले इसके विरोध में ग्रामीणों ने गांव के सरकारी स्कूल भी बंद करवाए थे। रैली के आयोजकों ने बताया कि अगर जिला प्रशासन ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया तो वे और बड़ा आंदोलन छेड़ने को तैयार हैं। इसमें धरना-प्रदर्शन, घेराव और उच्चाधिकारियों तक डेलिगेशन भेजने की योजना है। ग्रामीणों का आरोप है कि कचरा प्लांट गांव की उपजाऊ जमीन के पास लगाया जा रहा है, जबकि वैकल्पिक जगहों पर इसे शिफ्ट किया जा सकता है।

पिस्टल लहराते बोला- जज का बेटा हूं, गोली मार दूंगा:चंडीगढ़ के क्लब में छात्र को पीटा, मुक्के-लातें मारी, सिर पर मेज फेंकी; VIDEO सामने आया

चंडीगढ़ में क्लब में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फ्रांस में पढ़ाई कर रहे छात्र के साथ मारपीट की गई। छात्र ने कहा कि आरोपियों ने पहले उसकी उंगलियां जोर से मरोड़ीं, फिर चेहरे और सिर पर लगातार मुक्के-लात बरसाए। सिर पर लोहे के कड़े और मेज से हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसके बाएं कान से सुनाई देना बंद हो गया। इसके बाद आरोपी क्लब से बाहर गया और कार से पिस्टल निकालकर लहराई। आरोपी ने खुद को जज का बेटा बताते हुए उसे और उसके परिवार को गोली मारने की धमकी दी। फिर क्लब के बाहर बीएमडब्ल्यू से उसे कुचलने की भी कोशिश की। इसके दौरान कई कारों को भी टक्कर मारी। पुलिस ने छात्र की शिकायत के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ के केस दर्ज कर लिया है। इसमें पंजाबी सिंगर करण औजला के मैनेजर बलदीप सिंह सराओ उर्फ बाली और 9 मई 2022 को मोहाली में पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस मुख्यालय पर हमले के आरोपी जगदीप सिंह कंग उर्फ जग्गी का नाम शामिल है। जानिए युवक ने पुलिस को क्या बताया…. 5 लोगों पर FIR, जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को इलाज के लिए सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने अस्पताल में उसकी मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) प्राप्त की। इसके बाद लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया। पुलिस ने अनिकेत गुप्ता, जगदीप सिंह कंग उर्फ जग्गी, बलदीप सिंह सराओ उर्फ बाली और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190, 191(3), 189, 115(1), 351(3), 281 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) आंचल कुमारी को सौंपी गई है। आरपीजी हमला क्या है….जिसमें जग्गी आरोपी 9 मई 2022 को मोहाली के सेक्टर-77 स्थित पंजाब पुलिस इंटेलिजेंस मुख्यालय पर हुए रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) हमले से जुड़ा है। इस हमले में किसी की जान नहीं गई थी, लेकिन इसे पंजाब में हुई एक बड़ी आतंकी घटना माना गया था। इसमें जगदीप सिंह कंग उर्फ जग्गी का नाम शामिल है। जांच के दौरान सामने आया कि इस हमले के पीछे खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) और सिख्स फॉर जस्टिस (एसएफजे) की भूमिका थी। इन संगठनों ने कथित तौर पर गैंगस्टर नेटवर्क के साथ मिलकर इस हमले की साजिश रची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए 20 सितंबर 2022 को इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी गई थी। ************** ये खबर भी पढ़ें: PM के पंजाब-चंडीगढ़ दौरे से पहले स्कूल उड़ाने की धमकी: ईमेल में लिखा- रेलवे स्टेशन, रैली में बम धमाके होंगे; दिलजीत दोसांझ को भाई बताया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को पंजाब-चंडीगढ़ के संभावित दौरे से पहले मोहाली के 6 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलते ही स्कूलों को बंद करा दिया गया। बच्चों को छुट्‌टी देकर घर भेज दिया गया। इससे जुड़ी धमकी भरी ई-मेल सामने आई है। फेज-6 स्थित शिवालिक पब्लिक स्कूल को भी सुबह करीब 9 बजे ऑफिशियल ईमेल पर यह धमकी भरा मैसेज आया। शिवालिक स्कूल के कोऑर्डिनेटर ने कहा कि उस वक्त दूसरा पीरियड चल रहा था। (पढ़ें पूरी खबर)

जयपुर में ट्रांसफॉर्मर में आधे घंटे तक होते रहे धमाके:आवाज सुनकर घरों से बाहर निकले लोग, दमकल विभाग ने पौन घंटे में पाया काबू

जयपुर के जालूपुरा इलाके में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। डेनी चाय वाले की गली स्थित ट्रांसपोर्ट क्षेत्र में रात करीब 12:15 बजे बिजली के एक ट्रांसफॉर्मर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफॉर्मर से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर में करीब आधे घंटे तक लगातार धमाके होते रहे। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलने पर जालूपुरा थाना प्रभारी (SHO) हवा सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। वहीं दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।

लड़की को थप्पड़ मारने पर दोस्त की हत्या:जेल से भागकर जयपुर आए 3 बदमाश, साथियों के साथ बर्थ-डे पार्टी कर रहे थे

जयपुर में बर्थ-डे पार्टी के दौरान हुए बदमाशों ने चाकू घोंपकर अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। आरोपी भरतपुर ओपन जेल से भागकर जयपुर आए थे। मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक क्लब में बर्थ-डे पार्टी कर रहे थे। रात करीब 2:30 बजे किसी बात को ग्रुप में शामिल लड़की को एक बदमाश ने थप्पड़ मार दिया। इस पर विवाद हो गया। कुछ बदमाशों ने अपने साथाी पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद खुद ही घायल को जयपुरिया हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना मानसरोवर इलाके के आतिश मार्केट की रविवार देर रात की है। मृतक बदमाश की पहचान धौलपुर बखेड़ी निवासी अन्नू गुर्जर (25) के रूप में हुई है। SHO (मानसरोवर) लखन सिंह खटाना ने बताया- मानसरोवर के आर्तिश मार्केट में रविवार रात बर्थ-डे पार्टी में झगड़े के दौरान चाकू घोंपकर अन्नू गुर्जर की हत्या की गई। मानसरोवर थाना पुलिस ने लहूलुहान हालत में उसे जयपुरिया हॉस्पिटल भिजवाया। डॉक्टर्स ने चेकअप के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को जयपुरिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। लड़की को थप्पड़ मारने पर हुआ झगड़ा प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि एक ही ग्रुप के सभी बदमाश मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक क्लब में बर्थ-डे पार्टी करने पहुंचे थे। बदमाशों के ग्रुप में एक लड़की भी पार्टी के दौरान शामिल थी। रात करीब 2:30 बजे किसी बात को लेकर अन्नू गुर्जर ने लड़की को थप्पड़ मार दिया। गुस्से में अनुज ने अपने साथियों के साथ मिलकर झगड़ा किया। मारपीट के दौरान सब्जी काटने वाले चाकू उठाकर अन्नू के घोंप दिया। लहूलुहान होने पर उसे सभी साथी तुरंत जयपुरिया हॉस्पिटल ले गए। सुबह करीब 5:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत जानकारी कर हत्या में शामिल आठ बदमाशों को हिरासत में ले लिया।
जेल से पार्टी करने आए थे बदमाश आरोपी कुलदीप और कुल्लू गुर्जर भरतपुर ओपन जेल में हत्या के दो मामलों में सजा काट रहे थे। इनमें गोल्डी मर्डर केस पुलिस थाना शहर जयपुर और पाकिस्तानी नागरिक हकरुल्ला का जेल में मर्डर, पुलिस थाना लालकोठी इन दो मामलों में आरोपी थे। जबकि तीसरा आरोपी राजेश गुर्जर रेप केस (हिण्डौन सिटी) मामले में आजीवन कारवास की सजा काट रहा था। तीनों आरोपी अपने साथियों के साथ भरतपुर ओपन जेल से फरार होकर जयपुर आए थे। अपने पुराने साथी अनुज गुर्जर, अनुज सूप, आकाश गुर्जर व क्षेत्रपाल गुर्जर सहित अन्य के साथ बर्थ-डे पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान अनुज गुर्जर से साथी अन्नू गुर्जर का विवाद हो गया। अनुज गुर्जर ने आकाश गुर्जर, हन्नी गुर्जर, गजेन्द्र गुर्जर सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर रसोई में काम आने वाले चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक अन्नू गुर्जर सजायाफ्ता कैदी कुलदीप व कुल्लू के मामा का लड़का था। पुलिस की ओर से अनुज गुर्जर सहित 8 बदमाशों को राउंडअप कर लिया गया है। ओपन जेल से फरार बदमाशों के खिलाफ अलग से भी मामला दर्ज किया गया है। — ये खबर भी पढ़ें… हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात गैंगस्टरों में दुश्मनी:लॉरेंस, गोदारा, ठेहट और आनंदपाल गैंग के 90 से ज्यादा बदमाश, हर घड़ी गैंगवार का खतरा अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में इस वक्त बारूद के ढेर पर चिंगारी जैसी स्थिति बनी हुई है। देश और राजस्थान के सबसे कुख्यात और एक-दूसरे के जानी-दुश्मन करीब 90 हार्डकोर अपराधी इस जेल की सलाखों के पीछे बंद हैं। इनमें लॉरेंस, रोहित गोदारा, आनंदपाल सिंह (AP गैंग), राजू ठेहट, राजू फौजी, बलभाराम जाट और शिवराज सिंह जैसे गैंग के बदमाश शामिल हैं। (पूरी खबर पढ़ें)

स्कूल में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश:ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने का दिलाया संकल्प, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने पर भी जोर

सिरोही जिले में रोहिड़ा के निकटवर्ती गांव भारजा में ‘हरियालो राजस्थान-2026’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम रेणु देवेंद्र मोदी आदर्श विद्या मंदिर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पर्यावरण अभियंता एवं क्षेत्रीय अधिकारी बी.आर. सियाग मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में भवानी सिंह जाला, अरविंद शर्मा जिला संस्कार प्रमुख, अर्जुन राजपुरोहित और स्कूल के प्रिंसिपल पंकज कुमार प्रजापत शामिल थे। इन सभी अतिथियों और गणमान्य नागरिकों ने स्कूल परिसर में छायादार एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए उपयोगी पौधे लगाए। ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बी.आर. सियाग ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सभी को ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया। सियाग ने प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने और प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने पर भी जोर दिया। ‘पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी’
मीडिया प्रभारी भरत कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य ‘हरियालो राजस्थान-2026’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर को अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बनाना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी है और पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
इस अवसर पर राजेंद्र देवासी, भरत कुमार, कैलाश चौधरी, हेमंत माली, भंवर घांची, रामलाल देवासी, राहुल परिहार, भवानी लाल, स्कूल स्टाफ, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

सुप्रीम कोर्ट बोला- नागरिकता का फैसला निष्पक्ष प्रक्रिया से हो:असम में विदेशी घोषित 27 लोगों को राहत; हाईकोर्ट का फैसला रद्द, दोबारा सुनवाई होगी

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को असम के 27 लोगों को विदेशी घोषित करने से जुड़े मामलों में गुवाहाटी हाईकोर्ट के फैसले रद्द कर दिए। कोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति की नागरिकता या विदेशी होने का फैसला निष्पक्ष, कानूनी और उचित प्रक्रिया के तहत ही होना चाहिए। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने मामले की सुनवाई की। कोर्ट ने कहा कि नागरिकता और विदेशी होने का सवाल संविधान और कानून से जुड़ा बेहद महत्वपूर्ण विषय है। सभी मामले दोबारा सुनवाई के लिए फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल को भेज दिए गए है। इन लोगों को फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल ने विदेशी घोषित किया था। उन्होंने इस फैसले को गुवाहाटी हाईकोर्ट में चुनौती दी, लेकिन हाईकोर्ट ने ट्रिब्यूनल के फैसले को बरकरार रखा। इसके बाद सभी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की। SC बोला- नागरिकता पर अंतिम फैसला ट्रिब्यूनल करेगा हाईकोर्ट में 23 साल बाद चुनौती दी गई थी 27 लोगों को फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल ने विदेशी घोषित किया था। उन्होंने इस फैसले को गुवाहाटी हाईकोर्ट में चुनौती दी, लेकिन हाईकोर्ट ने ट्रिब्यूनल के आदेश को बरकरार रखा था। हाईकोर्ट ने कहा था कि ट्रिब्यूनल का फैसला करीब 23 साल बाद चुनौती दी गई। नोटिस मिलने के बावजूद कोई भी याचिकाकर्ता ट्रिब्यूनल के सामने पेश नहीं हुआ और न ही अपनी नागरिकता के समर्थन में कोई दस्तावेज या सबूत दिया। ऐसे में ट्रिब्यूनल के पास उन्हें विदेशी घोषित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा-9 क्या है? अगर किसी व्यक्ति पर सवाल उठता है कि वह भारतीय नागरिक है या विदेशी, तो अपनी नागरिकता साबित करने की जिम्मेदारी उसी व्यक्ति की होती है। सरकार को यह साबित नहीं करना पड़ता कि वह विदेशी है। आमतौर पर किसी मामले में आरोप लगाने वाले पक्ष को आरोप साबित करना होता है। लेकिन विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा-9 में नियम अलग है। अगर किसी व्यक्ति को विदेशी होने के संदेह में फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल के सामने पेश किया जाता है, तो उसे खुद दस्तावेज और सबूत देकर साबित करना होता है कि वह भारतीय नागरिक है। ——————— ये खबर भी पढ़ें… वकील ने CJI का नाम लेकर अपशब्द कहे: सुप्रीम कोर्ट में जजों को आदेश देने लगा, फाइल फेंकी; सिक्योरिटी ने बाहर निकाला सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई के दौरान एक वकील ने हंगामा किया। सीजेआई सूर्यकांत को अपशब्द कहे और फाइल भी फेंकी। इस दौरान सीजेआई कोर्ट रूम में मौजूद नहीं थे। यह घटना जस्टिस केवी विश्वनाथन, जस्टिस आलोक अराधे की बेंच के सामने हुई। हंगामे के बाद कोर्ट के आदेश पर सिक्योरिटी ने वकील को तुरंत बाहर निकाल दिया। पूरी खबर पढ़ें…

नागौर में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी:बार संघ ने काम रोका, पेशियां भी नहीं होंगी; परिसर खाली करवाया

नागौर में सोमवार को कोर्ट और मेड़ता डीजे कोर्ट को ईमेल के जरिए बम ब्लास्ट करने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नागौर कोर्ट परिसर को एहतियातन खाली करवाया और पूरे परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया। फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। धमकी भरे ईमेल के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने भी जांच की। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। बार संघ ने रोका काम बार संघ अध्यक्ष डॉ. पवन श्रीमाली ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिवक्ताओं ने सामूहिक निर्णय लेकर सोमवार का न्यायिक कार्य स्थगित कर दिया। उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर में भीड़ से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है। परिवादियों और पक्षकारों को भी सूचना दे दी गई कि सोमवार को पेशियां नहीं होंगी। अफवाहों से बचने की अपील डॉ. श्रीमाली ने अधिवक्ताओं और आमजन से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और उसे आगे नहीं फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दें। बार संघ पुलिस और न्यायिक अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहा है। पुलिस बोली- अभी तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवरान ने बताया कि कोर्ट परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है और धमकी भेजने वाले की पहचान के प्रयास जारी हैं। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क रखी गई है।

घर में लूट के बाद जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर का ट्रांसफर:बोले- पत्नी बीमार, बच्चे डरे हुए, अलवर में रहकर ही 20 लाख की रिकवरी करवा पाऊंगा

अलवर में जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश के घर लूट के बाद उनका जयपुर ट्रांसफर कर दिया गया है। वे अपने ट्रांसफर से खुश नहीं है। उन्होंने कहा- ‘मेरा जयपुर ट्रांसफर होने से मुश्किलें और बढ़ जाएगी। मेरी पत्नी बीमार है, खाने बनाने में उसकी मदद करनी पड़ती है। वहीं मेरे बच्चे स्कूल जाने में भी डरने लगे है। अलवर में रहकर पुलिस से कॉर्डिनेट कर सोने के जेवर की रिकवरी भी जल्दी करवा पाऊंगा। मैं चाहता हूं कि सरकार अभी मेरा ट्रांसफर रोके। ‘ दरअसल, असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश के शहर के शालीमार सोसायटी स्थित घर में 4 जुलाई को लूट की वारदात हुई थी। बदमाशों ने घर में घुसकर उनके परिवार को बंधक बनाकर नगदी और जेवर लूटकर ले गए थे। मामले में चार आरोपियों को डिटेन कर लिया गया है लेकिन जेवरातों की रिकवरी नहीं हुई है, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए थी। ‘पत्नी को सर्वाइकल का दर्द, खुद बनाता हूं खाना’ ट्रांसफर से नाखुश असिस्टेंट कमिश्नर ने कहा कि उनके एक बेटा और बेटी है। वारदात के बाद से दोनों स्कूल जाने से भी डरते है। घटना के बाद एक-दो बार ही स्कूल गए है। बदमाश जान से मारने की धमकी देकर भागे थे। बच्चों की कसम खाकर बोले-घर में सिर्फ 35 हजार कैश था असिस्टेंट कमिश्नर ने भावुक होते हुए कहा, मैं अपने बच्चों की कसम खाकर कहता हूं कि मेरे घर में 35 हजार रुपए से ज्यादा कैश नहीं था। लेकिन बदमाश करीब 15 से 20 तोला सोना लूट ले गए। यह मेरा बहुत मोटा नुकसान है। इस घटना के बाद से मेरा पूरा परिवार डरा हुआ है। अगर मैं अलवर में रहूंगा, तो स्थानीय पुलिस से लगातार कॉर्डिनेट करके लूटे गए सोने की रिकवरी जल्दी करा पाऊंगा। सरकार से ट्रांसफर रोकने की मांग असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश का कहना है कि मेरा जयपुर तबादला होने से मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मैं चाहता हूं कि सरकार अभी मेरा ट्रांसफर रोके। जयपुर में कमिश्नर के कार्यालय में चक्कर लगा रहे हैं। एक दिन पहले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से भी मिले हैं। मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार मामले में पुलिस ने चार बदमाशों को 11 जुलाई की शाम को गिरफ्तार किया था। आरोपी इतने शातिर हैं कि उन्हें पुलिस पहचान नहीं सके, इसलिए बार-बार कपड़े बदले। वारदात के दिन (4 जुलाई को) अफसर के कपड़े अपने साथ लेकर गए थे। जिन कपड़ों को पहनकर वारदात की, उन कपड़ों को रेलवे ट्रैक पर पटककर अफसर के कपड़े पहन लिए थे। आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। घटना से पहले उन्होंने कई दिनों तक जीएसटी अधिकारी के घर और आसपास के इलाके की रेकी की। घर की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी थी। मौका मिलने पर आरोपियों ने घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। — ये खबर भी पढ़िए- जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर के घर लूट:परिवार को डेढ़ घंटे तक बंधक बनाया, बचाने आए बेटे का सिर फोड़ा; बदमाशों ने आम भी खाए अलवर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ओमप्रकाश (50) के परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। (पढ़िए पूरी खबर)

सस्ते धागे का झांसा देकर युवक को बनाया शिकार:विज्ञापन के जरिए की 4500 रुपए की साइबर ठगी, राशि को करवाया होल्ड

चूरू में वार्ड 6 निवासी एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। सोशल मीडिया पर सस्ते धागे का विज्ञापन देखकर ऑनलाइन ऑर्डर करने पर उसने 4500 रुपए गंवा दिए।
मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि को बैंक से संपर्क कर होल्ड करवा दिया। साइबर सेल प्रभारी सुनील धायल ने बताया कि युवक ने सोशल मीडिया पर धागा बेचने का एक विज्ञापन देखा था। उसने संबंधित नंबर पर संपर्क किया और बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे 4500 रुपए का ऑनलाइन भुगतान करवा लिया। राशि जमा होने के बाद न तो युवक को सामान भेजा गया और न ही उसके पैसे लौटाए गए। ठगी की राशि को करवाया होल्ड
खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर युवक ने तुरंत पुलिस से शिकायत की। साइबर सेल ने बिना देरी किए बैंक से समन्वय स्थापित किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि को होल्ड करवा दिया, जिससे युवक के पैसे सुरक्षित हो सके। साइबर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक और सस्ते विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसकी सत्यता की पूरी जांच कर लें। ठगी की आशंका होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या संबंधित पोर्टल पर रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते राशि को सुरक्षित किया जा सके।