सस्ते में प्लॉट दिलाने का झांसा देकर 12.75 लाख ठगे:तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज,आरोपी ने जान से मारने की दी धमकी
अलवर शहर में सस्ती कीमत पर प्लॉट दिलाने का लालच देकर एक व्यक्ति से 12 लाख 75 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अच्छी लोकेशन पर बाजार से कम कीमत में प्लॉट दिलाने का झांसा रिपोर्ट के अनुसार, दाउदपुर स्थित आजाद नगर निवासी सीताराम जाटव (50) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 में उनकी मुलाकात सहजपुर नंगली निवासी फारूख खान और डुमरेला निवासी मुकेश कुमार प्रजापत से हुई थी। दोनों ने उन्हें बताया कि वे जमीन खरीदकर प्लॉटिंग का काम करते हैं और हरियाणा के रोहतक निवासी नवीन सैनी के साथ मिलकर बख्तल की चौकी, घेघोली स्थित सोना विहार कॉलोनी में प्लॉट बेच रहे हैं। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि उन्हें अच्छी लोकेशन पर बाजार से कम कीमत में प्लॉट दिला देंगे। इसके बाद तीनों ने सीताराम की मुलाकात स्टेशन रोड स्थित महाराजा होटल में नवीन सैनी से कराई। नवीन सैनी ने उन्हें सोना विहार कॉलोनी में प्लॉट नंबर आई-1 दिखाया। प्लॉट पसंद आने पर 150 वर्गगज के प्लॉट का सौदा 12 लाख 75 हजार रुपये में तय हुआ। पीड़ित के अनुसार, 26 जनवरी 2026 को महाराजा होटल में ही उन्होंने पूरी रकम नकद और ऑनलाइन माध्यम से आरोपियों को दे दी। इसके बाद 500 रुपए के स्टाम्प पेपर पर प्लॉट का एग्रीमेंट और रसीद तैयार कर नोटरी भी कराई गई। डॉक्यूमेंट में यह भी लिखा गया कि प्लॉट का कब्जा खरीदार को दे दिया गया है, जबकि वास्तव में उन्हें कब्जा नहीं दिया गया। आरोपियों ने यह कहकर भरोसा दिलाया कि कॉलोनी में अभी प्लॉटिंग का काम चल रहा है, काम पूरा होने के बाद कब्जा और रजिस्ट्री दोनों करवा देंगे। रजिस्ट्री की जगह मिली जान से मारने की धमकी सीताराम का आरोप है कि इसके बाद वह कई महीनों तक रजिस्ट्री कराने के लिए आरोपियों के संपर्क में रहे, लेकिन हर बार उन्हें कोई न कोई बहाना बनाकर टाल दिया गया। जब उन्हें शक हुआ तो उन्होंने जमीन की जानकारी निकलवाई। जांच में पता चला कि जिस जमीन और प्लॉट का सौदा किया गया, वह न तो नवीन सैनी के नाम है और न ही मुकेश कुमार प्रजापत के नाम। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उन्होंने तीनों आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन 23 जून 2026 को आरोपियों ने साफ कह दिया कि वे न तो प्लॉट की रजिस्ट्री करेंगे और न ही पैसे लौटाएंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा कि लोगों को सस्ते प्लॉट का झांसा देकर पैसे ऐंठना ही उनका काम है। विरोध करने पर जान से मरवाने की धमकी भी दी गई। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी हैं।

