कोटा में NH-27 पर कार पलटी, 2 की मौत:खाना खाकर लौट रहे थे, अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ी गाड़ी; 2 गंभीर रूप से घायल
कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे (NH-27) पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 2:30 बजे नांता थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि कार सवार चारों युवक बूंदी की तरफ से खाना खाकर वापस कोटा लौट रहे थे, तभी हैंगिंग ब्रिज से पहले कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में अमन चावल (27) निवासी विज्ञान नगर (दिनेश गैस एजेंसी के पीछे) और कुंतेश वर्मा (32) निवासी गणेश तालाब (बसंत विहार, दादाबाड़ी) की मौत हो गई। वहीं, कार में सवार जगदीश जुमरानी (36) निवासी बसंत विहार और दीपेश (36) निवासी कंचनजंगा अपार्टमेंट (बोरखेड़ा) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गाड़ी अचानक डिवाइडर पर चढ़ी
नांता थानाधिकारी (CI) अजीत बागडोलिया ने बताया- चारों युवक नांता टोल प्लाजा क्रॉस करके हैंगिंग ब्रिज से कोटा की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान ब्रिज से पहले गाड़ी अचानक डिवाइडर पर चढ़ गई और दूसरी तरफ जाकर लोहे की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

