नागदा पेयजल परियोजना से केबल चोरी का खुलासा:दो महिलाओं सहित चार आरोपी गिरफ्तार, केबल बरामद
बारां की अंता थाना पुलिस ने नागदा-अन्ता-बलदेवपुरा पेयजल परियोजना के फिल्टर प्लांट से केबल चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई केबल बरामद कर ली गई है और वारदात में इस्तेमाल की गई दो बाइकें भी जब्त की गई हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 26 जून को नागदा स्थित 7.5 एमएलडी फिल्टर प्लांट से अज्ञात बदमाशों द्वारा केबल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल जांगिड़ और वृत्ताधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह आढ़ा के निर्देशन में थानाधिकारी भूपेश शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान, पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर दो संदिग्ध बाइकों की पहचान की गई। नाकाबंदी के दौरान इन दोनों बाइक सवारों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान कपिल और रोकी उर्फ चोटिया के रूप में हुई। आगे की जांच में दो महिलाओं प्रेमपति और दीचा की संलिप्तता भी सामने आई, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने पेयजल परियोजना के फिल्टर प्लांट से केबल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे पहले कबाड़ बीनने के बहाने गांवों में घूमकर रेकी करते थे और मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

