पिकअप की टक्कर से दूर जा गिरा बाइक सवार:मौके पर मौत, हादसे के बाद ड्राइवर फरार, सब्जी मंडी गेट नंबर-3 के पास हुआ हादसा
जयपुर में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। यह हादसा मुहाना मंडी थाना क्षेत्र में सब्जी मंडी के गेट नंबर-3 के पास हुआ। पिकअप ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। थानाधिकारी गुरुभूपेन्द्र सिंह ने बताया- हादसे में गंभीर रूप से घायल बाबूलाल (30) निवासी बरेड़ी, लालसोट को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुकान का सामान लेने निकला था, घर वापस नहीं लौटा मृतक के भाई कालूराम ने बताया कि बाबूलाल रोज की तरह बुधवार सुबह दुकान का सामान लेने मुहाना मंडी गया था। गेट नंबर-3 के पास लापरवाही से चलाई जा रही पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। तीन मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़ बाबूलाल जयपुर में अपने परिवार के साथ रहकर मजदूरी करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे 7, 12 और 14 वर्ष के तीन बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। फरार ड्राइवर की तलाश जारी पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। फरार पिकअप ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

