ब्रेकिंग न्यूज़
फायर सेफ्टी के लिए नगर निगम की सख्ती:12 संस्थाओं को नोटिस, 7 दिन में जवाब नहीं तो सीज होगी बिल्डिंग

बीकानेर शहर में अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को नगर निगम की ओर से फायर एनओसी और सुरक्षा मानकों की जांच के बाद 12 संस्थाओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन संस्थानों को सात दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में आवश्यक सुधार नहीं करने पर संबंधित संस्थानों को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीम ने बुधवार को शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों और कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर अग्नि सुरक्षा से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आईं। कम्प्यूटर सेंटर में मिली भारी लापरवाही एक कम्प्यूटर सेंटर के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। यहां विद्युत तार खुले पाए गए, जबकि आपातकालीन स्थिति में निकासी के लिए केवल एक ही एग्जिट गेट उपलब्ध था। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आने-जाने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं मिले। निरीक्षण टीम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संस्थान को सीज करने का नोटिस जारी किया है। निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं करने पर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। एक लाइब्रेरी में भी इसी तरह की अनियमितता देखने को मिली। 12 संस्थाओं को दिए नोटिस सहायक अग्निशमन अधिकारी जगवीर सिंह कटारिया ने बताया कि बुधवार को शहर की 12 संस्थाओं को नोटिस जारी किए गए हैं। सभी संस्थानों को सात दिन के भीतर अग्नि सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि कोचिंग संस्थानों और प्रशिक्षण केंद्रों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी आते हैं। ऐसे में अग्नि सुरक्षा मानकों की पालना अनिवार्य है। भविष्य में भी जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों की अवहेलना करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फलोदी में एमडी फैक्ट्री-अवैध शराब की दुकान का निर्माण ध्वस्त:ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत कार्रवाई, 21 मई को पुलिस ने किया भंडाफोड़

फलोदी में जिला प्रशासन और पुलिस ने बुधवार को ‘ऑपरेशन वज्र प्रहार’ के तहत दो अलग-अलग मामलों में संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान एक एक महीने पहले पकड़ी गई, एमडी फैक्ट्री और अवैध शराब की दुकान के निर्माण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया था गिरफ्तार एसपी सतनाम सिंह ने बताया-बाप थाना क्षेत्र के मोडकिया गांव में 21 मई 2026 को जिला स्पेशल टीम और बाप पुलिस ने एक सुनसान खेत में चल रही एमडी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस कार्रवाई में खेत मालिक सुखराम को गिरफ्तार किया गया। साथ ही एमडी बनाने के उपकरण व रासायनिक पदार्थ जब्त किए गए थे। पुलिस ने फैक्ट्री संचालित करने वाले मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया था। जेसीबी से अवैध निर्माण को किया ध्वस्त पुलिस के अनुसार, एमडी फैक्ट्री का निर्माण अवैध पाया गया। इसके बाद 24 जून 2026 को बाप तहसीलदार, राजस्व विभाग की टीम और बाप पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। फलोदी के बाप थाना क्षेत्र में कार्रवाई ‘ऑपरेशन वज्र प्रहार’ के तहत दूसरी कार्रवाई राजस्व विभाग और पुलिस ने बाप क्षेत्र की ग्राम पंचायत टेकरा में की। यहां पुलिस ने 23 मार्च 2026 को एक अवैध शराब की दुकान से विभिन्न प्रकार की शराब जब्त की थी। पुलिस ने शराब की दुकान के राजस्व रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि यह गोचर भूमि पर बनी हुई थी। इसके बाद बाप तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में अवैध शराब की दुकान के निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया।

मंडावर की फ्लोराइड समस्या पर शोध पहुंचा अमेरिका:MBBS छात्र कार्तिक लड्डा की रिसर्च को मिला वैश्विक मंच, टॉप 30 में शामिल

झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्र कार्तिक लड्डा ने अपनी शोध क्षमता के दम पर जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। मंडावर कस्बे की पेयजल गुणवत्ता और उसमें मौजूद फ्लोराइड की समस्या पर आधारित उनका शोध पत्र अमेरिका में आयोजित होने वाले वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस ऑफ मेडिकल स्टूडेंट्स रिसर्च के लिए चयनित हुआ है। 11 और 12 जुलाई को होने वाले इस सम्मेलन में कार्तिक ऑनलाइन माध्यम से अपने शोध के निष्कर्ष दुनिया भर के विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं के सामने प्रस्तुत करेंगे। दुनियाभर के 30 शोध पत्रों में मिली जगह इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए विश्वभर से केवल 30 शोध पत्रों का चयन किया गया है। इनमें भारत से कार्तिक लड्डा का शोध पत्र भी शामिल है। इस उपलब्धि से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों और जिलेवासियों में खुशी का माहौल है। 350 परिवारों और 1002 लोगों पर किया अध्ययन यह शोध वर्ष 2025 में शुरू किया गया था। अध्ययन के दौरान मंडावर कस्बे के 350 परिवारों के 1002 सदस्यों को शामिल किया गया। करीब छह माह तक चले सर्वेक्षण और अध्ययन में क्षेत्र की जल गुणवत्ता तथा उससे जुड़े स्वास्थ्य प्रभावों का गहन विश्लेषण किया गया। फ्लोराइड युक्त पानी से स्वास्थ्य जोखिम उजागर शोध के दौरान सामने आया कि मंडावर क्षेत्र के अधिकांश परिवार भूजल का उपयोग करते हैं। लंबे समय तक फ्लोराइड युक्त पानी के सेवन से लोगों में विभिन्न स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका रहती है। शोध में फ्लोराइड की समस्या को कम करने के लिए कुछ सरल घरेलू उपाय भी सुझाए गए हैं। विशेषज्ञ मार्गदर्शन में हुआ शोध कार्य कार्तिक लड्डा ने यह शोध सामुदायिक चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शकीला मुल्ला के मार्गदर्शन में किया। मेडिकल कॉलेज झालावाड़ के डीन डॉ. संजय पोरवाल ने इसे कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध को दिए जा रहे प्रोत्साहन का परिणाम बताया। सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता का संदेश यह शोध केवल मंडावर क्षेत्र की जल समस्या को उजागर करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल, जनस्वास्थ्य और फ्लोराइड के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे भविष्य में जल गुणवत्ता सुधार और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

'पेपर लीक छात्रों की मेहनत और भविष्य से खिलवाड़':कांग्रेस ने कहा-निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो

चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में सामने आ रही गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। स्टेशन रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने कहा कि बार-बार परीक्षाएं रद्द होने और पेपर लीक जैसी घटनाओं से सबसे ज्यादा नुकसान उन छात्रों को हो रहा है, जो महीनों और सालों तक तैयारी करते हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी हंगामी लाल मेवाड़ा ने कहा कि छात्र परीक्षा के लिए लंबे समय तक मेहनत करते हैं और परिवार उनकी पढ़ाई व कोचिंग पर पैसा खर्च करता है। लेकिन जब पेपर लीक हो जाता है या परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं तो छात्रों का समय, पैसा और भरोसा तीनों प्रभावित होते हैं। नीट सहित परीक्षाओं में गड़बड़ियों का उठाया मुद्दा जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि नीट सहित कई परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं से छात्र और उनके परिवार परेशान हुए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी सिर्फ एक पेपर तक सीमित नहीं रहती, बल्कि युवाओं के भविष्य और मानसिक स्थिति पर भी असर डालती है। कांग्रेस ने पेपर लीक मामलों में जिम्मेदारी तय करने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की बात कही। महंगी पढ़ाई के बाद परीक्षा व्यवस्था पर सवाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने कहा कि कई परिवार आर्थिक परेशानियों के बावजूद बच्चों को पढ़ाते हैं और उम्मीद करते हैं कि मेहनत के आधार पर उन्हें सफलता मिलेगी। लेकिन पेपर लीक या परीक्षा रद्द होने से छात्रों की मेहनत प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि लगातार ऐसी घटनाओं से युवाओं का शिक्षा व्यवस्था से भरोसा कमजोर हो रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था बनाई जाए। जिले से ब्लॉक स्तर तक मुद्दा उठाने की बात कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। इसे जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर तक उठाया जाएगा। पार्टी का कहना है कि मेहनत करने वाले छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। कार्यक्रमों को लेकर गुटबाजी के सवाल पर सफाई कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस में अंदरूनी गुटबाजी को लेकर भी सवाल उठे। इस पर जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस के कार्यक्रम संगठनात्मक जिम्मेदारियों के अनुसार अलग-अलग स्तर पर होते हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के अनुसार आयोजित किए जाते हैं और किसी भी तरह के समन्वय की कमी को बातचीत से दूर किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया, हंगामी लाल मेवाड़ा, पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी, करण सिंह सांखला, दिनेश चास्टा, दिनेश गुर्जर, सागर चौधरी, चक्षु शर्मा, शिल्पन साहू, राजा शेख, खुमेंदर गुजर और अहसान पठान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बारां में कांग्रेस ने किया 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम:शिक्षा और रोजगार पर युवाओं ने रखे अपने विचार, कार्यकर्ताओं और स्टूडेंट्स ने लिया भाग

बारां में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस संगोष्ठी और पत्रकार वार्ता का उद्देश्य शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर युवाओं को मंच प्रदान करना था। यह कार्यक्रम लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए ‘शिक्षा न्याय संवाद अभियान’ का हिस्सा था। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कृषिष धाकड़, पूर्व जिलाध्यक्ष हिमांशु धाकड़ और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रत्याशी गौरव धाकड़ के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने शिक्षा एवं रोजगार से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। जिला प्रवक्ता शरद शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान एलसीडी प्रोजेक्टर के माध्यम से वर्तमान शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के सामने मौजूद चुनौतियां, बढ़ती बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताएं और पेपर लीक जैसी समस्याओं पर एक प्रस्तुति दी गई। इसके बाद पत्रकार वार्ता में युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक मीनाक्षी चंद्रावत ने कहा कि शिक्षा और रोजगार युवाओं का मौलिक अधिकार है, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में उन्हें निराशा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बार-बार होने वाले पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और बढ़ती बेरोजगारी को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया। सह जिला प्रभारी संदीप पुरोहित ने इस बात पर जोर दिया कि लाखों युवा वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन अनियमितताओं के कारण उनका विश्वास कमजोर हो रहा है। उन्होंने सरकार से युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। पीसीसी सचिव धर्मराज मेहरा ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों को अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा। वहीं, जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता, उच्च शिक्षा की बढ़ती लागत, सरकारी शिक्षण संस्थानों में संसाधनों की कमी, रिक्त पदों पर भर्ती, कौशल विकास और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर सुझाव एकत्र किए जाएंगे।

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:पति को गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ा, बीच सड़क पीटा; जयपुर में बारिश, सड़कें लबालब हुई; स्कूल में फंदे से लटका बाबू

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर से जुड़ी है। सरकार ने कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर लगी पाबंदी हटा दी है। अब शादी में कितने भी सिलेंडर ले सकेंगे। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. जयपुर में तेज बारिश, कई इलाकों में पानी भरा
जयपुर में गुरुवार को दोपहर में मौसम बदला और आंधी के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान जगह-जगह पानी भर गया, जिससे गाड़ियां बंद हो गई। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन सवारों को हुई। सुभाष चौक इलाके में दुकानों में पानी घुस गया। ऐसा ही हाल एमडी रोड का रहा। पूरी खबर पढ़ें 2. अब शादी में कितने भी सिलेंडर ले सकेंगे, पाबंदी हटाई
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर लगाई पाबंदी को हटा दिया है। इस पाबंदी के हटाने के बाद अब रेस्टोरेंट, होटल संचालकों शादी समारोह में भी कॉमर्शियल सिलेंडर की कोई किल्लत नहीं होगी। हालांकि नए घरेलू कनेक्शन पर अब भी रोक बरकरार है। पूरी खबर पढ़ें 3. मंत्री बोले-1 लाख प्रसूताओं में से 48 की मौत, ये बेहतर आंकड़े
चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा- राजस्थान में फिलहाल 1 लाख डिलीवरी में करीब 48 प्रसूताओं की मौत होती है। यह आंकड़ा राष्ट्रीय मानकों से कहीं ज्यादा बेहतर है। कोटा और बीकानेर में प्रसूताओं की मौत के मामले का आपस में कोई संबंध नहीं है। पूरी खबर पढ़ें 4. राजस्थान सहित 16 राज्यों में CBI की रेड
सीबीआई ने राजस्थान सहित 16 राज्यों में 80 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान डिजिटल अरेस्ट गिरोह के 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी शेल कंपनियों और फेक बैंक अकाउंट से 2 करोड़ रुपए की अवैध कमाई को ठिकाने लगा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें 5. गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ा गया पति, पत्नी ने पीटा
जयपुर में पत्नी ने बाइक पर गर्लफ्रेंड को बैठाकर ले जा रहे पति का पीछा किया और पकड़ लिया। इसके बाद बीच सड़क पर ही दोनों को पीटने लगी। उसने गर्लफ्रेंड को बाल पकड़कर घसीटा और थप्पड़ लगाए। इस दौरान भीड़ महिला को पति की और धुनाई करने के लिए उकसाती रही। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. व्यापारी की हार्टअटैक से मौत, दुकान पर लड़खड़ाकर गिरे
राजसमंद में दुकान पर काम कर रहे व्यापारी की हार्टअटैक से मौत हो गई। व्यापारी दुकान में साफ-सफाई कर रहे थे, तभी अचानक लड़खड़ाकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पूरी खबर पढ़ें 7. सुसाइड नोट लिखकर स्कूल में फंदे से लटका बाबू
पाली के एक प्राइवेट स्कूल में बाबू ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस को मौके से 20 पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें प्रिंसिपल पर परेशान करने और स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पूरी खबर पढ़ें 8. भागवत कथा के दौरान लाठी-डंडों से हमला
अलवर के तिलकपुर गांव मं श्रीमद्भागवत कथा के दौरान बदमाशों ने श्रद्धालुओं पर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। ढाई साल की बच्ची सहित 14 लोग घायल हो गए। इसमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद कथा स्थल पर चीख-पुकार मच गई। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. ग्राहक बनकर आए, सोने की चेन लेकर पार
अजमेर के एक ज्वेलरी शोरूम में युवक-युवती ने शातिराना तरीके से करीब 1 लाख रुपए की चेन पार कर दी। असली चेन की जगह उसी वजन की नकली चेन डिब्बे में रख दी, जिससे स्टॉक का वजन भी बराबर रहा। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. मोहर्रम कल, ताजियों के जुलूस निकलेंगे
प्रदेशभर में 26 जून को मोहर्रम पर ताजियों के जुलूस निकाले जाएंगे। इसको लेकर प्रशासन ने सुरक्षा का पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है। चित्तौड़गढ़ में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।

संत समाज ने की आगजनी की निष्पक्ष जांच की मांग:पिंडवाड़ा के दत्त भगवान मंदिर और देवपुरी आश्रम में हुई थी घटना

पिंडवाड़ा तहसील के आरसना गांव में स्थित दत्त भगवान मंदिर और देवपुरी महाराज आश्रम में 2 जून को हुई आगजनी की घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। संत समाज ने गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की। संत समाज ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि आगजनी से आश्रम परिसर को भारी क्षति हुई है। इस घटना में राष्ट्रीय पक्षी मोर के अंडे और बच्चे, साथ ही खरगोश समेत कई जीव-जंतु जल गए। संतों का आरोप है कि घटना गंभीर होने के बावजूद अब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच धीमी गति से चल रही है। संत समाज ने जिला पुलिस अधीक्षक से वर्तमान जांच अधिकारी को बदलने और मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार के नाम एक ज्ञापन अतिरिक्त जिला कलेक्टर को भी सौंपा। संत समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो देवपुरी महाराज के सानिध्य में संत समाज आमरण अनशन और आंदोलन शुरू करने को मजबूर होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी परिस्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

जयपुर में 10 साल के बच्चे का मिला शव:सिर धड़ से अलग मिला, 8 दिन से था लापता; पुलिस टीमें जांच में जुटीं

जयपुर के मुहाना इलाके में गुरुवार शाम को 10 साल के बच्चे का शव मिला है। बच्चे की सिर धड़ से अलग कर बेरहमी से हत्या की गई है। वारदात की सूचना मिलते ही मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची है। FSL टीम की मदद से घटनास्थल से सबूत जुटाए। फिलहाल नाले में पड़े बच्चे के शव को बाहर निकालने की मशक्कत की जा रही है। बच्चा पिछले 8 दिन से घर से लापता था। खबर को अपडेट किया जा रहा है…

454 श्रद्धालुओं का निःशुल्क तीर्थ यात्रा के लिए चयन:1521 आवेदनों में से ऑनलाइन लॉटरी, 405 ट्रेन और 49 यात्री हवाई यात्रा करेंगे

राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक निःशुल्क तीर्थ यात्रा योजना के तहत सलूम्बर जिले के 454 श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर के वीसी कक्ष में ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की गई। जिलेभर से प्राप्त 1521 आवेदनों में से पात्र श्रद्धालुओं का चयन पारदर्शी तरीके से किया गया। लॉटरी प्रक्रिया जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. और अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। चयनित 454 यात्रियों में से 405 श्रद्धालु रेल मार्ग से विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा करेंगे, जबकि 49 श्रद्धालुओं को हवाई यात्रा का अवसर मिलेगा। यह आवंटन राज्य सरकार द्वारा निर्धारित कोटे के अनुसार किया गया है। देवस्थान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों के लिए तीर्थ स्थलों का अंतिम निर्धारण और यात्रा मार्ग तय होने के बाद विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा। चयनित यात्रियों की सूची जल्द होगी जारी देवस्थान विभाग के अनुसार, चयनित श्रद्धालुओं की सूची जल्द ही विभाग की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इसके अलावा सूची को देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त कार्यालय और जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भी प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आवेदक आसानी से अपने चयन की जानकारी प्राप्त कर सकें। इस व्यवस्था का उद्देश्य चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सभी के लिए सुलभ बनाना है। वेटिंग और अतिरिक्त प्रतीक्षा सूची भी तैयार ऑनलाइन लॉटरी के दौरान चयनित यात्रियों के साथ समान संख्या में वेटिंग सूची भी तैयार की गई है। यदि मुख्य सूची में शामिल कोई श्रद्धालु किसी कारणवश यात्रा नहीं कर पाता है, तो वेटिंग सूची में शामिल व्यक्ति को अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एक अतिरिक्त प्रतीक्षा सूची भी बनाई गई है, जिससे यात्रा कार्यक्रम प्रभावित न हो और रिक्त स्थानों को समय पर भरा जा सके। 2011 की जनगणना के आधार पर मिला यात्रा कोटा देवस्थान विभाग ने बताया कि तीर्थ यात्रा योजना के लिए जिलों का कोटा वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर निर्धारित किया गया है। इसी मानक के अनुसार सलूम्बर जिले को 405 रेल यात्रियों और 49 हवाई यात्रियों का आवंटन प्राप्त हुआ है। इस कोटे के आधार पर ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया आयोजित कर पात्र वरिष्ठ नागरिकों का चयन किया गया। अगस्त के बाद रवाना हो सकती है पहली तीर्थ यात्रा ट्रेन विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सलूम्बर जिले से तीर्थ यात्रियों की पहली विशेष ट्रेन अगस्त माह के बाद रवाना होने की संभावना है। विभिन्न तीर्थ स्थलों के लिए रूट तय होने के बाद यात्रा की तिथियां और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। लॉटरी प्रक्रिया के दौरान जिला प्रभारी सचिव खजान सिंह वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। वहीं वीसी कक्ष में जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी., अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन गांधी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार, उपनिदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग दीपक धाकड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र परमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से अमोल अहारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

संयम लोढ़ा का आरोप: बायपास सर्वे बदला गया:भाजपा नेता को फायदा पहुंचाने के लिए की मास्टर प्लान की अनदेखी

सिरोही डाक बंगले में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिरोही की बैठक पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर में हुई चोरी, गौ-रक्षा के नाम पर राजनीति, सिरोही बायपास के सर्वे में बदलाव और मनरेगा मजदूरों के भुगतान जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। पूर्व विधायक लोढ़ा ने आरोप लगाया कि सिरोही से गुजरने वाले बायपास के सर्वे की रिपोर्ट को बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि कम दूरी और कम बजट के बावजूद, मास्टर प्लान की अनदेखी कर भाजपा के एक नेता को व्यक्तिगत फायदा पहुंचाने के लिए यह बदलाव किया जा रहा है। लोढ़ा ने अयोध्या में राम मंदिर में हुई चोरी को करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर चोट बताया। उन्होंने कहा कि राम के नाम पर वोट लेकर सत्ता में आई भाजपा के लोगों की इसमें भागीदारी की खबरें शर्मनाक हैं, जिसकी सीधी जवाबदेही प्रधानमंत्री मोदी की बनती है। उन्होंने भाजपा की गौ-राजनीति पर भी सवाल उठाए, जिसमें बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा के बयानों का जिक्र किया। लोढ़ा ने बताया कि मुस्लिम संगठनों द्वारा भी गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग की गई है, लेकिन सरकार बहाने बना रही है। उन्होंने सिरोही की वर्तमान कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। लोढ़ा ने कालंद्री थाने में नाबालिग बच्ची के साथ हुए गैंगरेप मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी न होने का मुद्दा उठाया। मनरेगा योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वर्तमान में सिरोही तहसील में करीब सात हजार लोगों को काम मिल रहा है, जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान इसी समय लगभग तीस हजार लोगों को काम मिलता था। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में काम कर रहे मनरेगा मजदूरों को पिछले चार महीने से मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है। बैठक को ब्लॉक अध्यक्ष रतन माली ने भी संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली और पानी की समस्याओं पर अपनी बात रखी।