ब्रेकिंग न्यूज़
मुहर्रम पर पहलवान ने कीलों पर लेटकर पत्थर तुड़वाया:सीकर में ताजियों को पहनाई नोटों की माला,मातमी धुन के बीच निकला जुलूस

सीकर में मुहर्रम के मौके पर अकीदत और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। दोपहर से लेकर शाम तक जाट बाजार और मोचीवाड़ा एरिया से मुहर्रम का जुलूस निकला। जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कर्बला मैदान पहुंचा। मातमी धुनों के बीच निकले ताजिया जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। इस दौरान एक पहलवान ने कीलों पर लेटकर सीने पर पत्थर तुड़वाने का हैरतअंगेज प्रदर्शन किया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पहले देखिए, मुहर्रम से जुड़ी PHOTO’S मुहर्रम पर्व पर 7 ताजिए जाट बाजार एरिया से और 6 ताजिए मोचीवाड़ा एरिया से निकले। मोचीवाड़ा एरिया से निकलने वाले ताजियों को परंपरा के मुताबिक नोटों की माला पहनाई गई। जुलूस के दौरान सीकर के जाट बाजार में पप्पू पहलवान ने कीलों पर लेटकर अपनी छाती पर रखकर करीब 50 किलो का पत्थर तुड़वाया। इस करतब को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी। जुलूस के दौरान जाट बाजार में कई बार युवाओं के बीच नोकझोंक हुई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें समझाया। आज जुलूस के दौरान सीकर में ड्रोन कैमरे से हर मूवमेंट की निगरानी रखी गई।

फलोदी में मातमी धुनों के बीच निकले ताज़िए:अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन की शहादत को किया याद, व्यवस्था संभालने के लिए सुरक्षा जवान रहे तैनात

फलोदी में मुहर्रम के अवसर पर बुधवार शाम पारंपरिक श्रद्धा और अनुशासन के साथ ताज़ियों का जुलूस निकाला गया। अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की कुर्बानी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। किले के पीछे से शुरू हुआ जुलूस ताज़िया जुलूस की शुरुआत किले के पीछे स्थित क्षेत्र से हुई, जहां शहर के विभिन्न मोहल्लों से तैयार किए गए ताज़िए एकत्रित हुए। इसके बाद लोहार एवं कुरेशी, चूडीगर, नयारिया और फकीर समाज की ओर से निकाले गए ताज़िए निर्धारित मार्गों से होकर आगे बढ़े। जुलूस में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ अन्य समुदायों के नागरिकों ने भी भागीदारी निभाई। मातमी धुनों के बीच गूंजती रहीं ‘हुसैन’ की सदाएं जुलूस के दौरान मातमी धुनों और ‘हुसैन’ की सदाओं के बीच अकीदतमंदों ने अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मार्ग में कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने शर्बत एवं पेयजल की व्यवस्था कर जुलूस का स्वागत किया। ताज़ियों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की छतों और मार्ग के किनारे मौजूद रहे। वहीं किले के आसपास मुहर्रम के अवसर पर लगी अस्थायी दुकानों पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन ने किए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम मुहर्रम के जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 35 पुलिसकर्मियों और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे जुलूस के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

राजस्थान में कल से सफाई व्यवस्था ठप:सफाई कर्मी सामूहिक अवकाश पर, कामों का करेंगे बहिष्कार, जयपुर समेत सभी निकाय प्रभावित

राजस्थान में सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज हो गया है। सफाई कर्मियों की भर्ती समेत कई मांगों को लेकर राजस्थान के सफाई कर्मचारियों ने शनिवार से सामूहिक अवकाश पर जाने और सफाई व्यवस्था ठप करने का ऐलान किया है। आंदोलन के तहत जयपुर समेत प्रदेश के सभी नगर निकायों में कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे। सफाई कर्मचारी संगठनों और संघर्ष समिति ने शुक्रवार को हुई आमसभा में यह फैसला लिया। इसके तहत सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगरपालिकाओं के वार्डों में कर्मचारी अपनी-अपनी हाजरी गाहों(उपस्थिति केंद्रों) पर एकत्र होकर प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिसके विरोध में यह प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जा रहा है। इससे कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। प्रदेशभर में सफाई कार्य बंद कर जताया जाएगा विरोध संघर्ष समिति के अध्यक्ष नंदकिशोर डंडोरिया ने बताया कि भर्ती से जुड़ी मांगों पर सरकार की ओर से कोई सकारात्मक फैसला नहीं होने के कारण आंदोलन को अगले चरण में ले जाने का फैसला किया गया है। पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन और भूख हड़ताल करने के बावजूद सरकार ने उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया। ऐसे में अब प्रदेशभर में सफाई कार्य बंद कर विरोध जताया जाएगा। संघर्ष समिति के अनुसार, शनिवार सुबह 8 बजे समिति के सदस्य जयपुर की छोटी चौपड़ पर एकत्र होंगे। इसके बाद विभिन्न वार्डों में जाकर कर्मचारियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील करेंगे। साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाले हूपर चालकों, हेल्परों और सेकेंडरी कलेक्शन से जुड़े कर्मचारियों से भी हड़ताल का समर्थन करने का आग्रह किया गया है। सफाई कर्मचारियों से एकजुट रहने की अपील नंदकिशोर ने इसे कर्मचारियों के भविष्य की लड़ाई बताते हुए सभी सफाई कर्मचारियों से एकजुट रहने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि इस बार मांगें नहीं मानी गई तो भविष्य में सफाई कर्मचारियों के अधिकार और रोजगार पर असर पड़ेगा। इधर, वाल्मीकि समाज की ओर से भी प्रदेशभर के समाज के लोगों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से आंदोलन के समर्थन की सार्वजनिक अपील जारी की गई है। अपील में कहा गया है कि समाज की आर्थिक स्थिति और बढ़ती बेरोजगारी को देखते हुए सभी लोग इस राज्यव्यापी आंदोलन में सहयोग करें। सफाई कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में भर्ती में परंपरागत सफाई कार्य से जुड़े लोगों को प्राथमिकता देना, पूर्व भर्ती से जुड़े न्यायालयीन मामलों के पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देना, वर्तमान में सफाई कार्य कर रहे कर्मचारियों को प्राथमिकता देना, भर्ती को यूनियन के साथ हुए समझौते के अनुसार पूरा करना, ठेका प्रथा समाप्त कर आउटसोर्सिंग बंद करना तथा निकाय कोष से भुगतान सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अलावा भर्ती प्रक्रिया में तीन गुना लॉटरी प्रणाली लागू करने और चयनित कर्मचारियों को दो वर्ष की सेवा के बाद स्थाई करने की मांग भी उठाई गई है।

वन विभाग के तीन कार्मिक सस्पेंड:अवैध खनन के मामले में कार्रवाई, विजिलेंस टीम ने डिकॉय ऑपरेशन किया था

दौसा डीएफओ ने वन विभाग के तीन कार्मिकों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई अरावली क्षेत्र में हो रहे अवैध पत्थर खनन के मामले में की गई है। जयपुर वन विभाग की विजिलेंस टीम ने एक डिकॉय ऑपरेशन किया था। इस ऑपरेशन में इन तीनों कार्मिकों की अवैध खनन में संलिप्तता पाई गई। उनकी लापरवाही के कारण क्षेत्र में लगातार अवैध खनन हो रहा था, जिसके बाद विभाग ने यह कदम उठाया। दौसा डीएफओ हरिकिशन सारस्वत ने बताया कि निलंबित किए गए कार्मिकों में वनपाल गिरधारी लाल मीणा, रामजीलाल मीणा और सहायक वनपाल सोहनलाल बैरवा शामिल हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध खनन के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

टैलेंट के मंच पर चमकीं मिस राजस्थान की फाइनलिस्ट:किसी ने डांस तो किसी ने पेंटिंग से जीता दिल, पूरे कॉन्फिडेंस के साथ स्टेज को बनाया दोस्त

रैंप पर खूबसूरती का जलवा बिखेरने से पहले राजस्थान की 28 प्रतिभाशाली युवतियों ने अपने हुनर से सभी को प्रभावित किया। फ्यूजन ग्रुप की ओर से आयोजित मिस राजस्थान 2026 के टैलेंट राउंड में मॉडल्स ने यह साबित कर दिया कि मिस राजस्थान केवल ग्लैमर का मंच नहीं, बल्कि प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का भी उत्सव है। सीकर रोड स्थित आर. चंद्रा पैलेस में आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम में टॉप-28 फाइनलिस्ट ने अपनी-अपनी कला का ऐसा प्रदर्शन किया कि निर्णायकों के साथ मौजूद दर्शक भी मंत्रमुग्ध हो गए। किसी ने शास्त्रीय और वेस्टर्न डांस की मनमोहक प्रस्तुति दी, किसी ने मधुर गायन से समां बांधा। हर प्रतिभागी अपने हुनर के साथ मंच पर उतरी कई प्रतिभागियों ने अभिनय के जरिए भावनाओं को मंच पर जीवंत कर दिया, तो किसी ने अपनी पेंटिंग और रचनात्मक कला से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। हर प्रतिभागी अपने हुनर के साथ मंच पर उतरी और पूरे आत्मविश्वास के साथ खुद को साबित करने का प्रयास करती नजर आई। कार्यक्रम के दौरान भावनात्मक दृश्य भी देखने को मिले। कई प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उनके माता-पिता और परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। मंच पर बेटियों का प्रदर्शन देखकर अभिभावकों के चेहरे पर गर्व साफ दिखाई दे रहा था। पूरे सभागार में तालियों की गूंज और प्रतिभागियों का आत्मविश्वास इस आयोजन को यादगार बना गया। पहले देखिए, इवेंट के फोटोज
अब ग्रैंड फिनाले की ओर बढ़ रही टॉप-28 फाइनलिस्ट आयोजक योगेश मिश्रा और निमिषा मिश्रा ने बताया कि मिस राजस्थान देश का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित, भारत सरकार से पंजीकृत ब्यूटी पेजेंट है। यहां से हर वर्ष कई प्रतिभागी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित होकर राजस्थान का नाम रोशन करती है। इस वर्ष प्रदेशभर से लगभग 6500 प्रतिभागियों ने आवेदन किया था, जिनमें से चयनित टॉप-28 फाइनलिस्ट अब ग्रैंड फिनाले की ओर बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि फिनाले वीक के तहत 26 और 27 जून को आर. चंद्रा पैलेस, 28 जून से 1 जुलाई तक हैवा हेवन (जामडोली) और 2 से 4 जुलाई तक होटल पार्क ओशन में ग्रूमिंग, ट्रेनिंग, फोटोशूट, सब-टाइटल प्रतियोगिताएं और विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके बाद 4 जुलाई की शाम बी.एम. बिड़ला ऑडिटोरियम में ग्रैंड फिनाले होगा। फिनाले में जयपुर की प्रसिद्ध डिजाइनर माधुरी चेतवानी (ड्रेसजीला) का रॉयल कलेक्शन, जेकेजे फैशन का ब्राइडल कलेक्शन, शिव ज्वेलर्स की पारंपरिक राजस्थानी ज्वेलरी और परम्परा द ज्वैल्स की डायमंड ज्वेलरी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। टैलेंट राउंड का जजमेंट मिस राजस्थान की डायरेक्टर एकता जैन, जीएम नवल शेखावत, आलोक शर्मा, संदीप जैन, रविंद्र सिंह, वासु जैन, डॉ. ऋतु अग्रवाल, डॉ. विवेक रूंगटा, मंजीत सिंह और हुकुम सिंह ने किया। प्रतिभागियों से किसी प्रकार का नहीं लिया जाता शुल्क कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुकेश सैनी ने कहा कि आज के दौर में इतनी विविध प्रतिभाओं को एक मंच पर देखना बेहद सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि मिस राजस्थान का सबसे सराहनीय पहलू यह है कि इसमें प्रतिभागियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता और उन्हें एक महीने तक प्रोफेशनल ग्रूमिंग एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

ग्रेजुएशन के बाद नौकरी नहीं लगी तो बना तस्कर:ढाबे की आड़ में शुरू किया ड्रग्स का धंधा, ट्रक ड्राइवर ने दिया था आइडिया

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने एक साल से फरार चल रहे तस्कर को नेतड़ा टोल (जोधपुर) से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनील (26) ग्रेजुएट है। जब उसे नौकरी नहीं मिली, तो उसने हाईवे पर ढाबा खोला और फिर यहीं से तस्करी का पूरा नेटवर्क शुरू कर दिया। आरोपी सुनील ढाबे की आड़ में तस्करी का काम करता था। जब उसके एक साथी को हनुमानगढ़ पुलिस ने पकड़ा, तो वह फरार हो गया था। सुनील पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। जब टीम ने उसे नेतड़ा टोल से पकड़ा और पूछा कि क्या उसके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज है, तो वह नाटक करने लगा और बोला- ‘मुझे याद नहीं।’ रिश्तेदार के यहां परिवार के साथ जा रहा था आरोपी एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया – सुनील का एक साथी पंजाब में अवैध मादक पदार्थों की खेप पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान हनुमानगढ़ पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने सुनील का नाम उगल दिया। इसके बाद जब पुलिस टीम सुनील के ढाबे पर पहुंची, तो वह पहले ही फरार हो चुका था। उसे भनक लग गई थी कि पुलिस उसका पीछा कर रही है, जिसके बाद वह ढाबा बंद कर फरार चल रहा था। आईजी विकास कुमार ने बताया- इसी बीच टीम को सूचना मिली कि सुनील अपने गांव आया हुआ है और परिवार के साथ किसी कार्यक्रम में शामिल होने जोधपुर जा रहा है। इस पर पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की। सुनील काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में अपने परिवार के साथ निकला था। एक टीम उसके गांव से ही उसका पीछा कर रही थी, जबकि दूसरी टीम नेतड़ा टोल पर तैनात थी। जैसे ही सुनील की गाड़ी नेतड़ा टोल पर पहुंची, वहां दोनों टीमों ने उसे घेर लिया और गाड़ी से नीचे उतारकर दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
ट्रक ड्राइवर के आइडिया पर शुरू किया अवैध काम एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया- सुनील जोधपुर जिले के खेड़ापा थाने के झाझड़ों की ढाणी, कजनाऊ पालड़ी का रहने वाला है। बीए ग्रेजुएट होने के बाद वह नौकरी की तलाश करने लगा। जब उसे नौकरी नहीं मिली, तो उसने जोधपुर-नागौर हाईवे पर ‘हरि ओम होटल’ खोला, लेकिन वह ढंग से नहीं चल पा रहा था। इसी होटल पर पंजाब का एक ट्रक ड्राइवर उससे मिला। खाना खाने के दौरान उसने सुनील को बातों ही बातों में ड्रग्स बेचने की सलाह दी। इसी ट्रक ड्राइवर की बातों में आकर उसने होटल की आड़ में तस्करी शुरू कर दी।
तस्करी के बाद होटल पर लगने लगी ड्राइवरों की लाइन, पंजाब तक सप्लाई करने लगा विकास कुमार ने बताया- सुनील की होटल पर लाइन लगने लगी। यहीं पर एक ट्रक ड्राइवर ने सुनील का कॉन्टैक्ट मौगा, पंजाब के तस्कर से करवा दिया। सुनील ने इस काम में होटल पर काम करने वाले लोगों को भी साथ में शामिल कर लिया। वह होटल पर काम करने वाले लोगों को रुपए का लालच देकर अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई पंजाब तस्करों को पहुंचाने लगा। इसी बीच उसका साथी हनुमानगढ़ में पकड़ा गया। जब उससे पूछताछ हुई तो उसने सुनील के बारे में बताया। एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया- टीम ने लगातार पांचवें दिन इनामी तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन के नाम मदशम्बूक रखा गया है। यह प्रदेश के टॉप मोस्ट ड्रग सप्लायर में शामिल है।

मुहर्रम पर ताजिया जुलूस में उमड़ी अकीदत:गूंजे या हुसैन के नारे, पलटन, धोलीबावड़ी और अलीपुरा के ताजिए रहे आकर्षण का केंद्र

उदयपुर में हजरत मोहम्मद के नवासे हजरत इमाम हुसैन और करबला के शहीदों की याद में शुक्रवार को मुहर्रम पर मुस्लिम समाज ने ताजियों का जुलूस निकाला। दोपहर को करीब 2 बजे ताजियों का जुलूस शुरू हो गया था। पहले गली-मोहल्लों से छोटे तालियों का जुलूस निकाला गया। जो हरवेन जी का खुर्रा, हाथीपोल, मोती चोहट्टा, घंटाघर, गणेशघाटी, तीज का चौक, चोखला बाजार, भड़भूजा घाटी, बड़ा बाजार, जगदीश चौक होकर लालघाट पहुंचे। इसके बाद देर शाम बड़े ताजियों का जुलूस शुरू हो गया। इसमें प्रमुख आकर्षण का केन्द्र बड़ी पलटन, धोलीबावड़ी और अलीपुरा के ताजिये रहे। बड़ी संख्या में समुदाय के लोग परिवार सहित शामिल होने पहुंचे। इस अवसर पर ताजिये को रंग-बिरंगी रोशनी से सुंदर सजाया गया। रास्तेभर समुदाय के युवा या हुसैन के नारे लगाते रहे। जो लोग जुलूस में शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने मस्जिदों में इबादत की। जुलूस के दौरान लोगों ने हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मातम किया और नोहे पढ़े।

मोहर्रम का पर्व मातमी धुन से मनाया:झालावाड़ में इमाम हुसैन की शहादत पर निकले 2 दर्जन से अधिक ताजिए

झालावाड़ में कर्बला के शहीद हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मोहर्रम का पर्व मातमी धुनों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर में करीब दो दर्जन से अधिक ताजिए निकाले गए। बीती रात से ही शहर के बाजारों में रौनक बनी रही। विभिन्न मोहल्लों में बनाए गए ताजियों को बड़ा बाजार सीमेंट रोड पर एकत्रित किया गया। यहां अखाड़े के युवाओं ने पट्टेबाजी का प्रदर्शन किया। मातमी धुन पर ताशे बजाए जा रहे थे, वहीं युवा ‘या अली या हुसैन’ के नारों से माहौल को गमगीन कर इमाम हुसैन की शहादत के प्रति अपनी आस्था प्रकट कर रहे थे। बैंड की धुन पर औलेमा मर्सिया कलाम पढ़ रहे थे। दोपहर बाद धार्मिक नारों के साथ ताजियों को उठाया गया। यह जुलूस सर्राफा बाजार, धोकड़े बालाजी, गागरोन गेट होते हुए गांव बाहर मस्जिद चूड़ीगरान के सामने ले जाकर मकाम कराया गया। जुलूस वाले मार्ग पर अकीदतमंदों ने छबीलें लगाकर शरबत-पानी और हलीम वितरित की।

मोहर्रम पर निकाला पांच ताजियों का सामूहिक जुलूस:देर शाम कर्बला में सैराब, युवाओं ने विभिन्न पारंपरिक करतबों का किया प्रदर्शन

डीडवाना में इस्लाम धर्म के पैगम्बर हजरत मुहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मोहर्रम का पर्व परंपरागत रीति-रिवाजों और अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर से पांच ताजियों का सामूहिक जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में अकीदतमंदों ने भाग लिया और इमाम हुसैन को श्रद्धांजलि अर्पित की। मातमी धुनों और ढोल-ताशों के साथ ताजियों का यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। मुख्य बाजार और सदर बाजार में ताजियों के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं बची। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां दुकानों व मकानों की छतों से ताजियों का दीदार करती दिखीं। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सिंघी तलाई स्थित कर्बला पहुंचा। यहां परंपरा के अनुसार सभी ताजियों को सैराब किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआएं मांगीं। इससे पहले, सैयदों की हताई पर एक मुख्य जलसे का आयोजन किया गया। इसमें शहर के सभी ताजियों और अखाड़ों ने भाग लिया। अकीदतमंदों ने अपनी मन्नतों के अनुसार ताजियों पर सेहरे चढ़ाए। बुजुर्गों और युवाओं ने तलवारों से हैदौस तथा लाठियों के विभिन्न पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया। मोहर्रम के दौरान पूरे शहर में श्रद्धा, अनुशासन और आपसी सौहार्द का माहौल बना रहा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके कारण यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

वैभव गहलोत बोले-केंद्र सरकार संवैधानिक-संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही:जालोर में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक; छात्रों की गूंज अभियान पर चर्चा

कांग्रेस नेता और लोकसभा प्रत्याशी रहे वैभव गहलोत ने जालोर में कहा- केंद्र की भाजपा सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया है। छात्र हितों पर कुठाराघात किया है। पूरा देश पेपर लीक मामले में स्पष्टीकरण मांग रहा है लेकिन पीएम और शिक्षा मंत्री चुप हैं। देश का युवा, छात्र, महिला, व्यापारी, किसान सब परेशान हैं। वैभव गहलोत शुक्रवार को जालोर के राजीव गांधी भवन में हुई जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में बोल रहे थे। इसके बाद छात्रों की गूंज अभियान की प्रेसवार्ता हुई जिसमें जिला सहप्रभारी दिलीप चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अभी तक केंद्रीय शिक्षामंत्री से पेपरलीक पर स्पष्टीकरण नहीं मांगा। जाहिर है कि केंद्र सरकार युवा और छात्र विरोधी है। छात्रों के मुद्दे पर किसने क्या कहा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल- छात्रों और युवाओं के साथ हो रहे इस अन्याय के खिलाफ लड़ने और सरकार को जवाब देने के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने 17 जून से कोटा में देशव्यापी अभियान शुरू किया है। छात्रों की गूंज अभियान में जिला कांग्रेस कमेटी छात्रों के मुद्दे ताकत से उठाएगी। रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी- पेपरलीक मामले में कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ खड़ी है। उनके साथ अन्याय नहीं होने देंगे। राहुल गांधी छात्र हित में लगातार संघर्ष कर रहे हैं। केंद्र की भाजपा सरकार पेपरलीक में अपने शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बचाने की कोशिश कर रही है। जालोर जिला सह प्रभारी दिलीप चौधरी- वर्तमान में शिक्षा-रोजगार का गंभीर संकट है। लगातार पेपरलीक की घटनाएं, एग्जाम रद्द होना, भर्ती में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और परीक्षा एजेंसियों की विफलता से छात्रों में निरक्षा और असुरक्षा का भाव है। कांग्रेस पार्टी लगातार छात्र हितों की आवाज बुलंद कर रही है। बैठक में पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर, लाल सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष जुल्फिकार अली, वीराराम वधेला, सुरेश सियाग, मांगीलाल प्रजापत, सूरज सिंह सुराणा, पदमाराम सरगरा, जिला प्रवक्ता रमेश सोलंकी, जालोर ब्लॉक अध्यक्ष भोमाराम मेघवाल, सायला ब्लॉक अध्यक्ष सवाई सिंह चंपावत,आहोर ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह डोडियाली, जसवंतपुरा ब्लॉक अध्यक्ष जीवाराम चौहान, दिनेश कुमार पुरोहित व महेंद्र सोनगरा उपस्थित थे।