ब्रेकिंग न्यूज़
मुहर्रम पर निकला ताजियों का जुलूस:इमाम हुसैन की याद में बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग, आकर्षक नक्काशी करने वालों का सम्मान

नाथद्वारा में शुक्रवार को मुहर्रम पर इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में भाईचारे के साथ फौज मोहल्ला स्थित मस्जिद से युवाओं की मौजूदगी में ताजियों का जुलूस निकाला गया। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। वहीं गरीब नवाज कॉलोनी से भी ताजिया अंजुमन चैक पहुंचे। यहां युवाओं और सामाजिक संगठनों की ओर से आमजन को खीर और तबर्रुक का वितरण किया गया। जुलूस में एकता और भाईचारा दिखा जुलूस के दौरान कौमी एकता और भाईचारे का संदेश देखने को मिला। समाज के युवाओं ने सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों का अभिनंदन किया। वहीं करीब एक माह तक मेहनत कर ताजियों पर आकर्षक नक्काशी करने वाले कारीगरों का सकल मुस्लिम समाज के अध्यक्ष और कमेटी सदस्यों ने साफा पहनाकर सम्मान किया। गनी बाबा दरगाह पहुंचे ताजिये शुक्रवार शाम को मुख्य ताजिया जुलूस फौज मोहल्ला और सिंघवी जी की हवेली मार्ग से होते हुए गनी बाबा दरगाह पहुंचा। इस दौरान रोजे रखे और मस्जिदों में विशेष इबादत की। मस्जिद में इमाम मोहम्मद अयूब रजा ने फातिहा ख्वानी की रस्म अदा की। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम आयोजन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। डिप्टी शिप्रा राजावत के निर्देशन और सीआई विक्रम सिंह के नेतृत्व में पूरे मार्ग पर पुलिस जाप्ता तैनात रहा। शांतिपूर्ण माहौल में मुहर्रम का आयोजन संपन्न हुआ।

स्टेट नोडल अधिकारी ने अस्पतालों का किया निरीक्षण:स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर गुणवत्ता बढ़ाने के दिए निर्देश

राज्य सरकार द्वारा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से स्टेट नोडल अधिकारी डॉ. इन्द्रजीत सिंह ने ब्यावर का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिले के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिला चिकित्सालय ब्यावर और उप जिला चिकित्सालय जैतारण का दौरा कर चिकित्सा सेवाओं, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. सिंह ने अस्पताल के ओपीडी, आईपीडी, आपातकालीन सेवाओं, प्रसूति कक्ष, ऑपरेशन थियेटर, प्रयोगशाला, दवा वितरण केंद्र और विभिन्न वार्डों का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही, अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से संवाद कर सुविधाओं के संबंध में सीधा फीडबैक भी प्राप्त किया। डॉ. इन्द्रजीत सिंह ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चिकित्सा संस्थानों में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाएं, उपकरणों की कार्यशीलता और मरीजों की देखभाल में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए पूर्ण जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। डॉ. सिंह ने उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने और नियमित निगरानी पर भी विशेष बल दिया। दौरे के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की भी विशेष समीक्षा की गई। डॉ. सिंह ने प्रसूति कक्ष, नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू/एनबीएसयू), प्रसवोत्तर वार्ड और टीकाकरण सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराने, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की नियमित निगरानी करने और समय पर रेफरल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नवजात एवं शिशुओं को बेहतर देखभाल, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, पूर्ण टीकाकरण, स्तनपान प्रोत्साहन तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए सभी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। डॉ. इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि चिकित्सा संस्थानों में हर स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं तथा मरीजों के उपचार एवं सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लोकेश कुमावत, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. चौहान, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप मुलेवा सहित ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारी, संस्थान प्रभारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

कोटा-बूंदी में खुलेंगे 11 नए आधार नामांकन केंद्र:ब्लॉक स्तर पर ही मिलेगी सुविधा, सरकारी योजनाओं का लाभ लेना होगा आसान

कोटा और बूंदी जिलों में ब्लॉक स्तर पर 11 नए आधार नामांकन और संशोधन केंद्रों की सुविधा शुरू की जा रही है। इस सुविधा के शुरू होने से हजारों ऐसे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जिनके आधार कार्ड अब तक नहीं बन पाए हैं या जिनके दस्तावेजों में त्रुटियों के कारण वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित थे। हाल ही में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश पर एक ग्राम पंचायत में पायलट प्रोजेक्ट के तहत सर्वे करवाया गया था। इस सर्वे में सामने आया कि बड़ी संख्या में नागरिक आधार कार्ड व अन्य आवश्यक दस्तावेजों के अभाव या उनमें त्रुटियों के कारण जन आधार, खाद्य सुरक्षा, पेंशन, छात्रवृत्ति, किसान सम्मान निधि और जमाबंदी संशोधन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। पहले सीमित आधार केंद्रों के कारण लोगों को दूर-दराज के इलाकों से कोटा और अन्य बड़े शहरों तक जाना पड़ता था, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और श्रमिकों को समय, धन और परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर ही आधार बनने और दस्तावेजों में संशोधन होने से नागरिक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में आसानी से अपना नाम जुड़वा सकेंगे और आवश्यक सुधार करा सकेंगे। इन 11 ब्लॉक पर उपलब्ध होगी सुविधा कोटा जिले में यह सुविधा जिला परिषद कार्यालय कोटा, लाडपुरा ब्लॉक के गंदीफली व मवासा के ग्राम पंचायत भवनों में उपलब्ध रहेगी। बून्दी जिले में बून्दी उप पंजीयक कार्यालय, तहसील कार्यालय, केशवरायपाटन पंचायत समिति, नैनवां पंचायत समिति, धनेश्वर ग्राम पंचायत, पंचायत समिति तालेड़ा, उपखंड अधिकारी कार्यालय लाखेरी और हिंडोली पंचायत समिति स्थित सेवा केंद्र में आधार नामांकन एवं संशोधन की सुविधा उपलब्ध होगी।

सूरजगढ़ में शराब के ठेके के बाहर शव रखकर प्रदर्शन:भाई बोला-जहरीली शराब पिलाकर हत्या की गई; पुलिस से कार्रवाई की मांग

सूरजगढ़ के उरीका गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई। मृतक संजय नायक की मौत के बाद ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन किया। घटना स्थल पर परिजनों व ग्रामीणों ने शव को रखकर न्याय की गुहार लगाई है। ​मृतक के भाई संदीप नायक का कहना है- उनके भाई संजय को काम के सिलसिले में बुलाया गया था। आरोप है कि मजदूरी देने की बजाय, ठेकेदार द्वारा संजय को जहरीली शराब पिलाई गई। इसके बाद पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ और संजय की मारपीट के बाद हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि संजय का एक छोटा बेटा भी है, जिसके ऊपर से पिता का साया उठ चुका है। ऐसे में संजय परिवार का सहारा था। अब देखिए- तस्वीरें ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस इलाके में अवैध रूप से शराब की तीन शाखाएं (ब्रांच) चल रही हैं, जहां हरियाणा निर्मित शराब बेची जा रही है। ​ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने प्रशासन और पुलिस को इन अवैध गतिविधियों की बार-बार जानकारी दी थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ​ग्रामीणों का आरोप है कि शराब ठेकेदार अपनी गुंडागर्दी के दम पर यह अवैध कारोबार चला रहे हैं और स्थानीय लोगों को डरा-धमका कर चुप करा देते हैं। इसी कारण क्षेत्र में अवैध शराब का धंधा चल रहा है। ​संदीप ने प्रशासन से मांग की है कि प्रशासन मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए और बच्चों के भविष्य के लिए पर्याप्त मुआवजा दिया जाए। साथ ही, उन्होंने शराब ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें आजीवन कारावास की सजा दिलवाने की मांग की है। ​सीआई रणजीत सेवदा के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों व परिजनों से समझाइश का प्रयास किया गया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने अवैध शराब की दुकानों को तुरंत प्रभाव से बंद करने की मांग की है।

श्रीगंगानगर में मिला पाकिस्तानी गुब्बारा:PIA लिखा हवाई जहाज के डिजाइन का बलून खेत में मिला; जांच शुरू

श्रीगंगानगर में पाकिस्तान से उड़कर आने वाले संदिग्ध गुब्बारों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। जिले में एक बार फिर पाकिस्तानी गुब्बारा बरामद हुआ। इस बार घमुड़वाली थाना क्षेत्र के गांव 56 एलएनपी में शुक्रवार शाम 5 बजे यह गुब्बारा पाया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार- गांव 56 एलएनपी के रहने वाले विनोद कुमार पुत्र फूलचंद को अपने खेत में संदिग्ध गुब्बारा पड़ा मिला। उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद थाना घमुड़वाली की टीम और एएसआई जयप्रकाश मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुब्बारे को कब्जे में ले लिया और जांच की। पुलिस के अनुसार बरामद गुब्बारा गुलाबी और सफेद रंग का है। यह हवाई जहाज के आकार में है। इस पर अंग्रेजी में PIA (Pakistan International Airlines) लिखा है और चांद-तारे का निशान है। मालखाने में जमा किया एहतियात बरतते हुए पुलिस ने गुब्बारे को सुरक्षित रूप से मालखाने में जमा कर दिया है। मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या गुब्बारा दिखाई दे तो उसे हाथ न लगाएं और नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचना दें।

भरतपुर क्रिकेट-संघ सचिव पर महिला खिलाड़ियों के उत्पीड़न का आरोप:RCA ने जांच कमेटी बनाई; कन्वीनर बोले- ऐसे लोगों पर आजीवन बैन लगाएंगे

भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुघ्न तिवारी के खिलाफ खिलाड़ियों ने गंभीर शिकायतें दर्ज करवाई हैं। इनमें महिला खिलाड़ियों के साथ उत्पीड़न और छेड़छाड़ भी शामिल है। एडहॉक कमेटी के कन्वीनर डॉ. मोहित यादव ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। वे राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एनुअल जनरल बॉडी मीटिंग में पहुंचे थे। डॉ. मोहित यादव ने बताया- मैं फिलहाल इस मामले में ज्यादा नहीं बता पाऊंगा, क्योंकि यह पॉक्सो का मामला भी बनता है। इस मामले को लेकर 4 सदस्यों की कमेटी अगले 25 दिन में जांच कर रिपोर्ट देगी। उन्होंने कहा- अगर इस मामले में भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी दोषी होंगे तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्हें RCA से आजीवन बैन कर दिया जाएगा। मीटिंग में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया है। RCA एडहॉक कमेटी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी
डॉ. मोहित यादव ने बताया- 25 दिन में जांच कमेटी पीड़ित पक्ष और गवाहों के बयान लेने के साथ ही सचिव का पक्ष भी जानेगी। इसके बाद RCA एडहॉक कमेटी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। अगर उस रिपोर्ट में सचिव दोषी पाए जाते हैं तो सरकार को लेटर लिखकर कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे, ताकि भविष्य में RCA में इस तरह की घटना न हो। मोहित यादव ने कहा- मैं राजस्थान की सभी महिला खिलाड़ियों से अपील करूंगा कि अगर उनके साथ गलत हुआ है। वह भी अपनी बात हम तक पहुंचाएं। हम उनके साथ खड़े हैं। पुलिस में शिकायत दर्ज करने से लेकर किसी और जगह भी अगर हमारी मदद की जरूरत होगी। हम उनके साथ मौजूद रहेंगे। एडहॉक कमेटी कन्वीनर ने कहा- मैं राजस्थान की सभी बच्चियों और महिला खिलाड़ियों से यह अपील करूंगा कि अगर उनके साथ किसी भी व्यक्ति द्वारा गलत किया गया है। वह अपनी आवाज जरूर उठाएं। इस तरह के लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा सके। डॉ. मोहित यादव ने कहा- खिलाड़ियों के सिलेक्शन में गड़बड़ी, वित्तीय अनियमिताओं जैसी शिकायतें तो हमें पहले भी कई जिला क्रिकेट संघ के खिलाफ मिल चुकी है। लेकिन महिला खिलाड़ियों के साथ उत्पीड़न जैसी शिकायत पहली बार भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के खिलाफ मिली है। उन्होंने कहा- इसको लेकर RCA पूरी तरह सख्त और पारदर्शी है। अगर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी इसमें दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। अगर वह दोषी नहीं पाए जाते हैं तो उनकी मान्यता को फिर से बहाल कर दिया जाएगा। AGM में इन मुद्दों पर चर्चा हुई
मोहित यादव ने बताया- एडहॉक कमेटी चुनाव करवाना चाहती है, लेकिन मौजूदा स्थिति में चुनाव करवाना संभव नहीं था। काफी जिला क्रिकेट संघों में फिलहाल विवाद की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में मुझे उम्मीद है कि अगली एडहॉक कमेटी राजस्थान के लंबित चुनाव को जल्द संपन्न करवाएगी। इसके साथ ही बैठक में पिछले 90 दिनों के दौरान एडहॉक कमेटी द्वारा लिए गए फैसलों को जिला क्रिकेट संघों के सामने रखा गया। इसके साथ ही घरेलू क्रिकेट खिलाड़ियों के दैनिक भत्ते (DA) में बढ़ोतरी, जयपुर और उदयपुर में RCA स्टेडियम का निर्माण काम दोबारा शुरू करने और RCA के लोकपाल को हटाने और नए लोकपाल की नियुक्ति पर भी चर्चा हुई। बैठक में सर्व सम्मति से नागौर जिला क्रिकेट संघ को भी डिसएफिलेटेड करने का फैसला किया गया। शत्रुघ्न तिवारी बोले- मेरे खिलाफ FIR दर्ज कराई जाए
उधर, भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव शत्रुघ्न तिवारी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा- मैं पुलिस, SOG या किसी भी एजेंसी से जांच कराने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। पहले मेरे खिलाफ FIR दर्ज कराई जाए। इसके बाद निष्पक्ष जांच कराई जाए। शत्रुघ्न तिवारी ने सवाल उठाया कि RCA एडहॉक कमेटी को जांच कराने का अधिकार किस आधार पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि एडहॉक कमेटी के संयोजक मोहित यादव अपने चहेतों को भरतपुर जिला क्रिकेट संघ में लाना चाहते हैं, इसलिए मेरे खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अगर मेरे ऊपर लगे आरोप सिद्ध हो जाते हैं तो आजीवन क्रिकेट छोड़ दूंगा।

शक में पत्नी पर कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार:हॉस्पिटल ले जाते रास्ते में तोड़ा दम; फरार पति को तलाश रही पुलिस

पति-पत्नी के बीच बहस का दर्दनाक अंत हुआ। बांसवाड़ा के सज्जनगढ़ इलाके के गांव इटाला में गुस्साए पति ने पत्नी पर पहले लाठी और फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पत्नी को बुरी तरह जख्मी हालत में छोड़ पति फरार हो गया। हॉस्पिटल ले जाते वक्त महिला ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पति को पत्नी के चरित्र पर शक था। घटना शुक्रवार शाम 5.30 बजे इटाला गांव में हुई। सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया- शुक्रवार शाम इटाला गांव के निवासी अखिलेश गरासिया (32) की अपनी पत्नी शोभा (30) से किसी बात को लेकर बहस हुई थी। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ी कि अखिलेश ने गुस्से में आपा खो दिया। उसने घर में रखी लाठी उठाई और पत्नी पर हमला कर दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी से शोभा पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में शोभा बुरी तरह जख्मी हो गई। शोभा को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दोनों के 9 व 5 साल के दो पुत्र भी है। पत्नी के चरित्र पर करता था शक जानकारी के अनुसार- अखिलेश को पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी को लेकर अक्सर दोनों के बीच बहस होती थी। शुक्रवार को भी इसी बात को लेकर दोनों में तू-तू मैं-मैं हुई थी। इसी के बाद अखिलेश ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद से फरार सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया- वारदात के बाद से अखिलेश फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करेंगे। फरार आरोपी की तलाश कर रहे हैं।

जयपुर की द्रव्यवती नदी में बहे बच्चे का शव मिला:घटनास्थल से डेढ़ किलोमीटर दूर मिला; खेलते समय रेलिंग से छूटा था हाथ

जयपुर के शिप्रापथ थाना क्षेत्र में गुरुवार को द्रव्यवती नदी में एक बच्चा बह गया। शुक्रवार को सिविल डिफेंस की टीम ने साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद कर लिया। शव महारानी फार्म के पास घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया था, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया हॉस्पिटल भिजवाया गया है। बच्चे का शव मिलने के बाद उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। शिप्रापथ थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया- मोनू उर्फ मोहित (11) गुरुवार को बारिश में खेलते समय हाथ रेलिंग से छूट गया था, जिसके बाद वह नदी में बह गया। बच्चे का परिवार दो दिन पहले ही जगन्नाथपुरी में किराए पर रहने आया था। इससे पहले यह परिवार बजाज नगर में किराए पर रहता था। हसनपुरा नाले में मिला युवक का शव जयपुर में गुरुवार शाम हसनपुरा नाले में एक युवक का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि शव पानी के बहाव के साथ बहकर यहां पहुंचा होगा। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:15 बजे कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि हसनपुरा नाले में एक युवक का शव (बॉडी) जाल में फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हुई। पढ़ें पूरी खबर

उदयपुर से मुंबई-बेंगलुरु जाना होगा और आसान:अकासा एयर 15 अक्टूबर से शुरू करेगी डेली डायरेक्ट फ्लाइट्स, बुकिंग शुरू; जानिए पूरा शेड्यूल

टूरिस्ट सिटी उदयपुर से हवाई सफर करने वाले पैसेंजर्स के लिए मुंबई और बेंगलुरु की कनेक्टिविटी बढ़ेगी। बजट एयरलाइन अकासा एयर ने राजस्थान में कदम रखते हुए उदयपुर से अपनी नई उड़ानों की घोषणा की है। कंपनी 15 अक्टूबर से उदयपुर से देश के दो बड़े महानगरों, मुंबई और बेंगलुरु के लिए रोजाना नॉन-स्टॉप विमान सेवाएं शुरू करने जा रही है। इस नई शुरुआत से उदयपुर आने-जाने वाले पर्यटकों, स्थानीय व्यवसायियों और आम यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। कंपनी ने इन दोनों रूट्स पर डेली फ्लाइट्स का पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया है। यात्रियों के लिए टिकटों की बुकिंग अकासा एयर की वेबसाइट, मोबाइल ऐप और प्रमुख ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से शुरू की जा चुकी है। उदयपुर-बेंगलुरु फ्लाइट शेड्यूल मुंबई -उदयपुर फ्लाइट शेड्यूल
कंपनी के सह-संस्थापक ने कहा- उदयपुर है बेहद खास
अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी (CCO) आनंद श्रीनिवासन ने इस विस्तार पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के इस ऐतिहासिक और खूबसूरत शहर उदयपुर के लिए सेवाएं शुरू करना हमारे लिए एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि उदयपुर देश में प्रीमियम टूरिज्म, डेस्टिनेशन वेडिंग्स और वेकेशन के लिए भी सबसे पसंदीदा जगहों में से एक है। महानगरों से लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, जिससे कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

हिमाचल में सड़क हादसे में 6 की मौत:महिला टीचर द्वारा बनाया लाइव वीडियो सामने आया, दूध बेचकर घर लौट रहे थे 4 मृतक

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के रामपुर में आज (शुक्रवार को) दोपहर बाद एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिरी। इस हादसे में मां-बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे से जुड़ा एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि इसे आनी के दिगेढ़ स्कूल में हिंदी अध्यापिका आशा ने बनाया। आशा के साथ उसका 11 साल का बेटा उगल भी गाड़ी में सवार था। वायरल वीडियो में महिला कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि सामने देखो मेरा ननिहाल…, यह कहने के 2 सेकेंड बाद गाड़ी नीचे गिरती है और चीखें सुनाई देती है। यह हादसा दोपहर बाद करीब चार बजे रामपुर के काशापाट में पेश आया। मां-बेटे के अलावा गाड़ी में सवार अन्य लोग दत्तनगर में दूध बेचकर अपने घरों को वापस लौट रहे थे। दत्तनगर में दूध की सप्लाई करके घर लौट थे बताया जा रहा है कि बोलेरो गाड़ी नंबर HP-06B-2420 सड़क से करीब 300 फुट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और सभी की मौके पर जान चली गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग व प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। मगर किसी को नहीं बचाया जा सका। शाम सात बजे तक सभी मृतकों के शव गहरी खाई से निकाल दिए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए तकलेच अस्पताल भेज दिया है। 2 मृतक कुल्लू, 4 शिमला के रहने वाले 1. अभिषेक सैनी (23 वर्ष), पुत्र नर सिंह, निवासी गांव शरनाल, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला। 2. अशोक जैन (32 वर्ष), पुत्र दयाल जैन, निवासी छल्टा, तहसील रामपुर, जिला शिमला (वाहन चालक)। 3. लायक राम (56 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय मागू राम, निवासी पट, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला। 4. नितिन जैन (23 वर्ष), पुत्र मैन राम, निवासी छल्टा, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला। 5. आशा कुमारी (40 वर्ष), पत्नी सत्य प्रकाश आजाद, निवासी गांव कवानू, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू। 6. उगल आजाद (12 वर्ष), पुत्र सत्य प्रकाश आजाद, निवासी गांव कवानू, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू। शव पोस्टमार्टम के लिए तकलेच भेजे पुलिस ने सभी शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) टैकलेच भेज दिया है। प्रथम दृष्टया ड्राइवर की लापरवाही से हादसा बताया जा रहा है। एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में वाहन में सवार सभी छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। रामपुर के काशापाठ में हादसे से जुड़े PHOTOS..