ब्रेकिंग न्यूज़
'मालूम होता बेटे-बहू की लाश आएगी तो जाने नहीं देती':मां बोलीं- बहू की सेवा भी मैं कर दूंगी, नहीं माना; अगले दिन मौत की खबर आई

बेटे-बहू और पोते-पोती की मौत के बाद 65 साल की सीता देवी अंदर से टूट चुकीं हैं। कहती हैं- बेटे ने दोबारा आने कहा था, अगर मालूम होता कि उसकी लाश आएगी तो उसे कभी नहीं जाने देती। बेबसी का आलम ये है कि उनके 70 साल के लकवाग्रस्त पति को भी वही संभालती हैं। वहीं मानसिक रूप से बीमार सबसे छोटे बेटे की सेवा भी 65 साल की मां ही कर रही है। उन्हें खाना खिलाना और नहलाना। अब घर में 4 मौतों के बाद सुध बुध खो बैठी हैं। दरअसल, 30 जून को सीता देवी के बेटे गेनाराम (35) उसकी पत्नी पुष्पा (32), बेटी खुशबू (13) और बेटे किशन (10) का शव फलौदी जिले के फतेहगढ़ में मिला था। गेनाराम फंदे पर लटका था और तीनों खाट पर पड़े थे। पुलिस ने आशंका जताई कि पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या कर गेनाराम फंदे पर झूल गया। अब पढ़िए 65 साल की मां की बेबसी की कहानी… कहा था- बहू को यही छोड़ दे मैं सेवा कर लूंगी सीतादेवी बतातीं हैं- सोमवार 29 जून की दोपहर करीब 1 बजे बेटा गेनाराम अपनी पत्नी पुष्पा को लेकर बीठू आया था। बोला- पुष्पा की तबीयत कुछ ठीक नहीं है। कुलदेवी के दर्शन करवाने लाया हूं। इसके बाद दोनों मंदिर गए दर्शन के लिए चले गए। नारियल चढ़ाकर वापस आए। कुछ देर रुका और बोला- अब गांव जा रहा हूं फिर आ जाऊंगा। इस पर मैंने कहा- पुष्प को तो यही रहने दे, कुछ दिन मैं इसकी सेवा कर लूंगी। डॉक्टर को दिखा आउंगी। उसे लगता था पत्नी पर कोई साया है इसके बाद बेटे ने कहा- माता जी के दर्शन को फिर आऊंगा तब इसे गांव छोड़ जाऊंगा। मां ने दावा किया कि उसे लगता था कि उसकी पत्नी पर भूत-प्रेत का साया है। इससे उसकी तबीयत खराब हो रही है। इतना कहते ही बुजुर्ग सीता देवी के आंसू छलक गए। कुछ देर रूकने के बाद बोली कि सोचा नहीं था कि सुबह बेटे-बहू और पोता-पोतियों की मौत की खबर मिलेगी। पता होता तो हरगिज भी उन्हें वापस गांव नहीं जाने देती। बहन ने कहा था- बच्चे अकेले हैं, जाना पड़ेगा बीठू गांव में ही रहने वाले गेनाराम की पत्नी पुष्पा के ममेरे भाई कानाराम ने बताया- सोमवार शाम करीब 5 बजे जीजा और बहन पुष्पा मेरी शॉप पर आए थे। नारियल लेकर गए और मंदिर में कुलदेवी को चढ़ाया। उन्हें देख कर ऐसा नहीं लगा कि कल सुबह उनकी मौत की खबर मिलेगी। मैंने बहन को पूछा कि रात रूकोगे क्या लेकिन बहन बोली कि बच्चे घर पर अकेले हैं। इसलिए रात नहीं रह सकती और फिर चली गई। भाई ने देखा था भाई, भाभी और बच्चों के शव गेनाराम का छोटा भाई शिवाराम भी गेनाराम के पड़ोस के खेत में ही किसानी का काम करता था। सोमवार सुबह 5 बजे गेनाराम फसल सिंचाई के लिए फव्वारा शुरू कर देता था। लेकिन उस सुबह 7 बजे तक भी फव्वारा शुरू नहीं हुआ तो वह खेत पर गया। जहां देखा कि उसकी भाभी, भतीजा और भतीजी का शव पलंग पर पड़े थे और भाई गेनाराम फंदे पर झूल रहा था। यह देख उसके होश उड़ गए और तुरंत आस-पास के लोगों को बुलाया और पुलिस को कॉल किया। बुजुर्ग कन्धों पर पति-बेटे की सेवा गेनाराम के पिता जोधाराम पिछले कई सालों से लकवाग्रस्त है। हार्ट के भी मरीज हैं। उन्हें खाना खिलाने से लेकर नहलाने का काम सीतादेवी करती हैं। साथ ही छोटा बेटा राजू जन्म से ही मानसिक रूप से दिव्यांग हैं। उसकी सेवा भी सीतादेवी के बूढे कंधों पर है। मृतक गेनाराम का ससुराल भी बीठू गांव में ही है। मृतक चार भाई और तीन बहनें है। दो भाई चेनाराम और सीयाराम फतेहगढ़ क्षेत्र में ही कृषि कुएं पर खेती बाड़ी का काम करते हैं। घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… पति-पत्नी और बेटा-बेटी का एक चिता पर अंतिम संस्कार:बिलख पड़े लकवाग्रस्त पिता, मां बोलीं-बुढ़ापे में बेटे-पोतों की लाश देखनी पड़ रही पत्नी, बेटे-बेटी की हत्या कर किसान ने सुसाइड किया:महिला पर बताया था भूत-प्रेत का साया; फर्श पर पड़े मिले शव पत्नी और 2-बच्चों की हत्या कर पति ने किया सुसाइड:गेनाराम पति-बच्चों के साथ कल आया था बीठू, मंदिर दर्शन कर शाम को वापस गया, सुबह मिली चारों की बॉडी

राजस्थान दिनभर, 10 बड़ी खबरें:नायरा कंपनी का पेट्रोल-डीजल सस्ता हुआ; भाई-दोस्तों को वीडियो भेजकर फंदे से लटका युवक; अब वॉट्सएप पर ई-मित्र सेवा

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर दौसा जिले से है। यहां दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बस-ट्रेलर की भिड़ंत हो गई। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. ट्रेलर से भिड़ी स्लीपर बस, 8 लोगों की मौत
दौसा जिले में देर रात स्लीपर बस और ट्रेलर की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में 6 लोग जिंदा जल गए, जबकि सिर पर चोट लगने के कारण 2 लोगों की मौत हो गई। जिंदा जलकर मरने वाले 6 लोगों की पहचान के लिए DNA टेस्ट कराया जाएगा। पूरी खबर पढ़ें 2. नायरा कंपनी का पेट्रोल 5 और डीजल 3 रुपए सस्ता
प्राइवेट पेट्रोलियम कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। नई रेट बुधवार सुबह से लागू कर दी गई है। रेट कटौती के बाद जयपुर में प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत 105 रुपए 2 पैसे और डीजल की कीमत 90 रुपए 41 पैसे हो गई है। पूरी खबर पढ़ें 3. क्राइम ब्रांच के सीआई का फ्लैट में शव मिला
बीकानेर में सीआईडी क्राइम ब्रांच के सीआई का शव उनके फ्लैट में मिला। सीआई की पत्नी अपने रिश्तेदारों के साथ उनको लेकर हॉस्पिटल पहुंचीं, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। श्रवण बिश्नोई जयपुर में पोस्टेड थे और कुछ समय से छुट्टी पर थे। पूरी खबर पढ़ें 4. हाईकोर्ट ने RCA की एडहॉक कमेटी निलंबित की
राजस्थान हाईकोर्ट ने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की एडहॉक कमेटी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। लंबे विवाद के बीच हाईकोर्ट ने बुधवार को बड़ा फैसला सुनाया। कोर्ट ने होम सेक्रेटरी IAS भास्कर ए. सावंत को RCA का इंचार्ज नियुक्त किया है। पूरी खबर पढ़ें 5. राजस्थान में वॉट्सएप पर शुरू हुई ई-मित्र सेवा
राजस्थान में अब सरकारी सेवाओं का लाभ वॉट्सएप के जरिए भी लिया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने बुधवार ई-मित्र वॉट्सएप सेवा की शुरुआत की। प्रदेश के लोग वॉट्सएप नंबर 94610-62705 पर Hi भेजकर 27 तरह की सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. डकैत जगन गुर्जर का अंतिम संस्कार, 9 थानों की पुलिस तैनात रही
कुख्यात डकैत जगन गुर्जर का धौलपुर के भवुतीपुरा गांव में अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि बेटे आसाराम ने दी। STF की सुरक्षा में उसके तीनों भाइयों को जेल से धौलपुर लाया गया था। अंतिम दर्शन के बाद तीनों को पुलिस वापस ले गई। इस दौरान गांव में 9 थानों की पुलिस तैनात रही। पूरी खबर पढ़ें 7. भाई-दोस्तों को वीडियो भेजकर फंदे से लटका युवक
भीलवाड़ा में 25 साल के युवक ने भाई-दोस्तों को वीडियो भेजा और फंदे से लटककर जान देने की कोशिश की। वीडियो देखते ही भाई-दोस्त घर पहुंचे और उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए, जहां ICU में उसका इलाज चल रहा है। युवक ने वीडियो में ससुराल वालों पर आरोप लगाए हैं। पूरी खबर पढ़ें 8. छत पर सो रहे युवक के पास कुत्ते का शिकार
हिल स्टेशन माउंट आबू में एक होटल में लेपर्ड घुस गया। उसने होटल की छत पर सो रहे युवक के पास बंधे कुत्ते का शिकार किया। इस दौरान युवक की आंख खुल गई और उसने गर्दन उठाई तो लेपर्ड को अपनी तरफ आते देखा। यह देख युवक ने फिर से आंख बंद कर ली। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. ‘शादी कराएंगे’ कहकर लगाते थे लाखों की चपत
डीग में फर्जी मैरिज ब्यूरो चलाकर शादी कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने के आरोप में दो साल से फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगा है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. ई-गवर्नेंस पर राष्ट्रीय सम्मेलन का कल अंतिम दिन
राजधानी में पहली बार हुए ई-गवर्नेंस पर राष्ट्रीय सम्मेलन का गुरुवार को अंतिम दिन है। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मौजूद होंगे।

कर्मचारी ही निकला 20 लाख रुपए लूट का मास्टर माइंड:मुख्य बाजार में निकाली आरोपियों की परेड; सोशल मीडिया से सीखा वारदात का तरीका

भीलवाड़ा में पुलिस ने बुधवार को 20 लाख रुपए की लूट का खुलासा किया है। वारदात 29 जून को गर्ल्स स्कूल के पीछे हुई थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कंपनी कर्मचारी सहित 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। लूट का मास्टरमाइंड इसी फ्रूट कंपनी में काम करने वाला कर्मचारी है। अपने दो साथियों के साथ सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर रील देखकर लूट का तरीका सीखा था। फिर वारदात को अंजाम दिया था। जिससे वारदात लूट लग सके,लेकिन मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों पकड़े गए। पुलिस ने तीनों की मुख्य बाजारों में परेड निकाली। स्कूटी को टक्कर मार लूटे रुपए कोतवाल हनुमान सिंह ने बताया- 29 जून को नेशनल फ्रूट कंपनी के प्रकाश चंदवानी ने एक रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसमें उसने बताया- उनकी कंपनी का एक कर्मचारी अपनी एक्टिवा पर कम्पनी के 20 लाख रुपए बैंक में जमा करवाने जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक मुंह पर सफेद कपड़ा बांधकर आए और उन्होंने उनकी बाइक से कर्मचारी की एक्टिवा को टक्कर मारी और रुपयों से भरा बैग और उसका मोबाइल छीन कर भाग गए। सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए इस मामले के बाद पुलिस और डीएसटी ने वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए और जांच शुरू की। पुलिस ने लूट की कहानी बताने वाले नेशनल फ्रूट कंपनी के कर्मचारी नारायण सिंह से कड़ाई से पूछताछ तो वो टूट गया। उसने इस मामले में अपने भाई रघुवीर उर्फ राजवीर और उसके दोस्त विशाल साहू के साथ मिलकर लूट की इस वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर देखे लूट के तरीके कोतवाल हनुमान सिंह ने बताया- इन तीनों आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया- उन्होंने सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम रील पर वारदात करने का तरीका सिखा था। जिससे वारदात लूट की लगे और वो पकड़ में ना आ सके। पुलिस ने तीनों आरोपियों की मुख्य बाजारों में परेड निकाली। बुधवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस इन तीनों से डिटेल इन्वेस्टिगेशन कर लूट की राशि का पता लगाएगी।

80 साल की बुजुर्ग महिला पेंशन लेने कलेक्ट्रेट पहुंची:कहा- फिंगरप्रिंट नहीं आने पर 5 साल पहले अफसरों ने बंद कर दी; चैंबर से बाहर आए कलेक्टर

जालोर में बुधवार को सरकारी व्यवस्था से परेशान एक बुजुर्ग महिला जिला कलेक्ट्रेट पहुंचीं। 80 साल की दृष्टिहीन बुजुर्ग महिला ने बताया कि बुजुर्ग होने के कारण बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान उसके हाथों के निशान स्पष्ट नहीं आ रहे थे। इसके कारण करीब 5 साल पहले उसकी पेंशन बंद कर दी गई। वे 5 सालों से सरकारी ऑफिसों में भटक रही है, लेकिन पेंशन चालू नहीं हुई। आखिरकार वे बुधवार को बेटी और पोती के साथ कलेक्टर से गुहार लगाने पहुंची। हालांकि जानकारी मिलते ही कलेक्टर अपने चैंबर से बाहर आए और गैलरी में ही बुजुर्ग महिला की समस्या सुनकर समाधान के निर्देश दिए। पहले देखिए- 3 तस्वीरें पति की कैंसर से हुई थी मौत
दृष्टिहीन बुजुर्ग महिला कोकु देवी(80) आहोर तहसील के जेतपुरा गांव की रहने वाली है। वे चलने में असमर्थ है, ऐसे में जमीन पर बैठकर ही मुश्किल से चल पाती है। कलेक्ट्रेट परिसर में बुजुर्ग महिला की हालत देखकर वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी चैनाराम मदद के लिए आगे आए। उन्होंने बुजुर्ग को सहारा देकर व्हीलचेयर पर बैठाया और जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे के चैंबर तक पहुंचाया। कोकु देवी की विधवा बेटी नाथुदेवी ने बताया- करीब 20 साल पहले उनके पिता सोनाराम बावरी की कैंसर से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद बड़े भाई वीरमाराम का करीब 10 साल पहले निधन हो गया, जबकि छोटे भाई मंगलाराम की छह-सात महीने पहले खून की उल्टियां होने से मौत हो गई। अब परिवार में केवल महिलाएं और एक पोती रेशमा ही बची हैं, जिनके सामने आजीविका का गंभीर संकट है। फिंगरप्रिंट नहीं आने से बंद हुई पेंशन
नाथुदेवी ने बताया कि कोकु देवी को पहले 500 रुपए और बाद में 1000 रुपए मासिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलती थी। लेकिन बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान फिंगरप्रिंट स्पष्ट नहीं आने के कारण करीब 5 साल पहले पेंशन बंद कर दी गई। इसके बाद परिवार ने कई बार आहोर एसडीएम और तहसीलदार कार्यालय के चक्कर लगाए, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला और समस्या का समाधान नहीं हुआ। बुजुर्ग महिला के कलेक्ट्रेट चैंबर पहुंचने की सूचना पर कलेक्टर डॉ. प्रदीप के गवांडे अपने चैंबर से बाहर आए और गैलरी में ही बुजुर्ग महिला की समस्या सुनी। इसके बाद सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को बुलाया और महिला को सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ लंबित पेंशन सहित सभी जरूरी दस्तावेज जल्द तैयार कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर बोले- जल्द मिलेगी पेंशन
कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे ने कहा- अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोकु देवी की बंद पेंशन शीघ्र शुरू कराई जाए, उन्हें आवास योजना सहित सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जिन दस्तावेजों की कमी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बनवाया जाए। मामले को निस्तारण कर दिया गया है। अफसरों को भी निर्देशित किया है कि बुजुर्ग के मामलों को प्राथमिकता से सुना जाए और उनकी समस्याओं को हाथों-हाथ समाधान हो। इस मामले में भी जरूरी निर्देश दे दिए हैं, पेंशन जल्द ही मिलना शुरू हो जाएगी।

ज्वेलर से 50 लाख के जेवरात लूटने की कोशिश:आंखों में मिर्ची डालकर बैग छीना; बाइक पर भागे दो बदमाश

जयपुर में ज्वेलर की आंखों में मिर्च डालकर 50 लाख के जेवरातों से भरा बैग लूटने की कोशिश की। ज्वेलर के पीछे आ रहे उनके पिता आए तो बदमाश भाग गए। मामला आमेर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात का है। आमेर थानाधिकारी गौतम डोटासरा ने बताया कि पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बाइक पर सवार थे बदमाश थानाधिकारी ने बताया कि ज्वेलर अरुण प्रजापति की अकबरी मस्जिद के पास रानीसती नाम से दुकान है। वह मंलगवार रात दुकान को बंद कर फुलबाग कॉलोनी स्थित अपने घर जा रहा था। उसके पास एक बैग में करीब 50 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर भी थी। रास्ते में संस्कार स्कूल के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसकी आंखों में मिर्ची डाल दी और जेवर से भरा बैग लूटने की कोशिश की। ज्वेलर के पिता प्रेम प्रजापति दूसरी बाइक से पीछे आ रहे थे। उन्होंने देखा कि दो युवक उनके बेटे से बैग छीनने की कोशिश कर रहे हैं। पिता को देखकर बदमाश घबरा गए और भाग गए। ज्वेलर ने आमेर थाने में आरोपियों के खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज कराया है।

आगरा-मुंबई हाईवे पर 7 घंटे से 25KM का जाम, VIDEO:बसों-ट्रकों में भूखे-प्यासे फंसे लोग; भेरू घाट से मानपुर तक हजारों गाड़ियों की लगी कतार

मध्य प्रदेश के धार जिले में आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम 4 बजे से जाम लगा हुआ है। रात 11 बजे तक भी हालात सामान्य नहीं हो सके। भेरू घाट से मानपुर ब्रिज तक करीब 25 किलोमीटर लंबा जाम लगा है। सैकड़ों वाहन करीब 7 घंटे से फंसे हुए हैं। बसों, ट्रकों और निजी कारों में सफर कर रहे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं उमस, भूख और प्यास से परेशान हैं। करीब 7 घंटे से यात्री सड़क पर फंसे हुए हैं। सबसे ज्यादा परेशानी लंबी दूरी की बसों के यात्रियों को हो रही है। बसें घंटों से एक ही जगह खड़ी हैं। खाने-पीने का सामान खत्म होने लगा है। निजी वाहनों में बैठे लोग भी गर्मी और उमस से परेशान हैं। हाईवे पर दूर तक वाहनों की कतारें नजर आ रही हैं। जाम की ये तस्वीरें देखिए… भेरू घाट से मानपुर ब्रिज तक थम गया ट्रैफिक राहगीरों के मुताबिक, घाट वाले हिस्से में सड़क निर्माण कंपनी मरम्मत का काम करा रही है। इसी दौरान यातायात का दबाव बढ़ने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और हाईवे पूरी तरह जाम हो गया। कई लोग सोमवार शाम 4 बजे से भेरू घाट में फंसे हुए हैं। जाम में फंसे यात्री वसीम खान ने बताया कि वे करीब 7 घंटे से एक ही जगह पर खड़े हैं। न आगे बढ़ पा रहे हैं और न पीछे लौटने का रास्ता है। उनके मुताबिक, हाईवे पर हजारों लोग घंटों से फंसे हुए हैं। जानापाव कुटी से गणेश घाट तक लगी वाहनों की कतार वसीम खान ने बताया कि जाम मानपुर थाना क्षेत्र के फोरलेन पर जानापाव कुटी से धामनोद थाना क्षेत्र के गणेश घाट तक फैल गया। सड़क पर दूर तक ट्रक, बसें, कारें और अन्य वाहन खड़े दिखाई दे रहे थे। बारिश और गलत साइड से घुसी गाड़ियों ने बढ़ाई मुश्किल पुलिस के मुताबिक, लगातार बारिश से राहत कार्य प्रभावित हुआ। वहीं, कई वाहन चालक जल्द निकलने की कोशिश में गलत दिशा से वाहन ले आए, जिससे जाम और बढ़ गया। दोनों तरफ से वाहन आमने-सामने आने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। चढ़ाई पर खराब हुआ ट्रक, फिर बिगड़ गए हालात भेरू घाट की खड़ी चढ़ाई पर भारी वाहन पहले से धीमी गति से चल रहे थे। इसी दौरान बीच चढ़ाई पर एक ट्रक खराब होकर खड़ा हो गया। इसके बाद पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते जाम करीब 25 किलोमीटर तक फैल गया और पूरा हाईवे ठहर गया। पुलिस पूरी टीम के साथ जाम खुलवाने में जुटी वाहन चालकों की परेशानी को देखते हुए मानपुर थाना प्रभारी महेंद्र मकाशले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया। घाट का संकरा रास्ता होने के कारण वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बन सकी। धीरे-धीरे हटाया जा रहा खराब ट्रक, सामान्य करने की कोशिश पुलिस खराब ट्रक को सड़क से हटाकर एक-एक कर वाहनों को निकालने में जुटी है। पुलिसकर्मी यातायात नियंत्रित कर वाहनों को धीरे-धीरे आगे बढ़ा रही है, ताकि यातायात सामान्य हो सके। हालांकि रात 11 बजे तक भी हाईवे पर करीब 25 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है। हजारों यात्री, यात्री बसें, ट्रक और निजी वाहन अभी भी फंसे हुए हैं।

हॉस्पिटल में चार दिन से भर्ती ASI का निधन:लीवर में हो गया था इंफेक्शन; बाटाडू चौकी इंचार्ज पद पर कार्यरत थे

बाड़मेर पुलिस एएसआई का बुधवार को जोधपुर में इलाज के दौरान निधन हो गया। पिछले चार दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। बीपी, शुगर की प्रॉब्लम होने के साथ-साथ लीवर में इंफेक्शन हो गया था। एएसआई अनोपाराम फिलहाल बाटाडू चौकी के इंचार्ज है। निधन के बाद बाड़मेर और बालोतरा पुलिस में शोक की लहर है। बाटाडू चौकी इंचार्ज पद पर कार्यरत थे दरअसल, एएसआई अनोपाराम बालोतरा जिले के सिवाना, हिंगलाज थान के रहने वाले है। कांस्टेबल से पुलिस में भर्ती हुए थे। प्रमोशन होने के बाद हैड कांस्टेबल और एएसआई बने थे। अनोपाराम ने बाड़मेर कोतवाली समेत जिले भर के अलग-अलग थानों में ड्यूटी कर चुके है। फिलहाल बाटाडू चौकी इंचार्ज पद पर कार्यरत थे। चार दिन से अस्पताल में भर्ती थे पुलिस के अनुसार- अनोपाराम को बीपी और शुगर की बीमारी थी। करीब चार-पांच दिन पहले तबीयत खराब होने पर बाड़मेर हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। वहां से उनको जोधपुर रेफर कर दिया गया। वहां मेडिपल्स हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। वहां पर लीवर की समस्या ग्रस्त होने के कारण इलाज चल रहा था। बुधवार को सुबह इलाज के दौरान हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। वहां पर कागजी कार्रवाई के बाद उनके पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव सिवाना लाया जा रहा है। वहां पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जहां बस-ट्रेलर भिड़े,वहां घुमावदार सड़क पर न साइनबोर्ड, न लाइट:कन्फ्यूज होकर अचानक ब्रेक लगा देते हैं ड्राइवर, एक्सप्रेस-वे पर हादसे में 8 की मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार रात 2:30 बजे कोलवा थाना इलाके में बस और ट्रेलर की भिड़ंत में 8 लोगों की मौत हो गई। बस में सवार 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। FSL और एक्सपट्‌र्स की टीम ने घटना स्थल देखा तो पता चला कि बस ट्रेलर के पीछे चल रही थी। रफ्तार में होने के कारण ट्रेलर नहीं दिखा और बस का आगे का हिस्सा ट्रेलर के बैक में फंस गया और आग लग गई। हादसे की वजह समझने के लिए भास्कर टीम मौके पर पहुंची। पड़ताल में सामने आया कि जहां हादसा हुआ, वहां बने लूप पर न कोई साइन बोर्ड है न ही लाइट। ऐसे में ड्राइवर रास्ता नहीं समझ पाते और कन्फ्यूजन में ब्रेक लगा देते हैं। यही कन्फ्यूजन कई बार हादसे की वजह बन जाता है। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… न लाइट, न साइन बोर्ड राहगीरों से बात की तो पता चला कि यहां पर कोई साइन बोर्ड नहीं है, जिससे पता चल सके कि जयपुर के लिए आगे लूप बना हुआ है। लूप पर किसी प्रकार का कोई बोर्ड या अन्य साइन नहीं है। ऐसे में ड्राइवर को पता नहीं चलता कि लूप आ गया है या आने वाला है। लूप से आगे निकलने पर जब गलती का एहसास होता है तो ड्राइवर अचानक गाड़ी रोक लेते हैं। ऐसे में पीछे से आ रही गाड़ी से एक्सीडेंट का खतरा बढ़ जाता है। घटना स्थल के पास जहां से जयपुर के लिए रास्ता निकलता है, वहां रोड लाइट नहीं है। सीसीटीवी भी नहीं है। दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के बावजूद एंबुलेंस या दमकल नहीं थी। हादसे में घायल लोगों ने भी बताया कि हादसे के बाद काफी समय तक कोई सुरक्षा एजेंसी मौके पर नहीं पहुंची। हाईवे पर लगे साइन बोर्ड पर जयपुर का एरो नहीं इसके अलावा एक्सप्रेस-वे पर लूप से पहले एक साइन बोर्ड है। बोर्ड पर अजमेर और जयपुर लिखा है। अजमेर के नीचे एराे बनाकर दिखाया गया है कि आगे आने वाला लूप अजमेर की तरफ जाएगा। जयपुर के पास ऐसा कोई एरो नहीं बना हुआ। ऐसे में लोग कन्फ्यूज हो जाते हैं, क्योंकि गूगल मैप उस रास्ते को जयपुर का बताता है। भास्कर ने वहां से गुजर रहे मुकेश से बात की तो उन्होंने बताया कि नए ड्राइवर को एरो नहीं होने से परेशानी होती है। समझ नहीं पाते कि ये रास्ता जयपुर के लिए जा रहा है। जलते हुए बस से कूदे लोग, ड्राइवर बस में फंसने से जिंदा जला हादसा देखते हुए दूसरे ड्राइवरों ने अपने वाहन रोके और मदद को दौड़े। देखते ही देखते आग पूरी बस में फैल गई। जान बचाने के लिए झुलसे लोग बस से कूदे। इस दौरान कई लोग घायल भी हो गए। सबसे पहले आग केबिन में लगी, फिर पूरी बस में फैल गई। ड्राइवर बस में जिंदा जल गया। बस की डिक्की में जहां सवारियों का सामान रखा जाता है, वहां पर सिगरेट के पैकेट, दवाइयां, केमिकल के ड्रम और ऑयल क केन थे। … एक्सीडेंट की ये खबरें भी पढ़ें… राजस्थान में बस-ट्रेलर भिड़े, 8 मौतें:DNA टेस्ट से पहचान होगी, आग में फंसे थे 40 पैसेंजर्स; दावा- डिक्की में सिगरेट बॉक्स भरे थे राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात बस-ट्रेलर की भिड़ंत हो गई। एक्सीडेंट में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें 6 लोगों की मौत आग में झुलसने से और 2 की सिर पर चोट लगने के कारण हुई है। (पूरी खबर पढ़ें) दौसा बस-अग्निकांड: ‘मेरी आंखों के सामने पत्नी जल गई साहब’:किसी ने मदद नहीं की; पैसेंजर बोलीं- मालूम नहीं पति कहां गिरे, लोग सीटों में फंसे थे अचानक सोकर उठे थे, झटका लगा और बच्ची का सिर आगे टकराया। मैंने देखा मेरे पति वहां नहीं थे। अपने 2 बच्चों के साथ पति को ढूंढ रही दिव्या ये कहते-कहते रोने लगी। बेटा बार-बार उनके आंसू पोंछ रहा है। (पूरी खबर पढ़ें)

बीकानेर में क्राइम-ब्रांच के सीआई का फ्लैट में शव मिला:चादर से पंखा साफ करते समय हादसा; जयपुर में पोस्टेड थे, 20 दिन से छुट्टी पर थे

बीकानेर में सीआईडी क्राइम ब्रांच के सीआई का शव उनके फ्लैट में मिला। सीआई की पत्नी अपने रिश्तेदारों के साथ बॉडी लेकर हॉस्पिटल पहुंचीं। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीछवाल थाना प्रभारी दिगपाल सिंह ने बताया- सीआई श्रवण बिश्नोई पुलिस कॉलोनी स्थित फ्लैट में पत्नी और 7 साल के बेटे के साथ रहते थे। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर थी, जबकि बेटा स्कूल गया हुआ था। परिजनों ने सुबह करीब 11 बजे फोन पर घटना की जानकारी दी। थानाधिकारी ने बताया- मृतक सीआई श्रवण के साले मनीराम ने पुलिस में मर्ग दर्ज करवाई है। इसमें बताया कि श्रवण पंखा साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइट आने से पंखा चल गया। इस दौरान जिस चादर से वे पंखा साफ कर रहे थे, वह उनके गले में फंस गई। इसके कारण श्रवण की मौत हो गई। इसके बाद सीआई की पत्नी ने रिश्तेदारों को फोन कर बुलाया और फिर उनके साथ सीआई का शव लेकर पीबीएम हॉस्पिटल पहुंचीं। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उनको मृत घोषित कर दिया। फिलहाल बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखा गया है। हालांकि मौत के कारणों को लेकर जांच की जा रही है। छुट्टी पर आए थे बीकानेर
जानकारी के अनुसार, श्रवण बिश्नोई 2014 बैच के एसआई थे। मूल रूप से कोलायत के चक विजयसिंहपुरा के रहने वाले श्रवण लंबे समय तक बीकानेर में ही एसीबी में कार्यरत थे। 2 महीने पहले उनका ट्रांसफर जयपुर में सीआईडी-सीबी में हो गया था। इसके बाद उन्होंने वापस बीकानेर ट्रांसफर के लिए काफी प्रयास भी किए थे, लेकिन तबादला नहीं हुआ। वे 20 दिन से छुट्टी पर थे और बीकानेर आए हुए थे। ये खबर भी पढ़ें मुझे माफ कर देना भाई…बोलकर युवक ने लगाया फंदा:वीडियो बनाकर ससुराल वालों पर लगाया आरोप; जिंदगी-मौत की जंग लड़ रहा सूरज…मुझे माफ कर देना भाई…मैं मेरी जिंदगी से हार चुका हूं, मैं परेशान हो गया हूं। अब मैं नहीं जी पाऊंगा…मेरे भाई .. अपने भाई से माफी मांगते हुए 25 साल के एक युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड करने की कोशिश की। मामला भीलवाड़ा शहर का है। पूरी खबर पढ़ें

दावा- सरकार ने वॉट्सएप से यूजरनेम फीचर रोकने को कहा:मेटा को नोटिस, 3 दिन में जवाब मांगा; कहा- टेलीग्राम की तरह गलत इस्तेमाल की आशंका

केंद्र सरकार ने भारत में वॉट्सएप का यूजरनेम फीचर फिलहाल लॉन्च नहीं करने को कहा है। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के मुताबिक बताया, सरकार ने मेटा को निर्देश दिया है कि जब तक इस फीचर पर बातचीत पूरी नहीं हो जाती, तब तक इसे भारत में शुरू न किया जाए। सरकार ने मेटा को नोटिस भी भेजा है और 3 दिन के भीतर इस फीचर पर जवाब मांगा है। सरकार इस फीचर के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल सरकार और मेटा की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सरकार वॉट्सएप के नए यूजरनेम फीचर की जांच करना चाहती है। सरकार का कहना है कि इस फीचर से पहचान छिपाकर धोखाधड़ी और साइबर फ्रॉड का खतरा काफी बढ़ सकता है। चिंता इस बात को लेकर है कि जब यूजर्स को फोन नंबर छिपाने की आजादी मिल जाएगी, तो जालसाजों के लिए किसी दूसरे के नाम का फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को धोखा देना आसान हो सकता है। मेटा ने अपने वॉट्सएप में मोबाइल नंबर बताए बिना चैट करने वाला फीचर लॉन्च किया है। इसमें लोग सिर्फ यूजरनेम के जरिए किसी नए व्यक्ति से चैट कर सकते हैं। भारत में वॉट्सएप के 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं। इतने बड़े यूजर बेस की सुरक्षा और फेक प्रोफाइल से होने वाले फ्रॉड रोकने के लिए सरकार नए फीचर के सेफ्टी स्टैंडर्ड्स परखना चाहती है। तीन दिन पहले यूजरनेम फीचर लॉन्च किया था कंपनी ने 29 जून से दुनियाभर में यूजरनेम का रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। हालांकि, यह सुविधा सभी यूजर्स को एक साथ नहीं मिलेगी। आने वाले कुछ महीनों में इसे धीरे-धीरे सभी देशों में रोल आउट किया जाएगा। जब यह फीचर यूजर के इलाके में उपलब्ध होगा, तब उसके वॉट्सएप के अंदर नोटिफिकेशन मिलेगा। सबसे पहले जानें, जल्दी यूजरनेम बुक करना क्यों जरूरी है दुनियाभर में करोड़ों यूजर्स एक जैसे या मिलते-जुलते यूजरनेम चुन सकते हैं। ऐसे में जो लोग पहले अपना यूजरनेम रिजर्व करेंगे, उन्हें अपनी पसंद का यूजरनेम मिलने की संभावना ज्यादा होगी। WhatsApp के हेड कुणाल शाह ने X पर लिखा था सही समय ही सब कुछ है। दुनिया भर में यह फीचर जारी होने से पहले ही WhatsApp से जुड़ें और अपना यूजरनेम सुरक्षित कर लें। अब अपनी पसंद का यूजरनेम लेने का समय है। लोगों से जुड़ने का एक अधिक निजी (प्राइवेट) तरीका जल्द ही आपके WhatsApp पर आने वाला है। इस नए फीचर से क्या बदलेगा यूजरनेम फीचर आने के बाद कुछ स्थितियों में फोन नंबर अपने-आप दिखाई नहीं देगा। इनमें शामिल हैं: इस बदलाव से आपका फोन नंबर निजी (प्राइवेट) रहेगा। वह तभी दिखाई देगा, जब आप खुद उसे साझा करना चाहेंगे। वॉट्सएप Username फीचर से जुड़े 8 सवाल-जवाब, जो आपको जानना जरूरी है इन लोगों को आपसे संपर्क करने के लिए यूजरनेम की जरूरत नहीं होगी ……………….. यह खबर भी पढ़ें… वॉट्सएप 1 मार्च से सिम कार्ड के बिना नहीं चलेगा: सरकार ने डेडलाइन बढ़ाने से मना किया; कंप्यूटर पर हर 6 घंटे में लॉगआउट होगा केंद्र सरकार ने ‘सिम बाइंडिंग’ के नियमों को लागू करने की 28 फरवरी की डेडलाइन को बढ़ाने से इनकार कर दिया है। नए नियमों के तहत मोबाइल में सिम कार्ड न होने पर वॉट्सएप, टेलीग्राम, सिग्नल जैसे मैसेजिंग एप काम नहीं करेंगे। कंप्यूटर पर लॉगिन वॉट्सएप भी 6 घंटे में लॉगआउट हो जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे साइबर फ्रॉड रोकने में मदद मिलेगी। पूरी खबर पढ़ें…